बलिया स्पेशल
बलिया में आजादी का अमृत महोत्सव एवं चौरी चौरा शताब्दी महोत्सव की शुरुआत
बलिया: काकोरी ट्रेन एक्शन की 75वीं वर्षगांठ पर आजादी का अमृत महोत्सव एवं चौरी चौरा शताब्दी महोत्सव का शुभारंभ सोमवार को हुआ। बहुउद्देश्यीय सभागार में आयोजित भव्य कार्यक्रम का शुभारंभ जिलाधिकारी अदिति सिंह व एनसीसी के कर्नल पुनीत अरोड़ा ने दीप प्रज्ज्वलित कर किया। इसके बाद अमर शहीदों की वीर गाथाओं को याद करते हुए नमन किया गया। अमृत महोत्सव के तहत 16 अगस्त तक देशभक्ति पर आधारित विभिन्न कार्यक्रम होंगे। इस अवसर पर काकोरी में आयोजित राज्यपाल व मुख्यमंत्री जी के कार्यक्रम का सीधा प्रसारण एलईडी स्क्रीन के माध्यम से सभागार में मौजूद सभी को दिखाया गया। सूचना विभाग की ओर से आए कलाकारों ने सांस्कृतिक कार्यक्रम के माध्यम से अमर शहीदों की वीर गाथा के साथ बलिया की बलिदानी धरती का बखान किया।

जीजीआईसी की छात्रा एवं एनसीसी की बालिकाओं ने देशभक्ति गीत और कविताओं का वाचन किया। सेनानी रामविचार पांडेय ने स्वतंत्रता संग्राम की लड़ाई से जुड़े तमाम किस्से बताए, जिसे सुनने के बाद सबके मन में देशभक्ति का एक अलग उत्साह देखने को मिला। संचालन करते हुए अतुल तिवारी ने काकोरी कांड का सजीव वर्णन किया, जिसे सबने ध्यानपूर्वक सुना। कार्यक्रम में राष्ट्रगान का भी गायन हुआ। इस अवसर पर सीडीओ प्रवीण वर्मा, एनसीसी कमांडेंट कर्नल पुनीत अरोड़ा, एडीएम रामआसरे, सिटी मजिस्ट्रेट नागेंद्र सिंह, बीएसए एसएन सिंह, ईओ दिनेश विश्वकर्मा, जिला प्रोबेशन अधिकारी मुहम्मद मुमताज समेत सैकड़ों लोग मौजूद थे।
शहीदों के परिजनों को किया सम्मानित- बहुद्देश्यीय सभागार में शहीदों के परिजनों को अंगवस्त्र, माल्यार्पण और नारियल भेंट देकर सम्मानित किया गया। जिलाधिकारी अदिति सिंह ने सेनानी रामविचार पाण्डेय को सम्मनित किया। इसके बाद 1971 में भारत-पाकिस्तान लड़ाई में शहीद शिवपुर दियर नई बस्ती निवासी रामलाल राम की पत्नी चन्द्रावती, दुमदुमा निवासी ओपी रक्षक शहीद सुदामा यादव (2004 में शहीद) की पत्नी शिवकुमारी तथा 2016 में जम्मू कश्मीर के उरी सेक्टर में शहीद हुए राजेश यादव की पत्नी पार्वती देवी को सीडीओ प्रवीण वर्मा व एनसीसी के कर्नल पुनीत अरोड़ा ने सम्मानित किया।

‘स्वतंत्रता की साइकिल रैली’ से हुई शुरुआत- आजादी का अमृत महोत्सव कार्यक्रम के पहले दिन सोमवार को ‘स्वतंत्रता की साइकिल रैली’ कुंवर सिंह चौराहे से निकाली गई। यह रैली शहर के विभिन्न चौराहों से होते हुए चौक स्थित शहीद पार्क तक गई। सभी साइकिल सवार भारतीय परिधान में थे और स्वतंत्रता आंदोलन के लोकप्रिय नारों के प्लेकार्ड के साथ थे। शहीद चौक पार्क पर सबने शहीदों को नमन किया।
दीप जलाए, पुष्पवर्षा कर किया नमन- साईकल रैली के बाद सीडीओ प्रवीण वर्मा, सिटी मजिस्ट्रेट नागेंद्र सिंह, डीडीओ राजित राम मिश्र, ईओ दिनेश विश्वकर्मा समेत अन्य अधिकारी शहीद पार्क पहुँचे। वहां महात्मा गांधी की प्रतिमा पर माल्यार्पण किया। फिर शहीदों के नाम लिखे बोर्ड के आगे दीप जलाए तथा पुष्प वर्षा कर उनकी वीरगाथा को नमन किया।
बलिया स्पेशल
बलिया विधानसभा सर्वे 2027
2027 का विधानसभा चुनाव नज़दीक आ रहा है और बलिया नगर सीट पर सियासी हलचल तेज़ है। विधायक दयाशंकर सिंह के कामकाज को आप कैसे आंकते हैं? क्या उन्हें फिर से मौका मिलना चाहिए, और 2027 में आप किस पार्टी और किस चेहरे को विधायक के रूप में देखना चाहते हैं? बलिया ख़बर के इस सर्वे में अपनी राय दर्ज करें।
featured
बलिया BJP की इनसाइड स्टोरी! संगठन में पद की लड़ाई अश्लील वीडियो तक आई?
बलिया। बांसडीह में भाजपा से जुड़ी महिला कार्यकर्ता के निजी वीडियो के कथित प्रसार को लेकर दर्ज मुकदमे ने अब संगठन के भीतर चल रही कथित खींचतान की चर्चाओं को भी हवा दे दी है। सवाल उठ रहा है कि क्या संगठन में पद और प्रभाव की लड़ाई का विवाद इतना बढ़ गया कि मामला निजी वीडियो तक जा पहुंचा? सूत्रों के मुताबिक, इस पूरे प्रकरण के पीछे संगठन में पद पाने की कथित होड़ और आपसी राजनीतिक खींचतान का एंगल भी सामने आ रहा है। हालांकि इन दावों की स्वतंत्र पुष्टि नहीं हुई है और पुलिस जांच में ही वास्तविक तस्वीर साफ होगी।
क्या है पूरा मामला?: बांसडीह थाना क्षेत्र में भाजपा से जुड़ी एक महिला कार्यकर्ता ने पुलिस में शिकायत देकर आरोप लगाया कि उसका निजी वीडियो उसकी अनुमति के बिना प्रसारित किया जा रहा है। शिकायत के आधार पर पुलिस ने तीन लोगों के खिलाफ सूचना प्रौद्योगिकी अधिनियम की धारा 67 के तहत मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू की है।
मामले में नामजद आरोपियों में भाजपा से जुड़े पदाधिकारियों के नाम होने की बात सामने आई है। महिला ने अपनी शिकायत में बताया है कि वीडियो कॉल के दौरान उसका निजी वीडियो बनाए जाने और बाद में उसके प्रसारित होने की जानकारी उसे बातचीत के दौरान मिली। शिकायतकर्ता ने पुलिस को संबंधित बातचीत के ऑडियो-वीडियो साक्ष्य उपलब्ध होने की बात भी कही है।
पद की कथित लड़ाई से जुड़ा दूसरा एंगल : सूत्रों के मुताबिक, इस पूरे मामले की एक दूसरी तस्वीर भी सामने आ रही है। सूत्रों का दावा है कि संगठन में पद और जिम्मेदारी को लेकर कुछ लोगों के बीच कथित तौर पर अंदरूनी खींचतान चल रही थी। इसी खींचतान के बीच विवाद ने ऐसा रूप लिया कि कुछ लोगों ने कथित तौर पर एक-दूसरे को निशाने पर लेने और फंसाने के लिए मामले का फायदा उठाया।
सूत्रों का यह भी कहना है कि संगठनात्मक पद को लेकर चल रही प्रतिस्पर्धा के बीच व्यक्तिगत विवाद भी जुड़ता चला गया और आखिरकार मामला पुलिस तक पहुंच गया। हालांकि, यह दावा फिलहाल सूत्रों के हवाले से है। पुलिस जांच में इसकी पुष्टि होना बाकी है कि कथित संगठनात्मक खींचतान का इस मामले से वास्तव में कोई सीधा संबंध है या नहीं।
जिले से लेकर लखनऊ तक मामला पहुंचाने की होड़?: इस पूरे प्रकरण को लेकर सूत्र एक और महत्वपूर्ण दावा कर रहे हैं। सूत्रों के मुताबिक, जिले से जुड़े भाजपा के कुछ प्रभावशाली नेता कथित तौर पर मामले को दबाने की कोशिश में जुटे हैं, जबकि दूसरी ओर कुछ नेता इस प्रकरण को लखनऊ तक पहुंचाने की कोशिश कर रहे हैं।
यानी एक तरफ मामले को स्थानीय स्तर पर संभालने और शांत कराने की कोशिश की चर्चा है, तो दूसरी तरफ इसे पार्टी के उच्च स्तर तक ले जाने की कवायद की बात सामने आ रही है। सूत्रों का दावा है कि इसके पीछे भी संगठन में पद और प्रभाव को लेकर चल रही अंदरूनी खींचतान एक वजह हो सकती है।
राजनीतिक हलकों में चर्चा तेज: मामले में भाजपा से जुड़े पदाधिकारियों के नाम सामने आने के बाद स्थानीय राजनीतिक हलकों में भी चर्चा तेज हो गई है। पुलिस की जांच, डिजिटल साक्ष्य और शिकायतकर्ता की ओर से उपलब्ध कराए गए कथित वीडियो एवं अन्य साक्ष्यों के आधार पर ही पूरे मामले की वास्तविक तस्वीर सामने आएगी।
फिलहाल बांसडीह पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। अब जांच में यह स्पष्ट होना बाकी है कि यह मामला केवल निजी वीडियो के कथित प्रसार का है या इसके पीछे संगठनात्मक पद की कथित लड़ाई, आपसी विवाद और राजनीतिक खींचतान की भी कोई भूमिका रही है।
उत्तर प्रदेश
बलिया का बढ़ा मान! जमुना राम मेमोरियल स्कूल सीबीएसई ईस्ट जोन हैंडबॉल के फाइनल में
मिर्जापुर। सनबीम एकेडमी नॉलेज पार्क, मिर्जापुर में आयोजित सीबीएसई ईस्ट जोन हैंडबॉल प्रतियोगिता 2026-27 में जमुना राम मेमोरियल स्कूल, चितबड़ागांव (बलिया) की टीम ने शानदार प्रदर्शन करते हुए फाइनल में प्रवेश कर लिया।
प्रतियोगिता के दूसरे दिन खेले गए रोमांचक मुकाबले में जमुना राम मेमोरियल स्कूल ने मेजबान सनबीम एकेडमी नॉलेज पार्क को 06-02 के बड़े अंतर से हराया। मैच की शुरुआत से ही जमुना राम मेमोरियल स्कूल की टीम ने आक्रामक खेल का प्रदर्शन किया और पूरे मुकाबले में अपनी पकड़ बनाए रखी।
टीम की ओर से अंकिता कुशवाहा ने 2, रितिका यादव ने 2, आइशा गुप्ता ने 1 और श्रेया ने 1 गोल कर टीम की जीत में अहम योगदान दिया। इस शानदार जीत के साथ टीम ने प्रतियोगिता के खिताबी मुकाबले में अपनी जगह पक्की कर ली है। फाइनल मुकाबला कल खेला जाएगा।
टीम की सफलता पर विद्यालय के प्रबंध निदेशक इंजीनियर तुषारनंद एवं प्रधानाचार्य अजीत सिंह ने खिलाड़ियों और खेल स्टाफ को बधाई दी। उन्होंने शारीरिक शिक्षक सरदार मोहम्मद अफ़ज़ल, टीम प्रशिक्षक मनोज कुमार और टीम मैनेजर रश्मि श्रीवास्तव को भी शुभकामनाएं देते हुए फाइनल के लिए उत्साह बढ़ाया।
इस अवसर पर इंचार्ज अरविंद चौबे, आनन्द मिश्रा, नीतू मिश्रा सहित विद्यालय के शिक्षक-शिक्षिकाओं ने खिलाड़ियों के शानदार प्रदर्शन की सराहना करते हुए उन्हें फाइनल के लिए शुभकामनाएं दीं।


