बलिया
बलियाः 60 लाख के चर्चित घोटाले में तत्कालीन कोटेदार गिरफ्तार
बलिया में संपूर्ण ग्रामीण रोजगार योजना का क्रियान्वयन और राज्य सरकार के द्वारा साल 2002 से 2005 के मध्य बलिया में किया गया। इस कार्यक्रम को सही और सुचारू रूप से संचालित करने के लिए शीर्ष अधिकारियों को जिम्मेदारी दी गई थी।
लेकिन अधिकारियों के द्वारा तमाम विकास कार्यों में लापरवाही करते हुए सरकारी धन और खाद्यान्न से लगभग 60 लाख का गबन कर लिया गया। इस मामले में जांच के लिए ईओडब्लू वाराणसी के पुलिस अधीक्षक डा. प्रदीप कुमार ने अभियुक्तों की तलाश, गिरफ्तारी के लिये एक टीम का गठन किया था।
26 जून को ईओडब्लू की गिरफ्तारी टीम द्वारा इस घटना में संलिप्त तत्कालीन कोटेदार रियाज अहमद पुत्र मो. सईद निवासी-ग्राम चड़वा-बरवा, थाना सिकन्दपुर, बलिया को ग्राम सभा चड़वा-बरवा, पंदह, बलिया से गिरफ्तार किया गया। गिरफ्तार अभियुक्त को भ्रष्टाचार निवारण कोर्ट वाराणसी में पेश कर अग्रिम विधिक कार्रवाई की जायेगी।
बता दें कि योजना के तहत जनपद के विभिन्न गांवों में मिट्टी, नाली निर्माण, खड़न्जा निर्माण, पटरी मरम्मत कार्य, सम्पर्क मार्ग निर्माण, पुलिया निर्माण कार्य आदि श्रमिकों का चयन कर कराया जाना था। श्रमिकों को श्रम के बदले खाद्यान्न और नगद पैसे दिए जाने थे, लेकिन तत्कालीन ग्राम पंचायत विकास अधिकारी और कोटेदारों से मिलीभगत कर अधिकारियों और कर्मचारियों ने कार्य योजनाओं की पत्रावलियों पर पेमेंट आर्डर, मास्टर रोल एवं खाद्यान्न वितरण रजिस्टर में कूटरचना कर सरकारी धन का बंदरबाट किया।
श्रमिकों का चयन मनमाने ढंग से करके मस्टर रोल में फर्जी श्रमिकों के नाम दर्शाए और मानक अनुरूप कोई कार्य नहीं किया। इस मामले में जांच कर रहे ईओडब्लू वाराणसी के पुलिस अधीक्षक, डा. प्रदीप कुमार ने बताया कि बलिया खाद्यान्न घोटाले के प्रकरण में शामिल दोषियों के विरूद्ध लगातार धर-पकड़ की कार्रवाई चलेगी। गिरफ्तारी करने वाली टीम में निरीक्षक अरविन्द कुमार, उप निरीक्षक संजय सोनकर आर्थिक अपराध अनुसंधान संगठन वाराणसी शामिल रहे।
बलिया
शिक्षा पदम सम्मान 2025 से सम्मानित हुए हाली पाथ कॉन्वेंट स्कूल के युवा निदेशक डॉ. परवेज अंसारी
हिमाचल प्रदेश के प्रतिष्ठित हिलटॉप पब्लिक स्कूल में आयोजित भव्य सम्मान समारोह में हाली पाथ कॉन्वेंट स्कूल के युवा निदेशक डॉ. परवेज अंसारी को “शिक्षा पदम सम्मान 2025” से सम्मानित किया गया। यह सम्मान उन्हें शिक्षा के क्षेत्र में उनके 10 वर्षों से अधिक की समर्पित सेवा और अभिनव प्रयासों के लिए प्रदान किया गया।
डॉ. अंसारी की नेतृत्व क्षमता और शिक्षा के प्रति प्रतिबद्धता ने स्कूल को नई ऊँचाइयों तक पहुँचाया है। उनके मार्गदर्शन में हाली पाथ कॉन्वेंट स्कूल ने गुणवत्तापूर्ण शिक्षा, आधुनिक शिक्षण पद्धतियों और विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास पर विशेष ध्यान दिया है।
सम्मान प्राप्त करने के बाद डॉ. परवेज अंसारी ने कहा —
“यह सम्मान मेरे लिए प्रेरणा का स्रोत है। मैं शिक्षा के क्षेत्र में लगातार नवाचार और सुधार के लिए प्रयासरत रहूँगा।”
उनकी इस उपलब्धि से न केवल स्कूल परिवार बल्कि पूरे जनपद में गर्व की भावना व्याप्त है।
फेफना
दिखाया जज़्बा: जमुना राम मेमोरियल स्कूल के कराटे वीरों ने जीते 22 पदक, बलिया में बजाया अपना डंका
बलिया के बापू भवन में आयोजित 2nd Gyanti Devi Memorial Cup District Karate Championship 2K25 में जिले के लगभग 15 विद्यालयों ने भाग लिया। इस प्रतियोगिता में जमुना राम मेमोरियल स्कूल, मानपुर चितबड़ागांव के 22 छात्रों ने प्रतिभाग कर दमखम दिखाया।
शानदार प्रदर्शन करते हुए स्कूल के 12 छात्रों ने स्वर्ण पदक , 6 ने रजत पदक और 4 ने कांस्य पदक हासिल किए। छात्रों की इस उपलब्धि ने न केवल विद्यालय का नाम रोशन किया बल्कि माता-पिता और क्षेत्र को भी गौरवान्वित किया।
विद्यालय के प्रधानाचार्य अबरी के.बी. एवं प्रबंध निदेशक तुषार नंद जी ने विजेताओं को बधाई देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की। उन्होंने कहा कि इस प्रकार की प्रतियोगिताएं बच्चों में आत्मविश्वास, अनुशासन और शारीरिक स्फूर्ति को बढ़ावा देती हैं।
विद्यालय प्रबंधन ने यह भी आश्वस्त किया कि भविष्य में भी छात्र ऐसे आयोजनों में भाग लेकर और बेहतर प्रदर्शन करेंगे।
featured
बलिया की राजनीति में हलचल: भानु दुबे जल्द कर सकते हैं सपा जॉइन, अटकलों का बाजार गर्म
बलिया।
बलिया के प्रमुख सामाजिक नेता भानु दुबे जल्द ही समाजवादी पार्टी (सपा) जॉइन कर सकते हैं। हाल ही में उनके सोशल मीडिया पोस्ट और गतिविधियों से इस बात के कयास तेज हो गए हैं। सूत्रों से मिली जानकारी के अनुसार, पिछले कुछ दिनों से भानु दुबे लगातार सपा के बड़े नेताओं से मुलाकात कर रहे हैं। उनकी इन मुलाकातों और नेताओं के काफिलों में देखे जाने के बाद यह चर्चा और तेज हो गई है कि वे जल्द ही सपा का दामन थाम सकते हैं।
भानु दुबे को ब्राह्मण समाज का बड़ा चेहरा माना जाता है। सामाजिक स्तर पर उनकी लोकप्रियता भी युवाओं में काफी मजबूत है। अगर वे सपा में शामिल होते हैं तो न केवल बलिया में पार्टी को मजबूती मिलेगी, बल्कि आगामी 2027 विधानसभा चुनाव में बलिया सदर सीट से उनकी दावेदारी भी बेहद मजबूत मानी जा रही है।
राजनीतिक जानकारों का मानना है कि भानु दुबे के सपा में आने से बलिया की राजनीति में नया समीकरण बन सकता है। और यह फैसला पूरे जिले के राजनीतिक परिदृश्य को बदल सकता है।
अब देखना दिलचस्प होगा कि भानु दुबे कब और किस मंच से सपा की सदस्यता ग्रहण करते हैं और इसके बाद जिले की राजनीति कौन सा नया मोड़ लेती है।


