बलिया स्पेशल
बलिया में लापरवाहीः बिना रेलेवे क्रासिंग बंद किये चल पड़ी स्वतंत्रता सेनानी एक्सप्रेस, टला बड़ा हादसा !
बलिया में रेलवे के कर्मचारियों की बड़ी लापरवाही बुधवार को सामने आयी। रेलेवे क्रासिंग बंद कराए बिना ही स्वतंत्रता संग्राम सेनानी को स्टेशन से रवाना कर दिया गया। रेलवे क्रासिंग से ठीक पहले लगे सिग्नल पर लाल बत्ती जलती देख चालक ने गाड़ी रोक दी। जिस समय ट्रेन क्रासिंग के पास तक पहुंच गई उसी दौरान एक स्कूल की कई बसें बच्चों को छोड़ने जा रही थीं। संयोग रहा कि कोई हादसा नहीं हुआ।
नयी दिल्ली से जयनगर जाने वाली स्वतंत्रता सेनानी का बलिया पहुंचने का समय सुबह 11 बजकर 5 मिनट है। ट्रेन करीब पौने तीन घंटा की देरी से दोपहर बाद 1.48 बजे आयी। स्टेशन से ठीक पूरब काजीपुरा व अमृतपाली क्रासिंग है। नियम के मुताबिक इन दोनों क्रासिंग को बंद करने की सूचना देने के बाद ही ट्रेन को आगे के लिए रवाना किया जाता है। अमृतपाली क्रासिंग पर तैनात गेटमैन को सूचना दिए बिना ही ट्रेन को रवाना कर दिया गया। काजीपुरा रेलवे क्रासिंग को पार करते हुए ट्रेन आगे बढ़ी तो अचानक चालक की नजर अमृतपाली क्रासिंग से पहले लगे सिग्नल पर पड़ी। वहां लालबत्ती जल रही थी अौर गेट भी खुला था। लिहाजा चालक ने गाड़ी की स्पीड काफी धीमी कर दी।
क्रासिंग से थोड़ा पहले ही ट्रेन रोक दी और गेटमैन के पास पहुंचे। पता चला कि स्टेशन से ट्रेन को छोड़ने की सूचना ही गेटमैन को नहीं दी गयी थी, लिहाजा गेट खुला ही रह गया था। चालक ने मामले से स्टेशन मास्टर को अवगत कराया। उसके बाद फाटक बंद किया गया और गाड़ी आगे को रवाना हो सकी। इस बारे में आधिकारिक रूप से कोई कर्मचारी कुछ बताने से परहेज करता रहा। इतना जरूर कहा कि निश्चित ही यह बड़ी लापरवाही है। हालांकि यह भी कहा कि क्रासिंग से पहले कई सुरक्षा घेरा है, लिहाजा हादसे की आशंका नहीं थी।
कुछ देर को सहम गए स्कूली बस के बच्चे
जिस समय क्रासिंग की अोर ट्रेन आ रही थी कई स्कूली बसें पास हो रही थीं। बिना गेट बंद हुए ट्रेन के काफी करीब तक आते देख स्कूली बच्चे सहम गए। चालक ने तत्परता दिखाते हुए गाड़ी को रोक दी थी, जिससे किसी प्रकार का हादसा नहीं हुआ। गेटमैन ने भी पटरी पर लाल झंडी पहले से लगा रखी थी, लिहाजा इतना तो तय था कि ट्रेन क्रासिंग से नहीं गुजरेगी लेकिन ट्रेन के करीब तक आ जाने से सभी हैरान थे। चालक ने जब स्टेशन पर इसकी सूचना दी तो गेटमैन ने स्कूली बसों के गुजरने का हवाला दिया। इसके बाद दो-तीन मिनट तक ट्रेन को रोके रखा गया और फिर फाटक बंद कर उसे आगे के लिए रवाना किया गया।
featured
बलिया की सियासत में नई हलचल: इंजीनियर विजय कांत तिवारी की एंट्री, 2027 पर नजर!
बलिया– अपनी राजनीतिक चेतना और संघर्षों के लिए पहचान रखने वाले बलिया की राजनीति में अब एक नया नाम तेजी से चर्चा में है। पेशे से एक प्रतिष्ठित बहुराष्ट्रीय कंपनी (MNC) में इंजीनियर रहे विजय कांत तिवारी ने सक्रिय राजनीति में कदम रखकर राजनीतिक गलियारों में हलचल पैदा कर दी है। वर्ष 2027 के विधानसभा चुनाव को लेकर वे बलिया विधानसभा क्षेत्र से एक मजबूत और प्रबल दावेदार के रूप में उभरते दिखाई दे रहे हैं।
बताया जाता है कि विजय कांत तिवारी लंबे समय तक कॉरपोरेट सेक्टर में अपनी सेवाएं देने के बाद अब अपने गृह जनपद के विकास और जनसमस्याओं के समाधान के उद्देश्य से राजनीति के मैदान में उतरे हैं। उनका कहना है कि बलिया जैसे ऐतिहासिक और गौरवशाली जिले में आज भी बुनियादी सुविधाओं की कमी कई क्षेत्रों में देखने को मिलती है, जिसे दूर करना उनकी प्राथमिकता होगी।
तिवारी का मुख्य फोकस जिले में बेहतर और सुलभ चिकित्सा व्यवस्था उपलब्ध कराना है। उनका मानना है कि बलिया के लोगों को गंभीर बीमारियों के इलाज के लिए वाराणसी या अन्य बड़े शहरों का रुख करना पड़ता है, जो एक बड़ी समस्या है। इसके साथ ही वे सड़क, नाली और पेयजल जैसी बुनियादी समस्याओं के स्थायी समाधान पर भी जोर दे रहे हैं।
युवाओं के रोजगार को लेकर भी उन्होंने अपनी स्पष्ट योजना बताई है। विजय कांत तिवारी का कहना है कि यदि बलिया में एक सशक्त औद्योगिक क्षेत्र विकसित किया जाए और बाहरी निवेश को आकर्षित किया जाए, तो हजारों युवाओं को अपने ही जिले में रोजगार के अवसर मिल सकते हैं। उनका मानना है कि पलायन की समस्या को रोकने के लिए स्थानीय स्तर पर उद्योग और रोजगार के अवसर पैदा करना बेहद जरूरी है।
इंजीनियरिंग पृष्ठभूमि होने के कारण वे विकास कार्यों में तकनीकी समझ, पारदर्शिता और योजनाबद्ध तरीके से कार्य करने की बात करते हैं। उनका कहना है कि सरकारी योजनाओं का सही क्रियान्वयन और निगरानी सुनिश्चित कर विकास कार्यों को गति दी जा सकती है।
राजनीतिक विश्लेषकों का मानना है कि शिक्षित और युवा चेहरों की बढ़ती मांग के बीच विजय कांत तिवारी जैसे लोगों का राजनीति में आना आने वाले समय में बलिया की राजनीति को नई दिशा दे सकता है। वहीं स्थानीय लोगों के बीच भी उनकी छवि एक शिक्षित, सुलझे हुए और विकासोन्मुखी नेता के रूप में धीरे-धीरे मजबूत होती दिखाई दे रही है।
featured
बी.एन. इंटरनेशनल स्कूल में विज्ञान प्रदर्शनी का भव्य आयोजन
बलिया। नारायणपुर स्थित बी.एन. इंटरनेशनल स्कूल में शनिवार को विज्ञान प्रदर्शनी का शानदार आयोजन किया गया। विद्यार्थियों ने विज्ञान के विभिन्न आयामों पर आधारित अपने मॉडल प्रदर्शित कर सबको प्रभावित किया। उनकी सृजनशीलता और तकनीकी कौशल को देखकर अतिथि, अभिभावक व आगंतुक मंत्रमुग्ध रह गए।
कार्यक्रम का शुभारंभ क्षेत्र के विख्यात एवं सेवानिवृत्त मुख्य अभियंता श्री विनोद कुमार सिंह द्वारा दीप प्रज्वलित कर किया गया। इस अवसर पर विद्यालय के प्राचार्य श्री बलविंदर सिंह, अभिभावकों तथा पूर्व छात्रों की उल्लेखनीय उपस्थिति रही, जिन्होंने बच्चों का उत्साहवर्धन किया।
प्राचार्य श्री बलविंदर सिंह ने कहा कि इस प्रकार की गतिविधियाँ छात्रों में नवाचार, शोध क्षमता और वैज्ञानिक सोच को बढ़ावा देती हैं। विद्यालय प्रबंधन ने सभी अतिथियों व प्रतिभागी छात्रों का आभार व्यक्त किया।
featured
फेफना खेल महोत्सव : कबड्डी फाइनल में जमुना राम मेमोरियल स्कूल की बेटियों का दमदार प्रदर्शन
बलिया, 3 दिसंबर 2025। फेफना खेल महोत्सव 2025 के तहत आज बालिका वर्ग की कबड्डी प्रतियोगिता का फाइनल मुकाबला रोमांच और जोश से भरपूर रहा। खिताबी जंग जमुना राम मेमोरियल स्कूल, चितबड़ागांव और मर्चेंट इंटर कॉलेज, बलिया के बीच खेली गई।
कड़े संघर्ष से भरे इस मैच में जमुना राम मेमोरियल स्कूल की बालिकाओं ने शानदार कौशल, साहस और टीमवर्क का परिचय दिया। अंतिम मिनटों तक चले रोमांचक मुकाबले में शानदार प्रदर्शन करते हुए टीम ने उपविजेता का खिताब हासिल किया।

पूर्व खेल मंत्री ने बढ़ाया खिलाड़ियों का उत्साह
फाइनल मुकाबले में मुख्य अतिथि के रूप में पहुंचे पूर्व खेल मंत्री श्री उपेंद्र तिवारी ने दोनों टीमों से भेंट कर उनका हौसला बढ़ाया। मैच के बाद उन्होंने विजेता और उपविजेता टीमों को मेडल व ट्रॉफी प्रदान कर सम्मानित किया।

विद्यालय परिवार में उत्सव जैसा माहौल
विद्यालय के प्रबंधक निदेशक इंजीनियर तुषार नंद ने छात्राओं को बधाई देते हुए कहा कि बेटियों का यह प्रदर्शन स्कूल के लिए गर्व की बात है।
प्रधानाचार्य अरविंद चौबे और क्रीड़ा शिक्षक सरदार मोहम्मद अफजल ने भी टीम की उपलब्धि पर खुशी व्यक्त करते हुए खिलाड़ियों के उज्ज्वल भविष्य की कामना की।


