बलिया
बलिया के जिला उद्यान अधिकारी सस्पेंड
बलिया। प्रदेश के उद्यान, कृषि विपणन, कृषि विदेश व्यापार तथा कृषि निर्यात राज्यमंत्री (स्वतंत्र प्रभार) दिनेश प्रताप सिंह ने जिला उद्यान अधिकारी नेपाल राम को निलंबित करने के निर्देश दिए। शनिवार को उद्यान कार्यालय के निरीक्षण के दौरान विभागीय दिशा-निर्देश व योजनाओं की प्रगति के बाबत कोई जानकारी नहीं होने पर नाराजगी जाहिर करते हुए उन्होंने यह कार्रवाई की। दरअसल, उद्यान मंत्री ने उद्यान विभाग की योजना के संबंध में पूछताछ की तो जिला उद्यान अधिकारी ने कहा कि मुझे कोई जानकारी नहीं है। जबकि मौके पर ही उनके मोबाइल में व्हाट्सएप पर विभागीय अधिकारियों के निर्देश देखे गए।
इस लापरवाही व मनमाना रवैया पर नाराजगी जाहिर करते हुए उद्यान मंत्री ने जिला उद्यान अधिकारी को निलंबित करने की बात कही। अन्य विभागीय अधिकारियों को निर्देश दिए कि उद्यान विभाग की योजनाओं में किसी भी प्रकार की लापरवाही नहीं होनी चाहिए। उद्यान मंत्री ने कहा एक महीने पहले ही सभी अधिकारियों को यह निर्देश दिए थे कि प्रत्येक सप्ताह में एक दिन क्षेत्र में निकलें और विभाग की योजनाओं का स्थलीय निरीक्षण करें। न्याय पंचायतवार गोष्ठी चौपाल के कार्यक्रम पूर्व नियोजित करके अपने उद्यान विभाग द्वारा संचालित योजनाओं की जानकारी अत्यंत सरलतम भाषा में दी जाए, जिससे किसान यह समझ सकें कि उद्यान विभाग की ओर से उनके हित में क्या-क्या कार्य हो सकते हैं।
किसानों को यह महसूस हो कि उद्यान विभाग किसानों के हित के लिए सक्रिय है। यह क्रम तब तक चले, जब तक सभी जनपदों की सभी न्याय पंचायतो में यह पहला चक्र पूर्ण न हो जाए। इस लक्ष्य को पूरा करने के लिए 100 दिन का समय दिया गया है। उद्यान मंत्री सिंह ने कहा कि लक्ष्य को पूरा करना ही होगा। अगर सप्ताह में एक दिन निकलने से लक्ष्य पूर्ण नहीं किया जा सकता तो सप्ताह में दो दिन या तीन दिन क्षेत्र में निकलें। आधा दिन कार्यालय और आधा दिन क्षेत्र में किसानों, शिक्षित बेरोज़गार, नौजवानों के बीच जाकर विभाग की ओर से संचालित योजनाओं से लाभान्वित होने की जानकारी दें।
उन्होंने कहा कि जब देश के प्रधानमंत्री व प्रदेश के मुख्यमंत्री जनहित के लिए 18 घंटे काम कर रहे हैं तो अधिकारी भी वातानुकूलित कक्षों से बाहर निकलकर व्यापक जनहित कार्य करें। इसके बाद उन्होंने मंडी समिति का भी निरीक्षण किया। वहां व्यवस्थाओं के संबंध में पूछताछ की।
बलिया
शिक्षा पदम सम्मान 2025 से सम्मानित हुए हाली पाथ कॉन्वेंट स्कूल के युवा निदेशक डॉ. परवेज अंसारी
हिमाचल प्रदेश के प्रतिष्ठित हिलटॉप पब्लिक स्कूल में आयोजित भव्य सम्मान समारोह में हाली पाथ कॉन्वेंट स्कूल के युवा निदेशक डॉ. परवेज अंसारी को “शिक्षा पदम सम्मान 2025” से सम्मानित किया गया। यह सम्मान उन्हें शिक्षा के क्षेत्र में उनके 10 वर्षों से अधिक की समर्पित सेवा और अभिनव प्रयासों के लिए प्रदान किया गया।
डॉ. अंसारी की नेतृत्व क्षमता और शिक्षा के प्रति प्रतिबद्धता ने स्कूल को नई ऊँचाइयों तक पहुँचाया है। उनके मार्गदर्शन में हाली पाथ कॉन्वेंट स्कूल ने गुणवत्तापूर्ण शिक्षा, आधुनिक शिक्षण पद्धतियों और विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास पर विशेष ध्यान दिया है।
सम्मान प्राप्त करने के बाद डॉ. परवेज अंसारी ने कहा —
“यह सम्मान मेरे लिए प्रेरणा का स्रोत है। मैं शिक्षा के क्षेत्र में लगातार नवाचार और सुधार के लिए प्रयासरत रहूँगा।”
उनकी इस उपलब्धि से न केवल स्कूल परिवार बल्कि पूरे जनपद में गर्व की भावना व्याप्त है।
फेफना
दिखाया जज़्बा: जमुना राम मेमोरियल स्कूल के कराटे वीरों ने जीते 22 पदक, बलिया में बजाया अपना डंका
बलिया के बापू भवन में आयोजित 2nd Gyanti Devi Memorial Cup District Karate Championship 2K25 में जिले के लगभग 15 विद्यालयों ने भाग लिया। इस प्रतियोगिता में जमुना राम मेमोरियल स्कूल, मानपुर चितबड़ागांव के 22 छात्रों ने प्रतिभाग कर दमखम दिखाया।
शानदार प्रदर्शन करते हुए स्कूल के 12 छात्रों ने स्वर्ण पदक , 6 ने रजत पदक और 4 ने कांस्य पदक हासिल किए। छात्रों की इस उपलब्धि ने न केवल विद्यालय का नाम रोशन किया बल्कि माता-पिता और क्षेत्र को भी गौरवान्वित किया।
विद्यालय के प्रधानाचार्य अबरी के.बी. एवं प्रबंध निदेशक तुषार नंद जी ने विजेताओं को बधाई देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की। उन्होंने कहा कि इस प्रकार की प्रतियोगिताएं बच्चों में आत्मविश्वास, अनुशासन और शारीरिक स्फूर्ति को बढ़ावा देती हैं।
विद्यालय प्रबंधन ने यह भी आश्वस्त किया कि भविष्य में भी छात्र ऐसे आयोजनों में भाग लेकर और बेहतर प्रदर्शन करेंगे।
featured
बलिया की राजनीति में हलचल: भानु दुबे जल्द कर सकते हैं सपा जॉइन, अटकलों का बाजार गर्म
बलिया।
बलिया के प्रमुख सामाजिक नेता भानु दुबे जल्द ही समाजवादी पार्टी (सपा) जॉइन कर सकते हैं। हाल ही में उनके सोशल मीडिया पोस्ट और गतिविधियों से इस बात के कयास तेज हो गए हैं। सूत्रों से मिली जानकारी के अनुसार, पिछले कुछ दिनों से भानु दुबे लगातार सपा के बड़े नेताओं से मुलाकात कर रहे हैं। उनकी इन मुलाकातों और नेताओं के काफिलों में देखे जाने के बाद यह चर्चा और तेज हो गई है कि वे जल्द ही सपा का दामन थाम सकते हैं।
भानु दुबे को ब्राह्मण समाज का बड़ा चेहरा माना जाता है। सामाजिक स्तर पर उनकी लोकप्रियता भी युवाओं में काफी मजबूत है। अगर वे सपा में शामिल होते हैं तो न केवल बलिया में पार्टी को मजबूती मिलेगी, बल्कि आगामी 2027 विधानसभा चुनाव में बलिया सदर सीट से उनकी दावेदारी भी बेहद मजबूत मानी जा रही है।
राजनीतिक जानकारों का मानना है कि भानु दुबे के सपा में आने से बलिया की राजनीति में नया समीकरण बन सकता है। और यह फैसला पूरे जिले के राजनीतिक परिदृश्य को बदल सकता है।
अब देखना दिलचस्प होगा कि भानु दुबे कब और किस मंच से सपा की सदस्यता ग्रहण करते हैं और इसके बाद जिले की राजनीति कौन सा नया मोड़ लेती है।


