बलिया स्पेशल
बलिया-घाघरा लाल निशान से ऊपर, डीएम ने बाढ़ क्षेत्रों का लिया जायजा
बलिया
घाघरा लाल निशान से ऊपर बह रही है। इससे कई गांव पानी से घिर गए हैं। इसको देखते हुए डीएम भवानी सिंह खंगारौत ने बाढ़ चौकियों को पूरी तरह सक्रिय रहने का निर्देश दिया है। चिकित्सक, पशु चिकित्सक के साथ राजस्व व आपूर्ति विभाग को भी बाढ़ क्षेत्रों में राहत कार्य के लिए तैयार रहने को कहा है।
गुरुवार को जिलाधिकारी ने चांदपुर में बाढ़ चौकी का निरीक्षण किया। बाढ़ के दौरान व पानी उतरने के बाद होने वाली बीमारियों से बचाव के लिए ग्रामीणों ने आदमी व पशु चिकित्सक को चौकी पर तैनात करने की मांग की। जिलाधिकारी ने एसडीएम को निर्देश दिया कि सीएमओ से सम्पर्क कर रेवती, बांसडीह व सहतवार के अस्पतालों के डॉक्टरों की ड्यूटी यहां लगवाएं।
मुख्य पशु चिकित्साधिकारी को भी निर्देश दिए कि पशु डॉक्टरों की भी बाढ़ क्षेत्रों में मुस्तैदी सुनिश्चित कराएं। जिलाधिकारी ने कहा कि राशन वितरण व चिकित्सा व्यवस्था को सुदृढ़ बनाए रखना है। संबंधित अधिकारी इसकी पूरी तैयारी रखें, ताकि जरूरत पड़ने पर तत्काल राहत पहुंचाई जा सके। उन्होंने चांदपुर चौकी से ही जलस्तर के साथ घाघरा नदी पर निर्माणाधीन पुल के बाबत जानकारी ली।
बताया गया कि घाघरा उस पार के आधा दर्जन गांव पानी से पूरी तरह घिरे है। कोलकला गांव भी तीन तरफ से पानी से घिर चुका है। डीएम ने पर्याप्त नाव की व्यवस्था उपलब्ध रखने के निर्देश एसडीएम को दिए। कहा कि सारे कागजात मेंटेन भी रखेंगे, ताकि बाद में नाव व नाविकों के भुगतान में कोई दिक्कत न आए।
एक नाविक के पिछले साल के लंबित भुगतान को शीघ्र करने करने का निर्देश दिया। फसल डूब जाने के संबंध में पूछताछ के दौरान एसडीएम सन्त कुमार ने बताया कि जिनकी फसल नष्ट हो चुकी है उनका खसरा बन चुका है। जिलाधिकारी ने कहा कि ऐसे किसानों की सूची शीघ्र जिले पर भेज दें।
इसके बाद रेंगहा पहुचे डीएम ने बाढ़पीड़ितों को आश्वासन दिया कि प्रशासन उनकी हर सुविधा का पूरा ख्याल रखेगा। गांव में जाने वाली सड़क पर एक जगह गड्ढा होने की जानकारी मिलने पर ग्राम प्रधान को निर्देश दिया कि तत्काल वहां मिट्टी भरवा दें। बाढ़ की स्थिति में रहने के लिए टीन शेडयुक्त चबूतरे का निर्माण कराने पर ग्राम प्रधान की सराहना की। इस दौरान एसडीएम संत कुमार, अधिशासी अभियंता बाढ़ खंड साथ रहे।
featured
बी.एन. इंटरनेशनल स्कूल में विज्ञान प्रदर्शनी का भव्य आयोजन
बलिया। नारायणपुर स्थित बी.एन. इंटरनेशनल स्कूल में शनिवार को विज्ञान प्रदर्शनी का शानदार आयोजन किया गया। विद्यार्थियों ने विज्ञान के विभिन्न आयामों पर आधारित अपने मॉडल प्रदर्शित कर सबको प्रभावित किया। उनकी सृजनशीलता और तकनीकी कौशल को देखकर अतिथि, अभिभावक व आगंतुक मंत्रमुग्ध रह गए।
कार्यक्रम का शुभारंभ क्षेत्र के विख्यात एवं सेवानिवृत्त मुख्य अभियंता श्री विनोद कुमार सिंह द्वारा दीप प्रज्वलित कर किया गया। इस अवसर पर विद्यालय के प्राचार्य श्री बलविंदर सिंह, अभिभावकों तथा पूर्व छात्रों की उल्लेखनीय उपस्थिति रही, जिन्होंने बच्चों का उत्साहवर्धन किया।
प्राचार्य श्री बलविंदर सिंह ने कहा कि इस प्रकार की गतिविधियाँ छात्रों में नवाचार, शोध क्षमता और वैज्ञानिक सोच को बढ़ावा देती हैं। विद्यालय प्रबंधन ने सभी अतिथियों व प्रतिभागी छात्रों का आभार व्यक्त किया।
featured
फेफना खेल महोत्सव : कबड्डी फाइनल में जमुना राम मेमोरियल स्कूल की बेटियों का दमदार प्रदर्शन
बलिया, 3 दिसंबर 2025। फेफना खेल महोत्सव 2025 के तहत आज बालिका वर्ग की कबड्डी प्रतियोगिता का फाइनल मुकाबला रोमांच और जोश से भरपूर रहा। खिताबी जंग जमुना राम मेमोरियल स्कूल, चितबड़ागांव और मर्चेंट इंटर कॉलेज, बलिया के बीच खेली गई।
कड़े संघर्ष से भरे इस मैच में जमुना राम मेमोरियल स्कूल की बालिकाओं ने शानदार कौशल, साहस और टीमवर्क का परिचय दिया। अंतिम मिनटों तक चले रोमांचक मुकाबले में शानदार प्रदर्शन करते हुए टीम ने उपविजेता का खिताब हासिल किया।

पूर्व खेल मंत्री ने बढ़ाया खिलाड़ियों का उत्साह
फाइनल मुकाबले में मुख्य अतिथि के रूप में पहुंचे पूर्व खेल मंत्री श्री उपेंद्र तिवारी ने दोनों टीमों से भेंट कर उनका हौसला बढ़ाया। मैच के बाद उन्होंने विजेता और उपविजेता टीमों को मेडल व ट्रॉफी प्रदान कर सम्मानित किया।

विद्यालय परिवार में उत्सव जैसा माहौल
विद्यालय के प्रबंधक निदेशक इंजीनियर तुषार नंद ने छात्राओं को बधाई देते हुए कहा कि बेटियों का यह प्रदर्शन स्कूल के लिए गर्व की बात है।
प्रधानाचार्य अरविंद चौबे और क्रीड़ा शिक्षक सरदार मोहम्मद अफजल ने भी टीम की उपलब्धि पर खुशी व्यक्त करते हुए खिलाड़ियों के उज्ज्वल भविष्य की कामना की।
बलिया स्पेशल
बलिया पहुंचीं राज्यपाल आनंदीबेन पटेल, जेएनसीयू के दीक्षांत समारोह का किया शुभारंभ
बलिया। जननायक चंद्रशेखर विश्वविद्यालय (जेएनसीयू) के दीक्षांत समारोह में मंगलवार को प्रदेश की राज्यपाल आनंदीबेन पटेल मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुईं। उनके आगमन पर विश्वविद्यालय के कुलगीत के साथ उनका गर्मजोशी से स्वागत किया गया।
राज्यपाल ने दीप प्रज्वलन कर समारोह का शुभारंभ किया और मेधावी छात्रों को पदक पहनाकर सम्मानित किया। कार्यक्रम में कुलपति, शिक्षकों और छात्रों ने राज्यपाल का अभिनंदन किया।
इस अवसर पर राज्यपाल ने छात्रों से कहा कि वे शिक्षा के साथ सामाजिक जिम्मेदारी को भी समझें और देश के विकास में योगदान दें। उन्होंने विश्वविद्यालय प्रशासन को भी बधाई दी और बेहतर शैक्षणिक माहौल बनाए रखने की सराहना की।
समारोह में जिले के कई गणमान्य व्यक्ति, जनप्रतिनिधि और अभिभावक बड़ी संख्या में उपस्थित रहे।


