बलिया
बलिया की शैलेश श्रीवास्तव ‘संगीत नाटक अकादमी रत्न’ से हुईं सम्मानित
आज एक बार फिर बलिया का सीना गर्व से चौड़ा हो गया है। जिले की बेटी डॉक्टर शैलेश श्रीवास्तव को देश के सर्वोच्च संगीत क्षेत्र में सम्मान ‘संगीत नाटक अकादमी रत्न’ अवार्ड से नवाजा गया है। उन्हें 6 मार्च को देश की राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने ये सम्मान दिया। बलिया की बेटी की इस बड़ी उपलब्धि पर पूरे जनपद में खुशी का माहौल है।
बता दें कि दिल्ली के विज्ञान भवन में महामहिम राष्ट्रपति ने संध्याकाल में उत्तर प्रदेश के लोक संगीत में अद्वितीय उपलब्धियों के लिए वर्ष 2022-23 के इस सम्मान से शैलेश को अलंकृत किया। 65 वर्षीय शैलेश अपने अध्ययन काल में बलिया के विभिन्न विद्यालयों से सात स्वर्ण पदक हासिल किया।
उन्होंने टाउन कॉलेज के संगीत विभागाध्यक्ष डॉ काशी प्रसाद मिश्र और प्रोफेसर नरेंद्र कुमार शर्मा से संगीत की शिक्षा ग्रहण की, तदोपरान्त पण्डित राजन मिश्र साजन मिश्र से संगीत की बारीकियों का अध्ययन और अभ्यास किया। सतीश चंद्र कॉलेज से राजनीति शास्त्र में स्वर्ण पदक के साथ एम. ए. करने के पश्चात अपने पिता प्रख्यात साहित्यकार लल्लन बी. ए. के साथ सपरिवार दिल्ली चली गईं।
बलिया में रहते हुए ही उन्होंने भोजपुरी लोकगीतों के गायन में आकाशवाणी के गोरखपुर केन्द्र के माध्यम से ख्याति अर्जित कर ली थी और भोजपुरी गीतकार के रूप में कवि सम्मेलनों की शोभा वृद्धि करती रही थीं। डॉ शैलेश इंडियन ब्रॉडकास्टिंग सर्विस में चयनित हुयीं और दूरदर्शन के मुम्बई केन्द्र से उच्चाधिकारी पद से सेवानिवृत्त हुईं।
इसके अलावा वे दूरदर्शन के लोकप्रिय कार्यक्रम रंगोली की दशकों तक सम्पादन और प्रस्तुति करती रहीं, इन्हें केंद्रीय प्रेस एक्सीलेंसी अवार्ड उत्तर प्रदेश की संगीत नाटक अकादमी अवार्ड, विसमिल्ला खां अवार्ड के अतिरिक्त अनेक पुरस्कार और सम्मान पहले मिल चुका है। उन्होंने कई यूरोपीय देशों में भारतीय संगीत और उसकी लोकविधा में मंचीय प्रस्तुति करती रहीं।
भोजपुरी के संस्कार गीत और मीडिया शोध प्रबन्ध पर मुम्बई विश्वविद्यालय से पी. एच. डी. की उपाधि शैलेश श्रीवास्तव को प्राप्त हुई जिसमें उन्होंने उन गीतों को स्वयं गाकर उसकी सी. डी. भी साथ में प्रस्तुत की। इन उपलब्धियों को याद करते हुए अशोक, डॉ जनार्दन राय, यशवंत सिंह, डॉ राजेंद्र भारती, शिव जी पाण्डेय ‘रसराज’, विवेकानंद सिंह, शशि प्रेमदेव, मोहन जी श्रीवास्तव, डॉ कादम्बिनी सिंह, आशीष त्रिवेदी, धर्मराज, ओमप्रकाश, ने हर्ष व्यक्त किया।
बलिया
शिक्षा पदम सम्मान 2025 से सम्मानित हुए हाली पाथ कॉन्वेंट स्कूल के युवा निदेशक डॉ. परवेज अंसारी
हिमाचल प्रदेश के प्रतिष्ठित हिलटॉप पब्लिक स्कूल में आयोजित भव्य सम्मान समारोह में हाली पाथ कॉन्वेंट स्कूल के युवा निदेशक डॉ. परवेज अंसारी को “शिक्षा पदम सम्मान 2025” से सम्मानित किया गया। यह सम्मान उन्हें शिक्षा के क्षेत्र में उनके 10 वर्षों से अधिक की समर्पित सेवा और अभिनव प्रयासों के लिए प्रदान किया गया।
डॉ. अंसारी की नेतृत्व क्षमता और शिक्षा के प्रति प्रतिबद्धता ने स्कूल को नई ऊँचाइयों तक पहुँचाया है। उनके मार्गदर्शन में हाली पाथ कॉन्वेंट स्कूल ने गुणवत्तापूर्ण शिक्षा, आधुनिक शिक्षण पद्धतियों और विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास पर विशेष ध्यान दिया है।
सम्मान प्राप्त करने के बाद डॉ. परवेज अंसारी ने कहा —
“यह सम्मान मेरे लिए प्रेरणा का स्रोत है। मैं शिक्षा के क्षेत्र में लगातार नवाचार और सुधार के लिए प्रयासरत रहूँगा।”
उनकी इस उपलब्धि से न केवल स्कूल परिवार बल्कि पूरे जनपद में गर्व की भावना व्याप्त है।
फेफना
दिखाया जज़्बा: जमुना राम मेमोरियल स्कूल के कराटे वीरों ने जीते 22 पदक, बलिया में बजाया अपना डंका
बलिया के बापू भवन में आयोजित 2nd Gyanti Devi Memorial Cup District Karate Championship 2K25 में जिले के लगभग 15 विद्यालयों ने भाग लिया। इस प्रतियोगिता में जमुना राम मेमोरियल स्कूल, मानपुर चितबड़ागांव के 22 छात्रों ने प्रतिभाग कर दमखम दिखाया।
शानदार प्रदर्शन करते हुए स्कूल के 12 छात्रों ने स्वर्ण पदक , 6 ने रजत पदक और 4 ने कांस्य पदक हासिल किए। छात्रों की इस उपलब्धि ने न केवल विद्यालय का नाम रोशन किया बल्कि माता-पिता और क्षेत्र को भी गौरवान्वित किया।
विद्यालय के प्रधानाचार्य अबरी के.बी. एवं प्रबंध निदेशक तुषार नंद जी ने विजेताओं को बधाई देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की। उन्होंने कहा कि इस प्रकार की प्रतियोगिताएं बच्चों में आत्मविश्वास, अनुशासन और शारीरिक स्फूर्ति को बढ़ावा देती हैं।
विद्यालय प्रबंधन ने यह भी आश्वस्त किया कि भविष्य में भी छात्र ऐसे आयोजनों में भाग लेकर और बेहतर प्रदर्शन करेंगे।
featured
बलिया की राजनीति में हलचल: भानु दुबे जल्द कर सकते हैं सपा जॉइन, अटकलों का बाजार गर्म
बलिया।
बलिया के प्रमुख सामाजिक नेता भानु दुबे जल्द ही समाजवादी पार्टी (सपा) जॉइन कर सकते हैं। हाल ही में उनके सोशल मीडिया पोस्ट और गतिविधियों से इस बात के कयास तेज हो गए हैं। सूत्रों से मिली जानकारी के अनुसार, पिछले कुछ दिनों से भानु दुबे लगातार सपा के बड़े नेताओं से मुलाकात कर रहे हैं। उनकी इन मुलाकातों और नेताओं के काफिलों में देखे जाने के बाद यह चर्चा और तेज हो गई है कि वे जल्द ही सपा का दामन थाम सकते हैं।
भानु दुबे को ब्राह्मण समाज का बड़ा चेहरा माना जाता है। सामाजिक स्तर पर उनकी लोकप्रियता भी युवाओं में काफी मजबूत है। अगर वे सपा में शामिल होते हैं तो न केवल बलिया में पार्टी को मजबूती मिलेगी, बल्कि आगामी 2027 विधानसभा चुनाव में बलिया सदर सीट से उनकी दावेदारी भी बेहद मजबूत मानी जा रही है।
राजनीतिक जानकारों का मानना है कि भानु दुबे के सपा में आने से बलिया की राजनीति में नया समीकरण बन सकता है। और यह फैसला पूरे जिले के राजनीतिक परिदृश्य को बदल सकता है।
अब देखना दिलचस्प होगा कि भानु दुबे कब और किस मंच से सपा की सदस्यता ग्रहण करते हैं और इसके बाद जिले की राजनीति कौन सा नया मोड़ लेती है।


