बलिया
बेल्थरा रोड MLA हंसु राम ने गिनाई 1 साल की उपलब्धि, कहा – विधायक बनना छट्ठू राम के भाग्य में नहीं
बलिया। बेल्थरा रोड विधानसभा क्षेत्र से विधायक हंसु राम ने शुक्रवार को संवाददाता सम्मेलन में अपने विधायक चुने जाने के एक साल पूरा होने पर अपनी उपलब्धियों गिनाने के साथ ही आगामी कार्ययोजना के बारे में खुलकर अपनी बात रखी। उन्होंने बिल्थरा रोड विधानसभा को आदर्श विधानसभा बनाने की बात कही।
विधायक ने बताया कि बेल्थरा रोड विधानसभा में प्रवेश करने वाले 6 मार्गों पर महाराजा सुहेल देव, डॉ. राम मनोहर लोहिया, सरदार वल्लभ भाई पटेल,अटल बिहारी वाजपेई, जननायक चन्द्र शेखर और बाबा साहेब डा भीमराव अम्बेडकर प्रवेश द्वार का निर्माण कार्य प्रगति पर है। जिन्हें जल्द ही पूरा कर लिया जाएगा। तुर्तीपार श्मशान घाट पर यात्री शेड प्रस्तावित है। छोटे-बड़े 30 मार्गों के विशेष मरम्मत हेतु 4 करोड़ 57 लाख रुपए की स्वीकृति मिली है। सोनाडीह में मिनी स्टेडियम और बिल्थरारोड में स्टेडियम के लिए कोशिश जारी है।
जन प्रतिनिधि की नियुक्ति के सवाल पर उन्होंने साफ कहा कि मैंने किसी को जन प्रतिनिधि नहीं बनाया। भाजपा के पूर्व प्रत्याशी छट्ठू राम द्वारा एक समारोह में मंच से किए गए कटाक्ष पर उन्होंने कहा कि वह बहुत ही विद्वान व्यक्ति हैं उस तरह का व्यक्ति जब ज्यादा विद्वान हो जाता है तो उसकी समझ विपरीत दिशा में चली जाती है। जो आदमी पार्टी का और बाबा साहेब का नहीं हुआ वो जनता का क्या होगा? लालू प्रसाद यादव के कथन को दोहराते हुए कहा कि जैसे आडवानी जी को भारत का प्रधानमंत्री बनना नहीं लिखा है ठीक उसी प्रकार छट्ठू राम का बिल्थरा रोड से विधायक होना लिखा ही नहीं है।
आखिरी में विधायक हंसु राम ने स्थानीय मीडिया कर्मियों को अंगवस्त्रम और मिष्ठान देकर सम्मानित किया। इस अवसर पर अरबाज खान, मिथिलेश राजभर, मुरली यादव, जयप्रकाश यादव, राजनाथ यादव, राजबहादुर यादव, वीरेंद्र यादव, वीरेंद्र रामपुरी आदि प्रमुख रूप से उपस्थित रहे।
बलिया
शिक्षा पदम सम्मान 2025 से सम्मानित हुए हाली पाथ कॉन्वेंट स्कूल के युवा निदेशक डॉ. परवेज अंसारी
हिमाचल प्रदेश के प्रतिष्ठित हिलटॉप पब्लिक स्कूल में आयोजित भव्य सम्मान समारोह में हाली पाथ कॉन्वेंट स्कूल के युवा निदेशक डॉ. परवेज अंसारी को “शिक्षा पदम सम्मान 2025” से सम्मानित किया गया। यह सम्मान उन्हें शिक्षा के क्षेत्र में उनके 10 वर्षों से अधिक की समर्पित सेवा और अभिनव प्रयासों के लिए प्रदान किया गया।
डॉ. अंसारी की नेतृत्व क्षमता और शिक्षा के प्रति प्रतिबद्धता ने स्कूल को नई ऊँचाइयों तक पहुँचाया है। उनके मार्गदर्शन में हाली पाथ कॉन्वेंट स्कूल ने गुणवत्तापूर्ण शिक्षा, आधुनिक शिक्षण पद्धतियों और विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास पर विशेष ध्यान दिया है।
सम्मान प्राप्त करने के बाद डॉ. परवेज अंसारी ने कहा —
“यह सम्मान मेरे लिए प्रेरणा का स्रोत है। मैं शिक्षा के क्षेत्र में लगातार नवाचार और सुधार के लिए प्रयासरत रहूँगा।”
उनकी इस उपलब्धि से न केवल स्कूल परिवार बल्कि पूरे जनपद में गर्व की भावना व्याप्त है।
फेफना
दिखाया जज़्बा: जमुना राम मेमोरियल स्कूल के कराटे वीरों ने जीते 22 पदक, बलिया में बजाया अपना डंका
बलिया के बापू भवन में आयोजित 2nd Gyanti Devi Memorial Cup District Karate Championship 2K25 में जिले के लगभग 15 विद्यालयों ने भाग लिया। इस प्रतियोगिता में जमुना राम मेमोरियल स्कूल, मानपुर चितबड़ागांव के 22 छात्रों ने प्रतिभाग कर दमखम दिखाया।
शानदार प्रदर्शन करते हुए स्कूल के 12 छात्रों ने स्वर्ण पदक , 6 ने रजत पदक और 4 ने कांस्य पदक हासिल किए। छात्रों की इस उपलब्धि ने न केवल विद्यालय का नाम रोशन किया बल्कि माता-पिता और क्षेत्र को भी गौरवान्वित किया।
विद्यालय के प्रधानाचार्य अबरी के.बी. एवं प्रबंध निदेशक तुषार नंद जी ने विजेताओं को बधाई देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की। उन्होंने कहा कि इस प्रकार की प्रतियोगिताएं बच्चों में आत्मविश्वास, अनुशासन और शारीरिक स्फूर्ति को बढ़ावा देती हैं।
विद्यालय प्रबंधन ने यह भी आश्वस्त किया कि भविष्य में भी छात्र ऐसे आयोजनों में भाग लेकर और बेहतर प्रदर्शन करेंगे।
featured
बलिया की राजनीति में हलचल: भानु दुबे जल्द कर सकते हैं सपा जॉइन, अटकलों का बाजार गर्म
बलिया।
बलिया के प्रमुख सामाजिक नेता भानु दुबे जल्द ही समाजवादी पार्टी (सपा) जॉइन कर सकते हैं। हाल ही में उनके सोशल मीडिया पोस्ट और गतिविधियों से इस बात के कयास तेज हो गए हैं। सूत्रों से मिली जानकारी के अनुसार, पिछले कुछ दिनों से भानु दुबे लगातार सपा के बड़े नेताओं से मुलाकात कर रहे हैं। उनकी इन मुलाकातों और नेताओं के काफिलों में देखे जाने के बाद यह चर्चा और तेज हो गई है कि वे जल्द ही सपा का दामन थाम सकते हैं।
भानु दुबे को ब्राह्मण समाज का बड़ा चेहरा माना जाता है। सामाजिक स्तर पर उनकी लोकप्रियता भी युवाओं में काफी मजबूत है। अगर वे सपा में शामिल होते हैं तो न केवल बलिया में पार्टी को मजबूती मिलेगी, बल्कि आगामी 2027 विधानसभा चुनाव में बलिया सदर सीट से उनकी दावेदारी भी बेहद मजबूत मानी जा रही है।
राजनीतिक जानकारों का मानना है कि भानु दुबे के सपा में आने से बलिया की राजनीति में नया समीकरण बन सकता है। और यह फैसला पूरे जिले के राजनीतिक परिदृश्य को बदल सकता है।
अब देखना दिलचस्प होगा कि भानु दुबे कब और किस मंच से सपा की सदस्यता ग्रहण करते हैं और इसके बाद जिले की राजनीति कौन सा नया मोड़ लेती है।


