बलिया
बिहार से बलिया जल्द होगा कनेक्ट, 3 बड़े पुलों के लिए बिहार सरकार देगी मुफ्त जमीन
बलिया। बिहार से कनेक्टिविटी के लिए बिहार सरकार ने बलिया को तोहफा दिया है। बिहार सरकार ने 3 बड़े पुलों के अप्रोच मार्ग के निर्माण में आ रही बाधा को दूर करने के लिए कदम बढ़ाए हैं। बिहार सरकार ने अप्रोच मार्ग के लिए जमीन मुफ्त में दी है। सरयू नदी में 3 साल से बन रहे खरीद-दरौली घाट पुल के अप्रोच मार्ग के लिए करीब 500 मीटर भूखंड PWD बलिया को हैंडओवर कर दिया है। साथ ही चांदपुर और शिवपुर पुल के अप्रोच मार्ग के लिए भी मुफ्त में जमीन देने के लिए बिहार सरकार ने सहमति जताई है।
बता दें निर्माण कार्य अब अंतिम पड़ाव पर है बहुत जल्द प्रोजेक्ट उत्तर प्रदेश सेतु निगम हैंडओवर कर देगा। क्योंकि संपर्क मार्ग का निर्माण PWD को करना है। 679.81 करोड़ की तीनों परियोजनाओं के लिए अब प्रमुख अभियंता लखनऊ ने सिवान और छपरा के डीएम को पत्र लिख दिया है। कहा है कि अविलंब भूखंड हैंडओवर की प्रक्रिया को पूरा कर लिया जाए। प्रकरण में सिवान प्रशासन की ओर से दरौली घाट के पहुंच मार्ग के लिए कार्रवाई भी शुरू कर दी गई है।
वहीं पथ प्रमंडल के कार्यपालक अभियंता ने जिला भू-अर्जन पदाधिकारी से जमीन का चिह्नांकन के लिए कहा है। बता दें कि खरीद-दरौली के पहुंच मार्ग के लिए बिहार का हिस्सा 500 मीटर है, जबकि चांदपुर में 2800 मीटर। इसी तरह शिवपुर में करीब 1800 मीटर लंबा मार्ग सीमा के उस पार बनाया जाना है। यूपी के हिस्से में जमीन फाइनल हो चुकी है। अब मार्ग का डिटेल प्रोजेक्ट रिपोर्ट बनाई जा रही है। विधानसभा चुनाव के बाद प्रोजेक्ट्स को रफ्तार मिलेगी।
बिहार सरकार हैंडओवर करेगी जमीन- दरअसल बिहार सरकार की ओर से भूखंड हैंडओवर किया जाना है। उन्हें जमीन मुफ्त देनी है। इसके बाद बलिया के हिस्से में पहुंच मार्ग यहां के इंजीनियर बनाएंगे, जबकि बिहार के अभियंता अपने हिस्से का काम करेंगे। इस दिशा में सहमति भी बन चुकी है। उत्तर प्रदेश सेतु निगम के परियोजना अधिकारी संतराज का कहना है कि टाइम लाइन के अनुरुप काम पूरा करने की कोशिश है। तीनों परियोजनाओं से बिहार से कनेक्टिविटी मजबूत हो जाएगी।
कटान प्रभावित पुलों का दूर होगा पेंच- सरयू की कटान से खरीद-दरौली और चांदपुर पुल प्रभावित हैं। पिछले दिनों पहुंच मार्ग का हिस्सा घटाने के लिए लखनऊ मुख्यालय को पत्र लिखा गया था। इसके स्थान पर पिलर की संख्या बढ़ाए जाने की तैयारी है। दोनों प्रोजेक्टों के लिए राज्य स्तरीय कमेटी का गठन हो चुका है। विधानसभा चुनाव के बाद कमेटी बलिया आएगी और फंसे पेच को सुलझाने की दिशा में काम करेगी।
बलिया
शिक्षा पदम सम्मान 2025 से सम्मानित हुए हाली पाथ कॉन्वेंट स्कूल के युवा निदेशक डॉ. परवेज अंसारी
हिमाचल प्रदेश के प्रतिष्ठित हिलटॉप पब्लिक स्कूल में आयोजित भव्य सम्मान समारोह में हाली पाथ कॉन्वेंट स्कूल के युवा निदेशक डॉ. परवेज अंसारी को “शिक्षा पदम सम्मान 2025” से सम्मानित किया गया। यह सम्मान उन्हें शिक्षा के क्षेत्र में उनके 10 वर्षों से अधिक की समर्पित सेवा और अभिनव प्रयासों के लिए प्रदान किया गया।
डॉ. अंसारी की नेतृत्व क्षमता और शिक्षा के प्रति प्रतिबद्धता ने स्कूल को नई ऊँचाइयों तक पहुँचाया है। उनके मार्गदर्शन में हाली पाथ कॉन्वेंट स्कूल ने गुणवत्तापूर्ण शिक्षा, आधुनिक शिक्षण पद्धतियों और विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास पर विशेष ध्यान दिया है।
सम्मान प्राप्त करने के बाद डॉ. परवेज अंसारी ने कहा —
“यह सम्मान मेरे लिए प्रेरणा का स्रोत है। मैं शिक्षा के क्षेत्र में लगातार नवाचार और सुधार के लिए प्रयासरत रहूँगा।”
उनकी इस उपलब्धि से न केवल स्कूल परिवार बल्कि पूरे जनपद में गर्व की भावना व्याप्त है।
फेफना
दिखाया जज़्बा: जमुना राम मेमोरियल स्कूल के कराटे वीरों ने जीते 22 पदक, बलिया में बजाया अपना डंका
बलिया के बापू भवन में आयोजित 2nd Gyanti Devi Memorial Cup District Karate Championship 2K25 में जिले के लगभग 15 विद्यालयों ने भाग लिया। इस प्रतियोगिता में जमुना राम मेमोरियल स्कूल, मानपुर चितबड़ागांव के 22 छात्रों ने प्रतिभाग कर दमखम दिखाया।
शानदार प्रदर्शन करते हुए स्कूल के 12 छात्रों ने स्वर्ण पदक , 6 ने रजत पदक और 4 ने कांस्य पदक हासिल किए। छात्रों की इस उपलब्धि ने न केवल विद्यालय का नाम रोशन किया बल्कि माता-पिता और क्षेत्र को भी गौरवान्वित किया।
विद्यालय के प्रधानाचार्य अबरी के.बी. एवं प्रबंध निदेशक तुषार नंद जी ने विजेताओं को बधाई देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की। उन्होंने कहा कि इस प्रकार की प्रतियोगिताएं बच्चों में आत्मविश्वास, अनुशासन और शारीरिक स्फूर्ति को बढ़ावा देती हैं।
विद्यालय प्रबंधन ने यह भी आश्वस्त किया कि भविष्य में भी छात्र ऐसे आयोजनों में भाग लेकर और बेहतर प्रदर्शन करेंगे।
featured
बलिया की राजनीति में हलचल: भानु दुबे जल्द कर सकते हैं सपा जॉइन, अटकलों का बाजार गर्म
बलिया।
बलिया के प्रमुख सामाजिक नेता भानु दुबे जल्द ही समाजवादी पार्टी (सपा) जॉइन कर सकते हैं। हाल ही में उनके सोशल मीडिया पोस्ट और गतिविधियों से इस बात के कयास तेज हो गए हैं। सूत्रों से मिली जानकारी के अनुसार, पिछले कुछ दिनों से भानु दुबे लगातार सपा के बड़े नेताओं से मुलाकात कर रहे हैं। उनकी इन मुलाकातों और नेताओं के काफिलों में देखे जाने के बाद यह चर्चा और तेज हो गई है कि वे जल्द ही सपा का दामन थाम सकते हैं।
भानु दुबे को ब्राह्मण समाज का बड़ा चेहरा माना जाता है। सामाजिक स्तर पर उनकी लोकप्रियता भी युवाओं में काफी मजबूत है। अगर वे सपा में शामिल होते हैं तो न केवल बलिया में पार्टी को मजबूती मिलेगी, बल्कि आगामी 2027 विधानसभा चुनाव में बलिया सदर सीट से उनकी दावेदारी भी बेहद मजबूत मानी जा रही है।
राजनीतिक जानकारों का मानना है कि भानु दुबे के सपा में आने से बलिया की राजनीति में नया समीकरण बन सकता है। और यह फैसला पूरे जिले के राजनीतिक परिदृश्य को बदल सकता है।
अब देखना दिलचस्प होगा कि भानु दुबे कब और किस मंच से सपा की सदस्यता ग्रहण करते हैं और इसके बाद जिले की राजनीति कौन सा नया मोड़ लेती है।


