बलिया
बलियाः शिक्षक ने छात्र को बेरहमी से पीटा, कान का पर्दा फटा, केस दर्ज
बलिया के उभांव थाना क्षेत्र में एक निजी स्कूल के शिक्षक ने छात्र की बेरहमी से पिटाई कर दी। इसके चलते छात्र के कान का पर्दा फट गया। इस मामले में पीड़ित छात्र के पिता की तहरीर पर पुलिस ने शिक्षक के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया है।
जानकारी के मुताबिक, उभांव थाना के तरछापार गांव निवासी प्रवीण कुमार मधुकर ने एक निजी स्कूल के शिक्षक राघवेंद्र पर बेटे की पिटाई करने के आरोप लगाए हैं। उनका बेटा 10वीं का छात्र है और स्कूल में गणित विषय की पढ़ाई कर रहा था। इस दौरान शिक्षक ने बोर्ड पर कुछ सवाल हल करने के लिए दिए थे। इस दौरान छात्र अन्य छात्रों से बातचीत करने लगा। इससे शिक्षक नाराज हो गए और उन्होंने छात्र को कान के पास कई थप्पड़ मार दिए।
पीड़ित छात्र के पिता का कहना है कि पिटाई के बाद से मेरे बच्चे को कान में दर्द होने लगा तथा कम सुनाई देने लगा। प्रवीण ने बताया कि ईएनटी सर्जन के पास चेक कराया तो डॉक्टर ने बताया कि दाहिने कान के पर्दे में चोट के कारण पर्दा फट गया है तथा कई जगह खून जम गया है।
छात्र के पिता ने बताया कि पिछले सप्ताह क्लास के विद्यार्थियों ने सामूहिक हस्ताक्षर करके प्रधानाचार्य को एक पत्र दिया था कि उक्त टीचर को गणित विषय के शिक्षण से हटाकर दूसरे अध्यापक को दिया जाए। जबकि हस्ताक्षर वाले दिन मेरा बच्चा स्कूल नहीं गया था। बच्चे के अनुसार आरोपी शिक्षक ने उक्त बात को लेकर प्रतिशोध में पिटाई कर दी। पूर्व में भी वह कई बच्चों की पिटाई कर चुका है।
स्कूल के प्रधानाचार्य जेआर मिश्रा ने बताया कि उक्त छात्र इसके पूर्व के विद्यालय में इस तरह का आरोप कुछ शिक्षकों पर लगा चुका है। उसके परिजनों की आदत है, इस तरह की शिकायत कर स्कूल पर दबाव बनाने की, जिस शिक्षक पर आरोप लगा रहे हैं, वह उनका रिश्तेदार भी है। रिश्तेदारी के विवाद को लेकर बच्चे की पिटाई का आरोप लगाया। कहा कि स्कूल द्वारा बच्चे की जांच एक चिकित्साधिकारी से कराई जिसने कान में किसी तरह के घाव या पर्दा फटने से इन्कार किया है।
इधर शिकायतकर्ता प्रवीण कुमार मधुकर का कहना है कि अगर मेरे बच्चे में सुधार हुआ तो मुकदमा वापस ले लूंगा अन्यथा आगे संघर्ष होगा। इधर थाना प्रभारी विपिन सिंह ने बताया कि शिकायत पर आरोपी शिक्षक पर मुकदमा दर्ज कर मामले की जांच पड़ताल की जा रही है।
बलिया
शिक्षा पदम सम्मान 2025 से सम्मानित हुए हाली पाथ कॉन्वेंट स्कूल के युवा निदेशक डॉ. परवेज अंसारी
हिमाचल प्रदेश के प्रतिष्ठित हिलटॉप पब्लिक स्कूल में आयोजित भव्य सम्मान समारोह में हाली पाथ कॉन्वेंट स्कूल के युवा निदेशक डॉ. परवेज अंसारी को “शिक्षा पदम सम्मान 2025” से सम्मानित किया गया। यह सम्मान उन्हें शिक्षा के क्षेत्र में उनके 10 वर्षों से अधिक की समर्पित सेवा और अभिनव प्रयासों के लिए प्रदान किया गया।
डॉ. अंसारी की नेतृत्व क्षमता और शिक्षा के प्रति प्रतिबद्धता ने स्कूल को नई ऊँचाइयों तक पहुँचाया है। उनके मार्गदर्शन में हाली पाथ कॉन्वेंट स्कूल ने गुणवत्तापूर्ण शिक्षा, आधुनिक शिक्षण पद्धतियों और विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास पर विशेष ध्यान दिया है।
सम्मान प्राप्त करने के बाद डॉ. परवेज अंसारी ने कहा —
“यह सम्मान मेरे लिए प्रेरणा का स्रोत है। मैं शिक्षा के क्षेत्र में लगातार नवाचार और सुधार के लिए प्रयासरत रहूँगा।”
उनकी इस उपलब्धि से न केवल स्कूल परिवार बल्कि पूरे जनपद में गर्व की भावना व्याप्त है।
फेफना
दिखाया जज़्बा: जमुना राम मेमोरियल स्कूल के कराटे वीरों ने जीते 22 पदक, बलिया में बजाया अपना डंका
बलिया के बापू भवन में आयोजित 2nd Gyanti Devi Memorial Cup District Karate Championship 2K25 में जिले के लगभग 15 विद्यालयों ने भाग लिया। इस प्रतियोगिता में जमुना राम मेमोरियल स्कूल, मानपुर चितबड़ागांव के 22 छात्रों ने प्रतिभाग कर दमखम दिखाया।
शानदार प्रदर्शन करते हुए स्कूल के 12 छात्रों ने स्वर्ण पदक , 6 ने रजत पदक और 4 ने कांस्य पदक हासिल किए। छात्रों की इस उपलब्धि ने न केवल विद्यालय का नाम रोशन किया बल्कि माता-पिता और क्षेत्र को भी गौरवान्वित किया।
विद्यालय के प्रधानाचार्य अबरी के.बी. एवं प्रबंध निदेशक तुषार नंद जी ने विजेताओं को बधाई देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की। उन्होंने कहा कि इस प्रकार की प्रतियोगिताएं बच्चों में आत्मविश्वास, अनुशासन और शारीरिक स्फूर्ति को बढ़ावा देती हैं।
विद्यालय प्रबंधन ने यह भी आश्वस्त किया कि भविष्य में भी छात्र ऐसे आयोजनों में भाग लेकर और बेहतर प्रदर्शन करेंगे।
featured
बलिया की राजनीति में हलचल: भानु दुबे जल्द कर सकते हैं सपा जॉइन, अटकलों का बाजार गर्म
बलिया।
बलिया के प्रमुख सामाजिक नेता भानु दुबे जल्द ही समाजवादी पार्टी (सपा) जॉइन कर सकते हैं। हाल ही में उनके सोशल मीडिया पोस्ट और गतिविधियों से इस बात के कयास तेज हो गए हैं। सूत्रों से मिली जानकारी के अनुसार, पिछले कुछ दिनों से भानु दुबे लगातार सपा के बड़े नेताओं से मुलाकात कर रहे हैं। उनकी इन मुलाकातों और नेताओं के काफिलों में देखे जाने के बाद यह चर्चा और तेज हो गई है कि वे जल्द ही सपा का दामन थाम सकते हैं।
भानु दुबे को ब्राह्मण समाज का बड़ा चेहरा माना जाता है। सामाजिक स्तर पर उनकी लोकप्रियता भी युवाओं में काफी मजबूत है। अगर वे सपा में शामिल होते हैं तो न केवल बलिया में पार्टी को मजबूती मिलेगी, बल्कि आगामी 2027 विधानसभा चुनाव में बलिया सदर सीट से उनकी दावेदारी भी बेहद मजबूत मानी जा रही है।
राजनीतिक जानकारों का मानना है कि भानु दुबे के सपा में आने से बलिया की राजनीति में नया समीकरण बन सकता है। और यह फैसला पूरे जिले के राजनीतिक परिदृश्य को बदल सकता है।
अब देखना दिलचस्प होगा कि भानु दुबे कब और किस मंच से सपा की सदस्यता ग्रहण करते हैं और इसके बाद जिले की राजनीति कौन सा नया मोड़ लेती है।


