बलिया स्पेशल
बलिया में आत्मनिर्भर बनने की ओर किन्नर समाज, हुई इस नई पहल की शुरुआत
बलिया डेस्क : बलिया जिलाधिकारी एसपी शाही ने किन्नर समाज के लोगों के साथ बैठक की। समाज की मुख्यधारा से उनको जोड़ा जा सके, इसी उद्देश्य से यह बैठक हुई। जिले के विभिन्न क्षेत्र से आए किन्नरों ने अपने बहुमूल्य सुझाव दिए, जिस पर चर्चा हुई और पहल करने का भरोसा दिलाया गया।
डीएम श्री शाही ने कहा, इसमें कोई संदेह नहीं कि किन्नर समाज की तमाम दिक्कतें हैं। इसलिए हमारा प्रयास है कि पहले किन्नर समुदाय की दिक्कतों को नजदीक से जाना जाए और उसको दूर करने का हरसम्भव प्रयास किया जाए। फिलहाल शिक्षा व कौशल विकास पर पहल कर इसकी शुरुआत की जा रही है। हम भी चाहते हैं कि आप सब समाज की मुख्यधारा से जुड़े।
उन्होंने आगे कहा, नौजवान किन्नर में अगर किसी विशेष क्षेत्र में कुशलता है तो उस क्षेत्र में भी ट्रेंड करने के लिए व्यवस्था की जाएगी। सरकार की योजनाओं से हर पात्र को जोड़ा जाएगा। जिलाधिकारी ने यह भी कहा कि मतदाता सूची में हर किसी का नाम होना जरूरी है। अगर किसी का नहीं है तो वह अपने बीएलओ से सम्पर्क कर जोड़वा लें। वहां बनी कमेटी को भी यह जिम्मेदारी सौंपी।
जीवनशैली बेहतर बनाने के लिए हम सब प्रतिबद्ध
सीडीओ विपिन जैन ने कहा कि किन्नर समाज की जीवन शैली को बेहतर बनाने के लिए हम सब प्रतिबद्ध हैं। इसके लिए सबसे पहले शिक्षा व कौशल विकास पर ध्यान देना होगा। इसके लिए तीन स्टेप जरूरी हैं। पहला, समुदाय की संख्या कमेटी तय कर ले। दूसरा, किन्नर समाज के बच्चों के लिए शिक्षा का वातावरण तैयार कर उन्हें शिक्षित करना है। इसके लिए बीएसए व आईटीआई के प्रधानाचार्य को गम्भीरता से पहल करने को कहा गया है। तीसरा, ट्रेनिंग दिलवाने के बाद समाज में कैसे स्थापित करें, उस पर बल दिया जाएगा।
स्वयं सहायता के जरिए कौशल का होगा सदुपयोग
सीडीओ जैन ने कहा कि अपनी कमाई में आप बचत जरूर करते हैं। ऐसे में स्वयं सहायता समूह से आपको जोड़ कर आपके कौशल का सदुपयोग किया जा सकेगा। उससे आपकी कमाई भी होगी और आपका नाम भी हर घर में होगा। आपका सिला हुआ कपड़ा स्कूली बच्चे पहनेंगे, आपका बनाया मसाला घरों में प्रयोग होगा। आपका जीवन अच्छे से चले, इसके लिए हम भी इच्छुक हैं। सीडीओ ने कहा कि अगला शहरी कैम्प यहीं लगेगा। मेडिकल चेकअप से लेकर योजनाओं से सम्बंधित पात्रता मिलने पर हर योजनाओं का लाभ दिलाने का भी प्रयास होगा।
जिलाध्यक्ष माधुरी किन्नर ने डीएम-सीडीओ के प्रति जताया आभार, मांग पत्र सौंपा
किन्नर समाज की जिलाध्यक्ष माधुरी पांडेय ने डीएम-सीडीओ का आभार जताते हुए कहा कि समाज के हम लोगों की इज्जत और प्रतिष्ठा बढ़ाने की पहल की गई। ऐसा पहली बार हो रहा है। इसके लिए पूरा किन्नर समाज आप लोगों का आभारी रहेगा। हम लोग सामने तमाम विकट परिस्थिति आती है, ऐसे में हम लोगों की सुविधाओं जैसे किन्नर शौचालय, पढ़ाई, चिकित्सा व अन्य जरूरी सुविधाओं का ख्याल रखा जाए। हम लोगों के कार्यक्रम के लिए कोई सार्वजनिक धर्मशाला या किन्नर भवन की व्यवस्था हो, ताकि किन्नर समाज का कोई कार्यक्रम हो जाए। जिले के विभिन्न क्षेत्रों से आए किन्नरों ने भी अपनी बात रखी।
पढ़े-लिखे किन्नर को सरकारी सेवाओं में मिले मौका
बैठक में किन्नर अनुष्का चौबे ने कहा कि पढ़े-लिखे किन्नरों को सरकारी सेवा में जाने का मौका मिले। ऐसे ही धीरे-धीरे हम लोगों का विकास होगा। यह भी कहा कि सरकार के विभिन्न अभियान जैसे गंगा स्वच्छता, स्वच्छ भारत मिशन आदि में भी हम सब अपना योगदान देना चाहते हैं। बशर्ते मौका दिया जाए। जिलाधिकारी ने पढ़ाई लिखाई से जुड़ी जानकारी ली तो पाया कि उनमें स्नातक की डिग्री एक के पास, जबकि चार-पांच इंटरमीडिएट व करीब 10-12 हाईस्कूल पास थे। इस पर खुशी जताते हुए कहा कि निश्चित रूप से हर सकारात्मक कार्य में आवश्यकतानुसार आप लोगों का सहयोग लिया जाएगा।
कैम्प में हुई एचआईवी की जांच
इस अवसर पर एचआईबी की जांच कैंप का शुभारंभ किया गया। डीएम-सीडीओ व अन्य वरिष्ठ अधिकारियों की मौजूदगी में किन्नर समाज के जिलाध्यक्ष माधुरी पांडे ने फीता काटकर शुभारंभ किया। कैंप में मौजूद सभी किन्नरों का टेस्ट किया गया। साथ ही इस से बचाव से जुड़े विषय पर चर्चा भी की गई। बीएसए शिवनारायण सिंह, डीएसओ केजी पांडेय, नपा ईओ दिनेश विश्वकर्मा व अन्य अधिकारी थे।
उत्तर प्रदेश
बलिया का बढ़ा मान! जमुना राम मेमोरियल स्कूल सीबीएसई ईस्ट जोन हैंडबॉल के फाइनल में
मिर्जापुर। सनबीम एकेडमी नॉलेज पार्क, मिर्जापुर में आयोजित सीबीएसई ईस्ट जोन हैंडबॉल प्रतियोगिता 2026-27 में जमुना राम मेमोरियल स्कूल, चितबड़ागांव (बलिया) की टीम ने शानदार प्रदर्शन करते हुए फाइनल में प्रवेश कर लिया।
प्रतियोगिता के दूसरे दिन खेले गए रोमांचक मुकाबले में जमुना राम मेमोरियल स्कूल ने मेजबान सनबीम एकेडमी नॉलेज पार्क को 06-02 के बड़े अंतर से हराया। मैच की शुरुआत से ही जमुना राम मेमोरियल स्कूल की टीम ने आक्रामक खेल का प्रदर्शन किया और पूरे मुकाबले में अपनी पकड़ बनाए रखी।
टीम की ओर से अंकिता कुशवाहा ने 2, रितिका यादव ने 2, आइशा गुप्ता ने 1 और श्रेया ने 1 गोल कर टीम की जीत में अहम योगदान दिया। इस शानदार जीत के साथ टीम ने प्रतियोगिता के खिताबी मुकाबले में अपनी जगह पक्की कर ली है। फाइनल मुकाबला कल खेला जाएगा।
टीम की सफलता पर विद्यालय के प्रबंध निदेशक इंजीनियर तुषारनंद एवं प्रधानाचार्य अजीत सिंह ने खिलाड़ियों और खेल स्टाफ को बधाई दी। उन्होंने शारीरिक शिक्षक सरदार मोहम्मद अफ़ज़ल, टीम प्रशिक्षक मनोज कुमार और टीम मैनेजर रश्मि श्रीवास्तव को भी शुभकामनाएं देते हुए फाइनल के लिए उत्साह बढ़ाया।
इस अवसर पर इंचार्ज अरविंद चौबे, आनन्द मिश्रा, नीतू मिश्रा सहित विद्यालय के शिक्षक-शिक्षिकाओं ने खिलाड़ियों के शानदार प्रदर्शन की सराहना करते हुए उन्हें फाइनल के लिए शुभकामनाएं दीं।
featured
तीन बार के विधायक उमाशंकर सिंह नहीं रहे, बलिया की राजनीति ने खोया अपना सबसे बड़ा जननेता
बलिया। रसड़ा विधानसभा क्षेत्र से लगातार तीन बार विधायक रहे और बहुजन समाज पार्टी (बसपा) के प्रदेश में इकलौते विधायक उमाशंकर सिंह के निधन से पूरे बलिया जिले में शोक की लहर दौड़ गई। बुधवार देर रात उनके निधन की आधिकारिक पुष्टि होते ही उनके आवास पर समर्थकों, शुभचिंतकों और क्षेत्रीय लोगों का हुजूम उमड़ पड़ा। हर ओर गम और सन्नाटा पसरा रहा।
नगरा ब्लॉक के खनवर गांव निवासी उमाशंकर सिंह लंबे समय से गंभीर बीमारी से जूझ रहे थे। पिछले कई महीनों से उनका इलाज चल रहा था। उनके स्वास्थ्य को लेकर लगातार चर्चाएं थीं, लेकिन बुधवार रात उनके निधन की खबर ने पूरे पूर्वांचल को स्तब्ध कर दिया।
उमाशंकर सिंह केवल एक विधायक नहीं थे, बल्कि रसड़ा की राजनीति का ऐसा चेहरा थे जिनकी पहचान पार्टी से कहीं अधिक उनके जनसंपर्क, विकास कार्यों और सामाजिक सरोकारों से थी। यही वजह रही कि राजनीतिक मतभेदों से ऊपर उठकर हर दल के नेताओं ने उनके निधन को क्षेत्र की अपूरणीय क्षति बताया।
छात्र राजनीति से विधानसभा तक का सफर
सेवानिवृत्त सैनिक घुरहू सिंह के बड़े पुत्र उमाशंकर सिंह ने छात्र राजनीति से अपना सार्वजनिक जीवन शुरू किया। वे सतीश चंद्र महाविद्यालय, बलिया के छात्रसंघ महामंत्री रहे। इसके बाद वर्ष 2002-03 में जिला पंचायत सदस्य चुने गए और यहीं से उनकी राजनीतिक यात्रा ने नई दिशा पकड़ी।
लगातार तीन चुनाव जीते
साल 2012 में बसपा के टिकट पर पहली बार रसड़ा विधानसभा से चुनाव लड़ते हुए उन्होंने करीब 84 हजार वोट हासिल किए और सपा प्रत्याशी सनातन पांडेय को 52,825 वोटों के बड़े अंतर से हराकर पहली बार विधायक बने।
2017 में भाजपा के पूर्व विधायक राम इकबाल सिंह को 33,885 वोटों से हराकर दूसरी बार विधानसभा पहुंचे।
वहीं 2022 के चुनाव में सपा-सुभासपा गठबंधन की चुनौती के बावजूद उन्होंने सुभासपा प्रत्याशी महेंद्र चौहान को करीब 5 हजार वोटों से हराकर जीत की हैट्रिक पूरी की। बसपा के कमजोर दौर में भी उनकी यह जीत पूरे प्रदेश में चर्चा का विषय बनी थी।
समाजसेवा से बनाई अलग पहचान
राजनीति में आने से पहले उमाशंकर सिंह सड़क निर्माण के व्यवसाय से जुड़े रहे। विधायक बनने के बाद इस कार्य की जिम्मेदारी उनके परिवार ने संभाली। लेकिन उनकी सबसे बड़ी पहचान समाजसेवी के रूप में रही। उन्होंने अपने जीवनकाल में 600 से अधिक निर्धन कन्याओं के सामूहिक विवाह कराकर समाज में एक अलग मिसाल कायम की।
शोक में डूबा बलिया
उनके निधन की खबर मिलते ही रसड़ा, नगरा और पूरे बलिया जिले में शोक की लहर दौड़ गई। बड़ी संख्या में लोग उनके आवास पर पहुंचकर अंतिम दर्शन कर रहे हैं। विभिन्न राजनीतिक दलों, सामाजिक संगठनों और आम नागरिकों ने उन्हें श्रद्धांजलि अर्पित करते हुए कहा कि पूर्वांचल ने आज अपना एक लोकप्रिय, जुझारू और जनसेवा के लिए समर्पित नेता खो दिया।
उमाशंकर सिंह के अंतिम संस्कार और श्रद्धांजलि सभा के कार्यक्रम की जानकारी का इंतजार किया जा रहा है। उनका निधन केवल रसड़ा विधानसभा ही नहीं, बल्कि पूरे बलिया की राजनीति के लिए एक ऐसा खालीपन छोड़ गया है, जिसे भर पाना आसान नहीं होगा।
featured
आवास योजना में लापरवाही पर सभी एसडीएम का वेतन रोकने के आदेश
बलिया। जिले में राजस्व और विकास कार्यों की समीक्षा के दौरान जिलाधिकारी मंगला प्रसाद सिंह ने लापरवाही पर कड़ा रुख अपनाया। मंगलवार को कलेक्ट्रेट सभागार में आयोजित समीक्षा बैठक में उन्होंने भूमि आवंटन और आवासीय पट्टा वितरण में खराब प्रगति पर सभी उपजिलाधिकारियों (एसडीएम) का वेतन रोकने के आदेश दिए। साथ ही लंबित राजस्व वादों के 15 दिनों के भीतर निस्तारण और 90 दिन से अधिक पुराने मामलों को मिशन मोड में खत्म करने के निर्देश दिए।
जिलाधिकारी ने विभिन्न विभागों से जुड़े 25 महत्वपूर्ण एजेंडों की समीक्षा करते हुए आईजीआरएस, डिजिटल क्रॉप सर्वे, स्वामित्व योजना, अंश निर्धारण, मुख्यमंत्री कृषक दुर्घटना कल्याण योजना, भूमि आवंटन, मत्स्य पट्टा, चकबंदी, बाढ़ प्रबंधन और अन्य राजस्व मामलों की प्रगति पर अधिकारियों से जवाब-तलब किया।
उन्होंने आईजीआरएस के लंबित प्रकरणों का गुणवत्तापूर्ण एवं समयबद्ध निस्तारण सुनिश्चित करने को कहा। स्वामित्व योजना के तहत लक्ष्य के सापेक्ष 1,286 गांवों में सर्वे कार्य शेष रहने पर नाराजगी जताते हुए सभी एसडीएम को अभियान चलाकर कार्य पूरा करने के निर्देश दिए।
आगामी बाढ़ को देखते हुए डीएम ने रेड जोन के गांवों की पहचान, नावों की उपलब्धता, मेडिकल कैंप, पशुओं के चारे, राहत सामग्री और कंट्रोल रूम की अग्रिम व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने 183 संभावित बाढ़ प्रभावित गांवों के लिए समुचित तैयारी रखने को भी कहा।
राजस्व वादों की समीक्षा के दौरान जिलाधिकारी ने धारा 24, 33, 34, 67 और 116 से संबंधित लंबित मामलों की स्थिति जानी और निर्देश दिया कि सभी लंबित वादों का 15 दिनों के भीतर निस्तारण किया जाए। 90 दिन से अधिक पुराने मामलों के लिए विशेष कार्ययोजना बनाकर मिशन मोड में कार्रवाई करने को कहा।
मुख्यमंत्री कृषक दुर्घटना कल्याण योजना के तहत सभी तहसीलों में 16 प्रकरण लंबित मिलने पर उन्होंने संबंधित लेखपालों और कानूनगो के विरुद्ध आवश्यक कार्रवाई के निर्देश दिए।
भूमि आवंटन की समीक्षा में रसड़ा, सिकंदरपुर और बैरिया तहसीलों में कृषि पट्टों का आवंटन नहीं होने पर 10 दिन के भीतर कार्रवाई पूरी करने के निर्देश दिए। वहीं आवासीय पट्टा वितरण में लक्ष्य के अनुरूप प्रगति न मिलने पर सभी एसडीएम का वेतन रोकने के आदेश जारी किए।
मत्स्य पालन के लिए पट्टा आवंटन में बांसडीह, बलिया सदर और बैरिया तहसीलों की खराब प्रगति पर संबंधित तहसीलदारों का वेतन रोकने के निर्देश दिए गए। वहीं चकबंदी विभाग में 4,969 मुकदमे लंबित मिलने पर संबंधित अधिकारियों को शोकॉज नोटिस जारी करने और पांच वर्ष से अधिक पुराने मामलों का प्राथमिकता के आधार पर निस्तारण सुनिश्चित करने को कहा।
बैठक में अन्नपूर्णा भवनों के उद्घाटन, सस्ता गल्ला दुकानों के चयन, अवैध खनन पर कार्रवाई, भूमि अधिग्रहण, नदी कटान निरोधक कार्य, गंगा ऑडिटोरियम के जीर्णोद्धार, एसटीपी परियोजना तथा अन्य विकास कार्यों की भी समीक्षा की गई। इस दौरान अपर जिलाधिकारी अनिल कुमार, मुख्य राजस्व अधिकारी गुलशन जी, सभी एसडीएम, तहसीलदार, नायब तहसीलदार एवं अन्य अधिकारी उपस्थित रहे।
-
featured1 week agoबलिया में विनोद राय की दसवीं पुण्यतिथि पर उमड़ा जनसैलाब, दिग्गज नेताओं ने दी श्रद्धांजलि
-
featured2 weeks agoतीन बार के विधायक उमाशंकर सिंह नहीं रहे, बलिया की राजनीति ने खोया अपना सबसे बड़ा जननेता
-
featured2 weeks agoCBSE ईस्ट जोन हॉकी प्रतियोगिता में जमुना राम स्कूल की बेटियों का कमाल, कांस्य पदक जीतकर बढ़ाया मान
-
उत्तर प्रदेश1 week agoबलिया का बढ़ा मान! जमुना राम मेमोरियल स्कूल सीबीएसई ईस्ट जोन हैंडबॉल के फाइनल में
-
खेल कूद1 week agoसीबीएसई ईस्ट जोन हैंडबॉल में बलिया का जलवा, जमुना राम मेमोरियल स्कूल बना उपविजेता
-
featured5 days agoजमुना राम मेमोरियल स्कूल में धूमधाम से मना 80वां स्वतंत्रता दिवस, बच्चों की प्रस्तुतियों ने बांधा समां


