बलिया
परिषदीय स्कूल में पढ़ने वाले बच्चों के अभिभावकों के खाते में भेजे गए 19.46 करोड़
उत्तर प्रदेश के परिषदीय प्राथमिक और उच्च प्राथमिक विद्यालयों में पढ़ने वाले बच्चों के अभिभावकों को 19 करोड़ 46 लाख 25,600 रुपए भेजे गए। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने जैसे ही डीबीटी और महत्वपूर्ण कार्यक्रमों का शुभारंभ किया, राशि उनके खाते में पहुंच गई।
इस राशि का लाभ एक लाख 62 हजार 188 बच्चों को मिलेगा। इससे उनके लिए दो यूनिफॉर्म, एक स्वेटर, एक जोड़ी जूते और दो जोड़ी मोजे, एक स्कूल बैग, चार कॉपी, पेंसिल, दो कलम, दो पेंसिल और दो रबड़ खरीदे जाएंगे।
लखनऊ में हुए मुख्यमंत्री के कार्यक्रम का सजीव प्रसारण जिला मुख्यालय स्थित कलेक्ट्रेट सभागार व सभी ब्लॉक संसाधन केंद्रों पर किया गया। कलेक्ट्रेट में कार्यक्रम का शुभारंभ भाजपा जिलाध्यक्ष जयप्रकाश साहू ने दीप प्रज्वलित कर किया।
इस मौके पर जिलाध्यक्ष ने कहा कि पिछले कुछ वर्षों में प्राथमिक शिक्षा के स्तर में काफी सुधार हुआ है। कायाकल्प योजना के तहत विद्यालयों की काया बदल गई है। परिषदीय स्कूलों में पढ़ाने वाले शिक्षक काफी योग्य है और इसका असर भी देखने को मिल रहा है। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री की प्राथमिकताओं में शिक्षा सबसे ऊपर है। इसे ध्यान में रखते हुए विभाग के प्रत्येक व्यक्ति को अपनी जिम्मेदारी पूरे मनोयोग से निभानी चाहिए।
कार्यक्रम में मौजूद नगरपालिका चेयरमैन संत कुमार उर्फ मिठाई लाल ने प्रदेश सरकार की ओर से शिक्षा के लिए चलाई जा रही योजनाओं का उल्लेख करते हुए कहा कि वह नगर के पांच सरकारी विद्यालयों को विश्वस्तरीय सुविधाओं से सुसज्जित करेंगे। इसकी शुरुआत बहुत जल्द नगर के एक विद्यालय से होने जा रही है।
जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी मनीष सिंह ने शिक्षक से कहा कि उनके कंधों पर राष्ट्र निर्माण की बड़ी जिम्मेदारी है इसे समझते हुए वह अपना योगदान दें। प्रदेश के परिषदीय स्कूलों में करीब दो करोड़ बच्चे पढ़ते हैं अगर इनका बौद्धिक विकास नहीं होगा तो देश प्रगति नहीं कर पाएगा।
इस अवसर पर भाजपा के जिला उपाध्यक्ष सुरेंद्र सिंह, भाजपा के वरिष्ठ नेता सुरेश सिंह के अलावा बेसिक शिक्षा विभाग के जिला समन्वयक सौरभ गुप्त, सत्येंद्र राय, ओपी सिंह, खंड शिक्षा अधिकारी लोकेश मिश्र, बलवंत सिंह, पंकज सिंह, मनीष ओझा आदि थे।
बलिया
शिक्षा पदम सम्मान 2025 से सम्मानित हुए हाली पाथ कॉन्वेंट स्कूल के युवा निदेशक डॉ. परवेज अंसारी
हिमाचल प्रदेश के प्रतिष्ठित हिलटॉप पब्लिक स्कूल में आयोजित भव्य सम्मान समारोह में हाली पाथ कॉन्वेंट स्कूल के युवा निदेशक डॉ. परवेज अंसारी को “शिक्षा पदम सम्मान 2025” से सम्मानित किया गया। यह सम्मान उन्हें शिक्षा के क्षेत्र में उनके 10 वर्षों से अधिक की समर्पित सेवा और अभिनव प्रयासों के लिए प्रदान किया गया।
डॉ. अंसारी की नेतृत्व क्षमता और शिक्षा के प्रति प्रतिबद्धता ने स्कूल को नई ऊँचाइयों तक पहुँचाया है। उनके मार्गदर्शन में हाली पाथ कॉन्वेंट स्कूल ने गुणवत्तापूर्ण शिक्षा, आधुनिक शिक्षण पद्धतियों और विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास पर विशेष ध्यान दिया है।
सम्मान प्राप्त करने के बाद डॉ. परवेज अंसारी ने कहा —
“यह सम्मान मेरे लिए प्रेरणा का स्रोत है। मैं शिक्षा के क्षेत्र में लगातार नवाचार और सुधार के लिए प्रयासरत रहूँगा।”
उनकी इस उपलब्धि से न केवल स्कूल परिवार बल्कि पूरे जनपद में गर्व की भावना व्याप्त है।
फेफना
दिखाया जज़्बा: जमुना राम मेमोरियल स्कूल के कराटे वीरों ने जीते 22 पदक, बलिया में बजाया अपना डंका
बलिया के बापू भवन में आयोजित 2nd Gyanti Devi Memorial Cup District Karate Championship 2K25 में जिले के लगभग 15 विद्यालयों ने भाग लिया। इस प्रतियोगिता में जमुना राम मेमोरियल स्कूल, मानपुर चितबड़ागांव के 22 छात्रों ने प्रतिभाग कर दमखम दिखाया।
शानदार प्रदर्शन करते हुए स्कूल के 12 छात्रों ने स्वर्ण पदक , 6 ने रजत पदक और 4 ने कांस्य पदक हासिल किए। छात्रों की इस उपलब्धि ने न केवल विद्यालय का नाम रोशन किया बल्कि माता-पिता और क्षेत्र को भी गौरवान्वित किया।
विद्यालय के प्रधानाचार्य अबरी के.बी. एवं प्रबंध निदेशक तुषार नंद जी ने विजेताओं को बधाई देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की। उन्होंने कहा कि इस प्रकार की प्रतियोगिताएं बच्चों में आत्मविश्वास, अनुशासन और शारीरिक स्फूर्ति को बढ़ावा देती हैं।
विद्यालय प्रबंधन ने यह भी आश्वस्त किया कि भविष्य में भी छात्र ऐसे आयोजनों में भाग लेकर और बेहतर प्रदर्शन करेंगे।
featured
बलिया की राजनीति में हलचल: भानु दुबे जल्द कर सकते हैं सपा जॉइन, अटकलों का बाजार गर्म
बलिया।
बलिया के प्रमुख सामाजिक नेता भानु दुबे जल्द ही समाजवादी पार्टी (सपा) जॉइन कर सकते हैं। हाल ही में उनके सोशल मीडिया पोस्ट और गतिविधियों से इस बात के कयास तेज हो गए हैं। सूत्रों से मिली जानकारी के अनुसार, पिछले कुछ दिनों से भानु दुबे लगातार सपा के बड़े नेताओं से मुलाकात कर रहे हैं। उनकी इन मुलाकातों और नेताओं के काफिलों में देखे जाने के बाद यह चर्चा और तेज हो गई है कि वे जल्द ही सपा का दामन थाम सकते हैं।
भानु दुबे को ब्राह्मण समाज का बड़ा चेहरा माना जाता है। सामाजिक स्तर पर उनकी लोकप्रियता भी युवाओं में काफी मजबूत है। अगर वे सपा में शामिल होते हैं तो न केवल बलिया में पार्टी को मजबूती मिलेगी, बल्कि आगामी 2027 विधानसभा चुनाव में बलिया सदर सीट से उनकी दावेदारी भी बेहद मजबूत मानी जा रही है।
राजनीतिक जानकारों का मानना है कि भानु दुबे के सपा में आने से बलिया की राजनीति में नया समीकरण बन सकता है। और यह फैसला पूरे जिले के राजनीतिक परिदृश्य को बदल सकता है।
अब देखना दिलचस्प होगा कि भानु दुबे कब और किस मंच से सपा की सदस्यता ग्रहण करते हैं और इसके बाद जिले की राजनीति कौन सा नया मोड़ लेती है।


