बलिया
सलेमपुर लोकसभा सीट से हारे भाजपा प्रत्याशी ने अपनी ही पार्टी के नेताओं पर लगाया बड़ा आरोप
बलिया के सलेमपुर लोकसभा सीट से 2 बार सांसद रहे रविंद्र कुशवाहा का जादू इस चुनाव में नहीं चला। उन्हें सपा के रमाशंकर राजभर से करारी हार का सामना करने पड़ा। अब हार के कारणों को लेकर समीक्षा चल रही है। इसी बीच रविंद्र कुशवाहा ने अपनी ही पार्टी के नेता और मंत्रियों पर बड़ा आरोप लगाया है।
उन्होंने कहा कि मेरी पार्टी के जिलाध्यक्ष और योगी कैबिनेट की मंत्री ने मेरे खिलाफ अभियान चलाया और षड्यंत्र रचा। दोनों ने मुझे हराने का संकल्प लिया था। इसके चलते मेरी महज 3500 वोटों से हार हुई। उन्होंने कहा कि भाजपा के जिलाध्यक्ष संजय यादव ने शुरू से ही मेरे खिलाफ कार्यकर्ताओं को भड़काया। उन्होंने सभी मंडल अध्यक्षों को बराबर निर्देशित किया कि रवींद्र कुशवाहा को वोट नहीं करना है। मुझे चुनाव हराना है। इसी अभियान में शुरू से अंत तक लगे रहे। यहां प्रदेश सरकार की राज्यमंत्री विजय लक्ष्मी गौतम एक दिन भी प्रचार करने नहीं निकलीं। रविंद्र कुशवाहा ने आरोप लगाया कि मेरी ही पार्टी के कुछ लोगों ने अपने समर्थकों की मदद से सुनियोजित तरीके से मेरा विरोध कराया। मुझे हराने का काम किया गया।
बता दें कि रविंद्र कुशवाहा ने 2014 में 2.32 लाख वोटों से जीत दर्ज की थी। वहीं 2019 में जीत का मार्जिन 1.12 लाख वोट रहा। इस बार भाजपा ने उन्हें तीसरी बार प्रत्याशी बनाया था, लेकिन वह सपा के रमाशंकर राजभर से चुनाव हार गए। इस हार की ठीकरा उन्होंने बीजेपी के ही कुछ लोगों पर फोड़ा है।
गौरतलब है कि सलेमपुर संसदीय क्षेत्र में पांच विधानसभा- सलेमपुर, भाटपाररानी, बेल्थरारोड, सिकंदरपु और बांसडीह है। रविंद्र कुशवाहा ने कहा कि तीन विधानसभा सिकंदरपुर, बांसडीह और बेल्थरारोड में दोनों ने हमारे कार्यकर्ताओं को भड़काया। पूर्व सांसद ने कहा कि भाजपा के सामान्य कार्यकर्ताओं और बूथ अध्यक्षों ने बहुत लड़ाई लड़ी। इनके भड़काने के बावजूद हम नेक टू नेक फाइट में रहे। जनता ने मेरा साथ दिया। मैं अंतिम समय में 3500 वोटों से चुनाव हारा। मैं जनता का आभार व्यक्त करता हूं।
रविंद्र कुशवाहा ने कहा कि यह संजय यादव और विजय लक्ष्मी का षड्यंत्र था। दोनों ने मुझे षड्यंत्र के तहत चुनाव हरवाने में भूमिका निभाई। अगर भाजपा का कोई भी कैंडिडेट चुनाव हराता है, तो यह मोदी जी और योगी जी की हार है। मुझे तो हर जात का वोट मिला है। जातीय समीकरण जैसी बात नहीं रही। इसके अलावा अरविंद राजभर की हार पर कहा कि ओम प्रकाश राजभर की राजनीति में असर पड़ा है। उनकी पकड़ कमजोर हुई है। यह ऐसे देख सकते हैं कि अरविंद राजभर की 1.50 लाख से ज्यादा वोटों से हार हुई। उन्हें यह समझना चाहिए।
रविंद्र कुशवाहा ने कहा कि राज्य हो या देश इस बार कोई बहुत बड़ा मुद्दा नहीं रहा, मुद्दा विहीन चुनाव हो गया था। पार्टी संगठन पूरी तरह से अवगत है। टीम बनी है जांच करेगी। मुझसे कोई गलती नहीं हुई। कौन गलती किया है, पार्टी निर्णय लेगी। हमारा चले तो एक क्षण जिलाध्यक्ष को नहीं रहना चाहिए। पार्टी निर्णय करेगी। रविंद्र कुशवाहा ने बीजेपी जिलाध्यक्ष संजय यादव को समाजवादी का एजेंट कहा है।
featured
फेफना में अकीदत के साथ मनाया गया मोहर्रम, मातमी जुलूस और हैरतअंगेज करतब बने आकर्षण का केंद्र
बलिया। फेफना थाना क्षेत्र में शुक्रवार को मोहर्रम का पर्व पूरी अकीदत, शांति और सौहार्दपूर्ण माहौल में संपन्न हुआ। चिलचिलाती धूप के बावजूद फेफना सहित आसपास के गांवों में पारंपरिक ताजिया जुलूस निकाला गया। हजरत इमाम हुसैन की शहादत की याद में मातमी दस्तों ने नोहा-ख्वानी और मातम कर उन्हें श्रद्धांजलि अर्पित की।
फेफना में निकले मातमी जुलूस के दौरान मुस्लिम समुदाय के युवाओं ने पारंपरिक हैरतअंगेज करतबों का प्रदर्शन किया, जिसने लोगों का ध्यान आकर्षित किया। वहीं समाजसेवी लडू अंसारी द्वारा जुलूस में शामिल लोगों और राहगीरों के लिए ठंडे शरबत की व्यवस्था की गई, जिसकी लोगों ने सराहना की।
जुलूस निर्धारित मार्गों से गुजरते हुए कर्बला पहुंचा, जहां परंपरागत रीति-रिवाज के अनुसार ताजियों को सुपुर्द-ए-खाक किया गया।

फेफना के अलावा तीखा, मिठवार, पक्काकोट, बहादुरपुर, सिंहपुर, एकौनी, बलेजी, सागरपाली, अमडारी, निधरिया और मिढ्ढा गांवों में भी मोहर्रम का पर्व शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न हुआ।
सुरक्षा व्यवस्था को लेकर थानाध्यक्ष अखिलेश चंद पांडेय पुलिस बल के साथ लगातार क्षेत्र में भ्रमण करते रहे और पूरे आयोजन पर नजर बनाए रखी। पर्व सकुशल संपन्न होने के बाद बड़ी संख्या में लोगों ने बलेजी में लगे मेले का भी आनंद लिया।

ग्रामीणों ने कहा कि मोहर्रम केवल शोक का पर्व नहीं, बल्कि इंसानियत, त्याग, सत्य और कुर्बानी का संदेश देने वाला अवसर है, जो समाज में भाईचारा, एकता और आपसी सौहार्द को मजबूत करता है।
featured
एक साल से धूल फांक रही करोड़ों की जांच सुविधा, बांसडीह सीएचसी में नहीं चालू हो सकी बायोकेमिस्ट्री एनालाइजर मशीन
बांसडीह (बलिया)। ग्रामीण क्षेत्र के मरीजों को आधुनिक जांच सुविधाएं उपलब्ध कराने के उद्देश्य से सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) बांसडीह में स्थापित की गई बायोकेमिस्ट्री एनालाइजर मशीन पिछले एक वर्ष से अधिक समय से निष्क्रिय पड़ी है। स्वास्थ्य विभाग की यह महत्वपूर्ण मशीन अस्पताल परिसर तक पहुंचने के बावजूद अब तक चालू नहीं हो सकी है, जिससे क्षेत्र के हजारों मरीजों को अपेक्षित लाभ नहीं मिल पा रहा है।
जानकारी के अनुसार, मशीन के संचालन से लीवर फंक्शन टेस्ट, किडनी प्रोफाइल, लिपिड प्रोफाइल, यूरिक एसिड, कोलेस्ट्रॉल, थायराइड, इलेक्ट्रोलाइट्स, कार्डियक प्रोफाइल, कैल्शियम, मैग्नीशियम, प्रोटीन और आयरन समेत करीब 30 प्रकार की महत्वपूर्ण जांचें सीएचसी स्तर पर ही उपलब्ध हो सकती हैं। फिलहाल इन जांचों के लिए मरीजों को जिला अस्पताल या निजी पैथोलॉजी केंद्रों का सहारा लेना पड़ता है, जिससे समय और धन दोनों की अतिरिक्त लागत उठानी पड़ती है।
सीएचसी बांसडीह में प्रतिदिन सैकड़ों मरीज उपचार के लिए पहुंचते हैं। सामान्य जांच सुविधाएं उपलब्ध होने के बावजूद गंभीर बीमारियों से जुड़ी कई आवश्यक जांचों का अभाव बना हुआ है। ऐसे में मशीन का चालू होना क्षेत्र की स्वास्थ्य सेवाओं के लिए बड़ा बदलाव साबित हो सकता है। अनुमान है कि इससे क्षेत्र की लगभग 40 हजार आबादी को प्रत्यक्ष लाभ मिलेगा।
बायोकेमिस्ट्री एनालाइजर एक अत्याधुनिक चिकित्सा उपकरण है, जिसे क्लिनिकल केमिस्ट्री एनालाइजर भी कहा जाता है। यह रक्त, प्लाज्मा और सीरम जैसे जैविक नमूनों की रासायनिक जांच कर विभिन्न रोगों के सटीक निदान में मदद करता है। आधुनिक स्वास्थ्य सेवाओं में इसकी महत्वपूर्ण भूमिका मानी जाती है।
मामले पर प्रतिक्रिया देते हुए बलिया के मुख्य चिकित्सा अधिकारी (सीएमओ) डॉ. अभय नारायण राय ने कहा कि उन्हें मशीन के स्थापित न होने की जानकारी नहीं थी। उन्होंने आश्वासन दिया कि मामले की जांच कराकर मशीन को शीघ्र चालू कराने की कार्रवाई की जाएगी।
सीएमओ ने कहा कि मशीन के संचालन से बांसडीह सीएचसी में कई महत्वपूर्ण जांचें शुरू हो जाएंगी, जिससे मरीजों को स्थानीय स्तर पर बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध होंगी और उन्हें अनावश्यक भागदौड़ से राहत मिलेगी। अब क्षेत्रवासियों को मशीन के जल्द शुरू होने का इंतजार है।
बलिया
अघोषित बिजली कटौती पर सपा युवजन सभा का हल्ला बोल, 9 सूत्रीय मांगों के साथ सौंपा ज्ञापन
भीषण गर्मी के बीच लगातार हो रही अघोषित बिजली कटौती और खराब विद्युत व्यवस्था को लेकर समाजवादी युवजन सभा ने विद्युत विभाग के खिलाफ मोर्चा खोल दिया है। मंगलवार को समाजवादी युवजन सभा के प्रदेश अध्यक्ष अरविन्द गिरि के नेतृत्व में कार्यकर्ताओं ने विद्युत वितरण खंड के अधिशासी अभियंता को 9 सूत्रीय मांगों से संबंधित ज्ञापन सौंपकर क्षेत्र की समस्याओं के शीघ्र समाधान की मांग की।
ज्ञापन में रघुनाथपुर, दुबहड़ और आईटीआई विद्युत उपकेंद्रों से जुड़े इलाकों में बार-बार हो रही बिजली कटौती पर रोक लगाने, जर्जर तारों को बदलने, कम क्षमता वाले ट्रांसफार्मरों की क्षमता बढ़ाने, फीडरों और लाइनों का नियमित रखरखाव कराने तथा उपभोक्ताओं को निर्बाध विद्युत आपूर्ति सुनिश्चित करने की मांग की गई।
इस दौरान गड़वार क्षेत्र में 33 केवी लाइन पर पेड़ गिरने से बाधित बिजली आपूर्ति को बहाल कराने में व्यस्त अधिशासी अभियंता से दूरभाष पर वार्ता कर क्षेत्र की समस्याओं से अवगत कराया गया। उनकी अनुपस्थिति में विभाग द्वारा अधिकृत अधिकारी को ज्ञापन सौंपा गया।
अरविन्द गिरि ने कहा कि भीषण गर्मी में अघोषित बिजली कटौती से आम जनता, किसान, छात्र-छात्राएं, व्यापारी और छोटे व्यवसायी परेशान हैं। उन्होंने चेतावनी दी कि यदि एक सप्ताह के भीतर बिजली व्यवस्था में सुधार नहीं हुआ तो समाजवादी लोग आम जनता के साथ मिलकर व्यापक जनआंदोलन शुरू करेंगे, जिसकी पूरी जिम्मेदारी विद्युत विभाग और शासन-प्रशासन की होगी।


