बलिया
बलिया में बीएमएस डॉक्टर कर रहे सर्जरी, प्रशासन ने की कार्रवाई
बलिया में छोलाछाप डॉक्टरों की भरमार है। जिले की गलियों में आपको छोटे-छोटे नर्सिंग होम, क्लीनिक संचालित होते दिख जाएंगे। गली-कूचों में मौजूद इन क्लीनिकों को बीएमएस डॉक्टर संचालित कर रहे हैं जो कि गंभीर मरीजों का ऑपरेशन भी करते हैं।
इन छोटे नर्सिंग होम्स में बिना संसाधन और सर्जन के बिना ओपीडी संचालित कर मरीजों की जान से खिलवाड़ किया जा रहा है। हैरानी की बात तो यह है कि स्वास्थ्य विभाग का इस पर ध्यान नहीं है। यही कारण हैं कि कई नर्सिंग होम बिना रजिस्ट्रेशन के संचालित हो रहे हैं।
शासन के निर्देश पर सोमवार शाम जिला प्रशासन व सर्विलांस टीम हरकत में आई। टीम ने कार्रवाई करते हुए जिला अस्पताल रोड पर स्थित जीवनरेखा अस्पताल को सील कर दिया और मरीजों को जिला महिला अस्पताल शिफ्ट किया गया है। एसडीएम सदर जुनैद अहमद और स्वास्थ्य विभाग की सर्विलांस टीम के नोडल अभिषेक मिश्रा के नेतृत्व में यह छापेमार कार्रवाई की गई। जहां नर्सिंग होम के एक छोटे से कमरे में ऑपरेशन थियेटर बनाया गया था। इसमें गंदगी का अंबार था। चारों तरफ खून से सने कपड़े और शरीर से निकले अवशेष खुले में पड़े थे। पूरे नर्सिंग होम में केवल दो मरीज थे, जिनमें से एक ही हालत गंभीर है।
सबसे ज्यादा गंभीर बात सामने आई कि नर्सिंग होम को चलाने वाले डॉक्टर की क्वालिफिकेशन बीएमएस है, लेकिन फिर भी उसके द्वारा मरीजों का ऑपरेशन किया जा रहा है। डॉक्टर से जब ऑपरेशन के बारे में पूछताछ की तो उसने बताया कि बनारस के एक सर्जन द्वारा हमारे यहां ऑपरेशन किए जाते हैं। लेकिन डॉक्टर से सर्जन के बारे में जानकारी मांगी तो वह कुछ बता नहीं पाया। 1 घंटे पहले किसने ऑपरेशन किया। इसकी जानकारी नहीं दे पाया। इसके अलावा नर्सिंग होम के अंदर मेडिकल स्टोर संचालक से लेकर तमाम स्टाफ कोई हाईस्कूल तो कोई इंटर पास था। सर्विलांस टीम का कहना है कि अवैध नर्सिंग होम को सील कर दिया गया है।
बलिया
शिक्षा पदम सम्मान 2025 से सम्मानित हुए हाली पाथ कॉन्वेंट स्कूल के युवा निदेशक डॉ. परवेज अंसारी
हिमाचल प्रदेश के प्रतिष्ठित हिलटॉप पब्लिक स्कूल में आयोजित भव्य सम्मान समारोह में हाली पाथ कॉन्वेंट स्कूल के युवा निदेशक डॉ. परवेज अंसारी को “शिक्षा पदम सम्मान 2025” से सम्मानित किया गया। यह सम्मान उन्हें शिक्षा के क्षेत्र में उनके 10 वर्षों से अधिक की समर्पित सेवा और अभिनव प्रयासों के लिए प्रदान किया गया।
डॉ. अंसारी की नेतृत्व क्षमता और शिक्षा के प्रति प्रतिबद्धता ने स्कूल को नई ऊँचाइयों तक पहुँचाया है। उनके मार्गदर्शन में हाली पाथ कॉन्वेंट स्कूल ने गुणवत्तापूर्ण शिक्षा, आधुनिक शिक्षण पद्धतियों और विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास पर विशेष ध्यान दिया है।
सम्मान प्राप्त करने के बाद डॉ. परवेज अंसारी ने कहा —
“यह सम्मान मेरे लिए प्रेरणा का स्रोत है। मैं शिक्षा के क्षेत्र में लगातार नवाचार और सुधार के लिए प्रयासरत रहूँगा।”
उनकी इस उपलब्धि से न केवल स्कूल परिवार बल्कि पूरे जनपद में गर्व की भावना व्याप्त है।
फेफना
दिखाया जज़्बा: जमुना राम मेमोरियल स्कूल के कराटे वीरों ने जीते 22 पदक, बलिया में बजाया अपना डंका
बलिया के बापू भवन में आयोजित 2nd Gyanti Devi Memorial Cup District Karate Championship 2K25 में जिले के लगभग 15 विद्यालयों ने भाग लिया। इस प्रतियोगिता में जमुना राम मेमोरियल स्कूल, मानपुर चितबड़ागांव के 22 छात्रों ने प्रतिभाग कर दमखम दिखाया।
शानदार प्रदर्शन करते हुए स्कूल के 12 छात्रों ने स्वर्ण पदक , 6 ने रजत पदक और 4 ने कांस्य पदक हासिल किए। छात्रों की इस उपलब्धि ने न केवल विद्यालय का नाम रोशन किया बल्कि माता-पिता और क्षेत्र को भी गौरवान्वित किया।
विद्यालय के प्रधानाचार्य अबरी के.बी. एवं प्रबंध निदेशक तुषार नंद जी ने विजेताओं को बधाई देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की। उन्होंने कहा कि इस प्रकार की प्रतियोगिताएं बच्चों में आत्मविश्वास, अनुशासन और शारीरिक स्फूर्ति को बढ़ावा देती हैं।
विद्यालय प्रबंधन ने यह भी आश्वस्त किया कि भविष्य में भी छात्र ऐसे आयोजनों में भाग लेकर और बेहतर प्रदर्शन करेंगे।
featured
बलिया की राजनीति में हलचल: भानु दुबे जल्द कर सकते हैं सपा जॉइन, अटकलों का बाजार गर्म
बलिया।
बलिया के प्रमुख सामाजिक नेता भानु दुबे जल्द ही समाजवादी पार्टी (सपा) जॉइन कर सकते हैं। हाल ही में उनके सोशल मीडिया पोस्ट और गतिविधियों से इस बात के कयास तेज हो गए हैं। सूत्रों से मिली जानकारी के अनुसार, पिछले कुछ दिनों से भानु दुबे लगातार सपा के बड़े नेताओं से मुलाकात कर रहे हैं। उनकी इन मुलाकातों और नेताओं के काफिलों में देखे जाने के बाद यह चर्चा और तेज हो गई है कि वे जल्द ही सपा का दामन थाम सकते हैं।
भानु दुबे को ब्राह्मण समाज का बड़ा चेहरा माना जाता है। सामाजिक स्तर पर उनकी लोकप्रियता भी युवाओं में काफी मजबूत है। अगर वे सपा में शामिल होते हैं तो न केवल बलिया में पार्टी को मजबूती मिलेगी, बल्कि आगामी 2027 विधानसभा चुनाव में बलिया सदर सीट से उनकी दावेदारी भी बेहद मजबूत मानी जा रही है।
राजनीतिक जानकारों का मानना है कि भानु दुबे के सपा में आने से बलिया की राजनीति में नया समीकरण बन सकता है। और यह फैसला पूरे जिले के राजनीतिक परिदृश्य को बदल सकता है।
अब देखना दिलचस्प होगा कि भानु दुबे कब और किस मंच से सपा की सदस्यता ग्रहण करते हैं और इसके बाद जिले की राजनीति कौन सा नया मोड़ लेती है।


