बलिया
गांवों में सिर्फ प्रधान-सचिव के भरोसे न रहें अधिकारी, स्वयं भी रखें नजर – बलिया डीएम
बलियाः जिलाधिकारी अदिति सिंह ने शुक्रवार को कलेक्ट्रेट सभागार में विकास कार्यक्रमों की समीक्षा बैठक की। स्वास्थ्य विभाग से किसी भी अधिकारी के बैठक में नहीं आने पर जिलाधिकारी ने तत्काल प्रभारी सीएमओ को बुलवाया और फटकार लगाई। उन्होंने निर्माण कार्यों की समीक्षा के दौरान स्थिति खराब मिलने पर कार्यदायी संस्था के अधिकारियों को निर्देश दिया कि ठेकेदारों की मनमानी रोकें।
अगर कोई निर्माण कार्य में लेटलतीफी करता है तो उनको नोटिस जारी करें। सुधार नही होने की दशा में ब्लैकलिस्टेड की कार्यवाही सुनिश्चित कराएं। स्वास्थ्य विभाग के कार्यों की स्थिति ठीक नहीं मिलने पर नाराजगी व्यक्त की और सुधार लाने की चेतावनी दी। मुख्यमंत्री सामुहिक विवाह योजना की प्रगति की भी जानकारी ली।
नवम्बर तक सभी लाभार्थियों को चयनित कर लक्ष्य पूरा करने के निर्देश दिए। कायाकल्प योजना के अन्तर्गत विद्यालयों के भवन निर्माण को जल्द पूरा कराने के निर्देश बीएसए व डीपीआरओ को दिया। ग्राम पंचायत के कार्याें की समीक्षा करते हुए कहा कि सिर्फ पंचायत सचिव व प्रधान के भरोसे नहीं रहें, बल्कि सम्बन्धित अधिकारी भी सभी कार्याें पर नजर बनाए रखें। सिकंदरपुर में अग्निशमन भवन का निर्माण निर्धारित तिथि तक पूरा करा देने को कहा। बैरिया में राजकीय पॉलिटेक्निक कालेज के निर्माण को दिसम्बर तक पूरा कराने के निर्देश दिए।
न्याय विभाग का कोर्ट रूप बना रही कार्यदायी संस्था सीएनडीएस के अधिकारी को कार्य की रफ्तार बढ़ाने को कहा। जीजीआईसी बैरिया, स्पोर्ट्स कालेज, सीएचसी सोनबरसा भवन निर्माण की प्रगति भी जानकारी ली। आशा, एएनएम आदि के माध्यम से गांवों में जागरूकता फैलाकर वैक्सिनेशन कार्य में और तेजी लाने के निर्देश दिए। आयुष्मान कार्ड बनाने व वितरण करने के कार्य में भी सुधार लाने की चेतावनी देते हुए नोडल अधिकारी को प्रतिदिन कैंप लगाने के निर्देश दिए।
कार्यदायी संस्था की लापरवाही पर हो कार्रवाई
कस्तूरबा गांधी बालिका विद्यालय में हो रहे निर्माण कार्य का निरीक्षण करने का निर्देश बीएसए को दिया। कहा कि अगर कार्य सही ढ़ंग से नहीं मिले तो सम्बन्धित कार्यदायी संस्था का लाइसेंस निरस्तीकरण की कार्यवाही हो। राजकीय पॉलिटेक्निक हुसेनाबाद का कार्य ठीक नहीं होने की जानकारी मिलने पर नाराजगी जताते हुए कहा कि सुधार नहीं होने की दशा में कार्यदायी संस्था पर कार्यवाही कराएं। राजकीय गर्ल्स हॉस्टल जिगिरसड़ में खराब पानी टंकी को जल्द ठीक कराने का निर्देश दिया। सेतु निर्माण कार्याें की भी प्रगति की जानकारी ली।
पशुओं की मौत पर तय होगी जवाबदेही
गो-आश्रय स्थलों पर वर्मी कम्पोस्ट ठीक ढंग से स्थापित कराने को कहा। जिलाधिकारी ने कहा कि गौशालाओं में पशुओं की मृत्यु होने पर सम्बन्धित अधिकारियों की जवाबदेही तय की जाएगी। टेंडर के सम्बन्ध में अधिकारियों को साफ शब्दों में चेतावनी दी कि लोकल पेपर में टेंडर सूचना निकलवाकर औपचारिकता पूरा नही करें, बल्कि लोकल के साथ लीडिंग अखबार में भी विज्ञापन निकलवाएं।
बूथों पर सभी सुविधाएं हो दुरूस्त
परिषदीय स्कूलों में लाईट, सफाई, पेयजल की व्यवस्था, रैम्प की मरम्मत आदि के लिए बीएसए, डीपीआरओ, बीडीओ, ईओ को कड़े निर्देश दिए। कहा कि आगामी चुनाव के दृष्टिगत पूरी गंभीरता से इन कार्याें को कराएं। पोलिंग बूथ पर जाने वाली सभी सड़कों की मरम्मत चुनाव से पहले ही ठीक कराने को कहा। बैठक में सीडीओ प्रवीण वर्मा सहित अन्य जनपद स्तरीय अधिकारी मौजूद थे।
बलिया
शिक्षा पदम सम्मान 2025 से सम्मानित हुए हाली पाथ कॉन्वेंट स्कूल के युवा निदेशक डॉ. परवेज अंसारी
हिमाचल प्रदेश के प्रतिष्ठित हिलटॉप पब्लिक स्कूल में आयोजित भव्य सम्मान समारोह में हाली पाथ कॉन्वेंट स्कूल के युवा निदेशक डॉ. परवेज अंसारी को “शिक्षा पदम सम्मान 2025” से सम्मानित किया गया। यह सम्मान उन्हें शिक्षा के क्षेत्र में उनके 10 वर्षों से अधिक की समर्पित सेवा और अभिनव प्रयासों के लिए प्रदान किया गया।
डॉ. अंसारी की नेतृत्व क्षमता और शिक्षा के प्रति प्रतिबद्धता ने स्कूल को नई ऊँचाइयों तक पहुँचाया है। उनके मार्गदर्शन में हाली पाथ कॉन्वेंट स्कूल ने गुणवत्तापूर्ण शिक्षा, आधुनिक शिक्षण पद्धतियों और विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास पर विशेष ध्यान दिया है।
सम्मान प्राप्त करने के बाद डॉ. परवेज अंसारी ने कहा —
“यह सम्मान मेरे लिए प्रेरणा का स्रोत है। मैं शिक्षा के क्षेत्र में लगातार नवाचार और सुधार के लिए प्रयासरत रहूँगा।”
उनकी इस उपलब्धि से न केवल स्कूल परिवार बल्कि पूरे जनपद में गर्व की भावना व्याप्त है।
फेफना
दिखाया जज़्बा: जमुना राम मेमोरियल स्कूल के कराटे वीरों ने जीते 22 पदक, बलिया में बजाया अपना डंका
बलिया के बापू भवन में आयोजित 2nd Gyanti Devi Memorial Cup District Karate Championship 2K25 में जिले के लगभग 15 विद्यालयों ने भाग लिया। इस प्रतियोगिता में जमुना राम मेमोरियल स्कूल, मानपुर चितबड़ागांव के 22 छात्रों ने प्रतिभाग कर दमखम दिखाया।
शानदार प्रदर्शन करते हुए स्कूल के 12 छात्रों ने स्वर्ण पदक , 6 ने रजत पदक और 4 ने कांस्य पदक हासिल किए। छात्रों की इस उपलब्धि ने न केवल विद्यालय का नाम रोशन किया बल्कि माता-पिता और क्षेत्र को भी गौरवान्वित किया।
विद्यालय के प्रधानाचार्य अबरी के.बी. एवं प्रबंध निदेशक तुषार नंद जी ने विजेताओं को बधाई देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की। उन्होंने कहा कि इस प्रकार की प्रतियोगिताएं बच्चों में आत्मविश्वास, अनुशासन और शारीरिक स्फूर्ति को बढ़ावा देती हैं।
विद्यालय प्रबंधन ने यह भी आश्वस्त किया कि भविष्य में भी छात्र ऐसे आयोजनों में भाग लेकर और बेहतर प्रदर्शन करेंगे।
featured
बलिया की राजनीति में हलचल: भानु दुबे जल्द कर सकते हैं सपा जॉइन, अटकलों का बाजार गर्म
बलिया।
बलिया के प्रमुख सामाजिक नेता भानु दुबे जल्द ही समाजवादी पार्टी (सपा) जॉइन कर सकते हैं। हाल ही में उनके सोशल मीडिया पोस्ट और गतिविधियों से इस बात के कयास तेज हो गए हैं। सूत्रों से मिली जानकारी के अनुसार, पिछले कुछ दिनों से भानु दुबे लगातार सपा के बड़े नेताओं से मुलाकात कर रहे हैं। उनकी इन मुलाकातों और नेताओं के काफिलों में देखे जाने के बाद यह चर्चा और तेज हो गई है कि वे जल्द ही सपा का दामन थाम सकते हैं।
भानु दुबे को ब्राह्मण समाज का बड़ा चेहरा माना जाता है। सामाजिक स्तर पर उनकी लोकप्रियता भी युवाओं में काफी मजबूत है। अगर वे सपा में शामिल होते हैं तो न केवल बलिया में पार्टी को मजबूती मिलेगी, बल्कि आगामी 2027 विधानसभा चुनाव में बलिया सदर सीट से उनकी दावेदारी भी बेहद मजबूत मानी जा रही है।
राजनीतिक जानकारों का मानना है कि भानु दुबे के सपा में आने से बलिया की राजनीति में नया समीकरण बन सकता है। और यह फैसला पूरे जिले के राजनीतिक परिदृश्य को बदल सकता है।
अब देखना दिलचस्प होगा कि भानु दुबे कब और किस मंच से सपा की सदस्यता ग्रहण करते हैं और इसके बाद जिले की राजनीति कौन सा नया मोड़ लेती है।


