बलिया
बलियाः त्यौहारों के मद्देनजर मंडलायुक्त- DIG ने ली अधिकारियों की बैठक, दिए ये निर्देश
बलियाः आगामी दिनों में होली व शबे-बरात का त्यौहार मनाया जाएगा। दोनों त्यौहार अमन व शांति के साथ संपन्न हो इसको लेकर प्रशासन तैयारियों में जुट गया है। इसी सिलसिले में मंडलायुक्त विजय विश्वास पंत और डीआईजी अखिलेश कुमार ने कलेक्ट्रेट सभागार में सभी अधिकारियों के साथ बैठक की।
इस दौरान मंडलायुक्त ने सभी को निर्देश दिए। उन्होंने बलिया और मऊ में विशेष ध्यान देने को कहा क्योंकि होली की आड़ में कुछ लोग राजनीतिक विवादों को बड़े विवाद का रंग देने की कोशिश करते हैं। साथ ही सांप्रदायिक भावनाएं भड़काने का काम करते हैं। इसलिए उन्होंने सभी अधिकारियों को समझाईश दी कि त्यौहारों के समय सावधानी बरतें।
इस दौरान बैठक में मौजूद डीआईजी अखिलेश कुमार ने कहा कि लोग होली के आड़ में अपनी पुरानी दुश्मनी निभाने का प्रयास करते हैं। ऐसे में लगातार गश्त करते रहें। साथ ही उन्होंने मिठाई दुकानों का निरीक्षण करने के भी निर्देश दिए। इसी के साथ कहा कि बलिया बिहार की सीमा से लगा हुआ है। अवैध शराब पर विशेष ध्यान देने को कहा।
वहीं जिलाधिकारी इन्द्र विक्रम सिंह ने बताया कि बैठक का उद्देश्य होली के समय होने वाली अप्रिय घटना को रोकना है। होली के समय अक्सर आपसी विवाद होते रहते हैं। पिछली बार होली में 17 एफआईआर हुई थी। इसलिए इस बार खास ध्यान रखा जा रहा है। उन्होंने बताया कि राजनैतिक दल द्वारा भी अवैश शराब का कार्य करवाया जा रहा है। होलिका दहन में भी मारपीट की घटनाएं होती है। ऐसे में पुलिस अधिकारी अलर्ट पर रहे।
जिलाधिकारी ने सभी अधिकारियों को कहा कि अपने अधीनस्थ अधिकारियों को होली में छुट्टी ना लेने दें क्योंकि इस समय विशेष सतर्कता बरतने की आवश्यकता है। जिले स्तर पर सारी व्यवस्था करने के लिए कहा। अगर कोई अप्रिय घटना घटीत हो तो तुरंत प्रशासन के संज्ञान में लाये। कुछ लोग सरकारी कार्य में बाधा डालने का प्रयास करते हैं जहां बल प्रयोग करने की आवश्यकता हो वहाँ बल प्रयोग करें।
बैठक में बलिया एसपी राजकरण नैय्यर भी मौजूद थे। उन्होंने पुलिस अधिकारियों को आवश्यक निर्देश दिए। साथ ही कहा कि होली वाले दिन अक्सर लोग शराब पीकर हुड़दंग करते हैं। आबकारी विभाग को विशेष ध्यान देने के लिए कहा। आबकारी विभाग से कहा कि जहां भी अवैध शराब बन रही हो उन सब पर पैनी नजर रखें। बलिया पर विशेष ध्यान देने को कहा क्योंकि बलिया बिहार सीमा से जुड़ा हुआ है। थाना प्रभारी को होलीका दहन स्थान पर सिपाहीयो की ड्यूटी लगाने को कहा।
एसडीएम को निर्देशित करते हुए कहा कि लेखपालों को बता दें कि सभी विवादित स्थल पर जहां पर होलिका दहन होनी है वहां पर किसी भी तरह का जमीनी विवाद ना होने पाए। निर्देशित किया कि फायर स्टेशन पर गाड़ियों की व्यवस्था कर ली जाए क्योंकि होलिका के समय अक्सर आगजनी की घटनाएं देखने को मिलती है। इस दौरान तमाम अधिकारी मौजूद रहे।
featured
फेफना में अकीदत के साथ मनाया गया मोहर्रम, मातमी जुलूस और हैरतअंगेज करतब बने आकर्षण का केंद्र
बलिया। फेफना थाना क्षेत्र में शुक्रवार को मोहर्रम का पर्व पूरी अकीदत, शांति और सौहार्दपूर्ण माहौल में संपन्न हुआ। चिलचिलाती धूप के बावजूद फेफना सहित आसपास के गांवों में पारंपरिक ताजिया जुलूस निकाला गया। हजरत इमाम हुसैन की शहादत की याद में मातमी दस्तों ने नोहा-ख्वानी और मातम कर उन्हें श्रद्धांजलि अर्पित की।
फेफना में निकले मातमी जुलूस के दौरान मुस्लिम समुदाय के युवाओं ने पारंपरिक हैरतअंगेज करतबों का प्रदर्शन किया, जिसने लोगों का ध्यान आकर्षित किया। वहीं समाजसेवी लडू अंसारी द्वारा जुलूस में शामिल लोगों और राहगीरों के लिए ठंडे शरबत की व्यवस्था की गई, जिसकी लोगों ने सराहना की।
जुलूस निर्धारित मार्गों से गुजरते हुए कर्बला पहुंचा, जहां परंपरागत रीति-रिवाज के अनुसार ताजियों को सुपुर्द-ए-खाक किया गया।

फेफना के अलावा तीखा, मिठवार, पक्काकोट, बहादुरपुर, सिंहपुर, एकौनी, बलेजी, सागरपाली, अमडारी, निधरिया और मिढ्ढा गांवों में भी मोहर्रम का पर्व शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न हुआ।
सुरक्षा व्यवस्था को लेकर थानाध्यक्ष अखिलेश चंद पांडेय पुलिस बल के साथ लगातार क्षेत्र में भ्रमण करते रहे और पूरे आयोजन पर नजर बनाए रखी। पर्व सकुशल संपन्न होने के बाद बड़ी संख्या में लोगों ने बलेजी में लगे मेले का भी आनंद लिया।

ग्रामीणों ने कहा कि मोहर्रम केवल शोक का पर्व नहीं, बल्कि इंसानियत, त्याग, सत्य और कुर्बानी का संदेश देने वाला अवसर है, जो समाज में भाईचारा, एकता और आपसी सौहार्द को मजबूत करता है।
featured
एक साल से धूल फांक रही करोड़ों की जांच सुविधा, बांसडीह सीएचसी में नहीं चालू हो सकी बायोकेमिस्ट्री एनालाइजर मशीन
बांसडीह (बलिया)। ग्रामीण क्षेत्र के मरीजों को आधुनिक जांच सुविधाएं उपलब्ध कराने के उद्देश्य से सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) बांसडीह में स्थापित की गई बायोकेमिस्ट्री एनालाइजर मशीन पिछले एक वर्ष से अधिक समय से निष्क्रिय पड़ी है। स्वास्थ्य विभाग की यह महत्वपूर्ण मशीन अस्पताल परिसर तक पहुंचने के बावजूद अब तक चालू नहीं हो सकी है, जिससे क्षेत्र के हजारों मरीजों को अपेक्षित लाभ नहीं मिल पा रहा है।
जानकारी के अनुसार, मशीन के संचालन से लीवर फंक्शन टेस्ट, किडनी प्रोफाइल, लिपिड प्रोफाइल, यूरिक एसिड, कोलेस्ट्रॉल, थायराइड, इलेक्ट्रोलाइट्स, कार्डियक प्रोफाइल, कैल्शियम, मैग्नीशियम, प्रोटीन और आयरन समेत करीब 30 प्रकार की महत्वपूर्ण जांचें सीएचसी स्तर पर ही उपलब्ध हो सकती हैं। फिलहाल इन जांचों के लिए मरीजों को जिला अस्पताल या निजी पैथोलॉजी केंद्रों का सहारा लेना पड़ता है, जिससे समय और धन दोनों की अतिरिक्त लागत उठानी पड़ती है।
सीएचसी बांसडीह में प्रतिदिन सैकड़ों मरीज उपचार के लिए पहुंचते हैं। सामान्य जांच सुविधाएं उपलब्ध होने के बावजूद गंभीर बीमारियों से जुड़ी कई आवश्यक जांचों का अभाव बना हुआ है। ऐसे में मशीन का चालू होना क्षेत्र की स्वास्थ्य सेवाओं के लिए बड़ा बदलाव साबित हो सकता है। अनुमान है कि इससे क्षेत्र की लगभग 40 हजार आबादी को प्रत्यक्ष लाभ मिलेगा।
बायोकेमिस्ट्री एनालाइजर एक अत्याधुनिक चिकित्सा उपकरण है, जिसे क्लिनिकल केमिस्ट्री एनालाइजर भी कहा जाता है। यह रक्त, प्लाज्मा और सीरम जैसे जैविक नमूनों की रासायनिक जांच कर विभिन्न रोगों के सटीक निदान में मदद करता है। आधुनिक स्वास्थ्य सेवाओं में इसकी महत्वपूर्ण भूमिका मानी जाती है।
मामले पर प्रतिक्रिया देते हुए बलिया के मुख्य चिकित्सा अधिकारी (सीएमओ) डॉ. अभय नारायण राय ने कहा कि उन्हें मशीन के स्थापित न होने की जानकारी नहीं थी। उन्होंने आश्वासन दिया कि मामले की जांच कराकर मशीन को शीघ्र चालू कराने की कार्रवाई की जाएगी।
सीएमओ ने कहा कि मशीन के संचालन से बांसडीह सीएचसी में कई महत्वपूर्ण जांचें शुरू हो जाएंगी, जिससे मरीजों को स्थानीय स्तर पर बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध होंगी और उन्हें अनावश्यक भागदौड़ से राहत मिलेगी। अब क्षेत्रवासियों को मशीन के जल्द शुरू होने का इंतजार है।
बलिया
अघोषित बिजली कटौती पर सपा युवजन सभा का हल्ला बोल, 9 सूत्रीय मांगों के साथ सौंपा ज्ञापन
भीषण गर्मी के बीच लगातार हो रही अघोषित बिजली कटौती और खराब विद्युत व्यवस्था को लेकर समाजवादी युवजन सभा ने विद्युत विभाग के खिलाफ मोर्चा खोल दिया है। मंगलवार को समाजवादी युवजन सभा के प्रदेश अध्यक्ष अरविन्द गिरि के नेतृत्व में कार्यकर्ताओं ने विद्युत वितरण खंड के अधिशासी अभियंता को 9 सूत्रीय मांगों से संबंधित ज्ञापन सौंपकर क्षेत्र की समस्याओं के शीघ्र समाधान की मांग की।
ज्ञापन में रघुनाथपुर, दुबहड़ और आईटीआई विद्युत उपकेंद्रों से जुड़े इलाकों में बार-बार हो रही बिजली कटौती पर रोक लगाने, जर्जर तारों को बदलने, कम क्षमता वाले ट्रांसफार्मरों की क्षमता बढ़ाने, फीडरों और लाइनों का नियमित रखरखाव कराने तथा उपभोक्ताओं को निर्बाध विद्युत आपूर्ति सुनिश्चित करने की मांग की गई।
इस दौरान गड़वार क्षेत्र में 33 केवी लाइन पर पेड़ गिरने से बाधित बिजली आपूर्ति को बहाल कराने में व्यस्त अधिशासी अभियंता से दूरभाष पर वार्ता कर क्षेत्र की समस्याओं से अवगत कराया गया। उनकी अनुपस्थिति में विभाग द्वारा अधिकृत अधिकारी को ज्ञापन सौंपा गया।
अरविन्द गिरि ने कहा कि भीषण गर्मी में अघोषित बिजली कटौती से आम जनता, किसान, छात्र-छात्राएं, व्यापारी और छोटे व्यवसायी परेशान हैं। उन्होंने चेतावनी दी कि यदि एक सप्ताह के भीतर बिजली व्यवस्था में सुधार नहीं हुआ तो समाजवादी लोग आम जनता के साथ मिलकर व्यापक जनआंदोलन शुरू करेंगे, जिसकी पूरी जिम्मेदारी विद्युत विभाग और शासन-प्रशासन की होगी।


