बलिया स्पेशल
सलेमपुर सीट से पहली महिला उमीदवार, जानें कौन हैं धर्म गुरु पूजा पांडेय ?
बलिया- लोकसभा चुनाव के लिए शिवपाल यादव की प्रगतिशील समाजवादी पार्टी (प्रसपा) और डॉ. अय्यूब की पीस पार्टी गठबंधन ने सलेमपुर लोकसभा सीट से धर्म गुरु पूजा पांडेय को अपना प्रत्याशी बनाया है. जिसको लेकर इलाके में काफ़ी चर्चा हैं.
पूजा पांडेय सामाजिक कार्यकर्ता के साथ-साथ धर्म गुरु भी हैं. इसी के साथ सलेमपुर लोकसभा सीट में पूजा पांडेय के नाम एक रिकॉर्ड तो दर्ज हो ही गया. वो इस सीट से किसी भी पार्टी की पहली महिला प्रत्याशी हैं.
पूजा पांडेय का ये दावा है की वो 5 साल की उम्र से शिवसाधक हैं, बचपन से ही प्रवचन के साथ साथ सामाजिक कार्यों को भी कर रही हैं. अपने जीवन की तकरीबन आधी उम्र सामाजिक कार्यों में समर्पित कर चुकी पूजा पांडेय ज्योतिष विज्ञान में स्नातक हैं. बलिया के बांसडीह विधानसभा की रहने वाली पूजा कई सामाजिक, धार्मिक संगठनों की सदस्य होने के साथ आयुर्वेदिक मेडिसिन का व्यवसाय भी करती हैं. इस वजह से समाज में उनकी काफी पकड़ है.
राजनीति में आने के मकसद पर बात करते हुए पूजा पाण्डेय ने बलिया ख़बर को बताया ‘मैं यहाँ सिर्फ इसी मकसद से आई हूँ कि अपने घर को साफ़ करना है’. सलेमपुर के नेताओं और अपने विरोधियों पर बिना नाम लिए निशाना साधते हुए, उन्होंने कहा- यहाँ बड़े-बड़े मगरमच्छ आते हैं और जनता को खा कर निगल जाते हैं, मैं सिर्फ उन मगरमच्छो से जनता को बचाने आई हूँ”
आप को बता दें की सलेमपुर लोकसभा सीट से अब तक भाजपा ने पूर्व सांसद रविन्द्र कुशवाहा को प्रत्याशी बनाया हैं, वहीँ गठबंधन की तरफ से बसपा प्रदेश अध्यक्ष के नाम को लेकर चर्चा जोरो पर है हालाँकि पार्टी ने अभी आधिकारिक घोषणा नहीं की है. वहीँ कांग्रेस ने भी अभी इस सीट को लेकर पूरी तरह पत्ते नहीं खोले है.
जानकारी के लिए बता दें कि सलेमपुर संसदीय क्षेत्र के अंतर्गत 5 विधानसभा क्षेत्र भाटपार रानी, सलेमपुर (अनुसूचित जाति), बेल्थरा रोड (अनुसूचित जाति), सिकंदरपुर और बांसडीह आते हैं.
2017 विधानसभा चुनाव की बात करें तो देवरिया जिले में पड़ने वाले भाटपार रानी और बलिया जिले में आने वाले बांसडीह विधानसभा क्षेत्र पर समाजवादी पार्टी ने कब्ज़ा किया था तो वहीँ देवरिया का सलेमपुर, बलिया का बेल्थरा रोड और सिकंदरपुर भाजपा के कब्ज़े में है.
एक तरह से देखा जाए तो सलेमपुर लोकसभा सीट पर पिछले 30 सालों में समाजवादी पार्टी का दबदबा रहा है. बीजेपी तो पिछली बार मोदी लहर में यह सीट निकालने में कामयाब रही है. इस बदले समीकरण में बीजेपी के लिए यह सीट निकाल पाना आसान नहीं दिख रहा.
featured
बी.एन. इंटरनेशनल स्कूल में विज्ञान प्रदर्शनी का भव्य आयोजन
बलिया। नारायणपुर स्थित बी.एन. इंटरनेशनल स्कूल में शनिवार को विज्ञान प्रदर्शनी का शानदार आयोजन किया गया। विद्यार्थियों ने विज्ञान के विभिन्न आयामों पर आधारित अपने मॉडल प्रदर्शित कर सबको प्रभावित किया। उनकी सृजनशीलता और तकनीकी कौशल को देखकर अतिथि, अभिभावक व आगंतुक मंत्रमुग्ध रह गए।
कार्यक्रम का शुभारंभ क्षेत्र के विख्यात एवं सेवानिवृत्त मुख्य अभियंता श्री विनोद कुमार सिंह द्वारा दीप प्रज्वलित कर किया गया। इस अवसर पर विद्यालय के प्राचार्य श्री बलविंदर सिंह, अभिभावकों तथा पूर्व छात्रों की उल्लेखनीय उपस्थिति रही, जिन्होंने बच्चों का उत्साहवर्धन किया।
प्राचार्य श्री बलविंदर सिंह ने कहा कि इस प्रकार की गतिविधियाँ छात्रों में नवाचार, शोध क्षमता और वैज्ञानिक सोच को बढ़ावा देती हैं। विद्यालय प्रबंधन ने सभी अतिथियों व प्रतिभागी छात्रों का आभार व्यक्त किया।
featured
फेफना खेल महोत्सव : कबड्डी फाइनल में जमुना राम मेमोरियल स्कूल की बेटियों का दमदार प्रदर्शन
बलिया, 3 दिसंबर 2025। फेफना खेल महोत्सव 2025 के तहत आज बालिका वर्ग की कबड्डी प्रतियोगिता का फाइनल मुकाबला रोमांच और जोश से भरपूर रहा। खिताबी जंग जमुना राम मेमोरियल स्कूल, चितबड़ागांव और मर्चेंट इंटर कॉलेज, बलिया के बीच खेली गई।
कड़े संघर्ष से भरे इस मैच में जमुना राम मेमोरियल स्कूल की बालिकाओं ने शानदार कौशल, साहस और टीमवर्क का परिचय दिया। अंतिम मिनटों तक चले रोमांचक मुकाबले में शानदार प्रदर्शन करते हुए टीम ने उपविजेता का खिताब हासिल किया।

पूर्व खेल मंत्री ने बढ़ाया खिलाड़ियों का उत्साह
फाइनल मुकाबले में मुख्य अतिथि के रूप में पहुंचे पूर्व खेल मंत्री श्री उपेंद्र तिवारी ने दोनों टीमों से भेंट कर उनका हौसला बढ़ाया। मैच के बाद उन्होंने विजेता और उपविजेता टीमों को मेडल व ट्रॉफी प्रदान कर सम्मानित किया।

विद्यालय परिवार में उत्सव जैसा माहौल
विद्यालय के प्रबंधक निदेशक इंजीनियर तुषार नंद ने छात्राओं को बधाई देते हुए कहा कि बेटियों का यह प्रदर्शन स्कूल के लिए गर्व की बात है।
प्रधानाचार्य अरविंद चौबे और क्रीड़ा शिक्षक सरदार मोहम्मद अफजल ने भी टीम की उपलब्धि पर खुशी व्यक्त करते हुए खिलाड़ियों के उज्ज्वल भविष्य की कामना की।
बलिया स्पेशल
बलिया पहुंचीं राज्यपाल आनंदीबेन पटेल, जेएनसीयू के दीक्षांत समारोह का किया शुभारंभ
बलिया। जननायक चंद्रशेखर विश्वविद्यालय (जेएनसीयू) के दीक्षांत समारोह में मंगलवार को प्रदेश की राज्यपाल आनंदीबेन पटेल मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुईं। उनके आगमन पर विश्वविद्यालय के कुलगीत के साथ उनका गर्मजोशी से स्वागत किया गया।
राज्यपाल ने दीप प्रज्वलन कर समारोह का शुभारंभ किया और मेधावी छात्रों को पदक पहनाकर सम्मानित किया। कार्यक्रम में कुलपति, शिक्षकों और छात्रों ने राज्यपाल का अभिनंदन किया।
इस अवसर पर राज्यपाल ने छात्रों से कहा कि वे शिक्षा के साथ सामाजिक जिम्मेदारी को भी समझें और देश के विकास में योगदान दें। उन्होंने विश्वविद्यालय प्रशासन को भी बधाई दी और बेहतर शैक्षणिक माहौल बनाए रखने की सराहना की।
समारोह में जिले के कई गणमान्य व्यक्ति, जनप्रतिनिधि और अभिभावक बड़ी संख्या में उपस्थित रहे।


