बलिया स्पेशल
बलिया प्रशासन ने की शांति समिति की बैठक, आम लोगों से की ये अपील !
लोकसभा चुनाव और होली के त्यौहार के मद्देनजर बलिया के डीएम भवानी सिंह खंगारौत ने जिला स्तरीय शांति समिति की बैठक अगुरुवार को कलेक्ट्रेट सभागार में की। इसमें पुलिस व प्रशासनिक अधिकारियों के अलावा प्रमुख रूप से विद्युत विभाग, अग्निशमन विभाग, जल निगम, आबकारी, पंचायती राज के अधिकारियों को महत्वपूर्ण जिम्मेदारी सौंपी गई।
जिलाधिकारी ने साफ तौर पर कहा कि होली पर हुड़दंग कत्तई बर्दाश्त नहीं करें। ऐसा करने वालों से सख्ती से निपटें। इससे पहले गांव में लोगों को चेतावनी भी जारी कर दें। उन्होंने आम लोगों से भी अपील की है कि त्यौहार पर कोई भी ऐसा व्यवहार ना करें जिससे थोड़ी भी अशांति की संभावना पैदा हो। सौहार्दपूर्ण वातावरण में ही त्यौहार को मनाया जाए।
#Ballia – होली के त्यौहार को शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न कराने को लेकर जिला स्तरीय शांति समिति की बैठक डीएम भवानी सिंह खंगारौत की अध्यक्षता में कलेक्ट्रेट सभागार में हुई। @dmballia @UPGovt pic.twitter.com/ehzULAGa7k
— Bharat Sharma (@bagibharat) March 14, 2019
वहीँ डीएम ने सभी पुलिस अधिकारी और थानाध्यक्षों को निर्देश दिया कि नियम कानून का पालन सुनिश्चित कराएं। इस पर विशेष ध्यान दें कि कहीं भी डीजे नहीं बजना चाहिए। डीजे वालों को भी नोटिस जारी करके पहले ही सचेत कर दें। कोई भी कार्यक्रम बिना प्रशासनिक अधिकारी की अनुमति के नहीं होगा। पिछले दिनों की घटनाओं को देखते हुए डीजे पर सख्ती बरतने की बात हुई। डीएम ने होली के दिन शराबबंदी को सख्ती से लागू कराए जाने पर विशेष जोर दिया।
साथ ही जिलाधिकारी ने कहा कि होली के समय चिकित्सा विभाग की जिम्मेदारी बढ़ जाती है। सीएमओ को निर्देश दिया कि सभी अस्पतालों पर चिकित्सक और जरूरी दवाओं की उपलब्धता सुनिश्चित कराई जाए। इमरजेंसी कक्ष में पूरी सतर्कता बरतने की जरूरत होगी। जरूरत पड़ने पर उस दिन चिकित्सकों की संख्या भी बढ़ाएं। साथ ही बलिया के एसपी ने भी समस्त वरिष्ठ नागरिकों और अभिभावकों से अपील की है कि अपने बच्चों पर नजर रखें। होली के जोश में कोई भी ऐसा कार्य न करें जिससे शांति भंग हो। होली आपसी समन्वय का त्यौहार है। इसे मिलजुल कर मनाएं।
featured
बी.एन. इंटरनेशनल स्कूल में विज्ञान प्रदर्शनी का भव्य आयोजन
बलिया। नारायणपुर स्थित बी.एन. इंटरनेशनल स्कूल में शनिवार को विज्ञान प्रदर्शनी का शानदार आयोजन किया गया। विद्यार्थियों ने विज्ञान के विभिन्न आयामों पर आधारित अपने मॉडल प्रदर्शित कर सबको प्रभावित किया। उनकी सृजनशीलता और तकनीकी कौशल को देखकर अतिथि, अभिभावक व आगंतुक मंत्रमुग्ध रह गए।
कार्यक्रम का शुभारंभ क्षेत्र के विख्यात एवं सेवानिवृत्त मुख्य अभियंता श्री विनोद कुमार सिंह द्वारा दीप प्रज्वलित कर किया गया। इस अवसर पर विद्यालय के प्राचार्य श्री बलविंदर सिंह, अभिभावकों तथा पूर्व छात्रों की उल्लेखनीय उपस्थिति रही, जिन्होंने बच्चों का उत्साहवर्धन किया।
प्राचार्य श्री बलविंदर सिंह ने कहा कि इस प्रकार की गतिविधियाँ छात्रों में नवाचार, शोध क्षमता और वैज्ञानिक सोच को बढ़ावा देती हैं। विद्यालय प्रबंधन ने सभी अतिथियों व प्रतिभागी छात्रों का आभार व्यक्त किया।
featured
फेफना खेल महोत्सव : कबड्डी फाइनल में जमुना राम मेमोरियल स्कूल की बेटियों का दमदार प्रदर्शन
बलिया, 3 दिसंबर 2025। फेफना खेल महोत्सव 2025 के तहत आज बालिका वर्ग की कबड्डी प्रतियोगिता का फाइनल मुकाबला रोमांच और जोश से भरपूर रहा। खिताबी जंग जमुना राम मेमोरियल स्कूल, चितबड़ागांव और मर्चेंट इंटर कॉलेज, बलिया के बीच खेली गई।
कड़े संघर्ष से भरे इस मैच में जमुना राम मेमोरियल स्कूल की बालिकाओं ने शानदार कौशल, साहस और टीमवर्क का परिचय दिया। अंतिम मिनटों तक चले रोमांचक मुकाबले में शानदार प्रदर्शन करते हुए टीम ने उपविजेता का खिताब हासिल किया।

पूर्व खेल मंत्री ने बढ़ाया खिलाड़ियों का उत्साह
फाइनल मुकाबले में मुख्य अतिथि के रूप में पहुंचे पूर्व खेल मंत्री श्री उपेंद्र तिवारी ने दोनों टीमों से भेंट कर उनका हौसला बढ़ाया। मैच के बाद उन्होंने विजेता और उपविजेता टीमों को मेडल व ट्रॉफी प्रदान कर सम्मानित किया।

विद्यालय परिवार में उत्सव जैसा माहौल
विद्यालय के प्रबंधक निदेशक इंजीनियर तुषार नंद ने छात्राओं को बधाई देते हुए कहा कि बेटियों का यह प्रदर्शन स्कूल के लिए गर्व की बात है।
प्रधानाचार्य अरविंद चौबे और क्रीड़ा शिक्षक सरदार मोहम्मद अफजल ने भी टीम की उपलब्धि पर खुशी व्यक्त करते हुए खिलाड़ियों के उज्ज्वल भविष्य की कामना की।
बलिया स्पेशल
बलिया पहुंचीं राज्यपाल आनंदीबेन पटेल, जेएनसीयू के दीक्षांत समारोह का किया शुभारंभ
बलिया। जननायक चंद्रशेखर विश्वविद्यालय (जेएनसीयू) के दीक्षांत समारोह में मंगलवार को प्रदेश की राज्यपाल आनंदीबेन पटेल मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुईं। उनके आगमन पर विश्वविद्यालय के कुलगीत के साथ उनका गर्मजोशी से स्वागत किया गया।
राज्यपाल ने दीप प्रज्वलन कर समारोह का शुभारंभ किया और मेधावी छात्रों को पदक पहनाकर सम्मानित किया। कार्यक्रम में कुलपति, शिक्षकों और छात्रों ने राज्यपाल का अभिनंदन किया।
इस अवसर पर राज्यपाल ने छात्रों से कहा कि वे शिक्षा के साथ सामाजिक जिम्मेदारी को भी समझें और देश के विकास में योगदान दें। उन्होंने विश्वविद्यालय प्रशासन को भी बधाई दी और बेहतर शैक्षणिक माहौल बनाए रखने की सराहना की।
समारोह में जिले के कई गणमान्य व्यक्ति, जनप्रतिनिधि और अभिभावक बड़ी संख्या में उपस्थित रहे।


