बलिया स्पेशल
तस्वीरें: बेल्थरारोड पहुंची डीएम, निरीक्षण के दौरान कार्यालयों में मची अफरा-तफरी!
बलिया डेस्क : बलिया डीएम अदिति सिंह ने मंगलवार सीयर ब्लॉक और तहसील कार्यालय का निरीक्षण किया जिसको लेकर पूरे दिन कार्यालय में अफरातफरी का माहौल रहा।
इस दौरान जिलाधिकारी ने मंगलवार को सीयर ब्लॉक के निरीक्षण के दौरान स्पष्ट निर्देश दिया कि समस्त अभिलेखों को अपडेट रखा जाए और उसका रखरखाव हमेशा ठीक रखें। ऐसा नहीं कि जहां निरीक्षण हो वहीं ठीक रहे। हर ब्लॉक के लिए यह निर्देश है। निरीक्षण के दौरान सामुदायिक शौचालय के निर्माण के बारे में पूछताछ की। कहा कि हर हाल में 20 से 25 मार्च तक सभी पंचायत भवन व सामुदायिक शौचालय का निर्माण पूरा हो जाना चाहिए।
बताया गया कि सीयर ब्लॉक में छह जगह भूमि की उपलब्धता नहीं होने से नहीं बन पाया है। एडीओ पंचायत का निर्देश दिया कि स्वयं हर गांव में भ्रमण कर यह देख लें कि हर घर शौचालय है या नहीं। डीडीओ-पीडी को निर्देश दिया कि इसकी क्रॉस चेकिंग करते रहें। निलम्बित सफाईकर्मी अनिल यादव के सम्बन्ध में कहा कि जांच अधिकारी जांच करके नियमानुसार कार्रवाई करें। अन्यथा उसको बहाल कर अन्य ब्लॉक में ट्रांसफर कर उससे सफाई का काम लिया जाए।
स्वच्छ भारत मिशन का खंड प्रेरक से मिशन सम्बन्धी जानकारी ली। एडीओ आइएसबी ने समूह गठन के बावत बताया कि 216 लक्ष्य के मुकाबले 130 का गठन हो गया है, जिसमें 107 के खाते भी खुलवाए जा चुके हैं। ऑडिट आपत्तियों के बारे में कहा कि बिना इंतजार किए आपत्ति निस्तारित कर रिपोर्ट भेज दें। मनरेगा सेल में निरीक्षण के दौरान एपीओ सुमित सिंह को निर्देश दिया कि जहां काम हो रहा हो, वहां पानी आदि की समुचित व्यवस्था रहे। बीडीओ व सभी ब्लॉक स्टाफ मौजूद थे।
आईजीआरएस पोर्टल पर शिकायतों के बेहतर निस्तारण के दिए टिप्स
जिलाधिकारी ने मंगलवार को तहसील बेल्थरारोड का मुआयना किया। कर्मचारियों की सर्विस बुक, जीपीएफ पासबुक, आवासीय, मत्स्य व कृषि पट्टा से जुड़े अभिलेख को देखा। आवासीय पट्टा का रजिस्टर अपडेट नहीं मिलने पर तहसीलदार को एक हप्ते का समय दिया। सर्विस बुक अपडेट करने व सभी कर्मियों की वार्षिक प्रविष्टि अंकित कर लेने को कहा।
आईजीआरएस पर आई शिकायतों का कैसे बेहतर निस्तारण हो, इसके अहम टिप्स एसडीएम-तहसीलदार को दिए। जिलाधिकारी ने कहा कि ई-डिस्ट्रिक्ट पोर्टल पर जाति, निवास प्रणाम पत्र के आने वाले आवेदन तत्काल निस्तारित करते रहें। शासनादेश के अनुसार प्रमाण-पत्र जारी करें और अस्वीकार करने योग्य आवेदन को बेहिचक रिजेक्ट कर दें।
जो काम जिस समय पर करना है तभी कर दें, पेंडिंग नहीं रखें। रिकार्ड रूम में बस्तों के रखरखाव को देखने के बाद संग्रह अनुभाग में वसूली से जुड़ी जानकारी ली। कहा, बड़ी आरसी की वसूली पर विशेष फोकस कर कार्य करें। बड़ी वसूली के लिए विशेष रूप से दो अमीनों को लगा दें। मत्स्य पट्टा जिनको हुआ है, अगर वह समय से लगान जमा नहीं करें उनको नोटिस जारी करें।
फिर भी न जमा करें तो पट्टा निरस्त कर दें। मतदाता पंजीकरण कक्ष और महिला हेल्प डेस्क का जायजा लिया। कहा कि महिलाओं से आवेदनों को पूरी गम्भीरता से लिया जाए। एसडीएम सर्वेश यादव, तहसीलदार जितेंद्र सिंह मौजूद थे।
featured
बलिया की सियासत में नई हलचल: इंजीनियर विजय कांत तिवारी की एंट्री, 2027 पर नजर!
बलिया– अपनी राजनीतिक चेतना और संघर्षों के लिए पहचान रखने वाले बलिया की राजनीति में अब एक नया नाम तेजी से चर्चा में है। पेशे से एक प्रतिष्ठित बहुराष्ट्रीय कंपनी (MNC) में इंजीनियर रहे विजय कांत तिवारी ने सक्रिय राजनीति में कदम रखकर राजनीतिक गलियारों में हलचल पैदा कर दी है। वर्ष 2027 के विधानसभा चुनाव को लेकर वे बलिया विधानसभा क्षेत्र से एक मजबूत और प्रबल दावेदार के रूप में उभरते दिखाई दे रहे हैं।
बताया जाता है कि विजय कांत तिवारी लंबे समय तक कॉरपोरेट सेक्टर में अपनी सेवाएं देने के बाद अब अपने गृह जनपद के विकास और जनसमस्याओं के समाधान के उद्देश्य से राजनीति के मैदान में उतरे हैं। उनका कहना है कि बलिया जैसे ऐतिहासिक और गौरवशाली जिले में आज भी बुनियादी सुविधाओं की कमी कई क्षेत्रों में देखने को मिलती है, जिसे दूर करना उनकी प्राथमिकता होगी।
तिवारी का मुख्य फोकस जिले में बेहतर और सुलभ चिकित्सा व्यवस्था उपलब्ध कराना है। उनका मानना है कि बलिया के लोगों को गंभीर बीमारियों के इलाज के लिए वाराणसी या अन्य बड़े शहरों का रुख करना पड़ता है, जो एक बड़ी समस्या है। इसके साथ ही वे सड़क, नाली और पेयजल जैसी बुनियादी समस्याओं के स्थायी समाधान पर भी जोर दे रहे हैं।
युवाओं के रोजगार को लेकर भी उन्होंने अपनी स्पष्ट योजना बताई है। विजय कांत तिवारी का कहना है कि यदि बलिया में एक सशक्त औद्योगिक क्षेत्र विकसित किया जाए और बाहरी निवेश को आकर्षित किया जाए, तो हजारों युवाओं को अपने ही जिले में रोजगार के अवसर मिल सकते हैं। उनका मानना है कि पलायन की समस्या को रोकने के लिए स्थानीय स्तर पर उद्योग और रोजगार के अवसर पैदा करना बेहद जरूरी है।
इंजीनियरिंग पृष्ठभूमि होने के कारण वे विकास कार्यों में तकनीकी समझ, पारदर्शिता और योजनाबद्ध तरीके से कार्य करने की बात करते हैं। उनका कहना है कि सरकारी योजनाओं का सही क्रियान्वयन और निगरानी सुनिश्चित कर विकास कार्यों को गति दी जा सकती है।
राजनीतिक विश्लेषकों का मानना है कि शिक्षित और युवा चेहरों की बढ़ती मांग के बीच विजय कांत तिवारी जैसे लोगों का राजनीति में आना आने वाले समय में बलिया की राजनीति को नई दिशा दे सकता है। वहीं स्थानीय लोगों के बीच भी उनकी छवि एक शिक्षित, सुलझे हुए और विकासोन्मुखी नेता के रूप में धीरे-धीरे मजबूत होती दिखाई दे रही है।
featured
बी.एन. इंटरनेशनल स्कूल में विज्ञान प्रदर्शनी का भव्य आयोजन
बलिया। नारायणपुर स्थित बी.एन. इंटरनेशनल स्कूल में शनिवार को विज्ञान प्रदर्शनी का शानदार आयोजन किया गया। विद्यार्थियों ने विज्ञान के विभिन्न आयामों पर आधारित अपने मॉडल प्रदर्शित कर सबको प्रभावित किया। उनकी सृजनशीलता और तकनीकी कौशल को देखकर अतिथि, अभिभावक व आगंतुक मंत्रमुग्ध रह गए।
कार्यक्रम का शुभारंभ क्षेत्र के विख्यात एवं सेवानिवृत्त मुख्य अभियंता श्री विनोद कुमार सिंह द्वारा दीप प्रज्वलित कर किया गया। इस अवसर पर विद्यालय के प्राचार्य श्री बलविंदर सिंह, अभिभावकों तथा पूर्व छात्रों की उल्लेखनीय उपस्थिति रही, जिन्होंने बच्चों का उत्साहवर्धन किया।
प्राचार्य श्री बलविंदर सिंह ने कहा कि इस प्रकार की गतिविधियाँ छात्रों में नवाचार, शोध क्षमता और वैज्ञानिक सोच को बढ़ावा देती हैं। विद्यालय प्रबंधन ने सभी अतिथियों व प्रतिभागी छात्रों का आभार व्यक्त किया।
featured
फेफना खेल महोत्सव : कबड्डी फाइनल में जमुना राम मेमोरियल स्कूल की बेटियों का दमदार प्रदर्शन
बलिया, 3 दिसंबर 2025। फेफना खेल महोत्सव 2025 के तहत आज बालिका वर्ग की कबड्डी प्रतियोगिता का फाइनल मुकाबला रोमांच और जोश से भरपूर रहा। खिताबी जंग जमुना राम मेमोरियल स्कूल, चितबड़ागांव और मर्चेंट इंटर कॉलेज, बलिया के बीच खेली गई।
कड़े संघर्ष से भरे इस मैच में जमुना राम मेमोरियल स्कूल की बालिकाओं ने शानदार कौशल, साहस और टीमवर्क का परिचय दिया। अंतिम मिनटों तक चले रोमांचक मुकाबले में शानदार प्रदर्शन करते हुए टीम ने उपविजेता का खिताब हासिल किया।

पूर्व खेल मंत्री ने बढ़ाया खिलाड़ियों का उत्साह
फाइनल मुकाबले में मुख्य अतिथि के रूप में पहुंचे पूर्व खेल मंत्री श्री उपेंद्र तिवारी ने दोनों टीमों से भेंट कर उनका हौसला बढ़ाया। मैच के बाद उन्होंने विजेता और उपविजेता टीमों को मेडल व ट्रॉफी प्रदान कर सम्मानित किया।

विद्यालय परिवार में उत्सव जैसा माहौल
विद्यालय के प्रबंधक निदेशक इंजीनियर तुषार नंद ने छात्राओं को बधाई देते हुए कहा कि बेटियों का यह प्रदर्शन स्कूल के लिए गर्व की बात है।
प्रधानाचार्य अरविंद चौबे और क्रीड़ा शिक्षक सरदार मोहम्मद अफजल ने भी टीम की उपलब्धि पर खुशी व्यक्त करते हुए खिलाड़ियों के उज्ज्वल भविष्य की कामना की।






