बलिया
बलिया- स्कूलों में उगेंगी ताजी सब्जी, अब ऐसे बनेंगे किचन गार्डेन
बलिया में बेसिक शिक्षा विभाग एक नई पहल करने जा रहा है। जहाँ अब बाउंड्रीवॉल वाले स्कूलों में किचन गार्डेन बनाया जायेगा। पहले चरण में 200 स्कूलों का चयन किया गया है।बीएसए शिवनारायण सिंह के मुताबिक हर स्कूल के खाते में 5 हजार रुपये भेजा है। इसे गार्डेन स्थापना और रख-रखाव पर खर्च किया जाएगा।मिड डे मील में तैयार होने वाले भोजन में ताजी और पोषक युक्त सब्जी बच्चों को मिले, इसके लिए किचन गार्डेन की निगरानी की भी व्यवस्था गई है।
बता दें बेसिक शिक्षा विभाग की ओर से परिषदीय स्कूलों में दो साल पहले किचन गार्डेन की व्यवस्था की गई थी। ट्रायल के रूप में 10 बिना बाउंड्री वाले स्कूलों में किचन गार्डेन तैयार कराया गया था। मंशा थी कि किचन गार्डेन में उत्पादन होने वाली सब्जी का उपयोग मिड डे मील में किया जाएगा, इससे बच्चों को ताजी सब्जी मिलेगी, लेकिन सरकारी मंशा पर पानी फिर गया। सही तरीके से निगरानी नहीं होने के चलते कोई भी किचन गार्डेन सफल नहीं हुए। इस असफलता से सबक लेते हुए बेसिक शिक्षा विभाग ने अब सिर्फ बाउंड्री वाले स्कूल में किचन गार्डेन की व्यवस्था करने का फैसला लिया है।
कृषि क्षेत्र में बच्चों को प्रोत्साहित करना उद्देश्य-
एमडीएम के जिला समन्यवक अजीत पाठक ने बताया कि किचन गार्डेन से कई फायदे हैं। जिन स्कूल के पास पर्याप्त जमीन नहीं है, वह छतों पर भी गमले, कंटेनर, बैग और अन्य तकनीक का इस्तेमाल कर सकते हैं। कृषि क्षेत्र में भी बच्चों को प्रोत्साहित करेंगे। खरीफ के सीजन में चौलाई, भिंडी, बैगन, करेला, लोबिया, तुरई, कद्दू, लौकी, प्याज व सेम की खेती की जाएगी। रबी सीजन में टमाटर, मटर, मिर्च, फूलगोबी, पत्तागोभी, पालक, मेथी, सोया, धनिया, शिमला मिर्च, बैंगन, प्याज, लहसुन, गाजर व मूली का उत्पादन किया जाएगा।
नहीं खरीदने पड़ेगी महंगी सब्जी- इस पहल से अब प्रधानाध्यापकों को बाजार से महंगे रेट में सब्जी खरीदने से भी मुक्ति मिलेगी। मिड डे मील में प्राथमिक में 4.97 रुपये और जूनियर में 7.45 रुपये प्रति छात्र के हिसाब से कन्वर्जन मनी दी जाती है। खाद्यान्न अलग से मिलता है।वहीं आने वाले दिनों में जिले के सभी 2 हजार 249 परिषदीय स्कूलों में भी बाउंड्री कराने के बाद यह व्यवस्था लागू की जाएगी।
बलिया
शिक्षा पदम सम्मान 2025 से सम्मानित हुए हाली पाथ कॉन्वेंट स्कूल के युवा निदेशक डॉ. परवेज अंसारी
हिमाचल प्रदेश के प्रतिष्ठित हिलटॉप पब्लिक स्कूल में आयोजित भव्य सम्मान समारोह में हाली पाथ कॉन्वेंट स्कूल के युवा निदेशक डॉ. परवेज अंसारी को “शिक्षा पदम सम्मान 2025” से सम्मानित किया गया। यह सम्मान उन्हें शिक्षा के क्षेत्र में उनके 10 वर्षों से अधिक की समर्पित सेवा और अभिनव प्रयासों के लिए प्रदान किया गया।
डॉ. अंसारी की नेतृत्व क्षमता और शिक्षा के प्रति प्रतिबद्धता ने स्कूल को नई ऊँचाइयों तक पहुँचाया है। उनके मार्गदर्शन में हाली पाथ कॉन्वेंट स्कूल ने गुणवत्तापूर्ण शिक्षा, आधुनिक शिक्षण पद्धतियों और विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास पर विशेष ध्यान दिया है।
सम्मान प्राप्त करने के बाद डॉ. परवेज अंसारी ने कहा —
“यह सम्मान मेरे लिए प्रेरणा का स्रोत है। मैं शिक्षा के क्षेत्र में लगातार नवाचार और सुधार के लिए प्रयासरत रहूँगा।”
उनकी इस उपलब्धि से न केवल स्कूल परिवार बल्कि पूरे जनपद में गर्व की भावना व्याप्त है।
फेफना
दिखाया जज़्बा: जमुना राम मेमोरियल स्कूल के कराटे वीरों ने जीते 22 पदक, बलिया में बजाया अपना डंका
बलिया के बापू भवन में आयोजित 2nd Gyanti Devi Memorial Cup District Karate Championship 2K25 में जिले के लगभग 15 विद्यालयों ने भाग लिया। इस प्रतियोगिता में जमुना राम मेमोरियल स्कूल, मानपुर चितबड़ागांव के 22 छात्रों ने प्रतिभाग कर दमखम दिखाया।
शानदार प्रदर्शन करते हुए स्कूल के 12 छात्रों ने स्वर्ण पदक , 6 ने रजत पदक और 4 ने कांस्य पदक हासिल किए। छात्रों की इस उपलब्धि ने न केवल विद्यालय का नाम रोशन किया बल्कि माता-पिता और क्षेत्र को भी गौरवान्वित किया।
विद्यालय के प्रधानाचार्य अबरी के.बी. एवं प्रबंध निदेशक तुषार नंद जी ने विजेताओं को बधाई देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की। उन्होंने कहा कि इस प्रकार की प्रतियोगिताएं बच्चों में आत्मविश्वास, अनुशासन और शारीरिक स्फूर्ति को बढ़ावा देती हैं।
विद्यालय प्रबंधन ने यह भी आश्वस्त किया कि भविष्य में भी छात्र ऐसे आयोजनों में भाग लेकर और बेहतर प्रदर्शन करेंगे।
featured
बलिया की राजनीति में हलचल: भानु दुबे जल्द कर सकते हैं सपा जॉइन, अटकलों का बाजार गर्म
बलिया।
बलिया के प्रमुख सामाजिक नेता भानु दुबे जल्द ही समाजवादी पार्टी (सपा) जॉइन कर सकते हैं। हाल ही में उनके सोशल मीडिया पोस्ट और गतिविधियों से इस बात के कयास तेज हो गए हैं। सूत्रों से मिली जानकारी के अनुसार, पिछले कुछ दिनों से भानु दुबे लगातार सपा के बड़े नेताओं से मुलाकात कर रहे हैं। उनकी इन मुलाकातों और नेताओं के काफिलों में देखे जाने के बाद यह चर्चा और तेज हो गई है कि वे जल्द ही सपा का दामन थाम सकते हैं।
भानु दुबे को ब्राह्मण समाज का बड़ा चेहरा माना जाता है। सामाजिक स्तर पर उनकी लोकप्रियता भी युवाओं में काफी मजबूत है। अगर वे सपा में शामिल होते हैं तो न केवल बलिया में पार्टी को मजबूती मिलेगी, बल्कि आगामी 2027 विधानसभा चुनाव में बलिया सदर सीट से उनकी दावेदारी भी बेहद मजबूत मानी जा रही है।
राजनीतिक जानकारों का मानना है कि भानु दुबे के सपा में आने से बलिया की राजनीति में नया समीकरण बन सकता है। और यह फैसला पूरे जिले के राजनीतिक परिदृश्य को बदल सकता है।
अब देखना दिलचस्प होगा कि भानु दुबे कब और किस मंच से सपा की सदस्यता ग्रहण करते हैं और इसके बाद जिले की राजनीति कौन सा नया मोड़ लेती है।


