बलिया
बलिया के बेल्थरारोड में भाजपा ने किया व्यापारी सम्मलेन का आयोजन
बलिया में लोकसभा चुनाव के मद्देनजर राजनैतिक गलियारों में हलचलें तेज हैं। आए दिन अलग अलग राजनैतिक पार्टियां विभिन्न कार्यक्रमों का आयोजन कर रही हैं। इसी कड़ी में जिले के बेल्थरारोड के लगन मैरिज हॉल में भाजपा ने भव्य व्यापारी सम्मेलन का आयोजन किया। इस आयोजन में बड़ी संख्या में व्यापारी उपस्थित थे। सभी व्यापारियों ने सलेमपुर लोकसभा सीट पर भाजपा के हैट्रिक जीत की हुंकार भरी।
इस सम्मेलन का शुभारंभ सलेमपुर भाजपा प्रत्याशी रविंद्र कुशवाहा की मौजूदगी में पड़रौना विधायक मनीष जायसवाल ने दीप जलाकर किया। इसके बाद व्यापारी हित को लेकर सरकार की नीतियों पर चर्चा हुई। अतिथियों का स्वागत बेल्थरारोड नप चेयरमैन प्रतिनिधि और भाजपा के गोरक्ष प्रांत के क्षेत्रीय सह संयोजक दिनेश गुप्ता ने किया।
इस मौके पर मौजूद मुख्य अतिथि पड़रौना विधायक मनीष जायसवाल ने कहा कि आज पूरे विश्व में वैश्य समाज की गूंज है। जिसकी अगुवाई का पूरा देश लोहा मान चुका है। उन्होंने भाजपा सरकार में व्यापारियों के बढ़े सम्मान और सुरक्षा की गारंटी पर विस्तार से चर्चा किया और व्यापारियों से सलेमपुर में हैट्रिक लगाने के लिए मजबूती से साथ देने की अपील की।
इस मौके पर मौजूद सलेमपुर भाजपा प्रत्याशी रविंद्र कुशवाहा ने मीडिया से बातचीत में जीत का दावा किया। उन्होंने कहा कि जनता का आशीर्वाद उनके साथ है। व्यापारी वर्ग भी भाजपा से संतुष्ट है और भाजपा का समर्थन कर रहा हैं। उन्होंने कहा कि इस बार मोदी जी ने 400 पार का जो लक्ष्य तय किया है, उसे निश्चित रूप से पूरा होगा। सलेमपुर लोकसभा सीट को लेकर कहा कि जनता में उत्साह और भाजपा के प्रति समर्थन देखा जा रहा है और इस बार पुराना रिकॉर्ड टूटेगा और भारी मतों से भाजपा पार्टी को जीत मिलेगी।
इसके अलावा दिनेश गुप्ता, अध्यक्ष प्रतिनिधि बेल्थरा रोड नगर पंचायत ने मीडिया से बातचीत में कहा कि व्यापारी सम्मेलन में व्यापारियों ने बेहद उत्साह के साथ भाग लिया। उन्होंने दावा किया कि बेल्थरारोड़ में पार्टी 4 लाख वोटों के अंतर से चुनाव जीतेगी। उन्होंने कहा कि मतदान वाले दिन सभी लोग कमल के बटन को दबाकर पार्टी को जीत दिलाएंगे।
इस मौके पर पूर्व विधायक धनंजय कन्नौजिया, माधव गुप्ता, छट्ठू राम, सुनील सिंह, मंडल अध्यक्ष सतीश गुप्ता, दिलीप सिंह, शशि प्रकाश चौरसिया, उमाशंकर सैनी, सूर्य प्रकाश दीपू समेत अनेक भाजपा नेता मौजूद रहें।
बलिया
शिक्षा पदम सम्मान 2025 से सम्मानित हुए हाली पाथ कॉन्वेंट स्कूल के युवा निदेशक डॉ. परवेज अंसारी
हिमाचल प्रदेश के प्रतिष्ठित हिलटॉप पब्लिक स्कूल में आयोजित भव्य सम्मान समारोह में हाली पाथ कॉन्वेंट स्कूल के युवा निदेशक डॉ. परवेज अंसारी को “शिक्षा पदम सम्मान 2025” से सम्मानित किया गया। यह सम्मान उन्हें शिक्षा के क्षेत्र में उनके 10 वर्षों से अधिक की समर्पित सेवा और अभिनव प्रयासों के लिए प्रदान किया गया।
डॉ. अंसारी की नेतृत्व क्षमता और शिक्षा के प्रति प्रतिबद्धता ने स्कूल को नई ऊँचाइयों तक पहुँचाया है। उनके मार्गदर्शन में हाली पाथ कॉन्वेंट स्कूल ने गुणवत्तापूर्ण शिक्षा, आधुनिक शिक्षण पद्धतियों और विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास पर विशेष ध्यान दिया है।
सम्मान प्राप्त करने के बाद डॉ. परवेज अंसारी ने कहा —
“यह सम्मान मेरे लिए प्रेरणा का स्रोत है। मैं शिक्षा के क्षेत्र में लगातार नवाचार और सुधार के लिए प्रयासरत रहूँगा।”
उनकी इस उपलब्धि से न केवल स्कूल परिवार बल्कि पूरे जनपद में गर्व की भावना व्याप्त है।
फेफना
दिखाया जज़्बा: जमुना राम मेमोरियल स्कूल के कराटे वीरों ने जीते 22 पदक, बलिया में बजाया अपना डंका
बलिया के बापू भवन में आयोजित 2nd Gyanti Devi Memorial Cup District Karate Championship 2K25 में जिले के लगभग 15 विद्यालयों ने भाग लिया। इस प्रतियोगिता में जमुना राम मेमोरियल स्कूल, मानपुर चितबड़ागांव के 22 छात्रों ने प्रतिभाग कर दमखम दिखाया।
शानदार प्रदर्शन करते हुए स्कूल के 12 छात्रों ने स्वर्ण पदक , 6 ने रजत पदक और 4 ने कांस्य पदक हासिल किए। छात्रों की इस उपलब्धि ने न केवल विद्यालय का नाम रोशन किया बल्कि माता-पिता और क्षेत्र को भी गौरवान्वित किया।
विद्यालय के प्रधानाचार्य अबरी के.बी. एवं प्रबंध निदेशक तुषार नंद जी ने विजेताओं को बधाई देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की। उन्होंने कहा कि इस प्रकार की प्रतियोगिताएं बच्चों में आत्मविश्वास, अनुशासन और शारीरिक स्फूर्ति को बढ़ावा देती हैं।
विद्यालय प्रबंधन ने यह भी आश्वस्त किया कि भविष्य में भी छात्र ऐसे आयोजनों में भाग लेकर और बेहतर प्रदर्शन करेंगे।
featured
बलिया की राजनीति में हलचल: भानु दुबे जल्द कर सकते हैं सपा जॉइन, अटकलों का बाजार गर्म
बलिया।
बलिया के प्रमुख सामाजिक नेता भानु दुबे जल्द ही समाजवादी पार्टी (सपा) जॉइन कर सकते हैं। हाल ही में उनके सोशल मीडिया पोस्ट और गतिविधियों से इस बात के कयास तेज हो गए हैं। सूत्रों से मिली जानकारी के अनुसार, पिछले कुछ दिनों से भानु दुबे लगातार सपा के बड़े नेताओं से मुलाकात कर रहे हैं। उनकी इन मुलाकातों और नेताओं के काफिलों में देखे जाने के बाद यह चर्चा और तेज हो गई है कि वे जल्द ही सपा का दामन थाम सकते हैं।
भानु दुबे को ब्राह्मण समाज का बड़ा चेहरा माना जाता है। सामाजिक स्तर पर उनकी लोकप्रियता भी युवाओं में काफी मजबूत है। अगर वे सपा में शामिल होते हैं तो न केवल बलिया में पार्टी को मजबूती मिलेगी, बल्कि आगामी 2027 विधानसभा चुनाव में बलिया सदर सीट से उनकी दावेदारी भी बेहद मजबूत मानी जा रही है।
राजनीतिक जानकारों का मानना है कि भानु दुबे के सपा में आने से बलिया की राजनीति में नया समीकरण बन सकता है। और यह फैसला पूरे जिले के राजनीतिक परिदृश्य को बदल सकता है।
अब देखना दिलचस्प होगा कि भानु दुबे कब और किस मंच से सपा की सदस्यता ग्रहण करते हैं और इसके बाद जिले की राजनीति कौन सा नया मोड़ लेती है।


