बलिया
शिक्षा विभाग की बैठक में बलिया DM के दिखे सख्त तेवर, BEO और डीसी को नोटिस जारी
बलिया में जिलाधिकारी रविंद्र कुमार ने कलेक्ट्रेट में जिला अनुश्रवण समिति और एमडीएम टास्क फोर्स की समीक्षा ली। इस दौरान कमियां मिलने पर एक खंड शिक्षा अधिकारी और एक जिला समन्वयक को कारण बताओ नोटिस जारी करने का निर्देश बीएससी मनिराम सिंह को दिया। साथ ही अन्य सभी खंड शिक्षा अधिकारियों को स्थिति में सुधार लाने की चेतावनी दी।
समीक्षा में पता चला कि पिछले महीने गड़वार खंड शिक्षा अधिकारी ने सिर्फ 7 स्कूलों का औचक निरीक्षण किया। इस पर डीएम ने कड़ी नाराजगी जताते हुए बीएसए को निर्देश दिया कि वह संबंधित खंड शिक्षा अधिकारी को कारण बताओ नोटिस जारी करें। डीएम ने प्राथमिक और उच्च प्राथमिक विद्यालयों में बच्चों के नामांकन, डीवीटी आदि की जानकारी मांगी लेकिन जिला समन्वयक सौरभ गुप्त संतोषजनक जवाब नहीं दे सके। इस पर एतराज जताते हुए डीएम ने उन्हें कारण बताओ नोटिस जारी करने और स्थिति में सुधार न होने पर सेवा समाप्त करने का निर्देश बीएसए को दिया।
बैठक में डीएम ने कहा कि जिले के कस्तूरबा स्कूलों की स्थिति खराब है। सुधार के लिए खंड शिक्षा अधिकारी हर दिन स्कूलों का निरीक्षण करें। छात्राओं और अध्यापकों की शत-प्रतिशत उपस्थिति सुनिश्चित करें। विद्यालयों में जो भी कमियां है उसकी लिखित जानकारी उपलब्ध कराएं। उन्होंने सभी खंड शिक्षा अधिकारियों को निर्देश दिया कि स्कूल खुलते ही व्यवस्थाएं सुधार लें। शिक्षकों की शत-प्रतिशत उपस्थिति, शिक्षण सामग्री का उपयोग, साफ-सफाई आदि ठीक-ठाक कर लें नहीं तो बड़ी कार्रवाई के लिए शासन को पत्र लिख दिया जाएगा।
साथ ही कहा कि नगरपालिका और नगर पंचायत में स्थित स्कूलों की कमियों को दूर करने के लिए सूची उपलब्ध कराएं। डीएम ने बीएसए को निर्देश दिया कि वे कस्तूरबा विद्यालयों सहित विभाग में रिक्त अन्य पदों को भरने के लिए तत्काल कार्रवाई करें। डीएम ने यह भी निर्देशित किया कि बीएससी खराब स्थिति वाले ब्लॉक के खंड शिक्षा अधिकारियों से हर दिन वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग करें। सुधार न होने पर लापरवाह खंड शिक्षा अधिकारियों की रिपोर्ट उपलब्ध कराएं ताकि कार्रवाई के लिए शासन को लिखा जा सके। वहीं बैठक में मुख्य विकास अधिकारी, मुख्य राजस्व अधिकारी, मुख्य चिकित्सा अधिकारी, जिला विद्यालय निरीक्षक, समाज कल्याण अधिकारी, सभी खंड शिक्षा अधिकारी, सभी जिला समन्वयक आदि मौजूद रहे।
बलिया
शिक्षा पदम सम्मान 2025 से सम्मानित हुए हाली पाथ कॉन्वेंट स्कूल के युवा निदेशक डॉ. परवेज अंसारी
हिमाचल प्रदेश के प्रतिष्ठित हिलटॉप पब्लिक स्कूल में आयोजित भव्य सम्मान समारोह में हाली पाथ कॉन्वेंट स्कूल के युवा निदेशक डॉ. परवेज अंसारी को “शिक्षा पदम सम्मान 2025” से सम्मानित किया गया। यह सम्मान उन्हें शिक्षा के क्षेत्र में उनके 10 वर्षों से अधिक की समर्पित सेवा और अभिनव प्रयासों के लिए प्रदान किया गया।
डॉ. अंसारी की नेतृत्व क्षमता और शिक्षा के प्रति प्रतिबद्धता ने स्कूल को नई ऊँचाइयों तक पहुँचाया है। उनके मार्गदर्शन में हाली पाथ कॉन्वेंट स्कूल ने गुणवत्तापूर्ण शिक्षा, आधुनिक शिक्षण पद्धतियों और विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास पर विशेष ध्यान दिया है।
सम्मान प्राप्त करने के बाद डॉ. परवेज अंसारी ने कहा —
“यह सम्मान मेरे लिए प्रेरणा का स्रोत है। मैं शिक्षा के क्षेत्र में लगातार नवाचार और सुधार के लिए प्रयासरत रहूँगा।”
उनकी इस उपलब्धि से न केवल स्कूल परिवार बल्कि पूरे जनपद में गर्व की भावना व्याप्त है।
फेफना
दिखाया जज़्बा: जमुना राम मेमोरियल स्कूल के कराटे वीरों ने जीते 22 पदक, बलिया में बजाया अपना डंका
बलिया के बापू भवन में आयोजित 2nd Gyanti Devi Memorial Cup District Karate Championship 2K25 में जिले के लगभग 15 विद्यालयों ने भाग लिया। इस प्रतियोगिता में जमुना राम मेमोरियल स्कूल, मानपुर चितबड़ागांव के 22 छात्रों ने प्रतिभाग कर दमखम दिखाया।
शानदार प्रदर्शन करते हुए स्कूल के 12 छात्रों ने स्वर्ण पदक , 6 ने रजत पदक और 4 ने कांस्य पदक हासिल किए। छात्रों की इस उपलब्धि ने न केवल विद्यालय का नाम रोशन किया बल्कि माता-पिता और क्षेत्र को भी गौरवान्वित किया।
विद्यालय के प्रधानाचार्य अबरी के.बी. एवं प्रबंध निदेशक तुषार नंद जी ने विजेताओं को बधाई देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की। उन्होंने कहा कि इस प्रकार की प्रतियोगिताएं बच्चों में आत्मविश्वास, अनुशासन और शारीरिक स्फूर्ति को बढ़ावा देती हैं।
विद्यालय प्रबंधन ने यह भी आश्वस्त किया कि भविष्य में भी छात्र ऐसे आयोजनों में भाग लेकर और बेहतर प्रदर्शन करेंगे।
featured
बलिया की राजनीति में हलचल: भानु दुबे जल्द कर सकते हैं सपा जॉइन, अटकलों का बाजार गर्म
बलिया।
बलिया के प्रमुख सामाजिक नेता भानु दुबे जल्द ही समाजवादी पार्टी (सपा) जॉइन कर सकते हैं। हाल ही में उनके सोशल मीडिया पोस्ट और गतिविधियों से इस बात के कयास तेज हो गए हैं। सूत्रों से मिली जानकारी के अनुसार, पिछले कुछ दिनों से भानु दुबे लगातार सपा के बड़े नेताओं से मुलाकात कर रहे हैं। उनकी इन मुलाकातों और नेताओं के काफिलों में देखे जाने के बाद यह चर्चा और तेज हो गई है कि वे जल्द ही सपा का दामन थाम सकते हैं।
भानु दुबे को ब्राह्मण समाज का बड़ा चेहरा माना जाता है। सामाजिक स्तर पर उनकी लोकप्रियता भी युवाओं में काफी मजबूत है। अगर वे सपा में शामिल होते हैं तो न केवल बलिया में पार्टी को मजबूती मिलेगी, बल्कि आगामी 2027 विधानसभा चुनाव में बलिया सदर सीट से उनकी दावेदारी भी बेहद मजबूत मानी जा रही है।
राजनीतिक जानकारों का मानना है कि भानु दुबे के सपा में आने से बलिया की राजनीति में नया समीकरण बन सकता है। और यह फैसला पूरे जिले के राजनीतिक परिदृश्य को बदल सकता है।
अब देखना दिलचस्प होगा कि भानु दुबे कब और किस मंच से सपा की सदस्यता ग्रहण करते हैं और इसके बाद जिले की राजनीति कौन सा नया मोड़ लेती है।


