featured
बेल्थरारोड विधायक का रिपोर्ट कार्ड, जनता से जानिए कैसा रहा कार्यकाल ?
बेल्थरारोड डेस्क : विधानसभा चुनाव 2022 को लेकर बलिया ख़बर की टीम अलग अलग विधानसभा क्षेत्रों में जाकर मौजूदा विधायक के कार्यकाल के बारे में जनता से जान रही है। इसी क्रम में हमारी टीम ने बेल्थरारोड विधानसभा की जनता से बातचीत की और मौजूदा विधायक धनंजय कन्नौजिया के कार्यकाल के बारे में जानकारी जुटाई। तो चलिए देखते हैं कैसा रहा विधायक धनंजय कन्नौजिया का पांच साल का कार्यकाल और इस दौरान उन्होंने क्षेत्र को क्या सौगातें दी।
बेदाग छवि के नेता हैं कन्नौजिया– बीजेपी के धनंजय कन्नौजिया ने 2017 के विधानसभा चुनाव में भारी मतों से विजयी हासिल की थी। 5 साल के कार्यकाल में उन्होंने कई विकास कार्य किए। धनंजय कन्नौजिया साफ छवि वाले नेता हैं। इलेक्शन वॉच और एसोसिएशन फॉर डेमोक्रेटिक रिफार्म्सज (ADR) ने अपनी रिपोर्ट में उन्हें बेदाग छवि वाला नेता बताया है। कन्नौजिया के खिलाफ एक भी मुकदमा दर्ज नहीं है। सूबे में सबसे कम संपत्ति वाले विधायकों की लिस्ट में उनका नाम शामिल हैं। धनंजय कन्नौजिया कि कुल संपत्ति ही केवल 3 लाख 77 हजार है। यह चल संपत्ति है जबकि धनंजय कन्नौजिया के पास कोई भी अचल संपत्ति नहीं है।
बेल्थरारोड निवासी रजत कन्नौजीया ने बताया कि “आमतौर पर विधायक बनने के बाद राजनेता अपनी संपत्ति का विस्तार करते हैं लेकिन धनंजय कन्नौजिया सूबे के विकास पर फोकस रखते हैं। सादगी के साथ वह विकास कार्यों की इबारत लिखते हैं। उन्होंने अपने पांच साल के कार्यकाल में कई सारे विकास कार्य करवाए। सड़क, बिजली, पानी, शिक्षा, स्वास्थ्य, रोजगार, पर्यटन हर क्षेत्र में विकास कार्य हुए। बात सड़कों के जाल बिछाने की हो तो कन्नौजिया के कार्यकाल में अच्छे काम हुए। आंकड़ों के मुताबिक लखुबरा बराईच संपर्क मार्ग का नवीनीकरण हुआ।”
चौकिया मोड से देवेंद्र पी.जी. कॉलेज तक का कार्य चल रहा। बिहर माल्दा संपर्क मार्ग से मऊरहा होते हुए देवकली माल्दा संपर्क मार्ग का कार्य और क्षेत्र में 120 किलोमीटर की सड़कों का निर्माण भी विधायक कन्नौजिया ने 60 करोड़ की लागत से करवाया। इधर बातचीत के दौरान कुछ लोग चौंकिया-तेंदुआ मार्ग के अधूरे निर्माण को लेकर भी नाराज दिखे। क्षेत्र के सूरज चौहान ने बताया कि “विधायक के कार्यकाल के दौरान चौंकिया-तेंदुआ मार्ग का निर्माण अगर हो जाता तो जनता को परेशान नहीं होना पड़ता।”
असलम खान ने बताया कि “शिक्षा व रोजगार के क्षेत्र में विधायक कन्नौजिया का काम सराहनीय है। उन्होंने क्षेत्र के अखोप ग्राम सभा में राजकीय इंटर कॉलेज का नव निर्माण करवाया। दो भव्य रोजगार मेले के माध्यम से क्षेत्र के हजारों युवाओं को रोजगार से जोड़ा।” वहीं कुछ और क्षेत्रीय नागरिकों ने बातचीत में बताया कि बिजली, पानी पर भी विधायक का फोकस रहा। विधायक कन्नौजिया ने बेल्थरा रोड के ग्रामसभा दिलमन मधुकीपुर और ग्राम सभा रनाऊपुर में विद्युत उपकेंद्र का निर्माण कराया। नगरा व सीयर ब्लॉक के 185 गांव में जर्जर तारों को बदलकर केबलिंग का कार्य करवाया।
ये भी पढ़ें- रसड़ा विधायक का रिपोर्ट कार्ड, जनता से जानिए कैसा रहा कार्यकाल, पास रहे या फेल?
इसके अलावा बेल्थरा रोड विधानसभा के गांवों में दो सौ हैंडपंपों का अधिष्ठान विधायक निधि से कराया गया। बेल्थरा रोड विधानसभा क्षेत्र के 35 सार्वजनिक स्थलों पर शुद्ध पेय जल के लिए आर ओ प्लांट विधायक निधि के द्वारा लगवाया गया।चिकित्सा एवं स्वास्थ्य के क्षेत्र में विधायक कन्नौजिया का विशेष जोर रहा। उन्होंने कोरोनाकाल में जनता की मदद करने के साथ ही स्वास्थ्य सेवाओं में इजाफा करवाया। सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र सीयर के अंतर्गत विधायक निधि के द्वारा ऑक्सीजन प्लांट और 30 ऑक्सीजन बेड स्थापित किए गए।
नगरा सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में बेड, ऑक्सीजन कंस्ट्रेटर, बड़े ऑक्सीजन सिलेंडर लगवाए। मास्क, सैनिटाइजर के लिए लाखों का अनुदान किया। हमारी टीम से बातचीत में महिला सुमन ने बताया कि “सामाजिक व धार्मिक महत्व के कार्यों को लेकर विधायक कन्नौजिया हमेशा सजग रहते हैं। वह सभी समुदायों की भावनाओं का सम्मान करते हैं। उन्होंने सामूहिक विवाह के जरिए सैंकड़ों युवाओं की जिंदगी संवारी।
महिलाओं-बेटियों के विषय को लेकर विधायक ने हमेशा आवाज उठाई है।” जनता से बातचीत में हमारी टीम ने विधायक के कार्यकाल के बारे में जाना। बेहरहाल आने वाले विधानसभा चुनाव क्या जनता एक बार फिर विधायक कन्नौजिया पर विश्वास जताएगी और उन्हें विधायक बनाएगी यह देखने वाली बात होगी।
To be Continued.. (जारी)
featured
बलिया की सियासत में नई हलचल: इंजीनियर विजय कांत तिवारी की एंट्री, 2027 पर नजर!
बलिया– अपनी राजनीतिक चेतना और संघर्षों के लिए पहचान रखने वाले बलिया की राजनीति में अब एक नया नाम तेजी से चर्चा में है। पेशे से एक प्रतिष्ठित बहुराष्ट्रीय कंपनी (MNC) में इंजीनियर रहे विजय कांत तिवारी ने सक्रिय राजनीति में कदम रखकर राजनीतिक गलियारों में हलचल पैदा कर दी है। वर्ष 2027 के विधानसभा चुनाव को लेकर वे बलिया विधानसभा क्षेत्र से एक मजबूत और प्रबल दावेदार के रूप में उभरते दिखाई दे रहे हैं।
बताया जाता है कि विजय कांत तिवारी लंबे समय तक कॉरपोरेट सेक्टर में अपनी सेवाएं देने के बाद अब अपने गृह जनपद के विकास और जनसमस्याओं के समाधान के उद्देश्य से राजनीति के मैदान में उतरे हैं। उनका कहना है कि बलिया जैसे ऐतिहासिक और गौरवशाली जिले में आज भी बुनियादी सुविधाओं की कमी कई क्षेत्रों में देखने को मिलती है, जिसे दूर करना उनकी प्राथमिकता होगी।
तिवारी का मुख्य फोकस जिले में बेहतर और सुलभ चिकित्सा व्यवस्था उपलब्ध कराना है। उनका मानना है कि बलिया के लोगों को गंभीर बीमारियों के इलाज के लिए वाराणसी या अन्य बड़े शहरों का रुख करना पड़ता है, जो एक बड़ी समस्या है। इसके साथ ही वे सड़क, नाली और पेयजल जैसी बुनियादी समस्याओं के स्थायी समाधान पर भी जोर दे रहे हैं।
युवाओं के रोजगार को लेकर भी उन्होंने अपनी स्पष्ट योजना बताई है। विजय कांत तिवारी का कहना है कि यदि बलिया में एक सशक्त औद्योगिक क्षेत्र विकसित किया जाए और बाहरी निवेश को आकर्षित किया जाए, तो हजारों युवाओं को अपने ही जिले में रोजगार के अवसर मिल सकते हैं। उनका मानना है कि पलायन की समस्या को रोकने के लिए स्थानीय स्तर पर उद्योग और रोजगार के अवसर पैदा करना बेहद जरूरी है।
इंजीनियरिंग पृष्ठभूमि होने के कारण वे विकास कार्यों में तकनीकी समझ, पारदर्शिता और योजनाबद्ध तरीके से कार्य करने की बात करते हैं। उनका कहना है कि सरकारी योजनाओं का सही क्रियान्वयन और निगरानी सुनिश्चित कर विकास कार्यों को गति दी जा सकती है।
राजनीतिक विश्लेषकों का मानना है कि शिक्षित और युवा चेहरों की बढ़ती मांग के बीच विजय कांत तिवारी जैसे लोगों का राजनीति में आना आने वाले समय में बलिया की राजनीति को नई दिशा दे सकता है। वहीं स्थानीय लोगों के बीच भी उनकी छवि एक शिक्षित, सुलझे हुए और विकासोन्मुखी नेता के रूप में धीरे-धीरे मजबूत होती दिखाई दे रही है।
featured
UPSC में सफलता पर बलिया के जमुना राम मेमोरियल स्कूल में आदित्य कृष्ण तिवारी का सम्मान
जमुना राम मेमोरियल स्कूल, चितबड़ागांव में संघ लोक सेवा आयोग (UPSC) की परीक्षा में सफलता हासिल करने वाले आदित्य कृष्ण तिवारी को विद्यालय परिसर में सम्मानित किया गया। विद्यालय परिवार की ओर से उन्हें अंगवस्त्र व पुष्प भेंट कर सम्मानित करते हुए उनकी इस उपलब्धि पर गर्व व्यक्त किया गया।
इस अवसर पर आदित्य के पिता अशोक तिवारी, अरुण तिवारी सहित परिवार के अन्य सदस्यों को भी सम्मानित किया गया। कार्यक्रम में विद्यालय के प्रबंधक प्रोफेसर धर्मात्मा नंद, प्रधानाचार्य अजीत कुमार सिंह, अरविंद चौबे, आनंद मिश्रा समेत अन्य शिक्षकों व गणमान्य लोगों ने आदित्य को बधाई देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की।

कार्यक्रम में केसरी नंदन त्रिपाठी (पूर्व चेयरमैन) तथा अमरजीत सिंह (चेयरमैन, नगर पंचायत चितबड़ागांव) भी उपस्थित रहे। उन्होंने आदित्य कृष्ण तिवारी को उनकी सफलता पर शुभकामनाएं देते हुए कहा कि उनकी उपलब्धि क्षेत्र के युवाओं के लिए प्रेरणा
featured
Photos- जमुना राम मेमोरियल स्कूल में गणतंत्र दिवस समारोह हर्षोल्लास से संपन्न
26 जनवरी 2026 को जमुना राम मेमोरियल स्कूल के प्रांगण में 76वां गणतंत्र दिवस समारोह बड़े हर्षोल्लास, उत्साह और गरिमामय वातावरण में संपन्न हुआ। इस अवसर पर नर्सरी से लेकर कक्षा 12वीं तक के विद्यार्थियों ने रंगारंग सांस्कृतिक कार्यक्रम प्रस्तुत कर उपस्थित अतिथियों एवं अभिभावकों का मन मोह लिया।

कार्यक्रम का शुभारंभ सरस्वती पूजा एवं ध्वजारोहण के साथ हुआ। विद्यार्थियों ने अनुशासित मार्च-पास्ट के माध्यम से राष्ट्रीय ध्वज को सलामी दी। कार्यक्रम के मुख्य अतिथि संस्था के अध्यक्ष प्रोफेसर धर्मात्मानंद जी ने ध्वजारोहण किया। अपने प्रेरणादायक संबोधन में उन्होंने कहा कि सामाजिक समरसता, समानता एवं मौलिक अधिकारों की रक्षा के लिए संविधान में निहित प्रावधानों का पालन करना प्रत्येक नागरिक का कर्तव्य है। उन्होंने विद्यार्थियों से राष्ट्र निर्माण में सक्रिय भूमिका निभाने का आह्वान किया।
इस अवसर पर सेना से सेवानिवृत्त महानुभूतियों को स्मृति चिन्ह एवं अंगवस्त्र भेंट कर सम्मानित किया गया, जिससे समारोह की गरिमा और भी बढ़ गई।

कार्यक्रम में नन्हे-मुन्ने बच्चों द्वारा प्रस्तुत देशभक्ति गीतों ने सभी को भावविभोर कर दिया। हरियाणवी नृत्य, “मां से ही माटी” थीम पर आधारित प्रस्तुति, “पधारो मारे देश”, कव्वाली, उत्तर-पूर्व भारत का प्रसिद्ध बिहू नृत्य तथा योग प्रदर्शन को दर्शकों ने खूब सराहा। गरबा और भांगड़ा नृत्य भी विशेष आकर्षण का केंद्र रहे। कार्यक्रम का मुख्य आकर्षण “वराह रूपम” नृत्य एवं कथकली प्रस्तुति रही, जिसने उपस्थित दर्शकों को मंत्रमुग्ध कर दिया।

इस भव्य आयोजन को सफल बनाने में विद्यालय के समस्त शिक्षक-शिक्षिकाओं एवं गैर-शिक्षण कर्मचारियों का महत्वपूर्ण योगदान रहा। संस्था के निदेशक तुषार नंद जी एवं सौम्या प्रसाद जी ने अपने विचार व्यक्त करते हुए कहा कि संविधान में निहित मौलिक अधिकारों, कर्तव्यों एवं समानता के सिद्धांतों पर आधारित समाज के निर्माण से ही भारत को विश्वगुरु बनाने का सपना साकार हो सकता है।

कार्यक्रम के अंत में विद्यालय के प्रधानाचार्य अजीत कुमार सिंह ने सभी आगंतुकों, अतिथियों, विद्यार्थियों एवं कर्मचारीगण के प्रति आभार व्यक्त किया। कार्यक्रम की सफलता में कोऑर्डिनेटर नीतू मिश्रा एवं अरविंद चौबे की विशेष सहभागिता रही।


