बलिया
बेल्थरारोड में सामाधन दिवस का आयोजन, 46 में से एक भी प्रकरण का नहीं हुआ समाधान
बलिया में लोगों की समस्या का समाधान करने के लिए सामाधन दिवस का आयोजन किया जा रहा है। इसी कड़ी में बेल्थरारोड के तहसील सभागार में सम्पूर्ण समाधान दिवस का आयोजन हुआ। मुख्य विकास अधिकारी प्रवीण वर्मा की अध्यक्षता में प्रस्तुत 46 प्रार्थना-पत्र में से किसी का निस्तारण नहीं हो सका। इस दौरान सभी प्रार्थना- पत्रों को संबंधित विभागों को गुणवत्तापूर्ण निस्तारण के लिए संदर्भित कर दिया गया।
सम्पूर्ण समाधान दिवस पर उधरन के वीरेंद्र यादव रामपुरी ने सहायक चकबंदी अधिकारी के भ्रष्टाचार का मुद्दा उठाते जांच दूसरे विभाग से त्रिस्तरीय टीम बनाकर करने की मांग की। भीमपुरा नम्बर 1 निवासिनी किरण सिंह ने कोर्ट में लंबित होने के बावजूद अपने हिस्से की भूमि पर विपक्षियों द्वारा कब्जा और निर्माण का आरोप लगाया। उसने इस सम्बन्ध में भीमपुरा पुलिस को विपक्षियों को उक्त स्थान से ईंट आदि हटाने का निर्देश देने की मांग की।
साधन सहकारी समिति इंदौली मलकौली के सचिव रामाश्रय यादव ने समिति के सीमांकन भूमि में अवैध रूप से अतिक्रमण कर जोतने- बोने की शिकायत की। बेल्थरारोड नगर पंचायत के वार्ड नंबर 9 निवासिनी सुनिधि पुत्री दिलीप कुमार ने गोंड जाति का प्रमाण पत्र जारी करने की मांग की। तुर्तीपार प्रधान गीता देवी ने लोक निर्माण विभाग की भूमि की पैमाइश तथा अलग खाता बनाने की मांग की। बभनियांव गांव निवासी विधान चंद यादव ने रविवार की देर रात उन्हें मारपीट कर घायल करने के मामले में न्याय की गुहार लगाई। अवराई कला के मुसाफिर यादव ने बिना बिजली के बिल देने की शिकायत की।
शाहपुर के श्यामलाल ने कोटेदार पर फ्री राशन का पैसा लेने और निर्धारित से कम मात्रा में राशन देने की शिकायत की। हल्दीरामपुर के गिरीश सिंह ने सरकारी दस्तावेजों में कूट रचना कर दाखिल खारिज कराने का आरोप लगाया। सीडीओ ने समस्याएं सुनने के बाद उसे संबंधित अधिकारियों को निस्तारण का निर्देश दिया। जहां एसडीएम दीपशिखा सिंह, तहसीलदार ओमप्रकाश पांडेय, नायब तहसीलदार दीपक सिंह, सीएचसी सीयर के अधीक्षक डॉ राकेश कुमार सिंह समेत अन्य अधिकारी मौजूद रहे।
बलिया
शिक्षा पदम सम्मान 2025 से सम्मानित हुए हाली पाथ कॉन्वेंट स्कूल के युवा निदेशक डॉ. परवेज अंसारी
हिमाचल प्रदेश के प्रतिष्ठित हिलटॉप पब्लिक स्कूल में आयोजित भव्य सम्मान समारोह में हाली पाथ कॉन्वेंट स्कूल के युवा निदेशक डॉ. परवेज अंसारी को “शिक्षा पदम सम्मान 2025” से सम्मानित किया गया। यह सम्मान उन्हें शिक्षा के क्षेत्र में उनके 10 वर्षों से अधिक की समर्पित सेवा और अभिनव प्रयासों के लिए प्रदान किया गया।
डॉ. अंसारी की नेतृत्व क्षमता और शिक्षा के प्रति प्रतिबद्धता ने स्कूल को नई ऊँचाइयों तक पहुँचाया है। उनके मार्गदर्शन में हाली पाथ कॉन्वेंट स्कूल ने गुणवत्तापूर्ण शिक्षा, आधुनिक शिक्षण पद्धतियों और विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास पर विशेष ध्यान दिया है।
सम्मान प्राप्त करने के बाद डॉ. परवेज अंसारी ने कहा —
“यह सम्मान मेरे लिए प्रेरणा का स्रोत है। मैं शिक्षा के क्षेत्र में लगातार नवाचार और सुधार के लिए प्रयासरत रहूँगा।”
उनकी इस उपलब्धि से न केवल स्कूल परिवार बल्कि पूरे जनपद में गर्व की भावना व्याप्त है।
फेफना
दिखाया जज़्बा: जमुना राम मेमोरियल स्कूल के कराटे वीरों ने जीते 22 पदक, बलिया में बजाया अपना डंका
बलिया के बापू भवन में आयोजित 2nd Gyanti Devi Memorial Cup District Karate Championship 2K25 में जिले के लगभग 15 विद्यालयों ने भाग लिया। इस प्रतियोगिता में जमुना राम मेमोरियल स्कूल, मानपुर चितबड़ागांव के 22 छात्रों ने प्रतिभाग कर दमखम दिखाया।
शानदार प्रदर्शन करते हुए स्कूल के 12 छात्रों ने स्वर्ण पदक , 6 ने रजत पदक और 4 ने कांस्य पदक हासिल किए। छात्रों की इस उपलब्धि ने न केवल विद्यालय का नाम रोशन किया बल्कि माता-पिता और क्षेत्र को भी गौरवान्वित किया।
विद्यालय के प्रधानाचार्य अबरी के.बी. एवं प्रबंध निदेशक तुषार नंद जी ने विजेताओं को बधाई देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की। उन्होंने कहा कि इस प्रकार की प्रतियोगिताएं बच्चों में आत्मविश्वास, अनुशासन और शारीरिक स्फूर्ति को बढ़ावा देती हैं।
विद्यालय प्रबंधन ने यह भी आश्वस्त किया कि भविष्य में भी छात्र ऐसे आयोजनों में भाग लेकर और बेहतर प्रदर्शन करेंगे।
featured
बलिया की राजनीति में हलचल: भानु दुबे जल्द कर सकते हैं सपा जॉइन, अटकलों का बाजार गर्म
बलिया।
बलिया के प्रमुख सामाजिक नेता भानु दुबे जल्द ही समाजवादी पार्टी (सपा) जॉइन कर सकते हैं। हाल ही में उनके सोशल मीडिया पोस्ट और गतिविधियों से इस बात के कयास तेज हो गए हैं। सूत्रों से मिली जानकारी के अनुसार, पिछले कुछ दिनों से भानु दुबे लगातार सपा के बड़े नेताओं से मुलाकात कर रहे हैं। उनकी इन मुलाकातों और नेताओं के काफिलों में देखे जाने के बाद यह चर्चा और तेज हो गई है कि वे जल्द ही सपा का दामन थाम सकते हैं।
भानु दुबे को ब्राह्मण समाज का बड़ा चेहरा माना जाता है। सामाजिक स्तर पर उनकी लोकप्रियता भी युवाओं में काफी मजबूत है। अगर वे सपा में शामिल होते हैं तो न केवल बलिया में पार्टी को मजबूती मिलेगी, बल्कि आगामी 2027 विधानसभा चुनाव में बलिया सदर सीट से उनकी दावेदारी भी बेहद मजबूत मानी जा रही है।
राजनीतिक जानकारों का मानना है कि भानु दुबे के सपा में आने से बलिया की राजनीति में नया समीकरण बन सकता है। और यह फैसला पूरे जिले के राजनीतिक परिदृश्य को बदल सकता है।
अब देखना दिलचस्प होगा कि भानु दुबे कब और किस मंच से सपा की सदस्यता ग्रहण करते हैं और इसके बाद जिले की राजनीति कौन सा नया मोड़ लेती है।


