बलिया
बलियाः 222 लाभार्थियों के मुख्यमंत्री आवास को मिली स्वीकृति, जल्द जारी होगी पहली किस्त
बलिया में 222 लाभार्थियों के मुख्यमंत्री आवास निर्माण की स्वीकृति मिल गई है। जल्द ही लाभार्थियों को पहली किस्त भेजी जाएगी। इसको लेकर तैयारियां चल रही हैं। कहा जा रहा है कि मुख्यमंत्री एक ही दिन सभी लाभार्थियों को किस्त जारी कर सकते हैं।
चयनित लाभार्थियों के खाते में जल्द ही 10.28 करोड़ की धनराशि पहुंचेगी। योजना के तहत कुल 257 आवास बनाए जाने हैं। शेष 35 लाभार्थियों के चयन की प्रक्रिया भी पूरी हो चुकी है और स्वीकृति के लिए पत्रावली तैयार की जा रही है।
बता दें कि प्रधानमंत्री आवास का आवंटन सेक (सोशल इकॉनमिक कास्ट सेंशस) की सूची से किया जाता है। लेकिन कई ऐसे लोग भी हैं जिनका नाम इस सूची में नहीं है और प्राकृतिक आपदा से पीडि़त होने के बावजूद उन्हें आवास का लाभ नहीं मिल पाता है।
प्रदेश सरकार ने साल 2018-19 में मुख्यमंत्री आवास योजना की शुरुआत की। इसके मुताबिकएक अप्रैल 2017 के बाद प्राकृतिक आपदा से ऐसे पीडि़त जिनका नाम सेक सूची में नहीं है, उन्हें आवास का लाभ दिया जाए। योजना के तहत वर्ष 2022-23 में बलिया में कुल 257 आवास का निर्माण होना है।
222 लाभार्थियों का चयन कर उन्हें योजना की पहली किस्त जारी की जाएगी। शेष 35 लाभार्थियों को भी जल्द ही स्वीकृति मिलने वाली है। आवास स्वीकृति के बाद मुख्यमंत्री की ओर से किस्त जारी करने का शुभारंभ किया जाएगा। बतौर पहली किस्त सभी लाभार्थियों के खाते में कुल 10.28 करोड़ पहुंचेगा।
बलिया में आवास योजनाओं का संचालन डीआरडीए (जिला ग्राम्य विकास अभिकरण) की ओर से किया जाता है। डीआरडीए के पीडी की माने तो मुख्यमंत्री आवास योजना के तहत वरीयता के क्रम में ऐसे आवास विहीन परिवार जो कुष्ठ रोग प्रभावित, प्राकृतिक आपदा प्रभावित, कालाजार प्रभावित, वनटांगिया एवं मुसहर वर्ग, जेई या एईएस से प्रभावित परिवार हैं, उन्हें आवास के लिए चयन किया जाता है।,
अब तक जिले में कुल 1271 मुख्यमंत्री आवास बनाए जा चुके हैं। साल 2018-19 में 358, साल 2019-20 में 478, साल 2020-21 में 273, साल 2021-22 में 162 आवास बनाए जा चुके हैं। डीआरडीए पीडी उमेशमणि त्रिपाठी का कहना है कि मुख्यमंत्री आवास चयन प्रक्रिया पूरी हो चुकी है। शासन से स्वीकृति भी मिल रही है। अब तक 222 लाभार्थियों के आवास निर्माण की स्वीकृति ऑनलाइन मिल चुकी है। शेष की भी जल्द ही स्वीकृति मिल जाएगी। एक साथ सभी लाभार्थियों के खाते में पहली किस्त जल्द पहुंचेगी।
बलिया
शिक्षा पदम सम्मान 2025 से सम्मानित हुए हाली पाथ कॉन्वेंट स्कूल के युवा निदेशक डॉ. परवेज अंसारी
हिमाचल प्रदेश के प्रतिष्ठित हिलटॉप पब्लिक स्कूल में आयोजित भव्य सम्मान समारोह में हाली पाथ कॉन्वेंट स्कूल के युवा निदेशक डॉ. परवेज अंसारी को “शिक्षा पदम सम्मान 2025” से सम्मानित किया गया। यह सम्मान उन्हें शिक्षा के क्षेत्र में उनके 10 वर्षों से अधिक की समर्पित सेवा और अभिनव प्रयासों के लिए प्रदान किया गया।
डॉ. अंसारी की नेतृत्व क्षमता और शिक्षा के प्रति प्रतिबद्धता ने स्कूल को नई ऊँचाइयों तक पहुँचाया है। उनके मार्गदर्शन में हाली पाथ कॉन्वेंट स्कूल ने गुणवत्तापूर्ण शिक्षा, आधुनिक शिक्षण पद्धतियों और विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास पर विशेष ध्यान दिया है।
सम्मान प्राप्त करने के बाद डॉ. परवेज अंसारी ने कहा —
“यह सम्मान मेरे लिए प्रेरणा का स्रोत है। मैं शिक्षा के क्षेत्र में लगातार नवाचार और सुधार के लिए प्रयासरत रहूँगा।”
उनकी इस उपलब्धि से न केवल स्कूल परिवार बल्कि पूरे जनपद में गर्व की भावना व्याप्त है।
फेफना
दिखाया जज़्बा: जमुना राम मेमोरियल स्कूल के कराटे वीरों ने जीते 22 पदक, बलिया में बजाया अपना डंका
बलिया के बापू भवन में आयोजित 2nd Gyanti Devi Memorial Cup District Karate Championship 2K25 में जिले के लगभग 15 विद्यालयों ने भाग लिया। इस प्रतियोगिता में जमुना राम मेमोरियल स्कूल, मानपुर चितबड़ागांव के 22 छात्रों ने प्रतिभाग कर दमखम दिखाया।
शानदार प्रदर्शन करते हुए स्कूल के 12 छात्रों ने स्वर्ण पदक , 6 ने रजत पदक और 4 ने कांस्य पदक हासिल किए। छात्रों की इस उपलब्धि ने न केवल विद्यालय का नाम रोशन किया बल्कि माता-पिता और क्षेत्र को भी गौरवान्वित किया।
विद्यालय के प्रधानाचार्य अबरी के.बी. एवं प्रबंध निदेशक तुषार नंद जी ने विजेताओं को बधाई देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की। उन्होंने कहा कि इस प्रकार की प्रतियोगिताएं बच्चों में आत्मविश्वास, अनुशासन और शारीरिक स्फूर्ति को बढ़ावा देती हैं।
विद्यालय प्रबंधन ने यह भी आश्वस्त किया कि भविष्य में भी छात्र ऐसे आयोजनों में भाग लेकर और बेहतर प्रदर्शन करेंगे।
featured
बलिया की राजनीति में हलचल: भानु दुबे जल्द कर सकते हैं सपा जॉइन, अटकलों का बाजार गर्म
बलिया।
बलिया के प्रमुख सामाजिक नेता भानु दुबे जल्द ही समाजवादी पार्टी (सपा) जॉइन कर सकते हैं। हाल ही में उनके सोशल मीडिया पोस्ट और गतिविधियों से इस बात के कयास तेज हो गए हैं। सूत्रों से मिली जानकारी के अनुसार, पिछले कुछ दिनों से भानु दुबे लगातार सपा के बड़े नेताओं से मुलाकात कर रहे हैं। उनकी इन मुलाकातों और नेताओं के काफिलों में देखे जाने के बाद यह चर्चा और तेज हो गई है कि वे जल्द ही सपा का दामन थाम सकते हैं।
भानु दुबे को ब्राह्मण समाज का बड़ा चेहरा माना जाता है। सामाजिक स्तर पर उनकी लोकप्रियता भी युवाओं में काफी मजबूत है। अगर वे सपा में शामिल होते हैं तो न केवल बलिया में पार्टी को मजबूती मिलेगी, बल्कि आगामी 2027 विधानसभा चुनाव में बलिया सदर सीट से उनकी दावेदारी भी बेहद मजबूत मानी जा रही है।
राजनीतिक जानकारों का मानना है कि भानु दुबे के सपा में आने से बलिया की राजनीति में नया समीकरण बन सकता है। और यह फैसला पूरे जिले के राजनीतिक परिदृश्य को बदल सकता है।
अब देखना दिलचस्प होगा कि भानु दुबे कब और किस मंच से सपा की सदस्यता ग्रहण करते हैं और इसके बाद जिले की राजनीति कौन सा नया मोड़ लेती है।


