बलिया स्पेशल
बलिया- शादी से पहले डॉक्टर दूल्हे ने घर पर ही नि:शुल्क शिविर लगा मरीजों का किया इलाज
कहते हैं कि डॉक्टर धरती के भगवान होते हैं। मरीज की सेवा ही उनका पहला धर्म है। ये बातें जिले के डॉक्टर रोहित सोनी पर सटीक बैठती हैं। डॉक्टर रोहित एम्स, नई दिल्ली में रेजिडेंट डॉक्टर हैं। डॉक्टर रोहित ने अपनी शादी के एक दिन पहले घर पर ही नि:शुल्क चिकित्सा शिविर लगाया और करीब एक हजार से अधिक मरीजों का इलाज किया। उनके इस नेक काम में शादी में आए डॉक्टर दोस्तों ने भी मदद की। इन सभी ने मरीजों को मुफ्त में दवाएं भी बांटी।
डॉ. रोहित की शादी कृष्णा नगर निवासी प्रीती वर्मा से 18 फरवरी को होनी है। शादी में शामिल होने के लिये अलग-अलग शहरों से उनके डॉक्टर मित्र भी पहुंचे थे। सभी ने मिलकर शादी से पहले शिविर लगाकर गरीब मरीजों का इलाज करने का निर्णय किया। शनिवार को डॉक्टर रोहित के घर के सामने नि: शुल्क चिकित्सा शिविर का इंतजाम किया गया। टेंट-टेबल लगाकर सुबह आठ बजे से रजिस्ट्रेशन शुरू हो गया। कुछ देर में ही करीब छह सौ लोगों ने पंजीकरण करा लिया। बदन पर हल्दी लगाये डॉक्टर रोहित ने अपने दोस्तों संग लोगों का इलाज शुरू किया। शिविर में दिल्ली(सफदरगंज) से डॉ. एमपी वर्मा, धनबाद (झारखंड) पीएमएचएस के डॉ. सुरेन्द्र प्रसाद, इंदौर(मध्य प्रदेश) के डॉ. कुमार राहुल तथा मेरठ के डॉ. अनिल सोनी ने भी मरीजों को देखा। शिविर में स्त्री रोग, हड्डी,चर्म, दंत रोग का इलाज किया गया।
जांच के बाद दी गईं दवाइयां
शहर के बालेश्वर घाट रोड निवासी डॉ. रोहित सोनी की शादी से पहले लगे नि: शुल्क शिविर में मरीजों की जांच के बाद दवाइयां दी गयी। शिविर में ब्लड शुगर, हाइपरटेंशन, आंख आदि की जांच का इंतजाम किया गया था।
featured
बी.एन. इंटरनेशनल स्कूल में विज्ञान प्रदर्शनी का भव्य आयोजन
बलिया। नारायणपुर स्थित बी.एन. इंटरनेशनल स्कूल में शनिवार को विज्ञान प्रदर्शनी का शानदार आयोजन किया गया। विद्यार्थियों ने विज्ञान के विभिन्न आयामों पर आधारित अपने मॉडल प्रदर्शित कर सबको प्रभावित किया। उनकी सृजनशीलता और तकनीकी कौशल को देखकर अतिथि, अभिभावक व आगंतुक मंत्रमुग्ध रह गए।
कार्यक्रम का शुभारंभ क्षेत्र के विख्यात एवं सेवानिवृत्त मुख्य अभियंता श्री विनोद कुमार सिंह द्वारा दीप प्रज्वलित कर किया गया। इस अवसर पर विद्यालय के प्राचार्य श्री बलविंदर सिंह, अभिभावकों तथा पूर्व छात्रों की उल्लेखनीय उपस्थिति रही, जिन्होंने बच्चों का उत्साहवर्धन किया।
प्राचार्य श्री बलविंदर सिंह ने कहा कि इस प्रकार की गतिविधियाँ छात्रों में नवाचार, शोध क्षमता और वैज्ञानिक सोच को बढ़ावा देती हैं। विद्यालय प्रबंधन ने सभी अतिथियों व प्रतिभागी छात्रों का आभार व्यक्त किया।
featured
फेफना खेल महोत्सव : कबड्डी फाइनल में जमुना राम मेमोरियल स्कूल की बेटियों का दमदार प्रदर्शन
बलिया, 3 दिसंबर 2025। फेफना खेल महोत्सव 2025 के तहत आज बालिका वर्ग की कबड्डी प्रतियोगिता का फाइनल मुकाबला रोमांच और जोश से भरपूर रहा। खिताबी जंग जमुना राम मेमोरियल स्कूल, चितबड़ागांव और मर्चेंट इंटर कॉलेज, बलिया के बीच खेली गई।
कड़े संघर्ष से भरे इस मैच में जमुना राम मेमोरियल स्कूल की बालिकाओं ने शानदार कौशल, साहस और टीमवर्क का परिचय दिया। अंतिम मिनटों तक चले रोमांचक मुकाबले में शानदार प्रदर्शन करते हुए टीम ने उपविजेता का खिताब हासिल किया।

पूर्व खेल मंत्री ने बढ़ाया खिलाड़ियों का उत्साह
फाइनल मुकाबले में मुख्य अतिथि के रूप में पहुंचे पूर्व खेल मंत्री श्री उपेंद्र तिवारी ने दोनों टीमों से भेंट कर उनका हौसला बढ़ाया। मैच के बाद उन्होंने विजेता और उपविजेता टीमों को मेडल व ट्रॉफी प्रदान कर सम्मानित किया।

विद्यालय परिवार में उत्सव जैसा माहौल
विद्यालय के प्रबंधक निदेशक इंजीनियर तुषार नंद ने छात्राओं को बधाई देते हुए कहा कि बेटियों का यह प्रदर्शन स्कूल के लिए गर्व की बात है।
प्रधानाचार्य अरविंद चौबे और क्रीड़ा शिक्षक सरदार मोहम्मद अफजल ने भी टीम की उपलब्धि पर खुशी व्यक्त करते हुए खिलाड़ियों के उज्ज्वल भविष्य की कामना की।
बलिया स्पेशल
बलिया पहुंचीं राज्यपाल आनंदीबेन पटेल, जेएनसीयू के दीक्षांत समारोह का किया शुभारंभ
बलिया। जननायक चंद्रशेखर विश्वविद्यालय (जेएनसीयू) के दीक्षांत समारोह में मंगलवार को प्रदेश की राज्यपाल आनंदीबेन पटेल मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुईं। उनके आगमन पर विश्वविद्यालय के कुलगीत के साथ उनका गर्मजोशी से स्वागत किया गया।
राज्यपाल ने दीप प्रज्वलन कर समारोह का शुभारंभ किया और मेधावी छात्रों को पदक पहनाकर सम्मानित किया। कार्यक्रम में कुलपति, शिक्षकों और छात्रों ने राज्यपाल का अभिनंदन किया।
इस अवसर पर राज्यपाल ने छात्रों से कहा कि वे शिक्षा के साथ सामाजिक जिम्मेदारी को भी समझें और देश के विकास में योगदान दें। उन्होंने विश्वविद्यालय प्रशासन को भी बधाई दी और बेहतर शैक्षणिक माहौल बनाए रखने की सराहना की।
समारोह में जिले के कई गणमान्य व्यक्ति, जनप्रतिनिधि और अभिभावक बड़ी संख्या में उपस्थित रहे।


