featured
मंत्री उपेंद्र तिवारी के पेट्रोल वाले बयान पर क्या है बलिया के लोगों की राय?
बलिया के फेफना विधानसभा सीट से भारतीय जनता पार्टी के विधायक हैं उपेंद्र तिवारी। उत्तर प्रदेश सरकार में युवा कल्याण मंत्री का पद उपेंद्र तिवारी के पास ही है। प्रदेश सरकार में राज्यमंत्री की कुर्सी पर बैठे उपेंद्र तिवारी इन दिनों अपने एक बयाने के चलते सुर्खियों में बने हुए हैं। उपेंद्र तिवारी आजादी का अमृत महोत्सव के तहत आयोजित एक कार्यक्रम में उरई गए हुए थे। यहां पत्रकारों से बात करते हुए उन्होंने कहा कि पेट्रोल-डीजल आभी बहुत सस्ता है।
उपेंद्र तिवारी ने कहा कि योगी जी और मोदी जी के नेतृत्व में 2014 के बाद से प्रति व्यक्ति आय दोगुना हो गया है। प्रति व्यक्ति आय के हिसाब से देखा जाए तो पेट्रोल-डीजल बहुत महंगा नहीं है। लेकिन उपेंद्र तिवारी यहीं नहीं रुके। आसमानी दावों की बौछार करते हुए उन्होंने कहा कि 95 फीसदी लोग पेट्रोल का इस्तेमाल नहीं करते हैं।
बलिया से आने वाले मंत्री उपेंद्र तिवारी के इस बयान पर जमकर बवाल कटा हुआ है। बलिया खबर ने बलिया के स्थानिय नेताओं और लोगों से उपेंद्र तिवारी के बयान पर उनकी राय जानने के लिए बातचीत की।
बलिया के छात्र नेता अतुल पांडेय ने बलिया खबर से कहा कि “मंत्री जी का बयान पूरी तरह गैर-जिम्मेदाराना है। पेट्रोल-डीजल की महंगाई का सीधा असर पब्लिक ट्रांसपोर्ट पर पड़ा है। बलिया के अलग-अलग इलाकों से विद्यार्थी कोचिंग करने के लिए जिला मुख्यालय आते हैं। क्योंकि ग्रेजुएशन और पोस्ट ग्रेजुएशन स्तर की कोचिंग यहीं है। बात की बांसडीह से जिला मुख्यालय तक के किराए की तो पहले किराया था दस रुपए। लेकिन अब तीस रुपए लगते हैं। इस तरह हर रोज पढ़ने-लिखने वालों की जेब से सौ रुपए जा रहा है।”
अतुल पांडेय समझाते हैं कि “पेट्रोल और डीजल की महंगाई का असर सिर्फ उन पर ही नहीं पड़ा है जिनके पास अपनी गाड़ी है। बल्कि इसका असर पब्लिक ट्रांसपोर्ट के किराए पर भी पड़ा है। जो आम लोगों को बुरी तरह प्रभावित कर रहा है।”
बलिया के शशांक तिवारी उपेंद्र तिवारी के बयान पर कटाक्ष करते हुए कहते हैं कि “मंत्री जी सही कह रहे हैं कि 95 फीसदी लोगों के पास वो मुफ्त वाली गाड़ी नहीं है। जो उनके पास है। इसलिए उनको दिक्कत नहीं है। लेकिन जनता को तो दिक्कत है।” शशांक तिवारी बलिया के बिलहरी से ब्लॉक प्रमुख हैं। उनके पास पेट्रोल से चलने वाली चार पहिया कार है। बताते हैं कि पेट्रोल की बढ़ी कीमत ने इन दिनों गाड़ी पर ब्रेक लगाया हुआ है।
बलिया के ही विकेश सिंह सोनू ने मंत्री उपेंद्र तिवारी के बयान पर कहा कि “मंत्री जी की दिमागी हालत ठीक नहीं है। आज के समय में 95 फीसदी लोग गाड़ियों से चल रहे हैं। पेट्रोल-डीजल की महंगाई से लोग परेशान हैं। लेकिन मंत्री जी को दिख नहीं रहा है।” विकेश सिंह सोनू कहते हैं कि “पहले हमलोग दो हजार का तेल अपनी गाड़ी में डलवाते थे तो लखनऊ जाकर चले आते थे। अभी ये हालत है कि पांच हजार का तेल भरवाने पर सिर्फ एक तरफ से लखनऊ जा पाते हैं।”
समाजवादी पार्टी के नेता और बलिया से जिला पंचायत सदस्य राणा यादव ने बलिया खबर से बातचीत में कहा कि आज घर-घर में लोगों ने गाड़ी रखी है। चार पहिया नहीं तो दो पहिया तो होगा ही। लेकिन मंत्री जी को लग रहा है कि 95 फीसदी लोगों के पास गाड़ी नहीं। लोग महंगाई की मार से त्रस्त हैं। सरकार के एक जिम्मेदार मंत्री की ओर से इस तरह की बयानबाजी गलत है। ये लोग अपनी नाकामी छिपाने की कोशिश कर रहे हैं।
बलिया के बैरिया विधानसभा सीट से विधायक रह चुके सुभाष यादव ने मंत्री उपेंद्र तिवारी के बयान की निंदा करते हुए कहा कि “ये शर्मिंदगी भरी बात है कि प्रदेश के मंत्री को पेट्रोल-डीजल की महंगाई नहीं दिख रही है।” सुभाष यादव ने कहा कि “कुछ लोगों की आदत होती है कि कुछ भी बयान देकर सुर्खियों में बने रहने का। मुझे लगता है कि उपेंद्र तिवारी ने ये बयान इसी इरादे से दिया गया है। मंत्री जी को बताना चाहिए कि क्या सिर्फ गाड़ी चलाने के लिए ही पेट्रोल-डीजल का इस्तेमाल होता है? खेती किसानी के काम में भी डीजल लगती है। जनता में हलकान मची है महंगाई को लेकर।”
गौरतलब है कि जब उपेंद्र तिवारी के बयान पर बखेड़ा खड़ा हुआ तब उन्होंने एक सफाई भी दी। उपेंद्र तिवारी पहले तो पत्रकारों पर ही भड़के। उन्होंने कहा कि “मेरे पूरे बयान को सुनिए। मैंने पेट्रोल से चलने वाली चार पहिया गाड़ियों की बात कही थी।” इसके बाद उपेंद्र तिवारी की टोन बदल गई। उन्होंने कहा कि “हम लोग बेबाक बोलते हैं। बेबाक समझ रखते हैं और कभी नशे में नहीं रहते हैं। नशा में रहकर लिखने वाले लोग हर वर्ग में हैं, पत्रकारिता क्षेत्र में भी हैं और राजनीतिक क्षेत्र में भी हैं।”
सवाल है कि क्या वाकई पेट्रोल और डीजल सस्ती है? बलिया जिले में 23 अक्टूबर यानी आज पेट्रोल 104.87 रुपए प्रति लीटर बिक रहा है। डीजल की कीमत जिले में आज 97.04 रुपए प्रति लीटर है।
featured
बलिया के जमुना राम स्नातकोत्तर महाविद्यालय में धूमधाम से हुआ ‘नव आरंभ विदाई समारोह’
बलिया के चित्तबड़ागांव स्थित श्री जमुना राम स्नातकोत्तर महाविद्यालय में शनिवार को भावनाओं, उत्साह और रंगारंग प्रस्तुतियों के बीच “नव आरंभ विदाई समारोह-2026” का भव्य आयोजन किया गया। बीए चतुर्थ व एमए द्वितीय सेमेस्टर के छात्रों ने अपने सीनियर्स (बीए VI व एमए IV सेमेस्टर) को यादगार विदाई दी।

कार्यक्रम के मुख्य अतिथि इंजि० तुषारनंद ने मां सरस्वती के समक्ष दीप प्रज्वलित कर कार्यक्रम का शुभारंभ किया। सरस्वती वंदना, स्वागत गीत और आकर्षक सांस्कृतिक प्रस्तुतियों ने माहौल को भावुक और उत्साहपूर्ण बना दिया।

प्राचार्य डॉ० अंगद प्रसाद गुप्त ने विद्यार्थियों को जीवन में आगे बढ़ने की प्रेरणा देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की। इस दौरान अतिथियों द्वारा छात्र-छात्राओं और शिक्षकों को सम्मानित किया गया, वहीं सीनियर छात्रों ने गुरुजनों को अंगवस्त्र भेंट कर आभार जताया।

सांस्कृतिक कार्यक्रमों में गीत, नृत्य, भजन और कविता ने सभी का मन मोह लिया। कार्यक्रम के अंत में मुख्य अतिथि ने कहा कि ऐसे आयोजन विद्यार्थियों को नए सफर के लिए आत्मविश्वास और प्रेरणा देते हैं।

समारोह में महाविद्यालय परिवार की गरिमामयी उपस्थिति रही, जबकि संचालन बृजेश गुप्ता, अंकिता और सलोनी ने संयुक्त रूप से किया।
featured
बलिया की सियासत में नई हलचल: इंजीनियर विजय कांत तिवारी की एंट्री, 2027 पर नजर!
बलिया– अपनी राजनीतिक चेतना और संघर्षों के लिए पहचान रखने वाले बलिया की राजनीति में अब एक नया नाम तेजी से चर्चा में है। पेशे से एक प्रतिष्ठित बहुराष्ट्रीय कंपनी (MNC) में इंजीनियर रहे विजय कांत तिवारी ने सक्रिय राजनीति में कदम रखकर राजनीतिक गलियारों में हलचल पैदा कर दी है। वर्ष 2027 के विधानसभा चुनाव को लेकर वे बलिया विधानसभा क्षेत्र से एक मजबूत और प्रबल दावेदार के रूप में उभरते दिखाई दे रहे हैं।
बताया जाता है कि विजय कांत तिवारी लंबे समय तक कॉरपोरेट सेक्टर में अपनी सेवाएं देने के बाद अब अपने गृह जनपद के विकास और जनसमस्याओं के समाधान के उद्देश्य से राजनीति के मैदान में उतरे हैं। उनका कहना है कि बलिया जैसे ऐतिहासिक और गौरवशाली जिले में आज भी बुनियादी सुविधाओं की कमी कई क्षेत्रों में देखने को मिलती है, जिसे दूर करना उनकी प्राथमिकता होगी।
तिवारी का मुख्य फोकस जिले में बेहतर और सुलभ चिकित्सा व्यवस्था उपलब्ध कराना है। उनका मानना है कि बलिया के लोगों को गंभीर बीमारियों के इलाज के लिए वाराणसी या अन्य बड़े शहरों का रुख करना पड़ता है, जो एक बड़ी समस्या है। इसके साथ ही वे सड़क, नाली और पेयजल जैसी बुनियादी समस्याओं के स्थायी समाधान पर भी जोर दे रहे हैं।
युवाओं के रोजगार को लेकर भी उन्होंने अपनी स्पष्ट योजना बताई है। विजय कांत तिवारी का कहना है कि यदि बलिया में एक सशक्त औद्योगिक क्षेत्र विकसित किया जाए और बाहरी निवेश को आकर्षित किया जाए, तो हजारों युवाओं को अपने ही जिले में रोजगार के अवसर मिल सकते हैं। उनका मानना है कि पलायन की समस्या को रोकने के लिए स्थानीय स्तर पर उद्योग और रोजगार के अवसर पैदा करना बेहद जरूरी है।
इंजीनियरिंग पृष्ठभूमि होने के कारण वे विकास कार्यों में तकनीकी समझ, पारदर्शिता और योजनाबद्ध तरीके से कार्य करने की बात करते हैं। उनका कहना है कि सरकारी योजनाओं का सही क्रियान्वयन और निगरानी सुनिश्चित कर विकास कार्यों को गति दी जा सकती है।
राजनीतिक विश्लेषकों का मानना है कि शिक्षित और युवा चेहरों की बढ़ती मांग के बीच विजय कांत तिवारी जैसे लोगों का राजनीति में आना आने वाले समय में बलिया की राजनीति को नई दिशा दे सकता है। वहीं स्थानीय लोगों के बीच भी उनकी छवि एक शिक्षित, सुलझे हुए और विकासोन्मुखी नेता के रूप में धीरे-धीरे मजबूत होती दिखाई दे रही है।
featured
UPSC में सफलता पर बलिया के जमुना राम मेमोरियल स्कूल में आदित्य कृष्ण तिवारी का सम्मान
जमुना राम मेमोरियल स्कूल, चितबड़ागांव में संघ लोक सेवा आयोग (UPSC) की परीक्षा में सफलता हासिल करने वाले आदित्य कृष्ण तिवारी को विद्यालय परिसर में सम्मानित किया गया। विद्यालय परिवार की ओर से उन्हें अंगवस्त्र व पुष्प भेंट कर सम्मानित करते हुए उनकी इस उपलब्धि पर गर्व व्यक्त किया गया।
इस अवसर पर आदित्य के पिता अशोक तिवारी, अरुण तिवारी सहित परिवार के अन्य सदस्यों को भी सम्मानित किया गया। कार्यक्रम में विद्यालय के प्रबंधक प्रोफेसर धर्मात्मा नंद, प्रधानाचार्य अजीत कुमार सिंह, अरविंद चौबे, आनंद मिश्रा समेत अन्य शिक्षकों व गणमान्य लोगों ने आदित्य को बधाई देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की।

कार्यक्रम में केसरी नंदन त्रिपाठी (पूर्व चेयरमैन) तथा अमरजीत सिंह (चेयरमैन, नगर पंचायत चितबड़ागांव) भी उपस्थित रहे। उन्होंने आदित्य कृष्ण तिवारी को उनकी सफलता पर शुभकामनाएं देते हुए कहा कि उनकी उपलब्धि क्षेत्र के युवाओं के लिए प्रेरणा


