featured
विधायक सुरेंद्र सिंह के आरोप पर विनय सिंह का सुबूतों के साथ पलटवार !

बलिया डेस्क : बीजेपी सांसद वीरेंद्र सिंह मस्त के भांजे विनय सिंह ने बैरिया से विधायक सुरेंद्र सिंह के उन आरोपों का जवाब देते हुए जमींन से जुड़े कुछ और दस्तावेज़ जारी किये हैं, जिसमें उन्हें मेले की ज़मीन हड़पने वाला बताया गया था। विनय ने ज़मीन से जुड़े दस्तावेज़ पेश करते हुए, विधायक के आरोपों को बेबुनियाद बताया।
विनय सिंह का कहना है कि विधायक ने उन पर जो आरोप लगाए हैं वो द्वेष के कारण लगाए हैं। वो बेबुनियाद आरोप के ज़रिए बलिया की जनता को गुमराह करना चाहते हैं, जबकि सच्चाई ये है कि उन्होंने जो ज़मीन खरीदी है, उसका मेले की ज़मीन से कोई संबंध नहीं है।
ये बातें विनय सिंह ने मीडिया कि मौजूदगी में कहीं थी। इस दौरान उनके साथ वो किसान भी मौजूद थे, जिनसे उन्होंने ज़मीन खरीदी है। विनय सिंह ने बताया कि उन्होंने इब्राहिमाबाद स्थित ज़मीन जिसे सुदिष्ट बाबा मेले कि ज़मीन बताया जा रहा है, को किसानों से सरकार को राजस्व देकर खरीदा है।
उन्होंने यहां ये भी साफ किया कि ज़मीन को उनकी कंपनी द्वारा खरीदा गया है, जिसका सांसद वीरेंद्र सिंह मस्त से कोई लेना देना नहीं है। कंपनी ने जिस ज़मीन को खरीदा है, वो ग्राम समाज की नहीं है, वो किसानों की निजी जमीन है।
जिसपर उनका पुश्तैनी मालिकाना हक है। उन्होंने ये भी स्पष्ट किया कि उनकी कंपनी ने ये ज़मीन किसानों से कोई ज़ोर ज़बरदस्ती से नहीं खरीदी। उन्होंने विधायक सुरेन्द्र सिंह पर हमला बोलते हुए कहा कि फर्जी और गलत काम करने वाले व्याकुल जो रहे हैं , इसकी जानकारी सभी को है।
उन्होंने कहा कि जमीन का मालिकाना हक निर्धारित करने का काम राजस्व विभाग व न्यायालय का है , इसे कोई व्यक्ति तय नहीं कर सकता। बता दें कि विनय सिंह की कंपनी ने इब्राहिमाबाद में 18 बीघा ज़मीन खरीदी है। सुरेंद्र सिंह ने आरोप लगाया है कि ये ज़मीन ग्राम समाज की है, जिसपर विनय सिंह ने अन्य लोगों के साथ मिलकर अवैध तरीके से कब्ज़ा कर लिया है।
सुरेंद्र सिंह ने अपने आरोप में 25 बीघा ज़मीन का ज़िक्र किया है, जबकि दस्तावेजों के मुताबिक़ विनय सिंह ने 18 बीघा ज़मीन की ही रजिस्ट्री कराई है। मिली जानकारी के मुताबिक़, मेले की ज़मीन सिर्फ 17 एकड़ ही थी, लेकिन बाद में मेले के प्रसार के साथ ही तकरीबन 25 बीघा ज़मीन पर मेला लगने लगा। लेकिन मेले का फैलाव किसानों की जमीन पर हुआ, जिसे अब किसानों ने विनय सिंह को बेच दिया है।













featured
बलिया में लू की स्थिति, अधिकतम तापमान 42 डिग्री तक पहुंचा

उत्तर प्रदेश में पिछले सप्ताह झुलसाने वाली गर्मी के बाद अब लू की तीव्रता में थोड़ी कमी आई है। कई जगहों पर अधिकतम तापमान 40 डिग्री सेल्सियस से नीचे दर्ज किया गया। राजधानी लखनऊ में रविवार को अधिकतम तापमान 39.4 डिग्री सेल्सियस रहा, जबकि रात का तापमान सामान्य से 4.4 डिग्री अधिक, यानी 27.5 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच गया।
अगले 24 घंटे के मौसम पूर्वानुमान के अनुसार लखनऊ में आसमान मुख्यतः साफ रहेगा या आंशिक रूप से बादलों से घिरा रहेगा। अधिकतम तापमान 40 डिग्री और न्यूनतम 20 डिग्री सेल्सियस के आसपास रहने की संभावना है।
हालांकि, पूर्वी उत्तर प्रदेश के बलिया, बहराइच, सुल्तानपुर और गाज़ीपुर में लू जैसी स्थितियाँ बनी रहीं। रविवार को बलिया में अधिकतम तापमान 42 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो सामान्य से 3.4 डिग्री अधिक था।
पश्चिमी उत्तर प्रदेश में मौसम शुष्क बना रहने की संभावना है, जबकि पूर्वी हिस्सों में कहीं-कहीं वर्षा या गरज-चमक के साथ बौछारें पड़ सकती हैं। भारतीय मौसम विभाग (IMD) ने पूर्वी यूपी के कुछ इलाकों में आंधी, बिजली गिरने और 40-50 किमी प्रति घंटा की रफ्तार से तेज़ हवाएं चलने की चेतावनी जारी की है।
राज्य में सबसे कम न्यूनतम तापमान मुज़फ्फरनगर में 18.8 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया।
featured
बलिया के फेफना में बस्ती में लगी भीषण आग, दर्जनों परिवार बेघर, लाखों की संपत्ति खाक

बलिया में शनिवार की दोपहर उस समय अफरा-तफरी मच गई जब फेफना कस्बे की राजभर बस्ती में अचानक आग भड़क उठी। तेज़ लपटों और धुएं ने कुछ ही मिनटों में दर्जनों झोपड़ियों को निगल लिया। लोग जब तक कुछ समझ पाते, तब तक उनकी मेहनत की कमाई और आशियाने जलकर खाक हो चुके थे।
इस दर्दनाक घटना में झोपड़ियों में रखा घर का सारा सामान, कपड़े, अनाज, नकदी, गहने और मवेशी तक आग की भेंट चढ़ गए। आग की भयावहता का अंदाज़ा इसी बात से लगाया जा सकता है कि सिलेंडरों में विस्फोट के चलते आग ने न केवल झोपड़ियों को, बल्कि आसपास के पक्के मकानों को भी अपनी चपेट में ले लिया।
स्थानीय लोगों ने बाल्टी और पानी के जरिए आग पर काबू पाने की कोशिश की, लेकिन तब तक लपटें विकराल रूप ले चुकी थीं। किसी ने तुरंत फायर ब्रिगेड को सूचना दी, जिसके बाद दो टीमें मौके पर पहुंचीं और कड़ी मशक्कत के बाद आग बुझाई जा सकी।
इस भीषण हादसे में सरल, अमावस, मुन्ना, चेतन, सोमारू, जुगुल, रामजी, श्रीराम, भीम, बुद्धू, भोला और मुकेश जैसे कई परिवारों के घर पूरी तरह जलकर बर्बाद हो गए। लाखों की संपत्ति और पशुधन नष्ट हो गया। सरल की 10 बकरियां और 2 भैंसें, वहीं अमावस की 5 बकरियां और 2 भैंसें जल गईं। एक भैंस झुलस गई है, जिसका इलाज चल रहा है। सभी के घरों में रखा अनाज—गेहूं और मसूर—भी जल गया।
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस ने मौके पर पहुंचकर हालात का जायजा लिया और राजस्व विभाग को सूचित किया। पीड़ित परिवार अब खुले आसमान के नीचे जीवन बिताने को मजबूर हैं और सरकारी मदद की बाट जोह रहे हैं।
featured
पहलगाम में हुई टारगेट किलिंग के विरोध में बलिया में प्रदर्शन, पाकिस्तान का पुतला फूंका

जम्मू-कश्मीर के पहलगाम में आतंकियों द्वारा की गई निर्दोष नागरिकों की हत्या के विरोध में उत्तर प्रदेश के बलिया जिले में लोगों का गुस्सा सड़कों पर फूट पड़ा। अखिल भारतीय कायस्थ महासभा के नेतृत्व में टीडी कॉलेज चौराहे पर विरोध प्रदर्शन का आयोजन किया गया, जिसमें बड़ी संख्या में लोगों ने भाग लिया।
प्रदर्शनकारियों ने पाकिस्तान और आतंकवाद के खिलाफ जोरदार नारेबाजी करते हुए अपना आक्रोश जताया। इस दौरान पाकिस्तान का पुतला भी जलाया गया, जो जनमानस के गहरे आक्रोश का प्रतीक बना।
आक्रोशित प्रदर्शनकारियों ने कहा कि पहलगाम में मासूम लोगों की हत्या ने पूरे देश को झकझोर कर रख दिया है और अब आतंकवाद को जड़ से खत्म करने की ज़रूरत है। उन्होंने केंद्र सरकार से मांग की कि आतंकवाद को संरक्षण देने वाले तत्वों और देशों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाए।
प्रदर्शनकारियों ने चेतावनी दी कि अगर समय रहते ठोस कदम नहीं उठाए गए, तो आतंकवादी गतिविधियां भारत की सुरक्षा के लिए गंभीर खतरा बनी रहेंगी। साथ ही उन्होंने वैश्विक समुदाय से भी आतंकवाद के समूल नाश की अपील की।
-
featured2 weeks ago
बलिया में 60 वर्षीय व्यक्ति की धारदार हथियार से मारकर हत्या!
-
बलिया2 weeks ago
बलिया में 373 पुलिसकर्मियों का तबादला, यहां देखिए लिस्ट
-
बलिया1 week ago
बलिया के फेफना थाना क्षेत्र में दर्दनाक सड़क हादसा, दो युवकों की मौत
-
featured2 weeks ago
बलिया के ताइक्वांडो खिलाड़ियों ने यूपी स्टेट प्रतियोगिता में बटोरी चमक, 11 पदक जीते
-
बलिया2 weeks ago
बलिया में लेखपालों का बड़ा फेरबदल, आठ साल से एक ही जगह जमे कर्मचारियों का हुआ ट्रांसफर
-
बलिया1 week ago
बलिया एसिड अटैक केस में बड़ा फैसला, दोषी को 10 साल की कैद और 25 हजार का अर्थदंड
-
बलिया2 weeks ago
बलियावासियों के लिए खुशख़बरी, मुंबई से छपरा के बीच चलेगी समर स्पेशन ट्रेन
-
बलिया1 week ago
बलिया में नगर पालिका विस्तार के खिलाफ ग्रामीणों का विरोध, कलेक्ट्रेट पर सौंपा ज्ञापन