बलिया स्पेशल
भूमाफियाओं की करतूत, सीयर सीएचसी अस्पताल की जमीन बेची, स्वास्थ्य विभाग में हड़कंप
बलिया। बिल्थरारोड में भूमाफियाओं के हौसले बुलंद हैं। जिन्हें किसी का खौफ नहीं है। जमीन पर कब्जा करने के साथ ही वह अब जमीन को बेच तक रहे हैं। इतना ही नहीं अब सरकारी जमीन भी सुरक्षित नहीं है। भूमाफिया सरकारी जमीन को अपना बताकर बेच रहे हैं। जिससे प्रशासन में हड़कंप है। नगर के बीचोंबीच स्थित सीयर सीएचसी अस्पताल की करीब 10 डिसमिल जमीन को भूमाफियाओं ने बेच दिया।
बिल्थरारोड तहसील में ही रजिस्ट्री 12 जुलाई को हुई। जानकारी मिलते ही अस्पताल प्रशासन में खलबली मच गई। अधिकारी अस्पताल के भूअभिलेख खंगालने में लग गए है। बेची गई जमीन की चैहद्दी सीयर अस्पताल का प्रवेश द्वार ही बताया जा रहा है। उक्त चैहद्दी में ही अस्पताल प्रशासन द्वारा अभी आक्सीजन प्लांट भवन का निर्माण कराया गया है।
सीएचसी अस्पताल अधीक्षक डॉ. तनवीर आजम ने बताया कि पूरे मामले से उच्चाधिकारियों को अवगत करा दिया गया है। जल्द ही अस्पताल की भूमि बैनामा मामले में सीएचसी की तरफ से आपत्ति दाखिल किया जायेगा। वहीं एसडीएम सर्वेश यादव ने कहा कि अस्पताल की भूमि को बेचे जाने की जानकारी मिली है। बैनामा में चैहद्दी अस्पताल ही दिखाया गया है। अस्पताल संबंधित भूअभिलेखों को खंगाला जा रहा है।
जबकि विक्रेता ने बेची गई जमीन अपने नाम होने का दावा किया है। बिल्थरारोड प्रभारी उपनिबंधक दीपक सिंह के हस्ताक्षर से बिल्थरारोड के मौजा बिठुआ अंदर, आराजी नं. 220, रकबा 0.040 हेक्टेयर यानि 10 डिसिमिल (410वर्ग मीटर) की भूमि को दिनांक 12 जुलाई को बेचा गया है। बैनामा में विक्रेता सुगन यादव ग्राम बिठुआ और क्रेता बसंत कुमार यादव ग्राम जिउतपुरा दर्शाया गया है। चैहद्दी के तहत पूरब में सरकारी अस्पताल, पश्चिम में फजलूद्दीन का मकान, उत्तर में रेलवे स्टेशन रोड और दक्षित में सरकारी अस्पताल अंकित है।
featured
बेल्थरारोड में सपा की दावेदारी को लेकर उमाशंकर राम ने खोला मोर्चा, स्थानीय उम्मीदवार के मुद्दे को दी धार!
उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव 2027 को लेकर राजनीतिक सरगर्मियां तेज होने लगी हैं। बलिया जिले की बेल्थरारोड विधानसभा सीट पर भी संभावित उम्मीदवारों की दावेदारी सामने आने लगी है। इसी क्रम में समाजवादी पार्टी के नेता एवं नगर पंचायत नगरा के प्रतिनिधि उमाशंकर राम ने आगामी विधानसभा चुनाव में बेल्थरारोड सीट से अपनी दावेदारी पेश करते हुए चुनावी मैदान में उतरने का ऐलान किया है।
उमाशंकर राम ने कहा कि आगामी विधानसभा चुनाव में समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव के नेतृत्व में प्रदेश में PDA की सरकार बनेगी। उन्होंने सपा की जीत का दावा करते हुए कहा कि पार्टी की नीतियों और नेतृत्व के साथ जनता का समर्थन जुड़ रहा है।
स्थानीय बनाम बाहरी का मुद्दा भी बना चर्चा का विषय
बेल्थरारोड विधानसभा से उमाशंकर राम की दावेदारी सामने आने के बाद स्थानीय और बाहरी उम्मीदवार को लेकर भी चर्चा तेज हो गई है। उमाशंकर राम इसी विधानसभा क्षेत्र के निवासी हैं। ऐसे में उनकी दावेदारी को स्थानीय नेतृत्व और क्षेत्रीय प्रतिनिधित्व के मुद्दे से जोड़कर देखा जा रहा है।
उन्होंने क्षेत्र के विकास को अपनी प्राथमिकता बताते हुए पूर्व मंत्री स्व. अंचल जी के अधूरे सपनों को पूरा करने की इच्छा भी जताई है। उनका कहना है कि क्षेत्र की जनता की आकांक्षाओं और विकास से जुड़े मुद्दों को आगे बढ़ाने की जरूरत है।
सपा में दावेदारों के बीच बढ़ेगी राजनीतिक हलचल
बेल्थरारोड विधानसभा सीट पर समाजवादी पार्टी से चुनाव लड़ने के इच्छुक नेताओं की सक्रियता के बीच अब निगाहें पार्टी नेतृत्व के फैसले पर टिकी हैं। स्थानीय और बाहरी उम्मीदवार का मुद्दा भी टिकट चयन की चर्चा में अहम स्थान ले सकता है।
फिलहाल उमाशंकर राम ने अपनी दावेदारी सार्वजनिक कर बेल्थरारोड की सियासत में अपनी मौजूदगी दर्ज करा दी है। अब देखना होगा कि 2027 के विधानसभा चुनाव में समाजवादी पार्टी किस चेहरे पर भरोसा जताती है।
featured
तीन दिवसीय बलिया प्रवास पर रहेंगे युवा चेतना सुप्रीमो रोहित कुमार सिंह, विभिन्न सामाजिक कार्यक्रमों में करेंगे शिरकत
बलिया। युवा चेतना के राष्ट्रीय संयोजक एवं सुप्रीमो रोहित कुमार सिंह तीन दिनों तक बलिया में प्रवास करेंगे। इस दौरान युवा चेतना की पूरी टीम जिले में सक्रिय रहेगी और विभिन्न सामाजिक कार्यक्रमों में सहभागिता करेगी। तीन दिवसीय प्रवास के दौरान जिले में युवा चेतना के कार्यकर्ताओं, पदाधिकारियों और समर्थकों का जमावड़ा देखने को मिलेगा।
रोहित कुमार सिंह की अगुवाई में आयोजित होने वाले इन कार्यक्रमों के माध्यम से सामाजिक सरोकारों से जुड़े विभिन्न विषयों पर लोगों के बीच संवाद होगा। इस दौरान वह अलग-अलग क्षेत्रों में आयोजित सामाजिक आयोजनों में शामिल होंगे तथा विभिन्न वर्गों के लोगों से मुलाकात करेंगे।
युवा चेतना की टीम ने इस तीन दिवसीय प्रवास के दौरान विभिन्न कार्यक्रमों में अपनी भागीदारी सुनिश्चित करने की तैयारी की है। जिले के अलग-अलग हिस्सों में संगठन से जुड़े लोगों की सक्रियता रहेगी।
रोहित कुमार सिंह का यह तीन दिवसीय प्रवास संगठनात्मक गतिविधियों के साथ सामाजिक कार्यक्रमों की दृष्टि से भी महत्वपूर्ण रहेगा।
बलिया
‘वोट बचाओ–देश बचाओ’ महारैली की तैयारी तेज, बलिया में अबुल फैज़ को मिली जिला इंचार्ज की जिम्मेदारी
बलिया। नई दिल्ली के रामलीला मैदान में 1 नवंबर 2026 को आयोजित होने वाली कांग्रेस की ‘वोट बचाओ–देश बचाओ’ महारैली को लेकर संगठन ने तैयारियां तेज कर दी हैं। इसी क्रम में बलिया के कांग्रेस नेता अबुल फैज़ को उत्तर प्रदेश कांग्रेस अल्पसंख्यक विभाग की ओर से जिला इंचार्ज की जिम्मेदारी सौंपी गई है। उन्हें जिले में संगठनात्मक समन्वय और महारैली की तैयारियों से जुड़ी जिम्मेदारी निभानी होगी।
कांग्रेस नेता राहुल गांधी और राज्यसभा सांसद इमरान प्रतापगढ़ी के आह्वान पर आयोजित होने वाली इस महारैली के लिए पार्टी स्तर पर कार्यकर्ताओं और पदाधिकारियों को सक्रिय किया जा रहा है। अबुल फैज़ को मिली जिम्मेदारी के तहत जिले के कांग्रेसजनों से संपर्क स्थापित करने, संगठन के बीच तालमेल बनाने और महारैली में बलिया की भागीदारी सुनिश्चित करने की दिशा में काम किया जाएगा।
अबुल फैज़ जिला कांग्रेस कमेटी, बलिया में वॉररूम प्रभारी के रूप में भी कार्य कर रहे हैं। अब उन्हें अल्पसंख्यक विभाग की ओर से जिला इंचार्ज का दायित्व मिलने के बाद महारैली की तैयारियों में उनकी भूमिका और महत्वपूर्ण हो गई है।
नई जिम्मेदारी मिलने पर अबुल फैज़ ने कहा कि वह संगठन की ओर से जताए गए भरोसे पर खरा उतरने का पूरा प्रयास करेंगे। उन्होंने कहा कि पार्टी के पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं के साथ समन्वय बनाकर महारैली में बलिया से अधिक से अधिक कांग्रेसजनों की भागीदारी सुनिश्चित करने के लिए काम किया जाएगा।
उन्होंने कहा कि लोकतंत्र, संविधान और नागरिकों के मतदान के अधिकार से जुड़े मुद्दों को लेकर आयोजित इस महारैली के लिए जिले में संगठनात्मक स्तर पर प्रयास किए जाएंगे। अबुल फैज़ ने सौंपी गई जिम्मेदारी को पूरी निष्ठा और समर्पण के साथ निभाने की बात कही।
-
बलिया2 weeks ago‘वोट बचाओ–देश बचाओ’ महारैली की तैयारी तेज, बलिया में अबुल फैज़ को मिली जिला इंचार्ज की जिम्मेदारी
-
featured2 days agoतीन दिवसीय बलिया प्रवास पर रहेंगे युवा चेतना सुप्रीमो रोहित कुमार सिंह, विभिन्न सामाजिक कार्यक्रमों में करेंगे शिरकत
-
featured11 hours agoबेल्थरारोड में सपा की दावेदारी को लेकर उमाशंकर राम ने खोला मोर्चा, स्थानीय उम्मीदवार के मुद्दे को दी धार!


