बलिया
रेल यात्रियों के लिए महत्वपूर्ण खबर, बलिया से जाने वाली कई ट्रेनों के रूट बदलाए, कुछ निरस्त
बलिया के रेल यात्रियों के लिए महत्वपूर्ण खबर है। उत्तर रेलवे के लखनऊ मंडल के वाराणसी-जंघई-फाफामऊ-प्रयागराज और वाराणसी-जंघई-मां बेला देवी धाम प्रतापगढ़ रेल खण्ड के जंघई-बरयाराम-उग्रसेनपुर खण्ड के दोहरीकरण और जंघई यार्ड रिमाडलिंग के परिप्रेक्ष्य में नान-इण्टरलॉक कार्य किये जाने के कारण कई ट्रेनों का मार्गपरिवर्तन किया गया है, वहीं कई ट्रेनें निरस्त भी हुई हैं। ऐसे में यात्री रेलवे द्वारा अपडेट की गई सूची देखकर ही यात्रा की योजना बनाएं।
जिन ट्रेनों को निरस्त किया गया है। उसमें बनारस-लखनऊ एक्सप्रेस शामिल है। ये ट्रेन 12 से 14 सितंबर तक निरस्त रहेगी। इसके अलावा लखनऊ से 12 से 14 सितंबर तक चलने वाली लखनऊ-बनारस एक्सप्रेस निरस्त रहेगी। बनारस से 11 से 14 सितम्बर, 2024 तक चलने वाली बनारस-नई दिल्ली एक्सप्रेस निरस्त रहेगी।
नई दिल्ली से 12 से 15 सितम्बर,2024 तक चलने वाली 15128 नई दिल्ली-बनारस एक्सप्रेस निरस्त रहेगी। बनारस से 12 सितम्बर, 2024 को चलने वाली 22541 बनारस-आनन्द विहार टर्मिनस गरीब रथ एक्सप्रेस निरस्त रहेगी।
इसके अलावा आनन्द विहार टर्मिनस से 13 सितम्बर, 2024 को चलने वाली 22542 आनन्द विहार टर्मिनस-बनारस गरीब रथ एक्सप्रेस निरस्त रहेगी। गाजीपुर सिटी से 03 से 22 सितम्बर,2024 तक चलने वाली 05437 गाजीपुर सिटी-प्रयागराज संगम मेमू विशेष गाड़ी निरस्त रहेगी। प्रयागराज संगम से 03 से 22 सितम्बर,2024 तक चलने वाली 05438 प्रयागराज संगम-गाजीपुर सिटी मेमू विशेष गाड़ी निरस्त रहेगी। बनारस से 03 से 22 सितम्बर,2024 तक चलने वाली 05117 बनारस-माँ बेल्हा देवी धाम प्रतापगढ़ अनारक्षित विशेष गाड़ी निरस्त रहेगी। माँ बेल्हा देवी धाम प्रतापगढ़ से 03 से 22 सितम्बर, 2024 तक चलने वाली 05118 माँ बेल्हा देवी धाम प्रतागढ़-बनारस अनारक्षित विशेष गाड़ी निरस्त रहेगी।
इसके अलावा रेलवे ने कई ट्रेनों का मार्ग परिवर्तन भी किया है। इसके अनुसार, डिब्रूगढ़ से 10, 11 एवं 12 सितम्बर,2024 को चलने वाली 20503 डिब्रूगढ़-नई दिल्ली राजधानी एक्सप्रेस परिवर्तित मार्ग वाराणसी जफराबाद-सुल्तानपुर-लखनऊ के रास्ते चलाई जायेगी। बलिया से 05, 12 एवं 19 सितम्बर, 2024 को चलने वाली 04055 बलिया-आनन्द विहार टर्मिनस विषेष गाड़ी परिवर्तित मार्ग जौनपुर-जौनपुर सिटी-सुल्तानपुर-लखनऊ-कानपुर सेण्ट्रल के रास्ते चलाई जायेगी। मार्ग परिवर्तन के फलस्वरूप इस गाड़ी का ठहराव प्रयागराज जं0 पर नही रहेगा। आनन्द विहार टर्मिनस से 04, 11 एवं 18 सितम्बर, 2024 को चलने वाली 04056 आनन्द विहार टर्मिनस-बलिया विशेष गाड़ी परिवर्तित मार्ग कानपुर सेंट्रल-लखनऊ-सुल्तानपुर-जौनपुर सिटी-जौनपुर के रास्ते चलाई जायेगी। मार्ग परिवर्तन के फलस्वरूप इस गाड़ी का ठहराव प्रयागराज स्टेषन पर नही होगा। बलिया से 09 एवं 16 सितम्बर,2024 को चलने वाली 04497 बलिया-आनन्द विहार टर्मिनस विषेष गाड़ी परिवर्तित मार्ग वाराणसी-जफराबाद-सुल्तानपुर-लखनऊ के रास्ते चलाई जायेगी । मार्ग परिवर्तन के फलस्वरूप इस गाड़ी का ठहराव माँ बेल्हा देवी धाम प्रतापगढ़, रायबरेली स्टेषनों पर नही रहेगा।
इसके अलावा लोकमान्य तिलक टर्मिनस से 02, 09 एवं 16 सितम्बर, 2024 तक चलने वाली 15182 लोकमान्य तिलक टर्मिनस-मऊ एक्सप्रेस परिवर्तित मार्ग प्रयागराज जं0-प्रयागराज रामबाग-बनारस-वाराणसी सिटी-औंड़िहार के रास्ते चलाई जायेगी। मार्ग परिवर्तन के फलस्वरूप इस गाड़ी का ठहराव प्रयाग, फूलपुर, जंघई, मडियाहू, जौनपुर, शाहगंज, खोरासन रोड, आजमगढ़, मुहम्मदाबाद स्टेशनों पर नही रहेगा। बांद्रा टर्मिनस से 08 सितम्बर, 2024 को चलने वाली 20941 बांद्रा टर्मिनस-गाजीपुर सिटी एक्सप्रेस परिवर्तित मार्ग प्रयागराज जं0-प्रयागराज रामबाग-वाराणसी-वाराणसी सिटी के रास्ते चलाई जायेगी। मार्ग परिवर्तन के फलस्वरूप इस गाड़ी का ठहराव जंघई, मडियाहू, जौनपुर, केराकत, डोभी स्टेषनों पर नही रहेगा। मुम्बई सेण्ट्रल से 04, 11 एवं 18 सितम्बर,2024 को चलने वाली 09183 मुम्बई सेण्ट्रल-बनारस विषेष गाड़ी परिवर्तित मार्ग कानपुर सेण्ट्रल-प्रयागराज जं0-प्रयागराज रामबाग-बनारस के रास्ते चलाई जायेगी। मार्ग परिवर्तन के फलस्वरूप इस गाड़ी का ठहराव लखनऊ, रायबरेली, अमेठी, माँ बेल्हा देवी धाम प्रतापगढ़, जंघई, भदोही स्टेषनों पर नही रहेगा। बनारस से 06, 13 एवं 20 सितम्बर,2024 को चलने वाली 09184 बनारस-मुम्बई सेण्ट्रल विषेष गाड़ी परिवर्तित मार्ग प्रयागराज रामबाग-प्रयागराज जं0-कानपुर सेण्ट्रल के रास्ते चलाई जायेगी। मार्ग परिवर्तन के फलस्वरूप इस गाड़ी का ठहराव भदोही, जंघई, माँ बेल्हा देवी धाम प्रतापगढ़, अमेठी, रायबेरली, लखनऊ स्टेषनों पर नही रहेगा।
गोरखपुर से 03 से 22 सितम्बर, 2024 तक चलने वाली 15018 गोरखपुर-लोकमान्य तिलक टर्मिनस एक्सप्रेस परिवर्तित मार्ग जौनपुर-वाराणसी-प्रयागराज छिवकी-मानिकपुर के रास्ते चलाई जायेगी। मार्ग परिवर्तन के फलस्वरूप इस गाड़ी का ठहराव चौखण्डी, सेवापुरी, कपसेटी, परसीपुर, भदोही, मोढ, सुरियांवा, सराय कंसराय, जंघई, उग्रसेनपुर, फूलपुर, सरायचंडी, फाफामऊ, प्रयाग, प्रयागराज जं0, नैनी, शंकरगढ़, डभौरा स्टेषनों पर नही रहेगा। लोकमान्य तिलक टर्मिनस से 02 से 21 सितम्बर,2024 तक चलने वाली 15017 लोकमान्य तिलक टर्मिनस-गोरखपुर एक्सप्रेस परिवर्तित मार्ग मानिकपुर-प्रयागराज छिवकी-वाराणसी-जौनपुर के रास्ते चलाई जायेगी। मार्ग परिवर्तन के फलस्वरूप इस गाड़ी का ठहराव डभौरा, शंकरगढ़, नैनी, प्रयागराज जं0, प्रयाग, फाफामऊ, सरायचण्डी, फूलपुर, उग्रसेनपुर, जंघई, सराय कंसराय, सुरियांवा, मोढ, भदोही, परसीपुर, कपसेटी, सेवापुरी, चौखण्डी स्टेशनों पर नही रहेगा।
featured
फेफना में अकीदत के साथ मनाया गया मोहर्रम, मातमी जुलूस और हैरतअंगेज करतब बने आकर्षण का केंद्र
बलिया। फेफना थाना क्षेत्र में शुक्रवार को मोहर्रम का पर्व पूरी अकीदत, शांति और सौहार्दपूर्ण माहौल में संपन्न हुआ। चिलचिलाती धूप के बावजूद फेफना सहित आसपास के गांवों में पारंपरिक ताजिया जुलूस निकाला गया। हजरत इमाम हुसैन की शहादत की याद में मातमी दस्तों ने नोहा-ख्वानी और मातम कर उन्हें श्रद्धांजलि अर्पित की।
फेफना में निकले मातमी जुलूस के दौरान मुस्लिम समुदाय के युवाओं ने पारंपरिक हैरतअंगेज करतबों का प्रदर्शन किया, जिसने लोगों का ध्यान आकर्षित किया। वहीं समाजसेवी लडू अंसारी द्वारा जुलूस में शामिल लोगों और राहगीरों के लिए ठंडे शरबत की व्यवस्था की गई, जिसकी लोगों ने सराहना की।
जुलूस निर्धारित मार्गों से गुजरते हुए कर्बला पहुंचा, जहां परंपरागत रीति-रिवाज के अनुसार ताजियों को सुपुर्द-ए-खाक किया गया।

फेफना के अलावा तीखा, मिठवार, पक्काकोट, बहादुरपुर, सिंहपुर, एकौनी, बलेजी, सागरपाली, अमडारी, निधरिया और मिढ्ढा गांवों में भी मोहर्रम का पर्व शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न हुआ।
सुरक्षा व्यवस्था को लेकर थानाध्यक्ष अखिलेश चंद पांडेय पुलिस बल के साथ लगातार क्षेत्र में भ्रमण करते रहे और पूरे आयोजन पर नजर बनाए रखी। पर्व सकुशल संपन्न होने के बाद बड़ी संख्या में लोगों ने बलेजी में लगे मेले का भी आनंद लिया।

ग्रामीणों ने कहा कि मोहर्रम केवल शोक का पर्व नहीं, बल्कि इंसानियत, त्याग, सत्य और कुर्बानी का संदेश देने वाला अवसर है, जो समाज में भाईचारा, एकता और आपसी सौहार्द को मजबूत करता है।
featured
एक साल से धूल फांक रही करोड़ों की जांच सुविधा, बांसडीह सीएचसी में नहीं चालू हो सकी बायोकेमिस्ट्री एनालाइजर मशीन
बांसडीह (बलिया)। ग्रामीण क्षेत्र के मरीजों को आधुनिक जांच सुविधाएं उपलब्ध कराने के उद्देश्य से सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) बांसडीह में स्थापित की गई बायोकेमिस्ट्री एनालाइजर मशीन पिछले एक वर्ष से अधिक समय से निष्क्रिय पड़ी है। स्वास्थ्य विभाग की यह महत्वपूर्ण मशीन अस्पताल परिसर तक पहुंचने के बावजूद अब तक चालू नहीं हो सकी है, जिससे क्षेत्र के हजारों मरीजों को अपेक्षित लाभ नहीं मिल पा रहा है।
जानकारी के अनुसार, मशीन के संचालन से लीवर फंक्शन टेस्ट, किडनी प्रोफाइल, लिपिड प्रोफाइल, यूरिक एसिड, कोलेस्ट्रॉल, थायराइड, इलेक्ट्रोलाइट्स, कार्डियक प्रोफाइल, कैल्शियम, मैग्नीशियम, प्रोटीन और आयरन समेत करीब 30 प्रकार की महत्वपूर्ण जांचें सीएचसी स्तर पर ही उपलब्ध हो सकती हैं। फिलहाल इन जांचों के लिए मरीजों को जिला अस्पताल या निजी पैथोलॉजी केंद्रों का सहारा लेना पड़ता है, जिससे समय और धन दोनों की अतिरिक्त लागत उठानी पड़ती है।
सीएचसी बांसडीह में प्रतिदिन सैकड़ों मरीज उपचार के लिए पहुंचते हैं। सामान्य जांच सुविधाएं उपलब्ध होने के बावजूद गंभीर बीमारियों से जुड़ी कई आवश्यक जांचों का अभाव बना हुआ है। ऐसे में मशीन का चालू होना क्षेत्र की स्वास्थ्य सेवाओं के लिए बड़ा बदलाव साबित हो सकता है। अनुमान है कि इससे क्षेत्र की लगभग 40 हजार आबादी को प्रत्यक्ष लाभ मिलेगा।
बायोकेमिस्ट्री एनालाइजर एक अत्याधुनिक चिकित्सा उपकरण है, जिसे क्लिनिकल केमिस्ट्री एनालाइजर भी कहा जाता है। यह रक्त, प्लाज्मा और सीरम जैसे जैविक नमूनों की रासायनिक जांच कर विभिन्न रोगों के सटीक निदान में मदद करता है। आधुनिक स्वास्थ्य सेवाओं में इसकी महत्वपूर्ण भूमिका मानी जाती है।
मामले पर प्रतिक्रिया देते हुए बलिया के मुख्य चिकित्सा अधिकारी (सीएमओ) डॉ. अभय नारायण राय ने कहा कि उन्हें मशीन के स्थापित न होने की जानकारी नहीं थी। उन्होंने आश्वासन दिया कि मामले की जांच कराकर मशीन को शीघ्र चालू कराने की कार्रवाई की जाएगी।
सीएमओ ने कहा कि मशीन के संचालन से बांसडीह सीएचसी में कई महत्वपूर्ण जांचें शुरू हो जाएंगी, जिससे मरीजों को स्थानीय स्तर पर बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध होंगी और उन्हें अनावश्यक भागदौड़ से राहत मिलेगी। अब क्षेत्रवासियों को मशीन के जल्द शुरू होने का इंतजार है।
बलिया
अघोषित बिजली कटौती पर सपा युवजन सभा का हल्ला बोल, 9 सूत्रीय मांगों के साथ सौंपा ज्ञापन
भीषण गर्मी के बीच लगातार हो रही अघोषित बिजली कटौती और खराब विद्युत व्यवस्था को लेकर समाजवादी युवजन सभा ने विद्युत विभाग के खिलाफ मोर्चा खोल दिया है। मंगलवार को समाजवादी युवजन सभा के प्रदेश अध्यक्ष अरविन्द गिरि के नेतृत्व में कार्यकर्ताओं ने विद्युत वितरण खंड के अधिशासी अभियंता को 9 सूत्रीय मांगों से संबंधित ज्ञापन सौंपकर क्षेत्र की समस्याओं के शीघ्र समाधान की मांग की।
ज्ञापन में रघुनाथपुर, दुबहड़ और आईटीआई विद्युत उपकेंद्रों से जुड़े इलाकों में बार-बार हो रही बिजली कटौती पर रोक लगाने, जर्जर तारों को बदलने, कम क्षमता वाले ट्रांसफार्मरों की क्षमता बढ़ाने, फीडरों और लाइनों का नियमित रखरखाव कराने तथा उपभोक्ताओं को निर्बाध विद्युत आपूर्ति सुनिश्चित करने की मांग की गई।
इस दौरान गड़वार क्षेत्र में 33 केवी लाइन पर पेड़ गिरने से बाधित बिजली आपूर्ति को बहाल कराने में व्यस्त अधिशासी अभियंता से दूरभाष पर वार्ता कर क्षेत्र की समस्याओं से अवगत कराया गया। उनकी अनुपस्थिति में विभाग द्वारा अधिकृत अधिकारी को ज्ञापन सौंपा गया।
अरविन्द गिरि ने कहा कि भीषण गर्मी में अघोषित बिजली कटौती से आम जनता, किसान, छात्र-छात्राएं, व्यापारी और छोटे व्यवसायी परेशान हैं। उन्होंने चेतावनी दी कि यदि एक सप्ताह के भीतर बिजली व्यवस्था में सुधार नहीं हुआ तो समाजवादी लोग आम जनता के साथ मिलकर व्यापक जनआंदोलन शुरू करेंगे, जिसकी पूरी जिम्मेदारी विद्युत विभाग और शासन-प्रशासन की होगी।


