बलिया
बलिया में ठप्प पड़ी राशन वितरण योजना, आधा मई बीता, अभी तक अप्रैल का राशन ही नहीं बंटा
सरकार के द्वारा महीने में दो बार गरीबों को राशन वितरण करने के दावे किए जा रहे हैं लेकिन बलिया में आधा मई गुजरने के बाद भी लोगों को अभी तक अप्रैल का राशन नसीब नहीं हुआ। जिले के कोटेेदारों के पास उपभोक्ताओं को बांटने गेहूं व चावल तो है लेकिन चना और रिफाइंड उपलब्ध ही नहीं है। ऐसे में अप्रैल माह का राशन वितरण अटक गया है।
जिले में 5 लाख 85 हजार 406 राशन कार्ड धारक हैं। इसमें एक लाख एक हजार 701 अंत्योदय कार्ड धारक, जबकि 4 लाख 83 हजार 705 पात्र गृहस्थी राशन कार्ड धारक हैं। कार्ड धारकों को मौजूदा समय में महीने में दो बार नि:शुल्क राशन का वितरण किया जाता है। पीएम गरीब कल्याण योजना के तहत उपभोक्ताओं को गेहूं चावल के साथ एक किलो चना, एक लीटर रिफाइंड और एक किलो नमक दिया जाता है।
कोटेदारों के पास गेहूं चावल की उपलब्धतता है लेकिन चना और रिफाइंड नहीं है। चूंकि नमक, रिफाइंड, चना, चावल, गेंहू सब एक साथ वितरित करना है, लिहाजा 5 लाख से ज्यादा लोगों को राशन नहीं मिल पा रहा। बताया जाता है नमक, चना व तेल उपलब्ध कराने की जिम्मेदारी भारतीय राष्ट्रीय कृषि सहकारी विपणन संघ (नफेड) को दी गई है। सूत्रों की मानें तो नई सरकार के गठन के बाद कागजी औपचारिकता पूरी नहीं होने के कारण संस्था ने आपूर्ति नहीं की है।
विभागीय अधिकारियों का कहना है कि दरअसल, नामित संस्था नफेड ने इन सामग्रियों की आपूर्ति ही गोदामों तक नहीं की है। मई महीने के अंत तक राशन वितरण हो जाने की उम्मीद है। इस संबंध में जिलापूर्ति अधिकारी कृष्ण गोपाल पांडेय का कहना है कि नफेड से मार्च तक रिफाइन-चना के आपूर्ति का अनुबंध हुआ था। नयी सरकार के गठन के बाद नए सिरे से प्रक्रिया में थोड़ा विलम्ब हुआ है। उम्मीद है कि एक सप्ताह में आपूर्ति शुरू हो जाएगी। गेहूं-चावल का उठान हो गया है लेकिन चूंकि सभी सामानों का वितरण एक साथ करना है, लिहाजा रिफाइंड-चना व नमक के साथ उपभोक्ताओं तक राशन पहुंचने में दस से 15 दिन का समय लग सकता है।
राशन वितरण न होने से कार्ड धारकों में काफी ज्यादा नाराजगी है। अप्रैल माह का दो राशन मई माह में तक नहीं बंटा, जिससे कार्डधारक परेशान हैं। कई बार कोटेदारों और उपभोक्ताओं में विवाद की स्थिति भी पैदा हो रही है। वहीं कोटेदारों का कहना है कि गेहूं-चावल तो उपलब्ध है लेकिन चना, रिफाइन व नमक की उपलब्धता नहीं होने के कारण उच्चाधिकारियों के निर्देश पर वितरण नहीं हो रहा है। ई-पास मशीन बन्द पड़ी है। मशीन जब तक बन्द है, राशन वितरण नहीं किया जा सकता। वहीं राशन वितरण न होने से कई परिवार के लोग परेशानी का सामना कर रहे हैं।
बलिया
शिक्षा पदम सम्मान 2025 से सम्मानित हुए हाली पाथ कॉन्वेंट स्कूल के युवा निदेशक डॉ. परवेज अंसारी
हिमाचल प्रदेश के प्रतिष्ठित हिलटॉप पब्लिक स्कूल में आयोजित भव्य सम्मान समारोह में हाली पाथ कॉन्वेंट स्कूल के युवा निदेशक डॉ. परवेज अंसारी को “शिक्षा पदम सम्मान 2025” से सम्मानित किया गया। यह सम्मान उन्हें शिक्षा के क्षेत्र में उनके 10 वर्षों से अधिक की समर्पित सेवा और अभिनव प्रयासों के लिए प्रदान किया गया।
डॉ. अंसारी की नेतृत्व क्षमता और शिक्षा के प्रति प्रतिबद्धता ने स्कूल को नई ऊँचाइयों तक पहुँचाया है। उनके मार्गदर्शन में हाली पाथ कॉन्वेंट स्कूल ने गुणवत्तापूर्ण शिक्षा, आधुनिक शिक्षण पद्धतियों और विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास पर विशेष ध्यान दिया है।
सम्मान प्राप्त करने के बाद डॉ. परवेज अंसारी ने कहा —
“यह सम्मान मेरे लिए प्रेरणा का स्रोत है। मैं शिक्षा के क्षेत्र में लगातार नवाचार और सुधार के लिए प्रयासरत रहूँगा।”
उनकी इस उपलब्धि से न केवल स्कूल परिवार बल्कि पूरे जनपद में गर्व की भावना व्याप्त है।
फेफना
दिखाया जज़्बा: जमुना राम मेमोरियल स्कूल के कराटे वीरों ने जीते 22 पदक, बलिया में बजाया अपना डंका
बलिया के बापू भवन में आयोजित 2nd Gyanti Devi Memorial Cup District Karate Championship 2K25 में जिले के लगभग 15 विद्यालयों ने भाग लिया। इस प्रतियोगिता में जमुना राम मेमोरियल स्कूल, मानपुर चितबड़ागांव के 22 छात्रों ने प्रतिभाग कर दमखम दिखाया।
शानदार प्रदर्शन करते हुए स्कूल के 12 छात्रों ने स्वर्ण पदक , 6 ने रजत पदक और 4 ने कांस्य पदक हासिल किए। छात्रों की इस उपलब्धि ने न केवल विद्यालय का नाम रोशन किया बल्कि माता-पिता और क्षेत्र को भी गौरवान्वित किया।
विद्यालय के प्रधानाचार्य अबरी के.बी. एवं प्रबंध निदेशक तुषार नंद जी ने विजेताओं को बधाई देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की। उन्होंने कहा कि इस प्रकार की प्रतियोगिताएं बच्चों में आत्मविश्वास, अनुशासन और शारीरिक स्फूर्ति को बढ़ावा देती हैं।
विद्यालय प्रबंधन ने यह भी आश्वस्त किया कि भविष्य में भी छात्र ऐसे आयोजनों में भाग लेकर और बेहतर प्रदर्शन करेंगे।
featured
बलिया की राजनीति में हलचल: भानु दुबे जल्द कर सकते हैं सपा जॉइन, अटकलों का बाजार गर्म
बलिया।
बलिया के प्रमुख सामाजिक नेता भानु दुबे जल्द ही समाजवादी पार्टी (सपा) जॉइन कर सकते हैं। हाल ही में उनके सोशल मीडिया पोस्ट और गतिविधियों से इस बात के कयास तेज हो गए हैं। सूत्रों से मिली जानकारी के अनुसार, पिछले कुछ दिनों से भानु दुबे लगातार सपा के बड़े नेताओं से मुलाकात कर रहे हैं। उनकी इन मुलाकातों और नेताओं के काफिलों में देखे जाने के बाद यह चर्चा और तेज हो गई है कि वे जल्द ही सपा का दामन थाम सकते हैं।
भानु दुबे को ब्राह्मण समाज का बड़ा चेहरा माना जाता है। सामाजिक स्तर पर उनकी लोकप्रियता भी युवाओं में काफी मजबूत है। अगर वे सपा में शामिल होते हैं तो न केवल बलिया में पार्टी को मजबूती मिलेगी, बल्कि आगामी 2027 विधानसभा चुनाव में बलिया सदर सीट से उनकी दावेदारी भी बेहद मजबूत मानी जा रही है।
राजनीतिक जानकारों का मानना है कि भानु दुबे के सपा में आने से बलिया की राजनीति में नया समीकरण बन सकता है। और यह फैसला पूरे जिले के राजनीतिक परिदृश्य को बदल सकता है।
अब देखना दिलचस्प होगा कि भानु दुबे कब और किस मंच से सपा की सदस्यता ग्रहण करते हैं और इसके बाद जिले की राजनीति कौन सा नया मोड़ लेती है।


