बलिया
बलिया- बीएसए को हटाने का मंत्री से मिला आश्वासन, शिक्षकों का धरना स्थगित
बलिया। बेसिक शिक्षा अधिकारी के खिलाफ 21 अक्टूबर से धरना कर रहे शिक्षकों ने बेसिक शिक्षा मंत्री से आश्वासन मिलने के बाद दिवाली तक धरना स्थगित कर दिया है। बेसिक शिक्षा मंत्री ने शिक्षकों को जांच कराकर एक सप्ताह में कार्रवाई करने का आश्वासन दिया है। उन्होंने कहा कि त्योहार का मौका है ऐसे में धरना खत्म कर दीजिए। जिसके बाद शिक्षकों ने धरना स्थगित करने का फैसला लिया। बता दें शिक्षकों ने बेसिक शिक्षा अधिकारी पर कई गंभीर आरोप लगाए हैं, जिसके चलते कार्रवाई की मांग की जा रही है।
दरअसल प्राथमिक शिक्षक संघ के बैनर तले 21 अक्टूबर से बेसिक शिक्षा अधिकारी के कार्यालय पर शिक्षकों ने बेमियादी धरना शुरू किया था। सोमवार को अध्यक्ष जितेंद्र सिंह के नेतृत्व में शिक्षक और शिक्षा मित्र स्कूल बंदकर धरने में शामिल हुए। बीएसए के खिलाफ नारेबाजी शुरू हो गई। दोपहर बाद धरना स्थल पर मंत्री आनंद स्वरूप शुक्ल और बैरिया के विधायक सुरेंद्र सिंह भी पहुंचे। मंत्री ने कहा कि बेसिक शिक्षा मंत्री से हो चुकी है। बीएसए को यहां से हटाया जाएगा। मंत्री के मोबाइल पर ही बेसिक शिक्षा मंत्री सतीश द्विवेदी ने शिक्षकों को संबोधित किया। कहा कि जांच कराकर एक सप्ताह में कार्रवाई की जाएगी। बेसिक शिक्षा मंत्री के आश्वासन के बाद शिक्षकों ने दिवाली तक धरना स्थगित कर दिया।
धरनारत शिक्षकों ने आरोप लगाया कि बीएसए अपने चहेते के माध्यम से गाड़ी के नाम पर करोड़ों का भुगतान किए हैं। कंप्यूटर खरीद में घपला हुआ है। धन उगाही के लिए शिक्षकों का निलंबन और वेतन रोका जा रहा है। धरना को कलेक्ट्रेट मिनिस्ट्रीयल एसोसिएशन के अध्यक्ष अर्जुन गुप्ता, सत्या सिंह, सुशील त्रिपाठी, वेदप्रकाश पांडेय व सुशील पांडेय ने समर्थन दिया। जितेंद्र प्रताप सिंह, अनिल पांडेय, डा. राजेश पांडेय, अजय मिश्र, शशि ओझा, संतोष सिंह व पंकज सिंह मौजूद रहे। अध्यक्षता जितेंद्र सिंह और संचालन सुनील सिंह ने किया।
वहीं संघ के अह्वान के बाद भी हनुमानगंज शिक्षा क्षेत्र के पकड़ी, बघेजी सहित कई प्राथमिक विद्यालय खुले रहे। शिक्षकों के धरना के संबंध में महिला शिक्षक संघ की ब्लॉक अध्यक्ष अन्नू सिंह ने कहा कि कोरोना के कारण पहले ही बच्चों की पढ़ाई बाधित हो चुकी है। अब आए दिन निजी और छोटी बातों को लेकर वेवजह स्कूल बंद कर धरना देने से बच्चों की पढ़ाई पर असर पड़ेगा। स्कूल बंद कराकर धरना प्रदर्शन करना हमारे संगठन की सोच के विपरीत है।
बलिया
शिक्षा पदम सम्मान 2025 से सम्मानित हुए हाली पाथ कॉन्वेंट स्कूल के युवा निदेशक डॉ. परवेज अंसारी
हिमाचल प्रदेश के प्रतिष्ठित हिलटॉप पब्लिक स्कूल में आयोजित भव्य सम्मान समारोह में हाली पाथ कॉन्वेंट स्कूल के युवा निदेशक डॉ. परवेज अंसारी को “शिक्षा पदम सम्मान 2025” से सम्मानित किया गया। यह सम्मान उन्हें शिक्षा के क्षेत्र में उनके 10 वर्षों से अधिक की समर्पित सेवा और अभिनव प्रयासों के लिए प्रदान किया गया।
डॉ. अंसारी की नेतृत्व क्षमता और शिक्षा के प्रति प्रतिबद्धता ने स्कूल को नई ऊँचाइयों तक पहुँचाया है। उनके मार्गदर्शन में हाली पाथ कॉन्वेंट स्कूल ने गुणवत्तापूर्ण शिक्षा, आधुनिक शिक्षण पद्धतियों और विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास पर विशेष ध्यान दिया है।
सम्मान प्राप्त करने के बाद डॉ. परवेज अंसारी ने कहा —
“यह सम्मान मेरे लिए प्रेरणा का स्रोत है। मैं शिक्षा के क्षेत्र में लगातार नवाचार और सुधार के लिए प्रयासरत रहूँगा।”
उनकी इस उपलब्धि से न केवल स्कूल परिवार बल्कि पूरे जनपद में गर्व की भावना व्याप्त है।
फेफना
दिखाया जज़्बा: जमुना राम मेमोरियल स्कूल के कराटे वीरों ने जीते 22 पदक, बलिया में बजाया अपना डंका
बलिया के बापू भवन में आयोजित 2nd Gyanti Devi Memorial Cup District Karate Championship 2K25 में जिले के लगभग 15 विद्यालयों ने भाग लिया। इस प्रतियोगिता में जमुना राम मेमोरियल स्कूल, मानपुर चितबड़ागांव के 22 छात्रों ने प्रतिभाग कर दमखम दिखाया।
शानदार प्रदर्शन करते हुए स्कूल के 12 छात्रों ने स्वर्ण पदक , 6 ने रजत पदक और 4 ने कांस्य पदक हासिल किए। छात्रों की इस उपलब्धि ने न केवल विद्यालय का नाम रोशन किया बल्कि माता-पिता और क्षेत्र को भी गौरवान्वित किया।
विद्यालय के प्रधानाचार्य अबरी के.बी. एवं प्रबंध निदेशक तुषार नंद जी ने विजेताओं को बधाई देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की। उन्होंने कहा कि इस प्रकार की प्रतियोगिताएं बच्चों में आत्मविश्वास, अनुशासन और शारीरिक स्फूर्ति को बढ़ावा देती हैं।
विद्यालय प्रबंधन ने यह भी आश्वस्त किया कि भविष्य में भी छात्र ऐसे आयोजनों में भाग लेकर और बेहतर प्रदर्शन करेंगे।
featured
बलिया की राजनीति में हलचल: भानु दुबे जल्द कर सकते हैं सपा जॉइन, अटकलों का बाजार गर्म
बलिया।
बलिया के प्रमुख सामाजिक नेता भानु दुबे जल्द ही समाजवादी पार्टी (सपा) जॉइन कर सकते हैं। हाल ही में उनके सोशल मीडिया पोस्ट और गतिविधियों से इस बात के कयास तेज हो गए हैं। सूत्रों से मिली जानकारी के अनुसार, पिछले कुछ दिनों से भानु दुबे लगातार सपा के बड़े नेताओं से मुलाकात कर रहे हैं। उनकी इन मुलाकातों और नेताओं के काफिलों में देखे जाने के बाद यह चर्चा और तेज हो गई है कि वे जल्द ही सपा का दामन थाम सकते हैं।
भानु दुबे को ब्राह्मण समाज का बड़ा चेहरा माना जाता है। सामाजिक स्तर पर उनकी लोकप्रियता भी युवाओं में काफी मजबूत है। अगर वे सपा में शामिल होते हैं तो न केवल बलिया में पार्टी को मजबूती मिलेगी, बल्कि आगामी 2027 विधानसभा चुनाव में बलिया सदर सीट से उनकी दावेदारी भी बेहद मजबूत मानी जा रही है।
राजनीतिक जानकारों का मानना है कि भानु दुबे के सपा में आने से बलिया की राजनीति में नया समीकरण बन सकता है। और यह फैसला पूरे जिले के राजनीतिक परिदृश्य को बदल सकता है।
अब देखना दिलचस्प होगा कि भानु दुबे कब और किस मंच से सपा की सदस्यता ग्रहण करते हैं और इसके बाद जिले की राजनीति कौन सा नया मोड़ लेती है।


