बलिया स्पेशल
बलिया- पेयजल आपूर्ति बुरी तरह ठप्प, 50 हजार जीवन परेशान
बलिया में अव्यवस्थाओं का आलम कुछ इस तरह है कि शहर के बाशिंदे पानी जैसी मूलभूत सुविधा के लिए तरस रहे हैं। शहर के आवास विकास कॉलोनी और बेदुआ में नगर पालिका की पेयजल आपूर्ति बुरी तरह ठप्प पड़ी है और करीब 50 हजार लोग इस बदहाली पर आंसू बहा रहे हैं। हालात यह हो गए हैं कि अधिकारियों एसी कमरों में बैठ कर मिनरल वॉटर पीते हुए आराम फरमाने में इतने मश़गूल हैं कि उन्हें पानी के लिए तड़पती जनता की प्यास नज़र नहीं आती।
यह एक दो नहीं बल्कि हर वार्ड में की यही परेशानी हैं। नगर पालिका ने दोनों इलाकों में जलापूर्ति के लिए पाइपलाइन बिछा दी लेकिन तकनीकी दिक्कतों को सुधारने में पीछे हट गई। बेदुआ मोहल्ले में पानी टंकी का निर्माण पूरा हो गया है। विवाद के चलते यह चालू नहीं हो सका है। काम ठप है। मोहल्ले में भृगु आश्रम व शनिचरी मंदिर स्थत ट्यूबवेल से पानी देने की कोशिश की गई है लेकिन यह कामयाब नहीं हो पाया है। इसलिए लोगों के घरों में पानी सप्लाई नहीं हो रहा। अभी भी लोग सूखे नलों से पानी टपकने के इंतजार में हैं।
अधिकारियों को तो इनकी प्यास की चिंता नहीं, लिहाज़ा रहवासी शुद्ध पेयजल के लिए निजी आरओ प्लांट जाते हैं। यहां से वह 10 से 12 प्रति गैलन के हिसाब से पानी खरीद रहे हैं। लोगों का कहना है कि पानी सप्लाई की व्यवस्था ठीक नहीं होने के कारण दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है। कभी पानी आता है तो कुछ ही देर में चला भी जाता है। कभी-कभी तो गंदा पानी आने लगता है। इसकी कई बार शिकायत भी की गई लेकिन आश्वासन के बाद भी कोई सार्थक हल नहीं निकल सका। पीने के लिए बोतल से आरओ पानी सप्लाई करने वालों से मंगाया जाता है।
पूरी समस्या को लेकर नगर पालिक परिषद ईओ दिनेश कुमार विश्वकर्मा का कहना है कि हर घर तक सप्लाई पानी पहुंचाने का कार्य लगभग पूर्ण हो गया है। आवास विकास कालोनी व बेदुआ मोहल्ले में टंकी चालू करने की पहल की जा रही है। जल्द इन दोनों जगहों में पानी की दिक्कत दूर होगी।
featured
बी.एन. इंटरनेशनल स्कूल में विज्ञान प्रदर्शनी का भव्य आयोजन
बलिया। नारायणपुर स्थित बी.एन. इंटरनेशनल स्कूल में शनिवार को विज्ञान प्रदर्शनी का शानदार आयोजन किया गया। विद्यार्थियों ने विज्ञान के विभिन्न आयामों पर आधारित अपने मॉडल प्रदर्शित कर सबको प्रभावित किया। उनकी सृजनशीलता और तकनीकी कौशल को देखकर अतिथि, अभिभावक व आगंतुक मंत्रमुग्ध रह गए।
कार्यक्रम का शुभारंभ क्षेत्र के विख्यात एवं सेवानिवृत्त मुख्य अभियंता श्री विनोद कुमार सिंह द्वारा दीप प्रज्वलित कर किया गया। इस अवसर पर विद्यालय के प्राचार्य श्री बलविंदर सिंह, अभिभावकों तथा पूर्व छात्रों की उल्लेखनीय उपस्थिति रही, जिन्होंने बच्चों का उत्साहवर्धन किया।
प्राचार्य श्री बलविंदर सिंह ने कहा कि इस प्रकार की गतिविधियाँ छात्रों में नवाचार, शोध क्षमता और वैज्ञानिक सोच को बढ़ावा देती हैं। विद्यालय प्रबंधन ने सभी अतिथियों व प्रतिभागी छात्रों का आभार व्यक्त किया।
featured
फेफना खेल महोत्सव : कबड्डी फाइनल में जमुना राम मेमोरियल स्कूल की बेटियों का दमदार प्रदर्शन
बलिया, 3 दिसंबर 2025। फेफना खेल महोत्सव 2025 के तहत आज बालिका वर्ग की कबड्डी प्रतियोगिता का फाइनल मुकाबला रोमांच और जोश से भरपूर रहा। खिताबी जंग जमुना राम मेमोरियल स्कूल, चितबड़ागांव और मर्चेंट इंटर कॉलेज, बलिया के बीच खेली गई।
कड़े संघर्ष से भरे इस मैच में जमुना राम मेमोरियल स्कूल की बालिकाओं ने शानदार कौशल, साहस और टीमवर्क का परिचय दिया। अंतिम मिनटों तक चले रोमांचक मुकाबले में शानदार प्रदर्शन करते हुए टीम ने उपविजेता का खिताब हासिल किया।

पूर्व खेल मंत्री ने बढ़ाया खिलाड़ियों का उत्साह
फाइनल मुकाबले में मुख्य अतिथि के रूप में पहुंचे पूर्व खेल मंत्री श्री उपेंद्र तिवारी ने दोनों टीमों से भेंट कर उनका हौसला बढ़ाया। मैच के बाद उन्होंने विजेता और उपविजेता टीमों को मेडल व ट्रॉफी प्रदान कर सम्मानित किया।

विद्यालय परिवार में उत्सव जैसा माहौल
विद्यालय के प्रबंधक निदेशक इंजीनियर तुषार नंद ने छात्राओं को बधाई देते हुए कहा कि बेटियों का यह प्रदर्शन स्कूल के लिए गर्व की बात है।
प्रधानाचार्य अरविंद चौबे और क्रीड़ा शिक्षक सरदार मोहम्मद अफजल ने भी टीम की उपलब्धि पर खुशी व्यक्त करते हुए खिलाड़ियों के उज्ज्वल भविष्य की कामना की।
बलिया स्पेशल
बलिया पहुंचीं राज्यपाल आनंदीबेन पटेल, जेएनसीयू के दीक्षांत समारोह का किया शुभारंभ
बलिया। जननायक चंद्रशेखर विश्वविद्यालय (जेएनसीयू) के दीक्षांत समारोह में मंगलवार को प्रदेश की राज्यपाल आनंदीबेन पटेल मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुईं। उनके आगमन पर विश्वविद्यालय के कुलगीत के साथ उनका गर्मजोशी से स्वागत किया गया।
राज्यपाल ने दीप प्रज्वलन कर समारोह का शुभारंभ किया और मेधावी छात्रों को पदक पहनाकर सम्मानित किया। कार्यक्रम में कुलपति, शिक्षकों और छात्रों ने राज्यपाल का अभिनंदन किया।
इस अवसर पर राज्यपाल ने छात्रों से कहा कि वे शिक्षा के साथ सामाजिक जिम्मेदारी को भी समझें और देश के विकास में योगदान दें। उन्होंने विश्वविद्यालय प्रशासन को भी बधाई दी और बेहतर शैक्षणिक माहौल बनाए रखने की सराहना की।
समारोह में जिले के कई गणमान्य व्यक्ति, जनप्रतिनिधि और अभिभावक बड़ी संख्या में उपस्थित रहे।


