featured
बलिया में चुनावी तस्वीर साफ! दो निवर्तमान अध्यक्ष ने छोड़ी दावेदारी जानिए कहां कितने प्रत्याशी ?
बलिया। निकाय चुनाव में नाम वापसी की समय खत्म होने के साथ ही जिले की 2 नगर पालिका और 10 नगर पंचायतों की चुनावी तस्वीर साफ हो गई है। दो नगर पालिकाओं समेत 10 नगर पंचायतों में अब अध्यक्ष पद के 134 दावेदार मैदान में हैं। इसके अलावा
195 वार्ड के लिए 815 प्रत्याशी किस्मत आजमा रहे हैं। वहीं दो अध्यक्ष पद के लिए नामांकन करने वाले निवर्तमान अध्यक्ष बी अपने नाम वापिस भी ले लिए हैं
बलिया नगर पालिका –नाम वापस के दौरान बलिया नगर पालिका के अध्यक्ष पद के लिए नामांकन करने वाले निवर्तमान अध्यक्ष अजय कुमार समाजसेवी और उनकी पत्नी सरिता गुप्ता ने उम्मीदवारी छोड़ने का ऐलान किया। साथ ही व्यापारी और भाजपा नेता प्रदीप कुमार वर्मा और पूर्व चेयरमैन लक्ष्मण गुप्ता की पत्नी पूर्णिमा गुप्ता ने भी अपना पर्चा वापस ले लिया। इसके अलावा सभासद पद के लिए नामांकन करने वाले 3 लोगों ने भी चुनाव मैदान से हटने की घोषणा की। इस तरह बलिया नगर पालिका में अध्यक्ष के लिए 14 उम्मीदवार मैदान में है।
रसड़ा- नगर पालिका रसड़ा में अध्यक्ष पद के लिए 7 और सभासद के लिए 97 प्रत्याशी किस्मत अजमाएंगे। अध्यक्ष पद पर किसी ने अपना नामांकन वापस नहीं लिया। जबकि सभासद पद पर 8 प्रत्याशियों ने अपना नामांकन वापस लिया है।
चितबड़ागांव- अध्यक्ष पद के लिए दावेदारी करने वाले निर्वतमान अध्यक्ष केशरी नंदन त्रिपाठी और संदीप गुप्ता ने मैदान से हटने में ही भलाई समझी। सभासद के लिए 6 दावेदारों ने पर्चा वापस लिया। यहां अध्यक्ष अब 10 उम्मीदवार मैदान में है। जबकि सभासद के लिए 6 प्रत्याशियों ने नाम वापसी की। इस प्रकार 50 उम्मीदवार मैदान में है।
रतसड़कलॉ- अध्यक्ष पद के लिए दावा करने वाले मदन राजभर ने नामांकन वापस ले लिया। अब 12 उम्मीदवार मैदान में है। सभासद पद के लिए 7 उम्मीदवारों ने पर्चा वापस लिया। अब 105 उम्मीदवार हैं।
बांसडीह- नगर पंचायत बांसडीह से अध्यक्ष पद के दो निर्दलीय उम्मीदवार संजय सिंह और सुरेंद्र तिवारी ने भी नाम वापस ले लिया। उम्मीदवारों की संख्या 12 हो गई है। जबकि सभासद के लिए 68 उम्मीदवारों में किसी ने नामांकन वापस नहीं लिया।
सहतवार-अध्यक्ष पद के 12 दावेदारों में एक निर्दलीय राजकुमार ने नामांकन वापस ले लिया। अब उम्मीदवारों की संख्या 11 है। वहीं, सदस्य के मैदान में जुटे 54 उम्मीदवारों में 4 ने अपना नामांकन वापस किया है।
मनियर- नगर पंचायत मनियर में मनियर में अध्यक्ष पद के 7 प्रत्याशियों में किसी ने नाम वापसी नहीं की है। इसके अलावा सभासद पद के 68 उम्मीदवारों में भी किसी ने नाम वापस नहीं लिया है।
रेवती- नगर पंचायत, रेवती में अध्यक्ष के 17 में 2 प्रत्याशी मंजू शर्मा और अतुल पांडे ने नाम वापस लिया है। वहीं, सभासद पद के 91 प्रत्याशियों में 7 उम्मीदवारों ने नाम वापस ले लिया है। रेवती में अब अध्यक्ष पद के 15 प्रत्याशी मैदान में हैं।
बेल्थरारोड –अध्यक्ष के लिए एक नामांकन पत्र वापस लिया गया। अब 10 प्रत्याशी चुनाव मैदान में रह गए हैं। कुल 13 वार्डों के लिए दाखिल 59 नामांकन पत्रों में वार्ड नंबर 4 व 6 के एक-एक प्रत्याशी के नाम वापस लिए जाने से अब 57 प्रत्याशी मैदान में हैं।
नगरा – नगर पंचायत नगरा में अध्यक्ष पद के लिए दावेदारी कर रहे नौ उम्मीदवारों में से एक ने वृहस्पतिवार को पर्चा वापस ले लिया। जबकि सभासद पद के लिए चार ने दावेदारी छोड़ दी है। इस प्रकार नवगठित इस नगर पंचायत के अध्यक्ष के लिए आठ और सभासद के लिए 103 उम्मीदवार मैदान में है।
सिकंदरपुर- अध्यक्ष पद के चुनाव के लिए 7 महिला प्रत्याशियों सहित कुल 15 उम्मीदवार मैदान में है। अध्यक्ष पद के लिए 5 उम्मीदवारों ने अपना नामांकन पत्र वापस ले लिया। सभासद पद के लिए 12 उम्मीदवारों ने नाम निर्देशन पत्र वापस ले लिया। इस प्रकार अब 106 प्रत्याशी मैदान में हैं।
बैरिया- निर्धारित तिथि पर किसी भी प्रत्याशी ने नामांकन पत्र वापस नहीं लिया है। उक्त जानकारी देते हुए निर्वाचन अधिकारी आत्रेय मिश्र ने बताया कि अध्यक्ष पद के लिए कुल 9 प्रत्याशियों ने नामांकन किया था। सभी मैदान में हैं। वहीं, सभासद के चुनाव में कुल 16 पदों के लिए 74 प्रत्याशी ताल ठोक रहे हैं।
featured
बलिया BJP की इनसाइड स्टोरी! संगठन में पद की लड़ाई अश्लील वीडियो तक आई?
बलिया। बांसडीह में भाजपा से जुड़ी महिला कार्यकर्ता के निजी वीडियो के कथित प्रसार को लेकर दर्ज मुकदमे ने अब संगठन के भीतर चल रही कथित खींचतान की चर्चाओं को भी हवा दे दी है। सवाल उठ रहा है कि क्या संगठन में पद और प्रभाव की लड़ाई का विवाद इतना बढ़ गया कि मामला निजी वीडियो तक जा पहुंचा? सूत्रों के मुताबिक, इस पूरे प्रकरण के पीछे संगठन में पद पाने की कथित होड़ और आपसी राजनीतिक खींचतान का एंगल भी सामने आ रहा है। हालांकि इन दावों की स्वतंत्र पुष्टि नहीं हुई है और पुलिस जांच में ही वास्तविक तस्वीर साफ होगी।
क्या है पूरा मामला?: बांसडीह थाना क्षेत्र में भाजपा से जुड़ी एक महिला कार्यकर्ता ने पुलिस में शिकायत देकर आरोप लगाया कि उसका निजी वीडियो उसकी अनुमति के बिना प्रसारित किया जा रहा है। शिकायत के आधार पर पुलिस ने तीन लोगों के खिलाफ सूचना प्रौद्योगिकी अधिनियम की धारा 67 के तहत मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू की है।
मामले में नामजद आरोपियों में भाजपा से जुड़े पदाधिकारियों के नाम होने की बात सामने आई है। महिला ने अपनी शिकायत में बताया है कि वीडियो कॉल के दौरान उसका निजी वीडियो बनाए जाने और बाद में उसके प्रसारित होने की जानकारी उसे बातचीत के दौरान मिली। शिकायतकर्ता ने पुलिस को संबंधित बातचीत के ऑडियो-वीडियो साक्ष्य उपलब्ध होने की बात भी कही है।
पद की कथित लड़ाई से जुड़ा दूसरा एंगल : सूत्रों के मुताबिक, इस पूरे मामले की एक दूसरी तस्वीर भी सामने आ रही है। सूत्रों का दावा है कि संगठन में पद और जिम्मेदारी को लेकर कुछ लोगों के बीच कथित तौर पर अंदरूनी खींचतान चल रही थी। इसी खींचतान के बीच विवाद ने ऐसा रूप लिया कि कुछ लोगों ने कथित तौर पर एक-दूसरे को निशाने पर लेने और फंसाने के लिए मामले का फायदा उठाया।
सूत्रों का यह भी कहना है कि संगठनात्मक पद को लेकर चल रही प्रतिस्पर्धा के बीच व्यक्तिगत विवाद भी जुड़ता चला गया और आखिरकार मामला पुलिस तक पहुंच गया। हालांकि, यह दावा फिलहाल सूत्रों के हवाले से है। पुलिस जांच में इसकी पुष्टि होना बाकी है कि कथित संगठनात्मक खींचतान का इस मामले से वास्तव में कोई सीधा संबंध है या नहीं।
जिले से लेकर लखनऊ तक मामला पहुंचाने की होड़?: इस पूरे प्रकरण को लेकर सूत्र एक और महत्वपूर्ण दावा कर रहे हैं। सूत्रों के मुताबिक, जिले से जुड़े भाजपा के कुछ प्रभावशाली नेता कथित तौर पर मामले को दबाने की कोशिश में जुटे हैं, जबकि दूसरी ओर कुछ नेता इस प्रकरण को लखनऊ तक पहुंचाने की कोशिश कर रहे हैं।
यानी एक तरफ मामले को स्थानीय स्तर पर संभालने और शांत कराने की कोशिश की चर्चा है, तो दूसरी तरफ इसे पार्टी के उच्च स्तर तक ले जाने की कवायद की बात सामने आ रही है। सूत्रों का दावा है कि इसके पीछे भी संगठन में पद और प्रभाव को लेकर चल रही अंदरूनी खींचतान एक वजह हो सकती है।
राजनीतिक हलकों में चर्चा तेज: मामले में भाजपा से जुड़े पदाधिकारियों के नाम सामने आने के बाद स्थानीय राजनीतिक हलकों में भी चर्चा तेज हो गई है। पुलिस की जांच, डिजिटल साक्ष्य और शिकायतकर्ता की ओर से उपलब्ध कराए गए कथित वीडियो एवं अन्य साक्ष्यों के आधार पर ही पूरे मामले की वास्तविक तस्वीर सामने आएगी।
फिलहाल बांसडीह पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। अब जांच में यह स्पष्ट होना बाकी है कि यह मामला केवल निजी वीडियो के कथित प्रसार का है या इसके पीछे संगठनात्मक पद की कथित लड़ाई, आपसी विवाद और राजनीतिक खींचतान की भी कोई भूमिका रही है।
featured
मेजर ध्यानचंद जयंती पर जमुना राम मेमोरियल स्कूल में खेल सप्ताह का आगाज, कबड्डी में खिलाड़ियों ने दिखाया दमखम
चितबड़ागांव (बलिया)। हॉकी के जादूगर मेजर ध्यानचंद की जयंती के उपलक्ष्य में जमुना राम मेमोरियल स्कूल, चितबड़ागांव में 29 अगस्त से खेल-कूद सप्ताह का भव्य शुभारंभ हुआ। आयोजन के तहत विद्यालय के चारों हाउस—रेड, ग्रीन, ब्लू और येलो—के बालक एवं बालिका वर्ग के बीच कबड्डी प्रतियोगिता कराई गई।
बालिका वर्ग में ग्रीन हाउस ने रेड हाउस को 12-10 के रोमांचक मुकाबले में हराया, जबकि येलो हाउस ने ब्लू हाउस को 20-15 से शिकस्त दी। बालिका वर्ग का खिताबी मुकाबला अगले दिन खेला जाएगा।
वहीं, बालक वर्ग में ब्लू हाउस ने शानदार प्रदर्शन करते हुए येलो हाउस को 15-8 के अंतर से हराकर जीत दर्ज की। मुकाबलों के दौरान खिलाड़ियों ने जोश, अनुशासन और टीम भावना का शानदार प्रदर्शन किया।

इस अवसर पर विद्यालय के प्रबंध निदेशक इंजीनियर तुषारनंद ने कहा कि मेजर ध्यानचंद का जीवन अनुशासन, समर्पण और देशप्रेम की प्रेरणा देता है। उन्होंने कहा कि खेल केवल हार-जीत तक सीमित नहीं है, बल्कि यह विद्यार्थियों में चरित्र निर्माण और टीम भावना विकसित करने का महत्वपूर्ण माध्यम है।

प्रधानाचार्य अजीत कुमार सिंह ने कहा कि विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास के लिए शिक्षा के साथ खेलकूद भी बेहद जरूरी है। ऐसे आयोजनों से बच्चों की प्रतिभा को निखरने का अवसर मिलता है।
कार्यक्रम के दौरान इंचार्ज अरविंद चौबे, इंचार्ज नीतू मिश्रा और हैंडबॉल प्रशिक्षक मनोज कुमार पाण्डेय ने खिलाड़ियों का उत्साहवर्धन करते हुए उन्हें शुभकामनाएं दीं।
featured
जमुना राम मेमोरियल स्कूल में धूमधाम से मना 80वां स्वतंत्रता दिवस, बच्चों की प्रस्तुतियों ने बांधा समां
बलिया। जमुना राम मेमोरियल स्कूल, मानपुर चितबड़ागांव में 15 अगस्त को 80वां स्वतंत्रता दिवस हर्षोल्लास, उमंग और देशभक्ति की भावना के साथ मनाया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ मुख्य अतिथि प्रोफेसर धर्मात्मा नंद ने मां सरस्वती की पूजा-अर्चना एवं ध्वजारोहण के साथ किया।

ध्वजारोहण के बाद विद्यालय के नन्हे-मुन्ने बच्चों ने रंगारंग सांस्कृतिक कार्यक्रमों की शानदार प्रस्तुति दी। बच्चों ने भगत सिंह, चंद्रशेखर आजाद और रानी लक्ष्मीबाई जैसे महान स्वतंत्रता सेनानियों के प्रतीकात्मक रूप धारण कर उनके त्याग, संघर्ष और देशभक्ति की गाथा को प्रभावशाली ढंग से प्रस्तुत किया।

कार्यक्रम की शुरुआत नंदिनी मिश्रा की मधुर आवाज में प्रस्तुत गीत ‘चिट्ठी आई है’ से हुई। उनकी प्रस्तुति ने मौजूद लोगों को भाव-विभोर कर दिया। इसके बाद ‘जहां डाल-डाल पर सोने की चिड़िया’ और ‘भारत की जान है तिरंगा’ जैसे देशभक्ति गीतों ने पूरे विद्यालय परिसर को राष्ट्रप्रेम की भावना से भर दिया।
कक्षा 11 के शारीरिक शिक्षा के विद्यार्थियों ने योग के विभिन्न आसनों का शानदार प्रदर्शन कर अपनी प्रतिभा का परिचय दिया। वहीं प्री-प्राइमरी एवं प्राइमरी के बच्चों ने ‘फिर भी दिल है हिंदुस्तानी’ गीत पर मनमोहक प्रस्तुति देकर कार्यक्रम में देशभक्ति के रंग भर दिए। कक्षा 8 की छात्राओं द्वारा पारंपरिक कजरी गीत पर प्रस्तुत नृत्य कार्यक्रम का विशेष आकर्षण रहा।
विद्यालय के प्रबंध निदेशक तुषार नंद ने विद्यार्थियों को संबोधित करते हुए कहा कि देश का भविष्य युवा पीढ़ी के हाथों में है। उन्होंने बच्चों से अपनी जिम्मेदारियों को समझते हुए राष्ट्र निर्माण में सक्रिय योगदान देने का आह्वान किया।

प्रधानाचार्य अजीत सिंह ने कार्यक्रम के सफल आयोजन के लिए मुख्य अतिथि, अभिभावकों, विद्यार्थियों एवं विद्यालय परिवार के सभी सदस्यों के प्रति आभार व्यक्त किया। कार्यक्रम को सफल बनाने में सीनियर कोऑर्डिनेटर अरविंद चौबे, जूनियर कोऑर्डिनेटर नीतू मिश्रा सहित समस्त शिक्षक एवं शिक्षणेत्तर कर्मचारियों का महत्वपूर्ण योगदान रहा।
अंत में राष्ट्रगान के साथ कार्यक्रम का समापन हुआ। इसके बाद विद्यार्थियों एवं उपस्थित लोगों के बीच मिष्ठान का वितरण किया गया।
-
सिकंदरपुर2 days agoसिकंदरपुर विधानसभा सर्वे 2027
-
बैरिया2 days agoबैरिया विधानसभा सर्वे 2027
-
फेफना2 days agoफेफना विधानसभा सर्वे 2027
-
बांसडीह3 days agoबांसडीह विधानसभा सर्वे 2027
-
बलिया स्पेशल3 days agoबलिया विधानसभा सर्वे 2027
-
बेल्थरा रोड2 days agoबेल्थरा रोड विधानसभा सर्वे 2027
-
रसड़ा2 days agoरसड़ा विधानसभा सर्वे 2027
-
उत्तर प्रदेश7 days agoराष्ट्रीय खेल दिवस पर जमुना राम मेमोरियल स्कूल में भव्य पुरस्कार वितरण समारोह


