बलिया स्पेशल
घोटालों का अड्डा बना बलिया, सिकंदरपुर में विकास कार्यों के नाम पर करोड़ों का खेल
उत्तरप्रदेश भ्रष्टाचार के दलदल में धंसा नजर आने लगा है। जहां देखो वहां भ्रष्टाचार। यूपी के गांवों-कस्बों में भ्रष्टाचार की जड़ें इतनी गहरी हो गई हैं कि इसे उखाड़ना मुश्किल है। सरकार भ्रष्टाचार पर लगाम लगाने के लाख दावा करे लेकिन यूपी की जमीं पर भ्रष्टाचार का बीज पनप चुका है और अमरबेल लताओं की तरह फल-फूल रहा है। ताजा मामला सिकंदरपुर से सामने आया जहां ग्राम प्रधानों का कार्यकाल समाप्त होने के बाद नियुक्त प्रशासकों ने सरकारी धन का जमकर बंदरबांट किया है।
ग्राम पंचायतों में विकास कार्यों के लिए सरकार फंड जारी करती है। लेकिन जानकारी सामने आई कि विकास कार्यों के नाम पर पंदह ब्लॉक के दो दर्जन से अधिक गांवों के प्रशासक 1 करोड़ 19 लाख रुपए हज़म कर गए। सरकार ने केवल निर्माणाधीन पंचायत भवन और सामुदायिक शौचालयों के लिए ही धनराशि निकालने की अनुमति दी गई थी। लेकिन पंदह ब्लॉक के अधिकतर ग्राम पंचायतों के प्रशासकों ने सरकार के नियमों को ताक पर रखकर नाली, खड़ंजा, इंटरलाकिंग, कायाकल्प, ह्यूम पाइप, हैंडपंप मरम्मत, हैंडपंप रिबोर व स्कूलों में बेंच व टाइल्स के नाम पर करीब 1.19 करोड़ की राशि आहरित कर दी।
प्रशासकों द्वारा किए गए करोड़ों के खेल के बारे में जानकारी मिली कि ज्यादातर धनराशि मार्च व अप्रैल माह में निकली गयी है। ग्रामीणों का कहना है कि उक्त समयावधि के दौरान कराए गए भुगतान की यदि निष्पक्ष जांच करा दी जाए तो ग्रामीण विकास तथा पंचायती विभाग के कई अधिकारियों के नाम सामने आ सकते हैं। ग्रामीणों का कहना है कि आचार संहिता के दौरान विकास कार्य व भुगतान अधिकारियों के बगैर संरक्षण के सम्भव नहीं है। कुल मिलाकर इस करोड़ों के खेल के शतरंज के कई खिलाड़ी हैं, जिनके नाम उजागर होने चाहिए।
featured
बी.एन. इंटरनेशनल स्कूल में विज्ञान प्रदर्शनी का भव्य आयोजन
बलिया। नारायणपुर स्थित बी.एन. इंटरनेशनल स्कूल में शनिवार को विज्ञान प्रदर्शनी का शानदार आयोजन किया गया। विद्यार्थियों ने विज्ञान के विभिन्न आयामों पर आधारित अपने मॉडल प्रदर्शित कर सबको प्रभावित किया। उनकी सृजनशीलता और तकनीकी कौशल को देखकर अतिथि, अभिभावक व आगंतुक मंत्रमुग्ध रह गए।
कार्यक्रम का शुभारंभ क्षेत्र के विख्यात एवं सेवानिवृत्त मुख्य अभियंता श्री विनोद कुमार सिंह द्वारा दीप प्रज्वलित कर किया गया। इस अवसर पर विद्यालय के प्राचार्य श्री बलविंदर सिंह, अभिभावकों तथा पूर्व छात्रों की उल्लेखनीय उपस्थिति रही, जिन्होंने बच्चों का उत्साहवर्धन किया।
प्राचार्य श्री बलविंदर सिंह ने कहा कि इस प्रकार की गतिविधियाँ छात्रों में नवाचार, शोध क्षमता और वैज्ञानिक सोच को बढ़ावा देती हैं। विद्यालय प्रबंधन ने सभी अतिथियों व प्रतिभागी छात्रों का आभार व्यक्त किया।
featured
फेफना खेल महोत्सव : कबड्डी फाइनल में जमुना राम मेमोरियल स्कूल की बेटियों का दमदार प्रदर्शन
बलिया, 3 दिसंबर 2025। फेफना खेल महोत्सव 2025 के तहत आज बालिका वर्ग की कबड्डी प्रतियोगिता का फाइनल मुकाबला रोमांच और जोश से भरपूर रहा। खिताबी जंग जमुना राम मेमोरियल स्कूल, चितबड़ागांव और मर्चेंट इंटर कॉलेज, बलिया के बीच खेली गई।
कड़े संघर्ष से भरे इस मैच में जमुना राम मेमोरियल स्कूल की बालिकाओं ने शानदार कौशल, साहस और टीमवर्क का परिचय दिया। अंतिम मिनटों तक चले रोमांचक मुकाबले में शानदार प्रदर्शन करते हुए टीम ने उपविजेता का खिताब हासिल किया।

पूर्व खेल मंत्री ने बढ़ाया खिलाड़ियों का उत्साह
फाइनल मुकाबले में मुख्य अतिथि के रूप में पहुंचे पूर्व खेल मंत्री श्री उपेंद्र तिवारी ने दोनों टीमों से भेंट कर उनका हौसला बढ़ाया। मैच के बाद उन्होंने विजेता और उपविजेता टीमों को मेडल व ट्रॉफी प्रदान कर सम्मानित किया।

विद्यालय परिवार में उत्सव जैसा माहौल
विद्यालय के प्रबंधक निदेशक इंजीनियर तुषार नंद ने छात्राओं को बधाई देते हुए कहा कि बेटियों का यह प्रदर्शन स्कूल के लिए गर्व की बात है।
प्रधानाचार्य अरविंद चौबे और क्रीड़ा शिक्षक सरदार मोहम्मद अफजल ने भी टीम की उपलब्धि पर खुशी व्यक्त करते हुए खिलाड़ियों के उज्ज्वल भविष्य की कामना की।
बलिया स्पेशल
बलिया पहुंचीं राज्यपाल आनंदीबेन पटेल, जेएनसीयू के दीक्षांत समारोह का किया शुभारंभ
बलिया। जननायक चंद्रशेखर विश्वविद्यालय (जेएनसीयू) के दीक्षांत समारोह में मंगलवार को प्रदेश की राज्यपाल आनंदीबेन पटेल मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुईं। उनके आगमन पर विश्वविद्यालय के कुलगीत के साथ उनका गर्मजोशी से स्वागत किया गया।
राज्यपाल ने दीप प्रज्वलन कर समारोह का शुभारंभ किया और मेधावी छात्रों को पदक पहनाकर सम्मानित किया। कार्यक्रम में कुलपति, शिक्षकों और छात्रों ने राज्यपाल का अभिनंदन किया।
इस अवसर पर राज्यपाल ने छात्रों से कहा कि वे शिक्षा के साथ सामाजिक जिम्मेदारी को भी समझें और देश के विकास में योगदान दें। उन्होंने विश्वविद्यालय प्रशासन को भी बधाई दी और बेहतर शैक्षणिक माहौल बनाए रखने की सराहना की।
समारोह में जिले के कई गणमान्य व्यक्ति, जनप्रतिनिधि और अभिभावक बड़ी संख्या में उपस्थित रहे।


