बलिया स्पेशल
बलिया में फिर गुलज़ार हुआ रंगमंच, रंग कर्मियों की शानदार वापसी, डीएम ने सराहा !
बलिया डेस्क : कोरोना संकट से उबरते हुए बलिया में एक बार फिर रंगमंच गुलज़ार हो हो गया और रंग कर्मियों की शानदार वापसी हुई। जिसे जिलाधिकारी के साथ-साथ बापू भवन में उपस्थित लोगों ने भी खूब सराहा । प्रस्तुति की सफलता का अंदाजा इस बात से लगाया जा सकता है कि सैकड़ों लोग खड़े होकर नाटक देखते रहे । दर्शक दीर्घा में माननीय जिलाधिकारी श्रीहरी प्रताप शाही अपने पूरे परिवार के साथ 2 घंटे तक लगातार बैठे रहे ।
नाटक का आनंद लेने के साथ उन्होंने कलाकारों का खूब उत्साहवर्धन भी किया। रविवार की शाम को बलिया बापू भवन में संकल्प संस्था द्वारा पुस्तक लोकार्पण एवं नाट्य मंचन कार्यक्रम का आयोजन किया गया । इस कार्यक्रम में विनोद कुमार यादव विमल की पुस्तक ” दो बैलों की आत्मकथा “का लोकार्पण हुआ तत्पश्चात महान लोकलाकार भिखारी ठाकुर की अमर कृति बेटी बेचवा नाटक का मंचन किया गया। बतौर मुख्य अतिथि जिलाधिकारी श्रीहरी प्रताप शाही ने कहा कि बलिया जैसी जगह पर रंगमंच को खड़ा करना और 16 वर्षों से निरंतर थियेटर करते रहना वास्तव में प्रेरणादाई है।
संकल्प संस्था और इसके सचिव रंगकर्मी आशीष त्रिवेदी की इसके लिए जितनी सराहना की जाए कम है। उन्होंने विनोद विमल को उनके पुस्तक दो बैलों की आत्मा के लिए बधाई दी। उन्होंने कहा कि सेना में रहते हुए अपने व्यस्त जीवन में से पुस्तक लिखने के लिए समय निकालना निश्चय ही महत्वपूर्ण है ।
बलिया की साहित्यिक और सांस्कृतिक समृद्धि को देखकर सुकून मिलता है । कार्यक्रम की शुरुआत जिलाधिकारी ने दीप प्रज्वलित कर किया तत्पश्चात पुस्तक का लोकार्पण हुआ । पुस्तक के बारे में सतीश चंद्र कॉलेज में हिंदी विभाग के विभागाध्यक्ष डॉ० श्रीपति यादव ने विस्तार से बताया। दूसरे सत्र में भिखारी ठाकुर का नाटक बेटी बेचवा का मंचन किया गया । दहेज के अभाव में कम उम्र में लड़कियों की शादी , शादी से पहले लड़की से कोई राय न लेना और सामाजिक विडम्बनाओं तथा लड़कियों और स्त्रियों की दशा और दिशा को उजागर करता यह नाटक दर्शकों के दिलो-दिमाग पर छा गया। हास्य और करुणा का अद्भुत समन्वय दिखा नाटक में । कलाकारों ने अपने दमदार अभिनय से दर्शकों को जब चाहा हंसाया तो जब चाहा रूलाया ।
अपने शानदार अभिनय से लोभा की भूमिका में सोनी और दूल्हे की भूमिका में आनंद कुमार चौहान ने सबका मन मोह लिया । उपातो बेटी की भूमिका में ट्विंकल गुप्ता की भी खूब सराहना हुई । पंडित की भूमिका में अनुपम पांडेय और चटक की भूमिका में वैभव उपाध्याय भी मजे हुए कलाकार के रूप में नजर आये । इसके अलावा पुष्पा, संस्कृति ,प्रकृति, तारकेश्वर पासवान , चंदन गुप्ता, मुकेश, विशाल की भी भूमिका सराहनीय रही । संगीत निर्देशन विजय प्रकाश पांडेय का था ।
नाल वादन मृत्युंजय सिंह का । पार्श्वगायन की भूमिका निभाई सुप्रसिद्ध गायक बंटी वर्मा ने और उनका साथ दिया रोहित ने। नाटक की मंच परिकल्पना एवं निर्देशन किया रंगकर्मी आशीष त्रिवेदी ने । कार्यक्रम के अंत में जिलाधिकारी ने लेखक विनोद विमल और सभी कलाकारों को प्रमाण पत्र देकर सम्मानित किया । कार्यक्रम की अध्यक्षता जनपद के वरिष्ठ कवि एवं साहित्यकार डॉ जनार्दन ने तथा संचालन धनंजय राय ने किया।दर्शक दीर्घा में कलाकारों का उत्साह वर्धन करने के लिए भारी संख्या में जनपद के साहित्य , कला प्रेमी उपस्थित रहे ।
featured
बलिया की सियासत में नई हलचल: इंजीनियर विजय कांत तिवारी की एंट्री, 2027 पर नजर!
बलिया– अपनी राजनीतिक चेतना और संघर्षों के लिए पहचान रखने वाले बलिया की राजनीति में अब एक नया नाम तेजी से चर्चा में है। पेशे से एक प्रतिष्ठित बहुराष्ट्रीय कंपनी (MNC) में इंजीनियर रहे विजय कांत तिवारी ने सक्रिय राजनीति में कदम रखकर राजनीतिक गलियारों में हलचल पैदा कर दी है। वर्ष 2027 के विधानसभा चुनाव को लेकर वे बलिया विधानसभा क्षेत्र से एक मजबूत और प्रबल दावेदार के रूप में उभरते दिखाई दे रहे हैं।
बताया जाता है कि विजय कांत तिवारी लंबे समय तक कॉरपोरेट सेक्टर में अपनी सेवाएं देने के बाद अब अपने गृह जनपद के विकास और जनसमस्याओं के समाधान के उद्देश्य से राजनीति के मैदान में उतरे हैं। उनका कहना है कि बलिया जैसे ऐतिहासिक और गौरवशाली जिले में आज भी बुनियादी सुविधाओं की कमी कई क्षेत्रों में देखने को मिलती है, जिसे दूर करना उनकी प्राथमिकता होगी।
तिवारी का मुख्य फोकस जिले में बेहतर और सुलभ चिकित्सा व्यवस्था उपलब्ध कराना है। उनका मानना है कि बलिया के लोगों को गंभीर बीमारियों के इलाज के लिए वाराणसी या अन्य बड़े शहरों का रुख करना पड़ता है, जो एक बड़ी समस्या है। इसके साथ ही वे सड़क, नाली और पेयजल जैसी बुनियादी समस्याओं के स्थायी समाधान पर भी जोर दे रहे हैं।
युवाओं के रोजगार को लेकर भी उन्होंने अपनी स्पष्ट योजना बताई है। विजय कांत तिवारी का कहना है कि यदि बलिया में एक सशक्त औद्योगिक क्षेत्र विकसित किया जाए और बाहरी निवेश को आकर्षित किया जाए, तो हजारों युवाओं को अपने ही जिले में रोजगार के अवसर मिल सकते हैं। उनका मानना है कि पलायन की समस्या को रोकने के लिए स्थानीय स्तर पर उद्योग और रोजगार के अवसर पैदा करना बेहद जरूरी है।
इंजीनियरिंग पृष्ठभूमि होने के कारण वे विकास कार्यों में तकनीकी समझ, पारदर्शिता और योजनाबद्ध तरीके से कार्य करने की बात करते हैं। उनका कहना है कि सरकारी योजनाओं का सही क्रियान्वयन और निगरानी सुनिश्चित कर विकास कार्यों को गति दी जा सकती है।
राजनीतिक विश्लेषकों का मानना है कि शिक्षित और युवा चेहरों की बढ़ती मांग के बीच विजय कांत तिवारी जैसे लोगों का राजनीति में आना आने वाले समय में बलिया की राजनीति को नई दिशा दे सकता है। वहीं स्थानीय लोगों के बीच भी उनकी छवि एक शिक्षित, सुलझे हुए और विकासोन्मुखी नेता के रूप में धीरे-धीरे मजबूत होती दिखाई दे रही है।
featured
बी.एन. इंटरनेशनल स्कूल में विज्ञान प्रदर्शनी का भव्य आयोजन
बलिया। नारायणपुर स्थित बी.एन. इंटरनेशनल स्कूल में शनिवार को विज्ञान प्रदर्शनी का शानदार आयोजन किया गया। विद्यार्थियों ने विज्ञान के विभिन्न आयामों पर आधारित अपने मॉडल प्रदर्शित कर सबको प्रभावित किया। उनकी सृजनशीलता और तकनीकी कौशल को देखकर अतिथि, अभिभावक व आगंतुक मंत्रमुग्ध रह गए।
कार्यक्रम का शुभारंभ क्षेत्र के विख्यात एवं सेवानिवृत्त मुख्य अभियंता श्री विनोद कुमार सिंह द्वारा दीप प्रज्वलित कर किया गया। इस अवसर पर विद्यालय के प्राचार्य श्री बलविंदर सिंह, अभिभावकों तथा पूर्व छात्रों की उल्लेखनीय उपस्थिति रही, जिन्होंने बच्चों का उत्साहवर्धन किया।
प्राचार्य श्री बलविंदर सिंह ने कहा कि इस प्रकार की गतिविधियाँ छात्रों में नवाचार, शोध क्षमता और वैज्ञानिक सोच को बढ़ावा देती हैं। विद्यालय प्रबंधन ने सभी अतिथियों व प्रतिभागी छात्रों का आभार व्यक्त किया।
featured
फेफना खेल महोत्सव : कबड्डी फाइनल में जमुना राम मेमोरियल स्कूल की बेटियों का दमदार प्रदर्शन
बलिया, 3 दिसंबर 2025। फेफना खेल महोत्सव 2025 के तहत आज बालिका वर्ग की कबड्डी प्रतियोगिता का फाइनल मुकाबला रोमांच और जोश से भरपूर रहा। खिताबी जंग जमुना राम मेमोरियल स्कूल, चितबड़ागांव और मर्चेंट इंटर कॉलेज, बलिया के बीच खेली गई।
कड़े संघर्ष से भरे इस मैच में जमुना राम मेमोरियल स्कूल की बालिकाओं ने शानदार कौशल, साहस और टीमवर्क का परिचय दिया। अंतिम मिनटों तक चले रोमांचक मुकाबले में शानदार प्रदर्शन करते हुए टीम ने उपविजेता का खिताब हासिल किया।

पूर्व खेल मंत्री ने बढ़ाया खिलाड़ियों का उत्साह
फाइनल मुकाबले में मुख्य अतिथि के रूप में पहुंचे पूर्व खेल मंत्री श्री उपेंद्र तिवारी ने दोनों टीमों से भेंट कर उनका हौसला बढ़ाया। मैच के बाद उन्होंने विजेता और उपविजेता टीमों को मेडल व ट्रॉफी प्रदान कर सम्मानित किया।

विद्यालय परिवार में उत्सव जैसा माहौल
विद्यालय के प्रबंधक निदेशक इंजीनियर तुषार नंद ने छात्राओं को बधाई देते हुए कहा कि बेटियों का यह प्रदर्शन स्कूल के लिए गर्व की बात है।
प्रधानाचार्य अरविंद चौबे और क्रीड़ा शिक्षक सरदार मोहम्मद अफजल ने भी टीम की उपलब्धि पर खुशी व्यक्त करते हुए खिलाड़ियों के उज्ज्वल भविष्य की कामना की।



