बलिया
बलिया बलिदान दिवस पर सीयर में आयोजित हुआ विशेष कार्यक्रम, ब्लाक प्रमुख बोलें- अगले साल भव्य तरीके से होगा आयोजन
बेलथरा रोड : आज बलिदान दिवस पर बलिया के सीयर ब्लॉक परिसर में एक विशेष कार्यक्रम का आयोजन हुआ। जिसमें भारत मां के लिए बलिदान देने वाले शहीदों को याद किया गया साथ ही देश की आजादी की लड़ाई में सीयर ब्लॉक के योगदान पर चर्चा की गई।
कार्यक्रम का शुभारंभ शहीद मंगल पांडेय तथा चित्तू पांडे के चित्र पर पुष्पांजलि के साथ दीप प्रज्वलित कर किया गया। इसके बाद प्राथमिक विद्यालय चौकियां तथा कंपोजित विद्यालय सोनाडीह के बच्चों ने डांडी नृत्य, आओ बच्चे तुम्हें दिखाए, झांकी हिंदुस्तान की तथा मेरा रंग दे बसंती चोला की मनमोहक प्रस्तुति की।
कार्यक्रम में मुख्य वक्ता के तौर पर शिक्षाविद कल्याण सिंह मौजूद रहे। उन्होंने कहा कि 8 अगस्त 1942 को देश में भारत छोड़ो क्रांति की शुरुआत हुई थी। उसी क्रम में बलिया जिले के बेल्थरा रोड में वाराणसी से आने वाली ट्रेन को प्रातः 8 बजे जैसे ही बेल्थरा रोड स्टेशन पर पहुंची कि उक्त ट्रेन पर आंदोलनकारियों के नेतृत्व में छात्रों ने अपना कब्जा जमा लिया था।
विशेषकर मिश्रौली ग्राम निवासी पारसनाथ नाथ मिश्र, ग्राम चरौवा के चंद्रदीप सिंह ने डीएवी इंटर कॉलेज के प्रधानाध्यापक स्व. देवनाथ उपाध्याय सहित कालेज के सभी छात्रों और शिक्षकों के साथ रेलवे की पटरी उखाड़ने का जहां काम किया, वहीं ट्रेन को कब्जे में लेते हुए उसका नाम आजाद हिन्द एक्सप्रेस घोषित कर दिया था। शहीदी ग्राम चरौवा में मुक्त मकतुलिया देवी, खर बियार, चंद्रदीप सिंह सहित अन्य लोगों के नेतृत्व में अंग्रेजी कैप्टन मूर के सिर पर मिट्टी की हाड़ी से प्रहार कर मकतुलिया ने लहूलुहान पूरे ग्राम को आजाद कराने का काम अंग्रेजों से किया था।
इस मौके पर प्रधानमंत्री आवास योजना से लाभान्वित विभिन्न ग्रामों के लाभार्थियों को ब्लाक प्रमुख आलोक सिंह तथा खण्ड विकास अधिकारी मधु छंदा सिंह के हाथो प्रशस्ति पत्र प्रदान किया गया। ब्लाक प्रमुख आलोक सिंह ने कहा कि शासन तथा प्रशासन के अचानक मिले दिशा निर्देश पर आनन फानन में इस वर्ष आयोजित किया गया, किंतु अगले वर्ष से इस आयोजन को भव्य रूप दिया जाएगा। उन्होंने कहा कि शासन के निर्देशानुसार माह के प्रथम व तृतीय बुधवार को ब्लाक स्तरीय समस्याओं का समाधान दिवस का आयोजन प्रातः 10 बजे से 2 बजे दिन तक आयोजित किया जाएगा। जिसमें ग्रामीण क्षेत्र की समस्याओं के समाधान हेतु ब्लाक स्तरीय अधिकारी मौजूद रहेंगे।
खण्ड विकास अधिकारी मधु छंदा सिंह ने इस शहीदी मौके पर शहीदों के नाम शोक श्रद्धांजलि अर्पित करते हुए सरकार की लाभकारी योजनाओं को समाज के अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाने का संकल्प दोहराया।इस दौरान खंड शिक्षा अधिकारी सीयर राकेश कुमार सिंह, विनय कुमार सिंह, अरविंद सिंह उर्फ लोहा सिंह, अजय सिंह, भूपेंद्र सिंह, कर्णवीर सिंह, आनंद सिंह छोटू, सोनू सिंह, विशाल मौर्य, शाहिद भाई, दानिश फिरोज, अरुण यादव, दयाशंकर राय, जवाहर राम एडीओ, एडीओ पंचायत राजेश यादव, गोरख सिंह, शक्ति सिंह, प्रवीण कुमार, परविंदर सिंह, नितेश सिंह सहित सैकड़ों की संख्या में लोग मौजूद रहे।
featured
फेफना में अकीदत के साथ मनाया गया मोहर्रम, मातमी जुलूस और हैरतअंगेज करतब बने आकर्षण का केंद्र
बलिया। फेफना थाना क्षेत्र में शुक्रवार को मोहर्रम का पर्व पूरी अकीदत, शांति और सौहार्दपूर्ण माहौल में संपन्न हुआ। चिलचिलाती धूप के बावजूद फेफना सहित आसपास के गांवों में पारंपरिक ताजिया जुलूस निकाला गया। हजरत इमाम हुसैन की शहादत की याद में मातमी दस्तों ने नोहा-ख्वानी और मातम कर उन्हें श्रद्धांजलि अर्पित की।
फेफना में निकले मातमी जुलूस के दौरान मुस्लिम समुदाय के युवाओं ने पारंपरिक हैरतअंगेज करतबों का प्रदर्शन किया, जिसने लोगों का ध्यान आकर्षित किया। वहीं समाजसेवी लडू अंसारी द्वारा जुलूस में शामिल लोगों और राहगीरों के लिए ठंडे शरबत की व्यवस्था की गई, जिसकी लोगों ने सराहना की।
जुलूस निर्धारित मार्गों से गुजरते हुए कर्बला पहुंचा, जहां परंपरागत रीति-रिवाज के अनुसार ताजियों को सुपुर्द-ए-खाक किया गया।

फेफना के अलावा तीखा, मिठवार, पक्काकोट, बहादुरपुर, सिंहपुर, एकौनी, बलेजी, सागरपाली, अमडारी, निधरिया और मिढ्ढा गांवों में भी मोहर्रम का पर्व शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न हुआ।
सुरक्षा व्यवस्था को लेकर थानाध्यक्ष अखिलेश चंद पांडेय पुलिस बल के साथ लगातार क्षेत्र में भ्रमण करते रहे और पूरे आयोजन पर नजर बनाए रखी। पर्व सकुशल संपन्न होने के बाद बड़ी संख्या में लोगों ने बलेजी में लगे मेले का भी आनंद लिया।

ग्रामीणों ने कहा कि मोहर्रम केवल शोक का पर्व नहीं, बल्कि इंसानियत, त्याग, सत्य और कुर्बानी का संदेश देने वाला अवसर है, जो समाज में भाईचारा, एकता और आपसी सौहार्द को मजबूत करता है।
featured
एक साल से धूल फांक रही करोड़ों की जांच सुविधा, बांसडीह सीएचसी में नहीं चालू हो सकी बायोकेमिस्ट्री एनालाइजर मशीन
बांसडीह (बलिया)। ग्रामीण क्षेत्र के मरीजों को आधुनिक जांच सुविधाएं उपलब्ध कराने के उद्देश्य से सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) बांसडीह में स्थापित की गई बायोकेमिस्ट्री एनालाइजर मशीन पिछले एक वर्ष से अधिक समय से निष्क्रिय पड़ी है। स्वास्थ्य विभाग की यह महत्वपूर्ण मशीन अस्पताल परिसर तक पहुंचने के बावजूद अब तक चालू नहीं हो सकी है, जिससे क्षेत्र के हजारों मरीजों को अपेक्षित लाभ नहीं मिल पा रहा है।
जानकारी के अनुसार, मशीन के संचालन से लीवर फंक्शन टेस्ट, किडनी प्रोफाइल, लिपिड प्रोफाइल, यूरिक एसिड, कोलेस्ट्रॉल, थायराइड, इलेक्ट्रोलाइट्स, कार्डियक प्रोफाइल, कैल्शियम, मैग्नीशियम, प्रोटीन और आयरन समेत करीब 30 प्रकार की महत्वपूर्ण जांचें सीएचसी स्तर पर ही उपलब्ध हो सकती हैं। फिलहाल इन जांचों के लिए मरीजों को जिला अस्पताल या निजी पैथोलॉजी केंद्रों का सहारा लेना पड़ता है, जिससे समय और धन दोनों की अतिरिक्त लागत उठानी पड़ती है।
सीएचसी बांसडीह में प्रतिदिन सैकड़ों मरीज उपचार के लिए पहुंचते हैं। सामान्य जांच सुविधाएं उपलब्ध होने के बावजूद गंभीर बीमारियों से जुड़ी कई आवश्यक जांचों का अभाव बना हुआ है। ऐसे में मशीन का चालू होना क्षेत्र की स्वास्थ्य सेवाओं के लिए बड़ा बदलाव साबित हो सकता है। अनुमान है कि इससे क्षेत्र की लगभग 40 हजार आबादी को प्रत्यक्ष लाभ मिलेगा।
बायोकेमिस्ट्री एनालाइजर एक अत्याधुनिक चिकित्सा उपकरण है, जिसे क्लिनिकल केमिस्ट्री एनालाइजर भी कहा जाता है। यह रक्त, प्लाज्मा और सीरम जैसे जैविक नमूनों की रासायनिक जांच कर विभिन्न रोगों के सटीक निदान में मदद करता है। आधुनिक स्वास्थ्य सेवाओं में इसकी महत्वपूर्ण भूमिका मानी जाती है।
मामले पर प्रतिक्रिया देते हुए बलिया के मुख्य चिकित्सा अधिकारी (सीएमओ) डॉ. अभय नारायण राय ने कहा कि उन्हें मशीन के स्थापित न होने की जानकारी नहीं थी। उन्होंने आश्वासन दिया कि मामले की जांच कराकर मशीन को शीघ्र चालू कराने की कार्रवाई की जाएगी।
सीएमओ ने कहा कि मशीन के संचालन से बांसडीह सीएचसी में कई महत्वपूर्ण जांचें शुरू हो जाएंगी, जिससे मरीजों को स्थानीय स्तर पर बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध होंगी और उन्हें अनावश्यक भागदौड़ से राहत मिलेगी। अब क्षेत्रवासियों को मशीन के जल्द शुरू होने का इंतजार है।
बलिया
अघोषित बिजली कटौती पर सपा युवजन सभा का हल्ला बोल, 9 सूत्रीय मांगों के साथ सौंपा ज्ञापन
भीषण गर्मी के बीच लगातार हो रही अघोषित बिजली कटौती और खराब विद्युत व्यवस्था को लेकर समाजवादी युवजन सभा ने विद्युत विभाग के खिलाफ मोर्चा खोल दिया है। मंगलवार को समाजवादी युवजन सभा के प्रदेश अध्यक्ष अरविन्द गिरि के नेतृत्व में कार्यकर्ताओं ने विद्युत वितरण खंड के अधिशासी अभियंता को 9 सूत्रीय मांगों से संबंधित ज्ञापन सौंपकर क्षेत्र की समस्याओं के शीघ्र समाधान की मांग की।
ज्ञापन में रघुनाथपुर, दुबहड़ और आईटीआई विद्युत उपकेंद्रों से जुड़े इलाकों में बार-बार हो रही बिजली कटौती पर रोक लगाने, जर्जर तारों को बदलने, कम क्षमता वाले ट्रांसफार्मरों की क्षमता बढ़ाने, फीडरों और लाइनों का नियमित रखरखाव कराने तथा उपभोक्ताओं को निर्बाध विद्युत आपूर्ति सुनिश्चित करने की मांग की गई।
इस दौरान गड़वार क्षेत्र में 33 केवी लाइन पर पेड़ गिरने से बाधित बिजली आपूर्ति को बहाल कराने में व्यस्त अधिशासी अभियंता से दूरभाष पर वार्ता कर क्षेत्र की समस्याओं से अवगत कराया गया। उनकी अनुपस्थिति में विभाग द्वारा अधिकृत अधिकारी को ज्ञापन सौंपा गया।
अरविन्द गिरि ने कहा कि भीषण गर्मी में अघोषित बिजली कटौती से आम जनता, किसान, छात्र-छात्राएं, व्यापारी और छोटे व्यवसायी परेशान हैं। उन्होंने चेतावनी दी कि यदि एक सप्ताह के भीतर बिजली व्यवस्था में सुधार नहीं हुआ तो समाजवादी लोग आम जनता के साथ मिलकर व्यापक जनआंदोलन शुरू करेंगे, जिसकी पूरी जिम्मेदारी विद्युत विभाग और शासन-प्रशासन की होगी।
-
featured2 weeks agoधूप में पसीने से तरबतर एक डॉक्टर! बलिया को सुषमा शेखर जैसे नेताओं की ज़रूरत क्यों है?
-
featured4 days agoआवास योजना में लापरवाही पर सभी एसडीएम का वेतन रोकने के आदेश
-
featured2 weeks agoफेफना में अकीदत के साथ मनाया गया मोहर्रम, मातमी जुलूस और हैरतअंगेज करतब बने आकर्षण का केंद्र
-
featured3 weeks agoएक साल से धूल फांक रही करोड़ों की जांच सुविधा, बांसडीह सीएचसी में नहीं चालू हो सकी बायोकेमिस्ट्री एनालाइजर मशीन
-
featured3 weeks agoजननायक की जन्मशताब्दी पर महाअभियान, बलिया में हजारों लोगों को मिलेगा निःशुल्क स्वास्थ्य लाभ
-
बलिया3 weeks agoअघोषित बिजली कटौती पर सपा युवजन सभा का हल्ला बोल, 9 सूत्रीय मांगों के साथ सौंपा ज्ञापन
-
बलिया3 weeks agoबलिया में रोजगार का सुनहरा अवसर: 23 जून को लगेगा एक दिवसीय रोजगार मेला
-
featured3 weeks agoलखनऊ अग्निकांड के बाद बड़ा सवाल: क्या बलिया के कोचिंग संस्थान सुरक्षित हैं?


