बलिया
बलिया में 3 अलग-अलग जगहों पर आगजनी की घटनाओं में लाखों का नुकसान!
बलिया। जिले में 3 अलग-अलग जगहों पर आगजनी की घटनाओं में लाखों का नुकसान हो गया। जहां आगजनी में कीमती सामान और नकदी जलकर खाक हो गई। रसड़ा, रतसर और सहतवार में भीषण आग लगी। एक जगह झोपड़ियों तो दूसरी जगह दूकान में आग लगी इसके अलावा एक मकान में भी आगजनी हुई। कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया गया है। दुकान में आग का कारण शॉर्ट सर्किट बताया जा रहा है।
पहला मामला रसड़ा का है, जहां अठिलापुरा गांव के पूर्वी टोला ललित बस्ती में करीब 3 बजे अज्ञात कारणों के आग लग गई। जहां 5 झोपड़िया जल गई। इस दौरान उसमें रखा नगदी समेत घर-गृहस्थी का सारा सामान जल गया। इस ग्रामीणों ने आग बुझाने की काफी कोशिश की। जानकारी के मुताबिक गांव के श्रीकांत राम के परिवार के लोग मवेशियों के लिए चारा लेने के लिए खेत में गए थे। इस दौरान उनकी झोपड़ी ने किसी प्रकार आग पकड़ ली। आग की लपटों ने कुछ देर में ही बड़ा रुप धारण कर लिया।
देखते ही देखते आग ने लालबहादुर राम, श्यामलाल राम की एक-एक और शिवलाल राम की दो झोपड़ियों को अपने चपेट में ले लिया। झोपड़ी में रखे अनाज, कपड़ा, बर्तन, बिस्तर, चौकी, भूसा आदि सामान आग की भेंट चढ़ गए। आगजनी में शिवलाल के झोपड़ी में रखे लगभग 10 हजार रूपए नगदी भी जल गया। पीड़ित परिवारों का कहना है कि घटना के वक्त उनके परिवार के लोग कोई खेत में काम करने तो कोई मवेशियों के लिए चारा काटने गये हुए थे।
दूसरी घटना रतसर की है, स्थानीय कस्बे के सदर बजार स्थित बड़सरी निवासी शिवशंकर गुप्त की कपड़ा और सुहंवा निवासी अक्षयलाल वर्मा की खाद की दुकान आग लग गई। जिससे क्षेत्र में हड़कंप मच गया। आसपास के लोग आग पर पानी डालकर काबू पाने के कोशिश में जुट गए। कुछ देर बाद पहुंची फायर ब्रिगेड की टीम ने आग पर काबू पाया। बताया जाता है कि जब तक आग शांत हुई दोनों दुकानों में मौजूद हजारों रुपये का सामान जलकर नष्ट हो चुके थे। दुकानदारों का कहना है कि यह घटना शार्ट-सर्किट के चलते हुई है।
तीसरी घटना सहतवार की है, जहां स्थानीय कस्बा क्षेत्र के वार्ड नम्बर 11 निवासी मीना देवी के घर में अज्ञात कारणों से आग लग गई। लोग जब तक कुछ समझ पाते तब तक घर में मौजूद घर-गृहस्थी का सामान जलकर खाक हो गया था। पीड़ित महिला का कहना है कि आगजनी में घर में मौजूद टीवी, फ्रिज, आभूषण, पंखा, कपड़ा के साथ ही करीब 15 हजार रुपये नगदी जल गया। लोगों की काफी कोशिश के आग बुझी।
बलिया
शिक्षा पदम सम्मान 2025 से सम्मानित हुए हाली पाथ कॉन्वेंट स्कूल के युवा निदेशक डॉ. परवेज अंसारी
हिमाचल प्रदेश के प्रतिष्ठित हिलटॉप पब्लिक स्कूल में आयोजित भव्य सम्मान समारोह में हाली पाथ कॉन्वेंट स्कूल के युवा निदेशक डॉ. परवेज अंसारी को “शिक्षा पदम सम्मान 2025” से सम्मानित किया गया। यह सम्मान उन्हें शिक्षा के क्षेत्र में उनके 10 वर्षों से अधिक की समर्पित सेवा और अभिनव प्रयासों के लिए प्रदान किया गया।
डॉ. अंसारी की नेतृत्व क्षमता और शिक्षा के प्रति प्रतिबद्धता ने स्कूल को नई ऊँचाइयों तक पहुँचाया है। उनके मार्गदर्शन में हाली पाथ कॉन्वेंट स्कूल ने गुणवत्तापूर्ण शिक्षा, आधुनिक शिक्षण पद्धतियों और विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास पर विशेष ध्यान दिया है।
सम्मान प्राप्त करने के बाद डॉ. परवेज अंसारी ने कहा —
“यह सम्मान मेरे लिए प्रेरणा का स्रोत है। मैं शिक्षा के क्षेत्र में लगातार नवाचार और सुधार के लिए प्रयासरत रहूँगा।”
उनकी इस उपलब्धि से न केवल स्कूल परिवार बल्कि पूरे जनपद में गर्व की भावना व्याप्त है।
फेफना
दिखाया जज़्बा: जमुना राम मेमोरियल स्कूल के कराटे वीरों ने जीते 22 पदक, बलिया में बजाया अपना डंका
बलिया के बापू भवन में आयोजित 2nd Gyanti Devi Memorial Cup District Karate Championship 2K25 में जिले के लगभग 15 विद्यालयों ने भाग लिया। इस प्रतियोगिता में जमुना राम मेमोरियल स्कूल, मानपुर चितबड़ागांव के 22 छात्रों ने प्रतिभाग कर दमखम दिखाया।
शानदार प्रदर्शन करते हुए स्कूल के 12 छात्रों ने स्वर्ण पदक , 6 ने रजत पदक और 4 ने कांस्य पदक हासिल किए। छात्रों की इस उपलब्धि ने न केवल विद्यालय का नाम रोशन किया बल्कि माता-पिता और क्षेत्र को भी गौरवान्वित किया।
विद्यालय के प्रधानाचार्य अबरी के.बी. एवं प्रबंध निदेशक तुषार नंद जी ने विजेताओं को बधाई देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की। उन्होंने कहा कि इस प्रकार की प्रतियोगिताएं बच्चों में आत्मविश्वास, अनुशासन और शारीरिक स्फूर्ति को बढ़ावा देती हैं।
विद्यालय प्रबंधन ने यह भी आश्वस्त किया कि भविष्य में भी छात्र ऐसे आयोजनों में भाग लेकर और बेहतर प्रदर्शन करेंगे।
featured
बलिया की राजनीति में हलचल: भानु दुबे जल्द कर सकते हैं सपा जॉइन, अटकलों का बाजार गर्म
बलिया।
बलिया के प्रमुख सामाजिक नेता भानु दुबे जल्द ही समाजवादी पार्टी (सपा) जॉइन कर सकते हैं। हाल ही में उनके सोशल मीडिया पोस्ट और गतिविधियों से इस बात के कयास तेज हो गए हैं। सूत्रों से मिली जानकारी के अनुसार, पिछले कुछ दिनों से भानु दुबे लगातार सपा के बड़े नेताओं से मुलाकात कर रहे हैं। उनकी इन मुलाकातों और नेताओं के काफिलों में देखे जाने के बाद यह चर्चा और तेज हो गई है कि वे जल्द ही सपा का दामन थाम सकते हैं।
भानु दुबे को ब्राह्मण समाज का बड़ा चेहरा माना जाता है। सामाजिक स्तर पर उनकी लोकप्रियता भी युवाओं में काफी मजबूत है। अगर वे सपा में शामिल होते हैं तो न केवल बलिया में पार्टी को मजबूती मिलेगी, बल्कि आगामी 2027 विधानसभा चुनाव में बलिया सदर सीट से उनकी दावेदारी भी बेहद मजबूत मानी जा रही है।
राजनीतिक जानकारों का मानना है कि भानु दुबे के सपा में आने से बलिया की राजनीति में नया समीकरण बन सकता है। और यह फैसला पूरे जिले के राजनीतिक परिदृश्य को बदल सकता है।
अब देखना दिलचस्प होगा कि भानु दुबे कब और किस मंच से सपा की सदस्यता ग्रहण करते हैं और इसके बाद जिले की राजनीति कौन सा नया मोड़ लेती है।


