बलिया स्पेशल
अब बीजेपी विधायक सुरेन्द्र सिंह पर लगा घोटाले का आरोप !
रिपोर्ट : अनूप कुमार हेमकर
बैरिया डेस्क : बैरिया क्षेत्र के इब्राहिमाबाद नौबरार ग्राम में सुदिष्ट बाबा की भूमि को कथित रूप से क्रय करने को लेकर भाजपा किसान मोर्चा के राष्ट्रीय अध्यक्ष व सांसद वीरेंद्र सिंह मस्त व भाजपा विधायक सुरेंद्र सिंह के मध्य शुरू हुआ विवाद अब बढ़ने लगा है। भाजपा की यूथ विंग भाजयुमो के एक नेता ने भाजपा विधायक के विरुद्ध घोटाले व भ्रष्टाचार का सनसनीखेज आरोप लगाया है। भाजपा किसान मोर्चा के राष्ट्रीय अध्यक्ष व बलिया के सांसद वीरेंद्र सिंह मस्त व बैरिया क्षेत्र के भाजपा विधायक सुरेंद्र सिंह के मध्य शुरू हुआ विवाद अब निरन्तर बढ़ता ही जा रहा है। भाजपा विधायक सुरेंद्र सिंह ने पिछले दिनों सांसद वीरेंद्र सिंह मस्त पर उनके सगे भांजे विनय सिंह की आड़ में निशाना साधा था तथा इब्राहिमाबाद नौबरार ग्राम में सुदिष्ट बाबा की भूमि को फर्जी तरीके से क्रय करने का आरोप लगाया था।
विधायक पर किये ताबड़तोड़ कई हमले
इस आरोप के बाद स्वयं को सांसद वीरेंद्र सिंह मस्त के आई टी सोशल मीडिया हेड बताने वाले अनन्त मिश्रा ने भाजपा विधायक सुरेंद्र सिंह के विरुद्ध मोर्चा खोल दिया है। साथ ही विधायक पर ताबड़तोड़ कई हमले भी किये हैं। उन्होंने ट्विटर पर विधायक के बेटे का वीडियो पोस्ट कर दुराचारी पुत्र बताते हुए लिखा है कि दूसरे के उपर फर्जी प्रेस कांफ्रेंस से अच्छा है कि अपने पुत्र पर प्रेस कांफ्रेंस करिये।
कहा- कितना घोटाला किया, इसकी भी जांच जरूरी
उन्होंने एक अन्य पोस्ट में लिखा है कि मै विनय सिंह दलकी का समर्थन करता हूं। विनय ने बेरोजगारों को रोजगार का वादा किया है, यह विधायक को खल रही है। दीपक अनन्त मिश्रा यही नहीं रुके। उन्होंने भाजपा विधायक पर परोक्ष रूप से घोटाले का सनसनीखेज आरोप लगाते हुए कहा कि दूबे छपरा में बांध बनाने के लिये 39 करोड़ आया, बांध एक वर्ष में ही ढह गया। कितना घोटाला किया, इसकी भी जांच जरूरी है। उन्होंने एक अन्य पोस्ट में उल्लेख किया है कि साइकिल से चलने वाले की बलिया में तीन करोड़ की जमीन है, इसकी भी जांच जरूरी है।
हालांकि भाजपा सांसद मस्त के निजी सचिव अमन सिंह ने स्पष्ट किया है कि दीपक सांसद जी के आई टी सेल के प्रभारी नही हैं और सांसद का इनसे कोई जुड़ाव नही है। इसके पूर्व सांसद के भांजे विनय सिंह ने भाजपा विधायक पर हमला करते हुए कहा था कि फर्जी व गलत काम करने वाले क्यों व्याकुल हैं , इसकी जानकारी सभी को है।
इस बीच भाजपा विधायक सुरेंद्र सिंह ने इस पूरे मामले में कहा कि वह कोई प्रतिक्रिया व्यक्त नही करेंगे। उन्होंने रिपोर्टर से बातचीत में कहा कि उन्होंने सुदिष्ट बाबा के भूमि की रक्षा का संकल्प लिया है। इस भूमि को बसपा की सरकार के समय अधिकारियों की मिलीभगत से फर्जीवाड़ा कर काश्तकारों के नाम दर्ज करा लिया गया तथा अब काश्तकारों से भूमि क्रय कर जमीन पर कब्जे का प्रयत्न किया जा रहा है। उन्होंने दोहराया कि वह इस इस भूमि की रक्षा के लिए हरसंभव कोशिश करेंगे।
featured
बी.एन. इंटरनेशनल स्कूल में विज्ञान प्रदर्शनी का भव्य आयोजन
बलिया। नारायणपुर स्थित बी.एन. इंटरनेशनल स्कूल में शनिवार को विज्ञान प्रदर्शनी का शानदार आयोजन किया गया। विद्यार्थियों ने विज्ञान के विभिन्न आयामों पर आधारित अपने मॉडल प्रदर्शित कर सबको प्रभावित किया। उनकी सृजनशीलता और तकनीकी कौशल को देखकर अतिथि, अभिभावक व आगंतुक मंत्रमुग्ध रह गए।
कार्यक्रम का शुभारंभ क्षेत्र के विख्यात एवं सेवानिवृत्त मुख्य अभियंता श्री विनोद कुमार सिंह द्वारा दीप प्रज्वलित कर किया गया। इस अवसर पर विद्यालय के प्राचार्य श्री बलविंदर सिंह, अभिभावकों तथा पूर्व छात्रों की उल्लेखनीय उपस्थिति रही, जिन्होंने बच्चों का उत्साहवर्धन किया।
प्राचार्य श्री बलविंदर सिंह ने कहा कि इस प्रकार की गतिविधियाँ छात्रों में नवाचार, शोध क्षमता और वैज्ञानिक सोच को बढ़ावा देती हैं। विद्यालय प्रबंधन ने सभी अतिथियों व प्रतिभागी छात्रों का आभार व्यक्त किया।
featured
फेफना खेल महोत्सव : कबड्डी फाइनल में जमुना राम मेमोरियल स्कूल की बेटियों का दमदार प्रदर्शन
बलिया, 3 दिसंबर 2025। फेफना खेल महोत्सव 2025 के तहत आज बालिका वर्ग की कबड्डी प्रतियोगिता का फाइनल मुकाबला रोमांच और जोश से भरपूर रहा। खिताबी जंग जमुना राम मेमोरियल स्कूल, चितबड़ागांव और मर्चेंट इंटर कॉलेज, बलिया के बीच खेली गई।
कड़े संघर्ष से भरे इस मैच में जमुना राम मेमोरियल स्कूल की बालिकाओं ने शानदार कौशल, साहस और टीमवर्क का परिचय दिया। अंतिम मिनटों तक चले रोमांचक मुकाबले में शानदार प्रदर्शन करते हुए टीम ने उपविजेता का खिताब हासिल किया।

पूर्व खेल मंत्री ने बढ़ाया खिलाड़ियों का उत्साह
फाइनल मुकाबले में मुख्य अतिथि के रूप में पहुंचे पूर्व खेल मंत्री श्री उपेंद्र तिवारी ने दोनों टीमों से भेंट कर उनका हौसला बढ़ाया। मैच के बाद उन्होंने विजेता और उपविजेता टीमों को मेडल व ट्रॉफी प्रदान कर सम्मानित किया।

विद्यालय परिवार में उत्सव जैसा माहौल
विद्यालय के प्रबंधक निदेशक इंजीनियर तुषार नंद ने छात्राओं को बधाई देते हुए कहा कि बेटियों का यह प्रदर्शन स्कूल के लिए गर्व की बात है।
प्रधानाचार्य अरविंद चौबे और क्रीड़ा शिक्षक सरदार मोहम्मद अफजल ने भी टीम की उपलब्धि पर खुशी व्यक्त करते हुए खिलाड़ियों के उज्ज्वल भविष्य की कामना की।
बलिया स्पेशल
बलिया पहुंचीं राज्यपाल आनंदीबेन पटेल, जेएनसीयू के दीक्षांत समारोह का किया शुभारंभ
बलिया। जननायक चंद्रशेखर विश्वविद्यालय (जेएनसीयू) के दीक्षांत समारोह में मंगलवार को प्रदेश की राज्यपाल आनंदीबेन पटेल मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुईं। उनके आगमन पर विश्वविद्यालय के कुलगीत के साथ उनका गर्मजोशी से स्वागत किया गया।
राज्यपाल ने दीप प्रज्वलन कर समारोह का शुभारंभ किया और मेधावी छात्रों को पदक पहनाकर सम्मानित किया। कार्यक्रम में कुलपति, शिक्षकों और छात्रों ने राज्यपाल का अभिनंदन किया।
इस अवसर पर राज्यपाल ने छात्रों से कहा कि वे शिक्षा के साथ सामाजिक जिम्मेदारी को भी समझें और देश के विकास में योगदान दें। उन्होंने विश्वविद्यालय प्रशासन को भी बधाई दी और बेहतर शैक्षणिक माहौल बनाए रखने की सराहना की।
समारोह में जिले के कई गणमान्य व्यक्ति, जनप्रतिनिधि और अभिभावक बड़ी संख्या में उपस्थित रहे।


