बलिया
बलिया: बीएड शिक्षकों ने ब्रिज कोर्स पूरा करने के लिए उठाई आवाज
बलिया के बीएड शिक्षकों ने ब्रिज कोर्स पूरा करने के लिए आवाज उठाई। शासन की मंशा के अनुरूप प्रदेश के प्राथमिक स्कूलों को गुणवत्तापूर्ण शिक्षा देने के लिए 69,000 शिक्षक भर्ती में बीएड अभ्यर्थियों को शामिल किया गया था। जिसके लिए वर्ष 2018 में एनसीटीई ने अपने गजट में संशोधन कर बीएड योग्यताधारी शिक्षकों को प्राथमिक विद्यालयों में नियुक्ति के 2 वर्ष के भीतर 6 माह का ब्रिज कोर्स पूर्ण करने के पश्चात प्राथमिक शिक्षक हेतु योग्य मानने का जिक्र किया गया था।
69,000 शिक्षक भर्ती पूर्ण हुए 2 साल से ज्यादा का समय बीत चुका है, लेकिन विभाग ने ब्रिज कोर्स पूरा नहीं कराया। इस प्रकरण को लेकर जनपद में शिक्षकों ने बलिया लोकसभा के लोकप्रिय सांसद श्री वीरेन्द्र सिंह मस्त से मिलकर ब्रिज कोर्स पूर्ण कराए जाने के संबंध में अपनी व्यथा सुनाई।
बीएड शिक्षकों ने माननीय सांसद महोदय को अवगत कराया कि पूर्व की भर्तियों एवं नियमावली की भांति 69000 शिक्षक भर्ती के अन्तर्गत नियुक्त बीएड योग्यताधारी शिक्षकों को स्थायी सेवायोजन हेतु अब तक कोई भी सेवारत प्रशिक्षण (6 माह का ब्रिज कोर्स) नहीं कराया गया है, जबकि विभाग द्वारा पूर्व से लेकर अब तक यही परम्परा चलाई जा रही है।
प्राथमिक सेवा संवर्ग में बीएड को शामिल करने हेतु एनसीटीई द्वारा प्रदत्त अनुशंसा में ब्रिज कोर्स उसका महत्वपूर्ण अंग है। वर्तमान में एनसीटीई द्वारा पूर्व में प्रदत्त निर्देशों एवं हाल ही के सुप्रीम कोर्ट के निर्णय को दृष्टिगत रखते हुए बीएड योग्यताधारी शिक्षक तनाव में है।
चयनित बीएड शिक्षकों ने सांसद महोदय से अनुरोध किया है कि 69000 शिक्षक भर्ती में शामिल बीएड शिक्षकों को प्रशिक्षण दिलवाने के लिए माननीय मुख्यमंत्री महोदय से निवेदन कर इस सम्बन्ध में आवश्यक दिशा-निर्देश जारी कर ब्रिज कोर्स जल्द से जल्द पूर्ण करवाने हेतु विशेष तौर पर पहल करें इसके लिए हम बीएड योग्यताधारी शिक्षक आदरणीय सांसद जी के आजीवन आभारी रहेंगे।
इस मौके पर प्रमोद कुमार सिंह, अकीलुर्रहमान खान (अक्की) , सर्वेश वर्मा , उत्कर्ष सिंह, अमित यादव , आसिफ अली , मोo दानिश, देव प्रताप वर्मा , अजीत वर्मा , अवनींद्र यादव , सत्य प्रकाश , कारण जैसल, शुभम प्रताप सिंह, सुनील कुमार , कर्ण प्रताप , शशिकांत , अनुज सिंह, शशिकुमार सिंह, रोहित सिंह इत्यादि शिक्षक उपस्थित रहे ।
बलिया
शिक्षा पदम सम्मान 2025 से सम्मानित हुए हाली पाथ कॉन्वेंट स्कूल के युवा निदेशक डॉ. परवेज अंसारी
हिमाचल प्रदेश के प्रतिष्ठित हिलटॉप पब्लिक स्कूल में आयोजित भव्य सम्मान समारोह में हाली पाथ कॉन्वेंट स्कूल के युवा निदेशक डॉ. परवेज अंसारी को “शिक्षा पदम सम्मान 2025” से सम्मानित किया गया। यह सम्मान उन्हें शिक्षा के क्षेत्र में उनके 10 वर्षों से अधिक की समर्पित सेवा और अभिनव प्रयासों के लिए प्रदान किया गया।
डॉ. अंसारी की नेतृत्व क्षमता और शिक्षा के प्रति प्रतिबद्धता ने स्कूल को नई ऊँचाइयों तक पहुँचाया है। उनके मार्गदर्शन में हाली पाथ कॉन्वेंट स्कूल ने गुणवत्तापूर्ण शिक्षा, आधुनिक शिक्षण पद्धतियों और विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास पर विशेष ध्यान दिया है।
सम्मान प्राप्त करने के बाद डॉ. परवेज अंसारी ने कहा —
“यह सम्मान मेरे लिए प्रेरणा का स्रोत है। मैं शिक्षा के क्षेत्र में लगातार नवाचार और सुधार के लिए प्रयासरत रहूँगा।”
उनकी इस उपलब्धि से न केवल स्कूल परिवार बल्कि पूरे जनपद में गर्व की भावना व्याप्त है।
फेफना
दिखाया जज़्बा: जमुना राम मेमोरियल स्कूल के कराटे वीरों ने जीते 22 पदक, बलिया में बजाया अपना डंका
बलिया के बापू भवन में आयोजित 2nd Gyanti Devi Memorial Cup District Karate Championship 2K25 में जिले के लगभग 15 विद्यालयों ने भाग लिया। इस प्रतियोगिता में जमुना राम मेमोरियल स्कूल, मानपुर चितबड़ागांव के 22 छात्रों ने प्रतिभाग कर दमखम दिखाया।
शानदार प्रदर्शन करते हुए स्कूल के 12 छात्रों ने स्वर्ण पदक , 6 ने रजत पदक और 4 ने कांस्य पदक हासिल किए। छात्रों की इस उपलब्धि ने न केवल विद्यालय का नाम रोशन किया बल्कि माता-पिता और क्षेत्र को भी गौरवान्वित किया।
विद्यालय के प्रधानाचार्य अबरी के.बी. एवं प्रबंध निदेशक तुषार नंद जी ने विजेताओं को बधाई देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की। उन्होंने कहा कि इस प्रकार की प्रतियोगिताएं बच्चों में आत्मविश्वास, अनुशासन और शारीरिक स्फूर्ति को बढ़ावा देती हैं।
विद्यालय प्रबंधन ने यह भी आश्वस्त किया कि भविष्य में भी छात्र ऐसे आयोजनों में भाग लेकर और बेहतर प्रदर्शन करेंगे।
featured
बलिया की राजनीति में हलचल: भानु दुबे जल्द कर सकते हैं सपा जॉइन, अटकलों का बाजार गर्म
बलिया।
बलिया के प्रमुख सामाजिक नेता भानु दुबे जल्द ही समाजवादी पार्टी (सपा) जॉइन कर सकते हैं। हाल ही में उनके सोशल मीडिया पोस्ट और गतिविधियों से इस बात के कयास तेज हो गए हैं। सूत्रों से मिली जानकारी के अनुसार, पिछले कुछ दिनों से भानु दुबे लगातार सपा के बड़े नेताओं से मुलाकात कर रहे हैं। उनकी इन मुलाकातों और नेताओं के काफिलों में देखे जाने के बाद यह चर्चा और तेज हो गई है कि वे जल्द ही सपा का दामन थाम सकते हैं।
भानु दुबे को ब्राह्मण समाज का बड़ा चेहरा माना जाता है। सामाजिक स्तर पर उनकी लोकप्रियता भी युवाओं में काफी मजबूत है। अगर वे सपा में शामिल होते हैं तो न केवल बलिया में पार्टी को मजबूती मिलेगी, बल्कि आगामी 2027 विधानसभा चुनाव में बलिया सदर सीट से उनकी दावेदारी भी बेहद मजबूत मानी जा रही है।
राजनीतिक जानकारों का मानना है कि भानु दुबे के सपा में आने से बलिया की राजनीति में नया समीकरण बन सकता है। और यह फैसला पूरे जिले के राजनीतिक परिदृश्य को बदल सकता है।
अब देखना दिलचस्प होगा कि भानु दुबे कब और किस मंच से सपा की सदस्यता ग्रहण करते हैं और इसके बाद जिले की राजनीति कौन सा नया मोड़ लेती है।


