featured
हड़ताल करने पर बलिया में 4 नेता सहित 250 एंबुलेंस कर्मचारियों के खिलाफ एफआईआर
बलिया। एंबुलेंस कर्मचारियों की हड़ताल के खिलाफ अब सरकार ने सख्त रुख अपना लिया है। जहां अब सुखपुरा थाने में स्वास्थ्य विभाग ने 108 और 102 एंबुलेंस कर्मचारियों के 4 नेता सहित 250 से ज्यादा कर्मचारियों के खिलाफ मामला दर्ज कराया है। कर्मचारियों पर सरकारी एंबुलेंस खड़ी कर हड़ताल करने का आरोप है। जानकारी के मुताबिक सुखपुरा थाने में पुलिस उप निरीक्षक विजय नारायण राय ने शिकायत पर हड़तालरत एम्बुलेंस कर्मचारियों के संगठन के जिलाध्यक्ष राम पाल चौधरी, महामंत्री सत्येंद्र यादव, उपाध्यक्ष सुदर्शन मिश्र और कोषाध्यक्ष नीलेश यादव के साथ ही 250 अज्ञात कर्मचारियों के विरुद्ध मंगलवार रात को भारतीय दंड संहिता, महामारी अधिनियम, आपदा प्रबंधन
अधिनियम तथा आवश्यक सेवा अनुरक्षण अधिनियम की सुसंगत धाराओं के तहत मामला दर्ज किया गया है। पुलिस उप निरीक्षक विजय नारायण राय ने शिकायत में उल्लेख किया है कि सूबे में आवश्यक सेवा अनुरक्षण अधिनियम (एस्मा) लागू होने के बावजूद जीवनदायिनी स्वास्थ्य विभाग के 108 व 102 एम्बुलेंस के कर्मचारियों द्वारा बगैर अनुमति के सरकारी एम्बुलेंस खड़ी कर हड़ताल की जा रही है। इससे आमजन के जीवन पर संकट उत्पन्न हो गया है। बहरहाल, पुलिस मामला दर्ज कर छानबीन कर रही है। वहीं जब एंबुलेंस कर्मचारी काम पर नहीं लौटे तो बुधवार को कर्मचारियों से वार्ता करने पहुंचे प्रभारी मुख्य चिकित्सा अधिकारी डा. हरिनंदन प्रसाद ने मरीजों की दिक्कतों का हवाला
देते हुए कहा कि आप हड़ताल खत्म करिए और फिर आपसे बात होगी। इस पर कर्मचारी संघ के नेताओं ने कहा कि आप इसकी गारंटी लें कि हमारी मांगे मान ली जाएंगी, लेकिन प्रभारी मुख्य चिकित्सा अधिकारी ने कोई जवाब नहीं दिया। वार्ता विफल होने के बाद वह मौके से वापस हो गए और कर्मचारी नारेबाजी करते रहे। एंबुलेंस कर्मचारी अपनी मांग पर अड़े हैं। और सरकार एंबुलेँस कर्मचारियों की मांगों पर ध्यान नहीं दे रही है।बल्कि सरकार ने कर्मकारियों के खिलाफ कार्रवाई करना शुरू कर दी है। वहीं हड़ताल का खामियाजा मरीजों को भुगतना पड़ रहा है।
featured
जमुना राम मेमोरियल स्कूल में वार्षिक खेलकूद प्रतियोगिता का समापन, विजेता खिलाड़ियों को मिला स्वर्ण पदक और प्रमाणपत्र
बलिया के मानपुर चितबड़ागांव स्थित जमुना राम मेमोरियल स्कूल में आयोजित वार्षिक खेलकूद प्रतियोगिता 2026 का समापन समारोह उत्साह और उल्लास के साथ संपन्न हुआ। पुरस्कार वितरण समारोह में मुख्य अतिथि चितबड़ागांव के चेयरमैन अमरजीत सिंह ने विभिन्न खेल प्रतियोगिताओं में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले छात्र-छात्राओं को पदक और प्रमाणपत्र देकर सम्मानित किया।
कार्यक्रम में मुख्य अतिथि अमरजीत सिंह के साथ विद्यालय के प्रबंध निदेशक तुषार नंद, प्रधानाचार्य अजीत कुमार सिंह, वरिष्ठ समन्वयक अरविंद चौबे और कनिष्ठ समन्वयक नीतू मिश्रा मंच पर उपस्थित रहे। कार्यक्रम का संचालन गणित प्रवक्ता आनंद मिश्रा ने किया, जबकि कक्षा 11 के समृद्धि यादव और अविरल तिवारी ने उद्घोषक की भूमिका निभाई।
मुख्य अतिथि अमरजीत सिंह ने कहा कि खेल बच्चों में अनुशासन, आत्मविश्वास और टीम भावना विकसित करते हैं। खेलों में जीत और हार दोनों महत्वपूर्ण हैं। हार से निराश होने के बजाय बच्चों को अगली बार और बेहतर प्रदर्शन के लिए मेहनत करनी चाहिए।
प्रबंध निदेशक तुषार नंद ने प्रतियोगिता के सफल आयोजन के लिए खेल शिक्षकों सरदार मोहम्मद अफजल और मनोज पांडेय, तकनीकी सहयोगी आदित्य गुप्ता तथा कराटे शिक्षक सुनील यादव के प्रयासों की सराहना की।
प्रतियोगिता में कक्षा 6 से 8 के बालक वर्ग में 100 मीटर दौड़ में विवेक राज यादव, 200 मीटर में दिव्यांश यादव और 400 मीटर में रोशन यादव ने स्वर्ण पदक हासिल किया। लंबी कूद में आदर्श सिंह और ऊंची कूद में अनुज राय प्रथम रहे। बालिका वर्ग में तेजस्वी सिंह ने 100 मीटर, अंकिता कुशवाहा ने 200 मीटर और अमृता यादव ने 400 मीटर दौड़ में बाजी मारी।

कक्षा 9 से 11 के बालक वर्ग में सचिन प्रजापति ने 200 मीटर, प्रिंस यादव ने 400 मीटर और ऋषभ सिंह ने 800 मीटर में प्रथम स्थान प्राप्त किया। आदित्य गुप्ता गोला फेंक तथा ऋतेश यादव लंबी और ऊंची कूद में विजेता रहे। बालिका वर्ग में सोनम सिंह ने 100 मीटर, दीपिका चौहान ने 200 मीटर और शिल्पी प्रजापति ने गोला फेंक में स्वर्ण पदक जीता। साक्षी यादव ने लंबी और ऊंची कूद दोनों में प्रथम स्थान हासिल किया।
प्राथमिक वर्ग में भी बच्चों ने विभिन्न प्रतियोगिताओं में शानदार प्रदर्शन किया। कक्षा एक से पांच तक 100 मीटर दौड़, लेमन स्पून, बुक बैलेंस, सैक रेस, फ्रॉग जंप, स्किपिंग रेस और लंबी कूद जैसी प्रतियोगिताओं में छात्र-छात्राओं ने अपनी प्रतिभा दिखाई। कक्षा तीन के शिवम यादव ने 100 और 200 मीटर दोनों दौड़ में जीत दर्ज की। कक्षा चार की ईशिता यादव ने बालिका वर्ग की दोनों दौड़ में प्रथम स्थान प्राप्त किया, जबकि कक्षा पांच के प्रांतेय यादव ने भी 100 और 200 मीटर में बाजी मारी।
सामूहिक खेल प्रतियोगिताओं में भी हाउसों के बीच कड़ा मुकाबला देखने को मिला। कक्षा 6 से 8 वर्ग में बालक-बालिका कबड्डी और बालिका खो-खो में ब्लू हाउस विजेता रहा। कक्षा 9 से 11 में बालक कबड्डी में ब्लू, बालिका कबड्डी में रेड और बालिका खो-खो में ग्रीन हाउस ने जीत हासिल की। प्राथमिक वर्ग में कक्षा पांच की बालक और बालिका कबड्डी प्रतियोगिता में ग्रीन हाउस विजेता बना।
कराटे प्रतियोगिता में भी विद्यार्थियों ने अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन किया। अंडर-12 बालिका वर्ग में ईशिता यादव, अंडर-9 बालक वर्ग में आकर्ष सिंह, अंडर-10 बालक पूल-ए में राजन यादव और पूल-बी में रुद्रांश राय ने स्वर्ण पदक जीता। वहीं अंडर-13 बालक वर्ग में राजनीश गुप्ता प्रथम रहे।
अंत में प्रधानाचार्य अजीत कुमार सिंह ने मुख्य अतिथि, प्रबंध निदेशक, शिक्षकों, अभिभावकों और सभी प्रतिभागियों के प्रति आभार व्यक्त किया। कार्यक्रम ने विद्यार्थियों को खेल भावना, अनुशासन और स्वस्थ प्रतिस्पर्धा का संदेश दिया।
featured
जमुना राम मेमोरियल स्कूल की विज्ञान प्रदर्शनी में दिखी नन्हे वैज्ञानिकों की प्रतिभा, ज्वालामुखी मॉडल ने खींचा सबका ध्यान
बलिया। सोहांव ब्लॉक के मानपुर, चितबड़ागांव स्थित जमुना राम मेमोरियल स्कूल में आयोजित विज्ञान प्रदर्शनी में कक्षा 1 से 5 तक के विद्यार्थियों ने अपनी वैज्ञानिक सोच, रचनात्मकता और प्रतिभा का शानदार प्रदर्शन किया। नन्हे वैज्ञानिकों ने आकर्षक मॉडल प्रस्तुत कर विज्ञान के जटिल सिद्धांतों को बेहद सरल और रोचक अंदाज में समझाया। बच्चों के आत्मविश्वास और उनकी प्रस्तुतियों को देखकर अभिभावक एवं अतिथि काफी प्रभावित नजर आए।
कार्यक्रम का शुभारंभ मां सरस्वती की पूजा-अर्चना के साथ हुआ। सुश्री प्रिया ओझा ने पूजा की तैयारियों और मुख्य अतिथि के स्वागत की जिम्मेदारी निभाई, जबकि मंच संचालन अन्वी राय और अफजा खातून ने किया। मुख्य अतिथि खंड शिक्षा अधिकारी सोहांव श्री लालजी ने फीता काटकर प्रदर्शनी का उद्घाटन किया। उन्होंने विद्यार्थियों के विभिन्न मॉडल देखे और उनसे सवाल-जवाब भी किए। बच्चों ने पूरे आत्मविश्वास के साथ जवाब देकर अपनी प्रतिभा का परिचय दिया।

इस अवसर पर खंड शिक्षा अधिकारी श्री लालजी ने कहा कि विज्ञान को केवल रटने की नहीं, बल्कि समझने और प्रयोग करके सीखने की जरूरत है। बच्चों द्वारा स्वयं मॉडल तैयार करने से उनमें जिज्ञासा, तर्कशक्ति और वैज्ञानिक सोच विकसित होती है। उन्होंने अभिभावकों से बच्चों के सवालों को प्रोत्साहित करने और उन्हें नए प्रयोग करने के अवसर देने की अपील की। साथ ही विद्यालय प्रबंधन एवं शिक्षकों के प्रयासों की सराहना की।
प्रदर्शनी में कक्षा 1 के विद्यार्थियों ने स्वस्थ एवं अस्वस्थ भोजन, पौधों के भाग, दिन-रात का प्रभाव और इंद्रधनुष जैसे मॉडल प्रस्तुत किए। कक्षा 2 (ए) की शैलजा सिंह ने पौधों के प्रकार का मॉडल दिखाया। वहीं अन्य विद्यार्थियों ने जल संचयन, जल के स्रोत, प्रकाश संश्लेषण और स्वच्छ पृथ्वी का संदेश देने वाले मॉडल बनाए।
कक्षा 3 (ए) के अभिराम ने जल चक्र और रिया एकिका ने वॉटर डिस्पेंसर का मॉडल प्रस्तुत किया। इसके अलावा विद्यार्थियों ने पाचन तंत्र और ग्रीन हाउस प्रभाव को भी अपने मॉडलों के माध्यम से समझाया।
कक्षा 4 में अंश कुमार ने सौरमंडल, शिवांश यादव ने दांतों के प्रकार, शौर्य उपाध्याय ने पाचन तंत्र और इंशिराह आरिफ ने स्वच्छ एवं गंदी पृथ्वी का मॉडल प्रस्तुत किया।

कक्षा 5 के विद्यार्थियों ने भी अपनी प्रतिभा से सभी को प्रभावित किया। विशाल यादव ने स्मार्ट सिटी, आयुष कुमार ने नवीकरणीय ऊर्जा, रुद्रांश राय ने वर्षा जल संचयन, अफजा एवं अंशिका जायसवाल ने फूल के भाग और वाणीश्री गुप्ता ने ज्वालामुखी का मॉडल प्रदर्शित किया। वहीं आराध्या यादव ने पादप कोशिका, अफजा खातून ने आंख की संरचना और अवनि राय ने पृथ्वी की परतों को विस्तार से समझाया। प्रदर्शनी में ज्वालामुखी का मॉडल दर्शकों के आकर्षण का प्रमुख केंद्र रहा।
कार्यक्रम में विद्यालय के प्रबंध निदेशक श्री तुषार नंद, वरिष्ठ समन्वयक श्री अरविंद चौबे, कनिष्ठ समन्वयक श्रीमती नीतू मिश्रा और प्रधानाचार्य श्री अजीत कुमार सिंह मौजूद रहे। प्राथमिक विज्ञान शिक्षिकाओं सुश्री अंशिका केशरी एवं सुश्री मानसी गुप्ता के मार्गदर्शन में विद्यार्थियों ने इन मॉडलों को तैयार किया।

प्रधानाचार्य श्री अजीत कुमार सिंह ने कहा कि विद्यालय का उद्देश्य बच्चों को किताबी ज्ञान के साथ-साथ व्यावहारिक शिक्षा प्रदान करना है, ताकि वे चीजों को समझकर सीखें। प्रबंध निदेशक श्री तुषार नंद ने सभी प्रतिभागी विद्यार्थियों, शिक्षकों और अभिभावकों को बधाई देते हुए बच्चों का उत्साहवर्धन किया।

कार्यक्रम के अंत में सभी प्रतिभागी विद्यार्थियों को प्रोत्साहित किया गया। विज्ञान प्रदर्शनी ने यह संदेश दिया कि सही मार्गदर्शन और अवसर मिलने पर छोटी उम्र के बच्चे भी अपनी कल्पनाशीलता और वैज्ञानिक सोच से बड़ी उपलब्धियां हासिल कर सकते हैं।
featured
बेल्थरारोड में सपा की दावेदारी को लेकर उमाशंकर राम ने खोला मोर्चा, स्थानीय उम्मीदवार के मुद्दे को दी धार!
उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव 2027 को लेकर राजनीतिक सरगर्मियां तेज होने लगी हैं। बलिया जिले की बेल्थरारोड विधानसभा सीट पर भी संभावित उम्मीदवारों की दावेदारी सामने आने लगी है। इसी क्रम में समाजवादी पार्टी के नेता एवं नगर पंचायत नगरा के प्रतिनिधि उमाशंकर राम ने आगामी विधानसभा चुनाव में बेल्थरारोड सीट से अपनी दावेदारी पेश करते हुए चुनावी मैदान में उतरने का ऐलान किया है।
उमाशंकर राम ने कहा कि आगामी विधानसभा चुनाव में समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव के नेतृत्व में प्रदेश में PDA की सरकार बनेगी। उन्होंने सपा की जीत का दावा करते हुए कहा कि पार्टी की नीतियों और नेतृत्व के साथ जनता का समर्थन जुड़ रहा है।
स्थानीय बनाम बाहरी का मुद्दा भी बना चर्चा का विषय
बेल्थरारोड विधानसभा से उमाशंकर राम की दावेदारी सामने आने के बाद स्थानीय और बाहरी उम्मीदवार को लेकर भी चर्चा तेज हो गई है। उमाशंकर राम इसी विधानसभा क्षेत्र के निवासी हैं। ऐसे में उनकी दावेदारी को स्थानीय नेतृत्व और क्षेत्रीय प्रतिनिधित्व के मुद्दे से जोड़कर देखा जा रहा है।
उन्होंने क्षेत्र के विकास को अपनी प्राथमिकता बताते हुए पूर्व मंत्री स्व. अंचल जी के अधूरे सपनों को पूरा करने की इच्छा भी जताई है। उनका कहना है कि क्षेत्र की जनता की आकांक्षाओं और विकास से जुड़े मुद्दों को आगे बढ़ाने की जरूरत है।
सपा में दावेदारों के बीच बढ़ेगी राजनीतिक हलचल
बेल्थरारोड विधानसभा सीट पर समाजवादी पार्टी से चुनाव लड़ने के इच्छुक नेताओं की सक्रियता के बीच अब निगाहें पार्टी नेतृत्व के फैसले पर टिकी हैं। स्थानीय और बाहरी उम्मीदवार का मुद्दा भी टिकट चयन की चर्चा में अहम स्थान ले सकता है।
फिलहाल उमाशंकर राम ने अपनी दावेदारी सार्वजनिक कर बेल्थरारोड की सियासत में अपनी मौजूदगी दर्ज करा दी है। अब देखना होगा कि 2027 के विधानसभा चुनाव में समाजवादी पार्टी किस चेहरे पर भरोसा जताती है।
-
फेफना1 week agoजमुना राम मेमोरियल स्कूल में मतदाता जागरूकता अभियान, तहसीलदार ने दी अहम जानकारी
-
featured2 weeks agoतीन दिवसीय बलिया प्रवास पर रहेंगे युवा चेतना सुप्रीमो रोहित कुमार सिंह, विभिन्न सामाजिक कार्यक्रमों में करेंगे शिरकत
-
featured2 weeks agoबेल्थरारोड में सपा की दावेदारी को लेकर उमाशंकर राम ने खोला मोर्चा, स्थानीय उम्मीदवार के मुद्दे को दी धार!
-
featured1 week agoजमुना राम मेमोरियल स्कूल की विज्ञान प्रदर्शनी में दिखी नन्हे वैज्ञानिकों की प्रतिभा, ज्वालामुखी मॉडल ने खींचा सबका ध्यान
-
featured23 hours agoजमुना राम मेमोरियल स्कूल में वार्षिक खेलकूद प्रतियोगिता का समापन, विजेता खिलाड़ियों को मिला स्वर्ण पदक और प्रमाणपत्र


