featured
बलिया के इन 83 गांवों को जल्द ही मिलेंगे नए कोटेदार, यहाँ देखें पूरी लिस्ट !
बलिया डेस्क : बलिया में रिक्त चल रही सार्वजनिक वितरण प्रणाली की उचित दर की 83 दुकानों को जल्द ही कोटेदार मिल जाएंगे। इसके लिए प्रशासन ने सितंबर माह में पूरा करने का लक्ष्य निर्धारित किया है। आयुक्त खाद्य एवं रसद विभाग द्वारा जारी शासनादेश के अनुपालन में जारी जिला पूर्ति अधिकारी के आदेश में यह स्पष्ट किया गया है कि रिक्त दुकानों की नियुक्तियों में ग्राम्य विकास विभाग के अंतर्गत कार्यरत स्वयं सहायता समूहों को प्रथम वरीयता दी जाएगी।
जनपद में उपलब्ध उचित दर की दुकानों के उपलब्ध ऑनलाइन रिपोर्ट की समीक्षा के आधार पर यह पाया गया है कि जिले में कुल 1332 दुकानों के सापेक्ष 83 उचित दर की दुकानें रिक्त चल रहीं हैं। इन दुकानों को निर्धारित व्यवस्था के अंतर्गत विशेष अभियान चलाकर रिक्तियों को समाप्त किया जाना है। इसके अलावा 37 उचित दर की दुकानें निलंबित हैं जिन्हें तत्काल प्रभाव से निस्तारित करने के लिए निर्देश जारी किए गए हैं।
इन्हें मिलेगी वरीयता- इस संबंध में समस्त उपजिलाधिकारी व खंड विकास अधिकारी को निर्देशित भी किया जा चुका है। यही नहीं जिन दुकानों पर न्यायालय से कोई स्थगन आदेश न हो उन्हें भी शासनादेश के तहत आरक्षण के अनुसार एक पखवारे के भीतर खुली बैठक में नए उचित दर विक्रेता के संबंध में प्रस्ताव प्राप्त कर संबंधित अधिकारी को प्रेषित करने को कहा गया है।
आदेश में यह भी कहा गया है कि दुकानों के आवंटन में स्वयं सहायता समूहों को प्रथम वरीयता देने के साथ मिट्टी तेल के फुटकर विक्रेता जिनका लाइसेंस खाद्य एवं रसद विभाग द्वारा 22 मार्च 2018 को निरस्त कर दिए गए थे उन्हें वरीयता प्रदान की जाए। इस आदेश के बाद कोटे की दुकानों के चयन को लेकर हलचल शुरू हो गई है।
ये हैं जिले में रिक्त कोटे की दुकानें– रिक्त दुकानों में गड़वार ब्लाक की सात जिसमें जिगनी (जिगनहरा), आसन (1) व आसन (2) कोडरा, कोटवा, नारायन पाली, अमडरिया शामिल है। वहीं दुबहड़ ब्लाक की नौ दुकानें माधोपुर, पटखौली, शिवपुर दियर नंबरी, सुरेमनपुर उर्फ पीपरपाती, छपरा, विशनपुरा, दुबहड़, संवरुबांध, टघरौली हैं।
जबकि बेलहरी ब्लाक की पांच दुकानों में बिगहीं, जवहीं, भरसौता, उदवंत छपरा व पुरास, सोहांव ब्लाक की चार कारो, तेतारपुर, नरही, दुलारपुर, हनुमानगंज ब्लाक की छह छोड़हर, थम्हनपुरा, कटरिया, रामपुर महावल, चेरुईया, हैबतपुर, नवानगर ब्लाक की दो सिसोटार व कुंडीडीह, पंदह ब्लाक की तीन पकड़ी, सहुलाई, पूर, मनियर ब्लाक की तीन धसका, रिगवन व मानिकपुर में दकानों का चयन होना है।
इसके अलावा बेरुआरबारी में नरायनपुर व कैथवली, बांसडीह ब्लाक के पिडहरा, दुहिमुसी, सरांक, बंकवा, चांदपुर व बिजलीपुर, रेवती ब्लाक के आसमानपुर, रामपुर मसरीब, छपरा सारिव व मानसिंह छपरा तथा मुरलीछपरा ब्लाक में कोडहरा नौबरार, श्रीपतपुर व सुकरौली, बैरिया ब्लाक में चकगिरधर, दुर्जनपुर (1) व दुर्जनपुर (2), नवकागांव (1), नवकागांव (2), श्रीकांतपुर, बैरिया, विशुनपुरा सहित रसड़ा ब्लाक में कामशीपुर, परसिया, कोप, सिसवार खुर्द, भरतपुर उर्फ माधोपुर में दुकान का चयन होना है।
वहीं चिलकहर ब्लाक के गौरा, खलीलपुर, कदरा, नगरा ब्लाक में सोनाडीह, परसिया, गौवापार, करनी, हब्सापुर, बराइच, जमुआ खामपुर, बराडीह लवाईपट्टी, ककरी, सिकंदरपुर, पालचंद्रहा व खानपुर नवादा गांव के अलावा सीयर ब्लाक के उभांव गांव की राशन दुकान का चयन किया जाना है।
क्या बोले जिलापूर्ति अधिकारी– कृष्ण गोपाल पांडेय के मुताबिक रिक्त चल रही सरकारी सस्ते गल्ले की दुकानों के चयन हेतु जिलाधिकारी ने निर्देश दिया है। इसी माह में इसे पूरा करने का लक्ष्य निर्धारित किया गया है। दुकान चयन में स्वयं सहायता समूह व आरक्षण को प्राथमिकता देनी है।
featured
बलिया BJP की इनसाइड स्टोरी! संगठन में पद की लड़ाई अश्लील वीडियो तक आई?
बलिया। बांसडीह में भाजपा से जुड़ी महिला कार्यकर्ता के निजी वीडियो के कथित प्रसार को लेकर दर्ज मुकदमे ने अब संगठन के भीतर चल रही कथित खींचतान की चर्चाओं को भी हवा दे दी है। सवाल उठ रहा है कि क्या संगठन में पद और प्रभाव की लड़ाई का विवाद इतना बढ़ गया कि मामला निजी वीडियो तक जा पहुंचा? सूत्रों के मुताबिक, इस पूरे प्रकरण के पीछे संगठन में पद पाने की कथित होड़ और आपसी राजनीतिक खींचतान का एंगल भी सामने आ रहा है। हालांकि इन दावों की स्वतंत्र पुष्टि नहीं हुई है और पुलिस जांच में ही वास्तविक तस्वीर साफ होगी।
क्या है पूरा मामला?: बांसडीह थाना क्षेत्र में भाजपा से जुड़ी एक महिला कार्यकर्ता ने पुलिस में शिकायत देकर आरोप लगाया कि उसका निजी वीडियो उसकी अनुमति के बिना प्रसारित किया जा रहा है। शिकायत के आधार पर पुलिस ने तीन लोगों के खिलाफ सूचना प्रौद्योगिकी अधिनियम की धारा 67 के तहत मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू की है।
मामले में नामजद आरोपियों में भाजपा से जुड़े पदाधिकारियों के नाम होने की बात सामने आई है। महिला ने अपनी शिकायत में बताया है कि वीडियो कॉल के दौरान उसका निजी वीडियो बनाए जाने और बाद में उसके प्रसारित होने की जानकारी उसे बातचीत के दौरान मिली। शिकायतकर्ता ने पुलिस को संबंधित बातचीत के ऑडियो-वीडियो साक्ष्य उपलब्ध होने की बात भी कही है।
पद की कथित लड़ाई से जुड़ा दूसरा एंगल : सूत्रों के मुताबिक, इस पूरे मामले की एक दूसरी तस्वीर भी सामने आ रही है। सूत्रों का दावा है कि संगठन में पद और जिम्मेदारी को लेकर कुछ लोगों के बीच कथित तौर पर अंदरूनी खींचतान चल रही थी। इसी खींचतान के बीच विवाद ने ऐसा रूप लिया कि कुछ लोगों ने कथित तौर पर एक-दूसरे को निशाने पर लेने और फंसाने के लिए मामले का फायदा उठाया।
सूत्रों का यह भी कहना है कि संगठनात्मक पद को लेकर चल रही प्रतिस्पर्धा के बीच व्यक्तिगत विवाद भी जुड़ता चला गया और आखिरकार मामला पुलिस तक पहुंच गया। हालांकि, यह दावा फिलहाल सूत्रों के हवाले से है। पुलिस जांच में इसकी पुष्टि होना बाकी है कि कथित संगठनात्मक खींचतान का इस मामले से वास्तव में कोई सीधा संबंध है या नहीं।
जिले से लेकर लखनऊ तक मामला पहुंचाने की होड़?: इस पूरे प्रकरण को लेकर सूत्र एक और महत्वपूर्ण दावा कर रहे हैं। सूत्रों के मुताबिक, जिले से जुड़े भाजपा के कुछ प्रभावशाली नेता कथित तौर पर मामले को दबाने की कोशिश में जुटे हैं, जबकि दूसरी ओर कुछ नेता इस प्रकरण को लखनऊ तक पहुंचाने की कोशिश कर रहे हैं।
यानी एक तरफ मामले को स्थानीय स्तर पर संभालने और शांत कराने की कोशिश की चर्चा है, तो दूसरी तरफ इसे पार्टी के उच्च स्तर तक ले जाने की कवायद की बात सामने आ रही है। सूत्रों का दावा है कि इसके पीछे भी संगठन में पद और प्रभाव को लेकर चल रही अंदरूनी खींचतान एक वजह हो सकती है।
राजनीतिक हलकों में चर्चा तेज: मामले में भाजपा से जुड़े पदाधिकारियों के नाम सामने आने के बाद स्थानीय राजनीतिक हलकों में भी चर्चा तेज हो गई है। पुलिस की जांच, डिजिटल साक्ष्य और शिकायतकर्ता की ओर से उपलब्ध कराए गए कथित वीडियो एवं अन्य साक्ष्यों के आधार पर ही पूरे मामले की वास्तविक तस्वीर सामने आएगी।
फिलहाल बांसडीह पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। अब जांच में यह स्पष्ट होना बाकी है कि यह मामला केवल निजी वीडियो के कथित प्रसार का है या इसके पीछे संगठनात्मक पद की कथित लड़ाई, आपसी विवाद और राजनीतिक खींचतान की भी कोई भूमिका रही है।
featured
मेजर ध्यानचंद जयंती पर जमुना राम मेमोरियल स्कूल में खेल सप्ताह का आगाज, कबड्डी में खिलाड़ियों ने दिखाया दमखम
चितबड़ागांव (बलिया)। हॉकी के जादूगर मेजर ध्यानचंद की जयंती के उपलक्ष्य में जमुना राम मेमोरियल स्कूल, चितबड़ागांव में 29 अगस्त से खेल-कूद सप्ताह का भव्य शुभारंभ हुआ। आयोजन के तहत विद्यालय के चारों हाउस—रेड, ग्रीन, ब्लू और येलो—के बालक एवं बालिका वर्ग के बीच कबड्डी प्रतियोगिता कराई गई।
बालिका वर्ग में ग्रीन हाउस ने रेड हाउस को 12-10 के रोमांचक मुकाबले में हराया, जबकि येलो हाउस ने ब्लू हाउस को 20-15 से शिकस्त दी। बालिका वर्ग का खिताबी मुकाबला अगले दिन खेला जाएगा।
वहीं, बालक वर्ग में ब्लू हाउस ने शानदार प्रदर्शन करते हुए येलो हाउस को 15-8 के अंतर से हराकर जीत दर्ज की। मुकाबलों के दौरान खिलाड़ियों ने जोश, अनुशासन और टीम भावना का शानदार प्रदर्शन किया।

इस अवसर पर विद्यालय के प्रबंध निदेशक इंजीनियर तुषारनंद ने कहा कि मेजर ध्यानचंद का जीवन अनुशासन, समर्पण और देशप्रेम की प्रेरणा देता है। उन्होंने कहा कि खेल केवल हार-जीत तक सीमित नहीं है, बल्कि यह विद्यार्थियों में चरित्र निर्माण और टीम भावना विकसित करने का महत्वपूर्ण माध्यम है।

प्रधानाचार्य अजीत कुमार सिंह ने कहा कि विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास के लिए शिक्षा के साथ खेलकूद भी बेहद जरूरी है। ऐसे आयोजनों से बच्चों की प्रतिभा को निखरने का अवसर मिलता है।
कार्यक्रम के दौरान इंचार्ज अरविंद चौबे, इंचार्ज नीतू मिश्रा और हैंडबॉल प्रशिक्षक मनोज कुमार पाण्डेय ने खिलाड़ियों का उत्साहवर्धन करते हुए उन्हें शुभकामनाएं दीं।
featured
जमुना राम मेमोरियल स्कूल में धूमधाम से मना 80वां स्वतंत्रता दिवस, बच्चों की प्रस्तुतियों ने बांधा समां
बलिया। जमुना राम मेमोरियल स्कूल, मानपुर चितबड़ागांव में 15 अगस्त को 80वां स्वतंत्रता दिवस हर्षोल्लास, उमंग और देशभक्ति की भावना के साथ मनाया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ मुख्य अतिथि प्रोफेसर धर्मात्मा नंद ने मां सरस्वती की पूजा-अर्चना एवं ध्वजारोहण के साथ किया।

ध्वजारोहण के बाद विद्यालय के नन्हे-मुन्ने बच्चों ने रंगारंग सांस्कृतिक कार्यक्रमों की शानदार प्रस्तुति दी। बच्चों ने भगत सिंह, चंद्रशेखर आजाद और रानी लक्ष्मीबाई जैसे महान स्वतंत्रता सेनानियों के प्रतीकात्मक रूप धारण कर उनके त्याग, संघर्ष और देशभक्ति की गाथा को प्रभावशाली ढंग से प्रस्तुत किया।

कार्यक्रम की शुरुआत नंदिनी मिश्रा की मधुर आवाज में प्रस्तुत गीत ‘चिट्ठी आई है’ से हुई। उनकी प्रस्तुति ने मौजूद लोगों को भाव-विभोर कर दिया। इसके बाद ‘जहां डाल-डाल पर सोने की चिड़िया’ और ‘भारत की जान है तिरंगा’ जैसे देशभक्ति गीतों ने पूरे विद्यालय परिसर को राष्ट्रप्रेम की भावना से भर दिया।
कक्षा 11 के शारीरिक शिक्षा के विद्यार्थियों ने योग के विभिन्न आसनों का शानदार प्रदर्शन कर अपनी प्रतिभा का परिचय दिया। वहीं प्री-प्राइमरी एवं प्राइमरी के बच्चों ने ‘फिर भी दिल है हिंदुस्तानी’ गीत पर मनमोहक प्रस्तुति देकर कार्यक्रम में देशभक्ति के रंग भर दिए। कक्षा 8 की छात्राओं द्वारा पारंपरिक कजरी गीत पर प्रस्तुत नृत्य कार्यक्रम का विशेष आकर्षण रहा।
विद्यालय के प्रबंध निदेशक तुषार नंद ने विद्यार्थियों को संबोधित करते हुए कहा कि देश का भविष्य युवा पीढ़ी के हाथों में है। उन्होंने बच्चों से अपनी जिम्मेदारियों को समझते हुए राष्ट्र निर्माण में सक्रिय योगदान देने का आह्वान किया।

प्रधानाचार्य अजीत सिंह ने कार्यक्रम के सफल आयोजन के लिए मुख्य अतिथि, अभिभावकों, विद्यार्थियों एवं विद्यालय परिवार के सभी सदस्यों के प्रति आभार व्यक्त किया। कार्यक्रम को सफल बनाने में सीनियर कोऑर्डिनेटर अरविंद चौबे, जूनियर कोऑर्डिनेटर नीतू मिश्रा सहित समस्त शिक्षक एवं शिक्षणेत्तर कर्मचारियों का महत्वपूर्ण योगदान रहा।
अंत में राष्ट्रगान के साथ कार्यक्रम का समापन हुआ। इसके बाद विद्यार्थियों एवं उपस्थित लोगों के बीच मिष्ठान का वितरण किया गया।
-
सिकंदरपुर2 days agoसिकंदरपुर विधानसभा सर्वे 2027
-
बैरिया2 days agoबैरिया विधानसभा सर्वे 2027
-
फेफना2 days agoफेफना विधानसभा सर्वे 2027
-
बांसडीह2 days agoबांसडीह विधानसभा सर्वे 2027
-
बलिया स्पेशल2 days agoबलिया विधानसभा सर्वे 2027
-
बेल्थरा रोड2 days agoबेल्थरा रोड विधानसभा सर्वे 2027
-
रसड़ा2 days agoरसड़ा विधानसभा सर्वे 2027
-
उत्तर प्रदेश6 days agoराष्ट्रीय खेल दिवस पर जमुना राम मेमोरियल स्कूल में भव्य पुरस्कार वितरण समारोह





