बलिया
बलिया – मतदान केंद्रों के लिए रवाना होंगी पोलिंग पार्टियां, 16 जोन और 32 सेक्टरों में बंटा जिला
बलिया में नगरीय निकाय चुनाव के लिए 11 मई को होने वाले मतदान की तैयारी लगभग पूरी कर ली गई है। प्रचार का शोर थम चुका है। बुधवार को 423 पोलिंग पार्टियां बूथों पर रवाना की जाएंगी। इस बार 1884 कार्मिकों की ड्यूटी लगाई है। इनमें 1692 कार्मिक मतदान कराएंगे। 192 कार्मिकों को रिजर्व में रखा है।
प्रेक्षक आईएएस विशाल सिंह की उपस्थिति में विकास भवन स्थित एनआईसी में मतदान कार्मिकों का तृतीय रैंडमाइजेशन किया गया। जिसके माध्यम से 2 नगर पालिका परिषद और 10 नगर पंचायतों के लिए कुल 423 पोलिंग पार्टी को बूथ का आवंटन किया गया है। प्रत्येक पोलिंग पार्टी में पीठासीन अधिकारी सहित 4 मतदान कार्मिक रहेंगे। प्रेक्षक के अलावा डीएम रविंद्र कुमार ने रिजर्व में लगे पार्टियों का बूथवार आवंटन, रूट चार्ट आदि की जानकारी ली।
इस दौरान प्रेक्षक ने निर्देशित किया कि उक्त सूची सभी आरओ/उप जिला मजिस्ट्रेट को उपलब्ध करा दी जाए, ताकि मतदान पार्टियों के गंतव्य स्थान पर पहुंचने की जानकारी मिल सकें। साथ ही उन्होंने मतदान पार्टियों के लिए भोजन आदि की व्यवस्था की जानकारी लेते हुए निर्देशित किया कि मतदान पार्टियों की ओर से किसी का आतिथ्य स्वीकार न किए जाने के संबंध में अवगत करा दिया जाए। इस दौरान जिलाधिकारी ने बताया कि कुल 125 मतदान केंद्र बनाए गए हैं, जहां 423 बूथों पर 3 लाख 46 हजार 737 मतदाता अपने मताधिकार का प्रयोग करेंगे।
जिले में 6 रवानगी स्थल बने- NIC के जिला सूचना विज्ञान अधिकारी निजामुद्दीन अंसारी ने बताया कि नगर पालिका परिषद बलिया, नगर पंचायत चितबड़ागांव और रतसड़कलॉ की मतदान पार्टियां कलेक्ट्रेट परिसर मॉडल तहसील से प्रस्थान करेंगी।नगर पालिका परिषद रसड़ा और नगर पंचायत नगरा के लिए रसड़ा तहसील मुख्यालय से, नगर पंचायत बेल्थरारोड के लिए मतदान पार्टी सीयर ब्लॉक मुख्यालय से, नगर पंचायत सिकंदरपुर के तहसील मुख्यालय सिकंदरपुरसे मतदान पार्टी की रवानगी होगी। इसके अलावा नगर पंचायत मनियर, बांसडीह, सहतवार और रेवती के लिए पोलिंग पार्टियां तहसील मुख्यालय बांसडीह और नगर पंचायत बैरिया के लिए तहसील मुख्यालय बैरिया से पोलिंग पार्टी रवाना होगी।
16 जोन और 32 सेक्टरों में बंटा जिला- डीएम रविंद्र कुमार ने निकाय चुनाव के लिए मतदान को शांतिपूर्वक संपन्न कराने के लिए जनपद को 16 जोन और 32 सेक्टरों में बांटा है। डीएम ने सभी जोनों में एक-एक जोनल मजिस्ट्रेट और सेक्टरों में सेक्टर मजिस्ट्रेटों की तैनाती की है।
48 घंटे पहले से बंद रहेंगी शराब दुकानें- नगर निकाय चुनाव को निष्पक्ष, पारदर्शी एवं शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न कराने के लिए मतदान से 48 घंटे पहले से मतदान की समाप्ति तक और मतगणना शुरू होने से एक दिन पहले की शाम 6 बजे से मतगणना की समाप्ति के दिनांक को रात्रि 12 बजे तक समस्त आबकारी दुकानें पूर्ण रूप से बंद रहेगी
featured
फेफना में अकीदत के साथ मनाया गया मोहर्रम, मातमी जुलूस और हैरतअंगेज करतब बने आकर्षण का केंद्र
बलिया। फेफना थाना क्षेत्र में शुक्रवार को मोहर्रम का पर्व पूरी अकीदत, शांति और सौहार्दपूर्ण माहौल में संपन्न हुआ। चिलचिलाती धूप के बावजूद फेफना सहित आसपास के गांवों में पारंपरिक ताजिया जुलूस निकाला गया। हजरत इमाम हुसैन की शहादत की याद में मातमी दस्तों ने नोहा-ख्वानी और मातम कर उन्हें श्रद्धांजलि अर्पित की।
फेफना में निकले मातमी जुलूस के दौरान मुस्लिम समुदाय के युवाओं ने पारंपरिक हैरतअंगेज करतबों का प्रदर्शन किया, जिसने लोगों का ध्यान आकर्षित किया। वहीं समाजसेवी लडू अंसारी द्वारा जुलूस में शामिल लोगों और राहगीरों के लिए ठंडे शरबत की व्यवस्था की गई, जिसकी लोगों ने सराहना की।
जुलूस निर्धारित मार्गों से गुजरते हुए कर्बला पहुंचा, जहां परंपरागत रीति-रिवाज के अनुसार ताजियों को सुपुर्द-ए-खाक किया गया।

फेफना के अलावा तीखा, मिठवार, पक्काकोट, बहादुरपुर, सिंहपुर, एकौनी, बलेजी, सागरपाली, अमडारी, निधरिया और मिढ्ढा गांवों में भी मोहर्रम का पर्व शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न हुआ।
सुरक्षा व्यवस्था को लेकर थानाध्यक्ष अखिलेश चंद पांडेय पुलिस बल के साथ लगातार क्षेत्र में भ्रमण करते रहे और पूरे आयोजन पर नजर बनाए रखी। पर्व सकुशल संपन्न होने के बाद बड़ी संख्या में लोगों ने बलेजी में लगे मेले का भी आनंद लिया।

ग्रामीणों ने कहा कि मोहर्रम केवल शोक का पर्व नहीं, बल्कि इंसानियत, त्याग, सत्य और कुर्बानी का संदेश देने वाला अवसर है, जो समाज में भाईचारा, एकता और आपसी सौहार्द को मजबूत करता है।
featured
एक साल से धूल फांक रही करोड़ों की जांच सुविधा, बांसडीह सीएचसी में नहीं चालू हो सकी बायोकेमिस्ट्री एनालाइजर मशीन
बांसडीह (बलिया)। ग्रामीण क्षेत्र के मरीजों को आधुनिक जांच सुविधाएं उपलब्ध कराने के उद्देश्य से सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) बांसडीह में स्थापित की गई बायोकेमिस्ट्री एनालाइजर मशीन पिछले एक वर्ष से अधिक समय से निष्क्रिय पड़ी है। स्वास्थ्य विभाग की यह महत्वपूर्ण मशीन अस्पताल परिसर तक पहुंचने के बावजूद अब तक चालू नहीं हो सकी है, जिससे क्षेत्र के हजारों मरीजों को अपेक्षित लाभ नहीं मिल पा रहा है।
जानकारी के अनुसार, मशीन के संचालन से लीवर फंक्शन टेस्ट, किडनी प्रोफाइल, लिपिड प्रोफाइल, यूरिक एसिड, कोलेस्ट्रॉल, थायराइड, इलेक्ट्रोलाइट्स, कार्डियक प्रोफाइल, कैल्शियम, मैग्नीशियम, प्रोटीन और आयरन समेत करीब 30 प्रकार की महत्वपूर्ण जांचें सीएचसी स्तर पर ही उपलब्ध हो सकती हैं। फिलहाल इन जांचों के लिए मरीजों को जिला अस्पताल या निजी पैथोलॉजी केंद्रों का सहारा लेना पड़ता है, जिससे समय और धन दोनों की अतिरिक्त लागत उठानी पड़ती है।
सीएचसी बांसडीह में प्रतिदिन सैकड़ों मरीज उपचार के लिए पहुंचते हैं। सामान्य जांच सुविधाएं उपलब्ध होने के बावजूद गंभीर बीमारियों से जुड़ी कई आवश्यक जांचों का अभाव बना हुआ है। ऐसे में मशीन का चालू होना क्षेत्र की स्वास्थ्य सेवाओं के लिए बड़ा बदलाव साबित हो सकता है। अनुमान है कि इससे क्षेत्र की लगभग 40 हजार आबादी को प्रत्यक्ष लाभ मिलेगा।
बायोकेमिस्ट्री एनालाइजर एक अत्याधुनिक चिकित्सा उपकरण है, जिसे क्लिनिकल केमिस्ट्री एनालाइजर भी कहा जाता है। यह रक्त, प्लाज्मा और सीरम जैसे जैविक नमूनों की रासायनिक जांच कर विभिन्न रोगों के सटीक निदान में मदद करता है। आधुनिक स्वास्थ्य सेवाओं में इसकी महत्वपूर्ण भूमिका मानी जाती है।
मामले पर प्रतिक्रिया देते हुए बलिया के मुख्य चिकित्सा अधिकारी (सीएमओ) डॉ. अभय नारायण राय ने कहा कि उन्हें मशीन के स्थापित न होने की जानकारी नहीं थी। उन्होंने आश्वासन दिया कि मामले की जांच कराकर मशीन को शीघ्र चालू कराने की कार्रवाई की जाएगी।
सीएमओ ने कहा कि मशीन के संचालन से बांसडीह सीएचसी में कई महत्वपूर्ण जांचें शुरू हो जाएंगी, जिससे मरीजों को स्थानीय स्तर पर बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध होंगी और उन्हें अनावश्यक भागदौड़ से राहत मिलेगी। अब क्षेत्रवासियों को मशीन के जल्द शुरू होने का इंतजार है।
बलिया
अघोषित बिजली कटौती पर सपा युवजन सभा का हल्ला बोल, 9 सूत्रीय मांगों के साथ सौंपा ज्ञापन
भीषण गर्मी के बीच लगातार हो रही अघोषित बिजली कटौती और खराब विद्युत व्यवस्था को लेकर समाजवादी युवजन सभा ने विद्युत विभाग के खिलाफ मोर्चा खोल दिया है। मंगलवार को समाजवादी युवजन सभा के प्रदेश अध्यक्ष अरविन्द गिरि के नेतृत्व में कार्यकर्ताओं ने विद्युत वितरण खंड के अधिशासी अभियंता को 9 सूत्रीय मांगों से संबंधित ज्ञापन सौंपकर क्षेत्र की समस्याओं के शीघ्र समाधान की मांग की।
ज्ञापन में रघुनाथपुर, दुबहड़ और आईटीआई विद्युत उपकेंद्रों से जुड़े इलाकों में बार-बार हो रही बिजली कटौती पर रोक लगाने, जर्जर तारों को बदलने, कम क्षमता वाले ट्रांसफार्मरों की क्षमता बढ़ाने, फीडरों और लाइनों का नियमित रखरखाव कराने तथा उपभोक्ताओं को निर्बाध विद्युत आपूर्ति सुनिश्चित करने की मांग की गई।
इस दौरान गड़वार क्षेत्र में 33 केवी लाइन पर पेड़ गिरने से बाधित बिजली आपूर्ति को बहाल कराने में व्यस्त अधिशासी अभियंता से दूरभाष पर वार्ता कर क्षेत्र की समस्याओं से अवगत कराया गया। उनकी अनुपस्थिति में विभाग द्वारा अधिकृत अधिकारी को ज्ञापन सौंपा गया।
अरविन्द गिरि ने कहा कि भीषण गर्मी में अघोषित बिजली कटौती से आम जनता, किसान, छात्र-छात्राएं, व्यापारी और छोटे व्यवसायी परेशान हैं। उन्होंने चेतावनी दी कि यदि एक सप्ताह के भीतर बिजली व्यवस्था में सुधार नहीं हुआ तो समाजवादी लोग आम जनता के साथ मिलकर व्यापक जनआंदोलन शुरू करेंगे, जिसकी पूरी जिम्मेदारी विद्युत विभाग और शासन-प्रशासन की होगी।


