बलिया
बलिया : अलग-अलग हादसों में 5 लोगों की मौत!
बलिया में अलग- अलग घटनाओं में 5 लोगों की मौत हो गई। तीन लोगों की जान हादसों में चली गई। तो वहीं एक अधेड़ में खुदकुशी कर ली। एक युवक का शव गिट्टी डिपो में पड़ा मिला। पुलिस ने सभी मामलों में जांच शुरु कर दी है।
जानकारी के मुताबिक बलिया-बैरिया मार्ग स्थित दुबहड़ ढाले पर शुक्रवार रात लाल बालू से लदे ट्रक की चपेट में आने से एक युवक की मौत हो गई, जबकि उसका साथी घायल हो गया। मौके पर पहुंची पुलिस ने जेसीबी से मृतक के शव व घायल हो बाहर निकलवाया। बता दें कि दुबहड़ निवासी अभिषेक सिंह उर्फ गांधी उम्र 32 और मनीष सिंह उम्र 20 साल दुबहड़ ढाले के किनारे खड़े होकर आपस में बातचीत कर रहे थे। इसी दौरान ट्रक ने दोनों को टक्कर मार दी। हादसे में अभिषेक सिंह की मौत हो गई। मनीष घायल है। हादसे के बाद ट्रक चालक फरार हो गया।
दूसरा हादसा चितबड़ागांव थाना क्षेत्र में हुआ। जहां करंट की चपेट में आने से ग्राम पंचायत सुजायत (पटसार) निवासी सत्येंद्र राजभर (30) पुत्र रामकेवल राजभर झुलस गए। परिजन उसे लेकर तत्काल बलिया जिला अस्पताल पहुंचे। जहां इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई।
तीसरे हादसे में ट्रेन की चपेट में आने से एक युवक की मौत हो गई। चितबड़ागांव-मोहम्मदाबाद मुख्य मार्ग पर स्थित कोल्ड स्टोरेज के उत्तरी तरफ रेलवे लाइन के पास वार्ड नंबर चार मालवीय नगर निवासी बब्बन सिंह (55 वर्ष) का शव मिला। बब्बन के पुत्र विनय ने पुलिस को बताया कि पापा की दिमागी हालत ठीक नहीं थी। वह शुक्रवार को दिन में ही कहीं निकल गए थे। शनिवार सुबह रेलवे लाइन के पास उनका शव मिला।
बैरिया थाना क्षेत्र के मांझी घाट के निकट एनएच-31 के किनारे एक गिट्टी डिपो में शनिवार सुबह 35 वर्षीय युवक का खून से लथपथ शव मिला। मृतक की पत्नी ने पति की ट्रक से कुचलकर हत्या करने का आरोप कुछ लोगों पर लगाया है। जानकारी के मुताबिक जयप्रकाश सिंह पुत्र काशी सिंह निवासी चांददियर (लोहा टोला के डेरा) शुक्रवार को अपने घर से यह कहकर निकला था कि पैसे की व्यवस्था में जा रहे हैं। ससुराल में शादी है। शनिवार सुबह गिट्टी प्लांट में उसका खून से लथपथ शव मिला। मृतक की पत्नी दुर्गावती देवी ने आरोप लगाया कि पति की यहीं के कुछ लोगों ने ट्रक से कुचलकर हत्या कर दी है। उनके पास 20 हजार रुपये व मोबाइल भी गायब कर दिया है। एसएचओ धर्मवीर सिंह ने बताया कि एक ट्रक के खिलाफ मामला दर्ज किया गया है।
ईधर हल्दी थाना क्षेत्र के बहादुरपुर निवासी श्रीराम पटेल (45) पुत्र स्व. विंधेश्वरी पटेल का शव घर से 500 मीटर की दूरी पर बगीचे में पेड़ से साड़ी के सहारे लटकता मिला। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज कर मामले की जांच शुरु कर दी है। प्रभारी थानाध्यक्ष राधेश्याम सरोज ने बताया कि मृतक के भाई बलराम पटेल ने तहरीर में कहा है कि श्रीराम शराब पीकर आए दिन घर में हंगामा करता था। शुक्रवार को भी वह शराब पीकर आया और घर में मारपीट की थी। इसके बाद किसी समय फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली।
बलिया
शिक्षा पदम सम्मान 2025 से सम्मानित हुए हाली पाथ कॉन्वेंट स्कूल के युवा निदेशक डॉ. परवेज अंसारी
हिमाचल प्रदेश के प्रतिष्ठित हिलटॉप पब्लिक स्कूल में आयोजित भव्य सम्मान समारोह में हाली पाथ कॉन्वेंट स्कूल के युवा निदेशक डॉ. परवेज अंसारी को “शिक्षा पदम सम्मान 2025” से सम्मानित किया गया। यह सम्मान उन्हें शिक्षा के क्षेत्र में उनके 10 वर्षों से अधिक की समर्पित सेवा और अभिनव प्रयासों के लिए प्रदान किया गया।
डॉ. अंसारी की नेतृत्व क्षमता और शिक्षा के प्रति प्रतिबद्धता ने स्कूल को नई ऊँचाइयों तक पहुँचाया है। उनके मार्गदर्शन में हाली पाथ कॉन्वेंट स्कूल ने गुणवत्तापूर्ण शिक्षा, आधुनिक शिक्षण पद्धतियों और विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास पर विशेष ध्यान दिया है।
सम्मान प्राप्त करने के बाद डॉ. परवेज अंसारी ने कहा —
“यह सम्मान मेरे लिए प्रेरणा का स्रोत है। मैं शिक्षा के क्षेत्र में लगातार नवाचार और सुधार के लिए प्रयासरत रहूँगा।”
उनकी इस उपलब्धि से न केवल स्कूल परिवार बल्कि पूरे जनपद में गर्व की भावना व्याप्त है।
फेफना
दिखाया जज़्बा: जमुना राम मेमोरियल स्कूल के कराटे वीरों ने जीते 22 पदक, बलिया में बजाया अपना डंका
बलिया के बापू भवन में आयोजित 2nd Gyanti Devi Memorial Cup District Karate Championship 2K25 में जिले के लगभग 15 विद्यालयों ने भाग लिया। इस प्रतियोगिता में जमुना राम मेमोरियल स्कूल, मानपुर चितबड़ागांव के 22 छात्रों ने प्रतिभाग कर दमखम दिखाया।
शानदार प्रदर्शन करते हुए स्कूल के 12 छात्रों ने स्वर्ण पदक , 6 ने रजत पदक और 4 ने कांस्य पदक हासिल किए। छात्रों की इस उपलब्धि ने न केवल विद्यालय का नाम रोशन किया बल्कि माता-पिता और क्षेत्र को भी गौरवान्वित किया।
विद्यालय के प्रधानाचार्य अबरी के.बी. एवं प्रबंध निदेशक तुषार नंद जी ने विजेताओं को बधाई देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की। उन्होंने कहा कि इस प्रकार की प्रतियोगिताएं बच्चों में आत्मविश्वास, अनुशासन और शारीरिक स्फूर्ति को बढ़ावा देती हैं।
विद्यालय प्रबंधन ने यह भी आश्वस्त किया कि भविष्य में भी छात्र ऐसे आयोजनों में भाग लेकर और बेहतर प्रदर्शन करेंगे।
featured
बलिया की राजनीति में हलचल: भानु दुबे जल्द कर सकते हैं सपा जॉइन, अटकलों का बाजार गर्म
बलिया।
बलिया के प्रमुख सामाजिक नेता भानु दुबे जल्द ही समाजवादी पार्टी (सपा) जॉइन कर सकते हैं। हाल ही में उनके सोशल मीडिया पोस्ट और गतिविधियों से इस बात के कयास तेज हो गए हैं। सूत्रों से मिली जानकारी के अनुसार, पिछले कुछ दिनों से भानु दुबे लगातार सपा के बड़े नेताओं से मुलाकात कर रहे हैं। उनकी इन मुलाकातों और नेताओं के काफिलों में देखे जाने के बाद यह चर्चा और तेज हो गई है कि वे जल्द ही सपा का दामन थाम सकते हैं।
भानु दुबे को ब्राह्मण समाज का बड़ा चेहरा माना जाता है। सामाजिक स्तर पर उनकी लोकप्रियता भी युवाओं में काफी मजबूत है। अगर वे सपा में शामिल होते हैं तो न केवल बलिया में पार्टी को मजबूती मिलेगी, बल्कि आगामी 2027 विधानसभा चुनाव में बलिया सदर सीट से उनकी दावेदारी भी बेहद मजबूत मानी जा रही है।
राजनीतिक जानकारों का मानना है कि भानु दुबे के सपा में आने से बलिया की राजनीति में नया समीकरण बन सकता है। और यह फैसला पूरे जिले के राजनीतिक परिदृश्य को बदल सकता है।
अब देखना दिलचस्प होगा कि भानु दुबे कब और किस मंच से सपा की सदस्यता ग्रहण करते हैं और इसके बाद जिले की राजनीति कौन सा नया मोड़ लेती है।


