बलिया
बलिया में तैनात सिपाही ने गैस्ट्रो रोग विशेषज्ञ पर किया हथौड़े से हमला, पुलिस ने मामला दर्ज कर शुरू की जांच
बलिया में तैनात एक सिपाही ने गोरखपुर के मशहूर गैस्ट्रो रोग विशेषज्ञ डॉक्टर अनुज सरकारी के चैंबर में घुसकर उनपर हथौड़े से हमला कर दिया। इस घटना में डॉक्टर के सिर में गंभीर चोट लगी है। घटना के बाद स्टाफ ने सिपाही को पीटकर कैंट पुलिस को सौंप दिया है। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ केस दर्ज कर उसे हिरासत में ले लिया है।
जानकारी के मुताबिक, खलीलाबाद का रहने वाला पंकज कुमार यूपी पुलिस में कांस्टेबल के पद पर तैनात है। उसकी पोस्टिंग बलिया जिले में है। पंकज की पत्नी को पेट से जुड़ी बीमारी है। वह कैंट इलाके में छात्रसंघ चौराहे के पास क्लीनिक चलाने वाले डॉ. अनुज सरकारी के यहां पत्नी का इलाज करा रहा था। गुरुवार की शाम को पत्नी को दिखाने आया था। आरोप है कि अल्ट्रासाउंड के पैसे को लेकर विवाद के बाद गुस्से में आए सिपाही ने डॉक्टर को धक्का दे दिया था। इसके बाद डॉक्टर के स्टाफ ने सिपाही की जमकर पिटाई की। आरोप है कि उसके सिर में चोट आयी थी। मामला थाने पर पहुंचा था, लेकिन बाद में दोनों पक्षों में समझौता हो गया था।
डॉक्टर पक्ष का कहना था कि उसने ही विवाद किया और डॉ. अनुज को धक्का दे दिया था। डॉक्टर पक्ष पिटाई से इंकार करता रहा। डॉक्टर पक्ष का कहना था कि सिपाही के सिर में चोट उसकी पत्नी की चूड़ी की वजह से आई है। जबकि सिपाही ने डॉक्टर और उनके लोगों पर पिटाई का आरोप लगाया, उसी पिटाई से सिर में भी चोट लगने की बात कही थी। शुक्रवार को वह दोबारा तैयारी के साथ डॉक्टर के क्लीनिक पर पहुंचा था। वह एक झोला लेकर आया था जिसमें डॉक्टर के पर्चे के अलावा एक हथौड़ी भी रखी थी।
सिपाही पंकज को पता था कि गुरुवार को हुए विवाद के बाद उसे डॉक्टर के चैंबर तक जाने को नहीं मिलेगा, लिहाजा उसने 112 नम्बर पर फोन कर बताया कि डॉ. अनुज सरकारी के यहां वह आया है। उसे डॉक्टर और उनके लोगों ने पीटा है। इस सूचना पर पीआरवी के पुलिसकर्मी पहुंचे और उन्हीं के साथ वह डॉक्टर के चैंबर में घुस गया और वहां घुसते ही आरोपी ने अपने झोले से हथौड़ी निकाल कर उनके सिर पर 2 बार प्रहार किया।
डॉक्टर पर हमले की सूचना मिलते ही एसएसपी डा. गौरव ग्रोवर ने मौके पर पहुंच कर घटना की जानकारी ली। आरोपी सिपाही के खिलाफ केस दर्ज कर उसे हिरासत में ले लिया गया। संतकबीरनगर का रहने वाला सिपाही बलिया जिले में तैनात है, लेकिन वर्तमान में सस्पेंड चल रहा है। वहीं, डायल 112 के दो सिपाहियों को भी इस मामले में आरोपित बनाया गया है।
बलिया
शिक्षा पदम सम्मान 2025 से सम्मानित हुए हाली पाथ कॉन्वेंट स्कूल के युवा निदेशक डॉ. परवेज अंसारी
हिमाचल प्रदेश के प्रतिष्ठित हिलटॉप पब्लिक स्कूल में आयोजित भव्य सम्मान समारोह में हाली पाथ कॉन्वेंट स्कूल के युवा निदेशक डॉ. परवेज अंसारी को “शिक्षा पदम सम्मान 2025” से सम्मानित किया गया। यह सम्मान उन्हें शिक्षा के क्षेत्र में उनके 10 वर्षों से अधिक की समर्पित सेवा और अभिनव प्रयासों के लिए प्रदान किया गया।
डॉ. अंसारी की नेतृत्व क्षमता और शिक्षा के प्रति प्रतिबद्धता ने स्कूल को नई ऊँचाइयों तक पहुँचाया है। उनके मार्गदर्शन में हाली पाथ कॉन्वेंट स्कूल ने गुणवत्तापूर्ण शिक्षा, आधुनिक शिक्षण पद्धतियों और विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास पर विशेष ध्यान दिया है।
सम्मान प्राप्त करने के बाद डॉ. परवेज अंसारी ने कहा —
“यह सम्मान मेरे लिए प्रेरणा का स्रोत है। मैं शिक्षा के क्षेत्र में लगातार नवाचार और सुधार के लिए प्रयासरत रहूँगा।”
उनकी इस उपलब्धि से न केवल स्कूल परिवार बल्कि पूरे जनपद में गर्व की भावना व्याप्त है।
फेफना
दिखाया जज़्बा: जमुना राम मेमोरियल स्कूल के कराटे वीरों ने जीते 22 पदक, बलिया में बजाया अपना डंका
बलिया के बापू भवन में आयोजित 2nd Gyanti Devi Memorial Cup District Karate Championship 2K25 में जिले के लगभग 15 विद्यालयों ने भाग लिया। इस प्रतियोगिता में जमुना राम मेमोरियल स्कूल, मानपुर चितबड़ागांव के 22 छात्रों ने प्रतिभाग कर दमखम दिखाया।
शानदार प्रदर्शन करते हुए स्कूल के 12 छात्रों ने स्वर्ण पदक , 6 ने रजत पदक और 4 ने कांस्य पदक हासिल किए। छात्रों की इस उपलब्धि ने न केवल विद्यालय का नाम रोशन किया बल्कि माता-पिता और क्षेत्र को भी गौरवान्वित किया।
विद्यालय के प्रधानाचार्य अबरी के.बी. एवं प्रबंध निदेशक तुषार नंद जी ने विजेताओं को बधाई देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की। उन्होंने कहा कि इस प्रकार की प्रतियोगिताएं बच्चों में आत्मविश्वास, अनुशासन और शारीरिक स्फूर्ति को बढ़ावा देती हैं।
विद्यालय प्रबंधन ने यह भी आश्वस्त किया कि भविष्य में भी छात्र ऐसे आयोजनों में भाग लेकर और बेहतर प्रदर्शन करेंगे।
featured
बलिया की राजनीति में हलचल: भानु दुबे जल्द कर सकते हैं सपा जॉइन, अटकलों का बाजार गर्म
बलिया।
बलिया के प्रमुख सामाजिक नेता भानु दुबे जल्द ही समाजवादी पार्टी (सपा) जॉइन कर सकते हैं। हाल ही में उनके सोशल मीडिया पोस्ट और गतिविधियों से इस बात के कयास तेज हो गए हैं। सूत्रों से मिली जानकारी के अनुसार, पिछले कुछ दिनों से भानु दुबे लगातार सपा के बड़े नेताओं से मुलाकात कर रहे हैं। उनकी इन मुलाकातों और नेताओं के काफिलों में देखे जाने के बाद यह चर्चा और तेज हो गई है कि वे जल्द ही सपा का दामन थाम सकते हैं।
भानु दुबे को ब्राह्मण समाज का बड़ा चेहरा माना जाता है। सामाजिक स्तर पर उनकी लोकप्रियता भी युवाओं में काफी मजबूत है। अगर वे सपा में शामिल होते हैं तो न केवल बलिया में पार्टी को मजबूती मिलेगी, बल्कि आगामी 2027 विधानसभा चुनाव में बलिया सदर सीट से उनकी दावेदारी भी बेहद मजबूत मानी जा रही है।
राजनीतिक जानकारों का मानना है कि भानु दुबे के सपा में आने से बलिया की राजनीति में नया समीकरण बन सकता है। और यह फैसला पूरे जिले के राजनीतिक परिदृश्य को बदल सकता है।
अब देखना दिलचस्प होगा कि भानु दुबे कब और किस मंच से सपा की सदस्यता ग्रहण करते हैं और इसके बाद जिले की राजनीति कौन सा नया मोड़ लेती है।


