बलिया
बलियाः कलेक्ट्रेट कार्यालय में हुआ पीएम मोदी के संकल्प शपथ कार्यक्रम का लाइव प्रसारण
बलिया: आज पीएम मोदी द्वारा भारत के आकांक्षात्मक ब्लॉकों के लिए ‘संकल्प सप्ताह के शुभारंभ’ के ‘संकल्प शपथ’ का शुभारंभ किया गया। इस कार्यक्रम का लाइव प्रसारण कलेक्ट्रेट सभागार में सांसद वीरेंद्र सिंह मस्त की अध्यक्षता में वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से दिया गया।
सांसद वीरेंद्र सिंह मस्त ने वहां उपस्थित सभी जनप्रतिनिधियों और अधिकारियों को धन्यवाद ज्ञापित करते हुए अपने संबोधन में कहा कि आज हम लोग बहुत ही महत्वपूर्ण कार्यक्रम में आए हैं। प्रधानमंत्री ने इस कार्यक्रम का आगाज भारतीय मंडपम से किया और हम यहां बलिया मंडपम में कार्यक्रम देख रहे हैं। उन्होंने प्रधानमंत्री मोदी के दिए गए भाषण का जिक्र करते हुए कहा कि प्रधानमंत्री की जो महत्वाकांक्षाएं हैं, मैं उसे पूरा करने की कोशिश करता हूं।
प्रधानमंत्री कहते हैं कि भारत गांवों में बसता है, गांवों के विकास से ही भारत का विकास होगा, मैं भी इसका जिक्र हमेशा अपने संबोधन में करता हूं। उन्होंने जिलाधिकारी को निर्देश दिया कि हम तय कर ले कि जनपद में जितने भी आकांक्षात्मक ब्लॉक हैं, उनका अलग-अलग क्लस्टर बनाकर एवं अपने सभी संबंधित अधिकारियों से समन्वय बनाकर अभी से काम शुरू कर दें, तो भविष्य में बेहतर परिणाम देखने को मिलेगा। स्वस्थ आदमी ही स्वच्छ भारत और समृद्ध भारत के सपने को पूरा करेगा।
सांसद ने कहा कि हमारा जनपद मूल रूप से कृषि क्षेत्र वाला ग्रामीण जनपद है। यहां पर पशुपालन के माध्यम से दुधारू गाय और भैंस पालने के साथ-साथ कृषि क्षेत्र में जैविक खेती और मोटे अनाज के क्षेत्र में बढ़िया अवसर है। इस साल जनपद में जिलाधिकारी के प्रयासों से मोटे अनाजों की खेती का रकबा बढ़ा है। सरकार द्वारा संचालित पांच योजनाओं के माध्यम से ब्लॉकों में संकल्प सप्ताह के दौरान पात्रों को लाभान्वित करना है।
सांसद ने जिलाधिकारी को निर्देश दिया कि जनपद के प्राकृतिक नाले जैसे कटहल नाला, भाखड़ नाला सहित अन्य नालों का मनरेगा के माध्यम से साफ-सफाई एवं सौंदरीकरण करवाये ताकि उस पर पर्यटन और सिंचाई की उपयोगिता सिद्ध हो सके। इस पर शीघ्र ही काम शुरू हो जाए तो बढ़िया रहेगा।
जिलाधिकारी ने अपने संबोधन में कहा कि सांसद जी के मार्गदर्शन में जनपद में दूध के उत्पादन को एवं मोटे अनाज की खेती को बढ़ावा देना हमारी प्राथमिकता में है। हमारे सभी अधिकारी पूरी निष्ठा से सरकार द्वारा संचालित योजनाओं को जनपद में लागू करने एवं पात्रों को लाभान्वित करने का प्रयास कर रहे हैं। जनपद में ऋण संबंधी समस्याओं को दूर करने के लिए बैंकों के को-ऑर्डिनेटर से दो-तीन की संख्या में बैठक कर लंबित आवेदनों का निस्तारण कराया जा रहा है।
जिलाधिकारी ने कहा कि जनपद के सभी गौशालाओं में सौंदर्यीकरण और रखरखाव का काम तेजी से चल रहा है। इसे हम अच्छे स्थान के रूप में विकसित कर रहे हैं, ताकि लोग उसे जाकर देखें। कृषि क्षेत्र में बाजरे और मक्के का क्रय केंद्र एवं जैविक खेती को बढ़ावा दिया जा रहा है। जनपद से परवल निर्यात करने की योजना पर भी बातचीत चल रही है। इस बैठक में राज्यसभा सांसद सकलदीप राजभर, मुख्य विकास अधिकारी प्रवीण वर्मा सहित जनपद के अन्य अधिकारी एवं जनप्रतिनिधि मौजूद थे।
बलिया
शिक्षा पदम सम्मान 2025 से सम्मानित हुए हाली पाथ कॉन्वेंट स्कूल के युवा निदेशक डॉ. परवेज अंसारी
हिमाचल प्रदेश के प्रतिष्ठित हिलटॉप पब्लिक स्कूल में आयोजित भव्य सम्मान समारोह में हाली पाथ कॉन्वेंट स्कूल के युवा निदेशक डॉ. परवेज अंसारी को “शिक्षा पदम सम्मान 2025” से सम्मानित किया गया। यह सम्मान उन्हें शिक्षा के क्षेत्र में उनके 10 वर्षों से अधिक की समर्पित सेवा और अभिनव प्रयासों के लिए प्रदान किया गया।
डॉ. अंसारी की नेतृत्व क्षमता और शिक्षा के प्रति प्रतिबद्धता ने स्कूल को नई ऊँचाइयों तक पहुँचाया है। उनके मार्गदर्शन में हाली पाथ कॉन्वेंट स्कूल ने गुणवत्तापूर्ण शिक्षा, आधुनिक शिक्षण पद्धतियों और विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास पर विशेष ध्यान दिया है।
सम्मान प्राप्त करने के बाद डॉ. परवेज अंसारी ने कहा —
“यह सम्मान मेरे लिए प्रेरणा का स्रोत है। मैं शिक्षा के क्षेत्र में लगातार नवाचार और सुधार के लिए प्रयासरत रहूँगा।”
उनकी इस उपलब्धि से न केवल स्कूल परिवार बल्कि पूरे जनपद में गर्व की भावना व्याप्त है।
फेफना
दिखाया जज़्बा: जमुना राम मेमोरियल स्कूल के कराटे वीरों ने जीते 22 पदक, बलिया में बजाया अपना डंका
बलिया के बापू भवन में आयोजित 2nd Gyanti Devi Memorial Cup District Karate Championship 2K25 में जिले के लगभग 15 विद्यालयों ने भाग लिया। इस प्रतियोगिता में जमुना राम मेमोरियल स्कूल, मानपुर चितबड़ागांव के 22 छात्रों ने प्रतिभाग कर दमखम दिखाया।
शानदार प्रदर्शन करते हुए स्कूल के 12 छात्रों ने स्वर्ण पदक , 6 ने रजत पदक और 4 ने कांस्य पदक हासिल किए। छात्रों की इस उपलब्धि ने न केवल विद्यालय का नाम रोशन किया बल्कि माता-पिता और क्षेत्र को भी गौरवान्वित किया।
विद्यालय के प्रधानाचार्य अबरी के.बी. एवं प्रबंध निदेशक तुषार नंद जी ने विजेताओं को बधाई देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की। उन्होंने कहा कि इस प्रकार की प्रतियोगिताएं बच्चों में आत्मविश्वास, अनुशासन और शारीरिक स्फूर्ति को बढ़ावा देती हैं।
विद्यालय प्रबंधन ने यह भी आश्वस्त किया कि भविष्य में भी छात्र ऐसे आयोजनों में भाग लेकर और बेहतर प्रदर्शन करेंगे।
featured
बलिया की राजनीति में हलचल: भानु दुबे जल्द कर सकते हैं सपा जॉइन, अटकलों का बाजार गर्म
बलिया।
बलिया के प्रमुख सामाजिक नेता भानु दुबे जल्द ही समाजवादी पार्टी (सपा) जॉइन कर सकते हैं। हाल ही में उनके सोशल मीडिया पोस्ट और गतिविधियों से इस बात के कयास तेज हो गए हैं। सूत्रों से मिली जानकारी के अनुसार, पिछले कुछ दिनों से भानु दुबे लगातार सपा के बड़े नेताओं से मुलाकात कर रहे हैं। उनकी इन मुलाकातों और नेताओं के काफिलों में देखे जाने के बाद यह चर्चा और तेज हो गई है कि वे जल्द ही सपा का दामन थाम सकते हैं।
भानु दुबे को ब्राह्मण समाज का बड़ा चेहरा माना जाता है। सामाजिक स्तर पर उनकी लोकप्रियता भी युवाओं में काफी मजबूत है। अगर वे सपा में शामिल होते हैं तो न केवल बलिया में पार्टी को मजबूती मिलेगी, बल्कि आगामी 2027 विधानसभा चुनाव में बलिया सदर सीट से उनकी दावेदारी भी बेहद मजबूत मानी जा रही है।
राजनीतिक जानकारों का मानना है कि भानु दुबे के सपा में आने से बलिया की राजनीति में नया समीकरण बन सकता है। और यह फैसला पूरे जिले के राजनीतिक परिदृश्य को बदल सकता है।
अब देखना दिलचस्प होगा कि भानु दुबे कब और किस मंच से सपा की सदस्यता ग्रहण करते हैं और इसके बाद जिले की राजनीति कौन सा नया मोड़ लेती है।


