बलिया
बलियाः ट्रेन पकड़ना होगा आसान, सुरेमनपुर रेलवे स्टेशन से प्लेटफार्म नंबर 1 का होगा विस्तार
बलियाः रेलयात्रियों के लिए अच्छी खबर है। सुरेमनपुर रेलवे स्टेशन से प्लेटफार्म नंबर एक का विस्तार किया जाएगा। यात्रियों की परेशानियों को देखते हुए इसे पुराने मालगोदाम के आगे तक प्लेटफार्म नंबर एक तक बढ़ाया जाएगा। इससे यात्रियों को बड़ा फायदा होगा।
बता दें कि सुरेमनपुर रेलवे स्टेशन पर एक दर्जन से अधिक लम्बी दूरी के मेल एवं एक्सप्रेस ट्रेनों का ठहराव है। प्रतिदिन लगभग पांच हजार यात्री इस स्टेशन से ट्रेन पकड़कर आते-जाते है। वहीं मेल व एक्सप्रेस गाड़ियों के कुछ डब्बे प्लटफार्म से बाहर रह जाने के चलते यात्रियों को ट्रेन में चढ़ने में दिक्कत आती है। लेकिन अब प्लेटफार्म का विस्तार होने से ट्रेन पकड़ने में आसानी होगी। सुरेमनपुर के स्टेशन अधीक्षक एलपी वर्मा ने बताया कि 19 डब्बे से अधिक की ट्रेन जैसे पवन एक्सप्रेस, सद्भावना एक्सप्रेस, स्वतंत्रता सेनानी एक्सप्रेस, गोरखपुर-कोलकाता एक्सप्रेस, सारनाथ एक्सप्रेस सहित अधिकांश ट्रेनों के पीछे के तीन से चार डिब्बे प्लेटफार्म से बाहर हो जाते हैं। इससे यात्रियों को विशेषकर महिलाएं, बच्चे और वृद्धजनों को ट्रेन में चढ़ने उतरने में दिक्कत होती है।
उन्होंने बताया कि रेल प्रबंधक रमाशंकर पाण्डेय के संज्ञान में यह समस्या है। इसके लिए संबंधित विभाग को प्रस्ताव भेजा गया है। जल्द ही काम शुरु हो जाएगा। इसके अलावा अभी प्लेटफार्म नंबर दो का निर्माण कार्य भी अधूरा है। क्षेत्र के वरिष्ठ अधिवक्ता अजित सिंह, उपाध्यापुर के पूर्व प्रधान धर्मेन्द्र तिवारी सहित दर्जनों लोगों ने सोशल मीडिया के माध्यम से ट्रेनों के डब्बों को प्लेटफार्म से बाहर होने की शिकायत करते रहे हैं। अब इस समस्या पर संज्ञान लिया गया है।
बलिया
शिक्षा पदम सम्मान 2025 से सम्मानित हुए हाली पाथ कॉन्वेंट स्कूल के युवा निदेशक डॉ. परवेज अंसारी
हिमाचल प्रदेश के प्रतिष्ठित हिलटॉप पब्लिक स्कूल में आयोजित भव्य सम्मान समारोह में हाली पाथ कॉन्वेंट स्कूल के युवा निदेशक डॉ. परवेज अंसारी को “शिक्षा पदम सम्मान 2025” से सम्मानित किया गया। यह सम्मान उन्हें शिक्षा के क्षेत्र में उनके 10 वर्षों से अधिक की समर्पित सेवा और अभिनव प्रयासों के लिए प्रदान किया गया।
डॉ. अंसारी की नेतृत्व क्षमता और शिक्षा के प्रति प्रतिबद्धता ने स्कूल को नई ऊँचाइयों तक पहुँचाया है। उनके मार्गदर्शन में हाली पाथ कॉन्वेंट स्कूल ने गुणवत्तापूर्ण शिक्षा, आधुनिक शिक्षण पद्धतियों और विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास पर विशेष ध्यान दिया है।
सम्मान प्राप्त करने के बाद डॉ. परवेज अंसारी ने कहा —
“यह सम्मान मेरे लिए प्रेरणा का स्रोत है। मैं शिक्षा के क्षेत्र में लगातार नवाचार और सुधार के लिए प्रयासरत रहूँगा।”
उनकी इस उपलब्धि से न केवल स्कूल परिवार बल्कि पूरे जनपद में गर्व की भावना व्याप्त है।
फेफना
दिखाया जज़्बा: जमुना राम मेमोरियल स्कूल के कराटे वीरों ने जीते 22 पदक, बलिया में बजाया अपना डंका
बलिया के बापू भवन में आयोजित 2nd Gyanti Devi Memorial Cup District Karate Championship 2K25 में जिले के लगभग 15 विद्यालयों ने भाग लिया। इस प्रतियोगिता में जमुना राम मेमोरियल स्कूल, मानपुर चितबड़ागांव के 22 छात्रों ने प्रतिभाग कर दमखम दिखाया।
शानदार प्रदर्शन करते हुए स्कूल के 12 छात्रों ने स्वर्ण पदक , 6 ने रजत पदक और 4 ने कांस्य पदक हासिल किए। छात्रों की इस उपलब्धि ने न केवल विद्यालय का नाम रोशन किया बल्कि माता-पिता और क्षेत्र को भी गौरवान्वित किया।
विद्यालय के प्रधानाचार्य अबरी के.बी. एवं प्रबंध निदेशक तुषार नंद जी ने विजेताओं को बधाई देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की। उन्होंने कहा कि इस प्रकार की प्रतियोगिताएं बच्चों में आत्मविश्वास, अनुशासन और शारीरिक स्फूर्ति को बढ़ावा देती हैं।
विद्यालय प्रबंधन ने यह भी आश्वस्त किया कि भविष्य में भी छात्र ऐसे आयोजनों में भाग लेकर और बेहतर प्रदर्शन करेंगे।
featured
बलिया की राजनीति में हलचल: भानु दुबे जल्द कर सकते हैं सपा जॉइन, अटकलों का बाजार गर्म
बलिया।
बलिया के प्रमुख सामाजिक नेता भानु दुबे जल्द ही समाजवादी पार्टी (सपा) जॉइन कर सकते हैं। हाल ही में उनके सोशल मीडिया पोस्ट और गतिविधियों से इस बात के कयास तेज हो गए हैं। सूत्रों से मिली जानकारी के अनुसार, पिछले कुछ दिनों से भानु दुबे लगातार सपा के बड़े नेताओं से मुलाकात कर रहे हैं। उनकी इन मुलाकातों और नेताओं के काफिलों में देखे जाने के बाद यह चर्चा और तेज हो गई है कि वे जल्द ही सपा का दामन थाम सकते हैं।
भानु दुबे को ब्राह्मण समाज का बड़ा चेहरा माना जाता है। सामाजिक स्तर पर उनकी लोकप्रियता भी युवाओं में काफी मजबूत है। अगर वे सपा में शामिल होते हैं तो न केवल बलिया में पार्टी को मजबूती मिलेगी, बल्कि आगामी 2027 विधानसभा चुनाव में बलिया सदर सीट से उनकी दावेदारी भी बेहद मजबूत मानी जा रही है।
राजनीतिक जानकारों का मानना है कि भानु दुबे के सपा में आने से बलिया की राजनीति में नया समीकरण बन सकता है। और यह फैसला पूरे जिले के राजनीतिक परिदृश्य को बदल सकता है।
अब देखना दिलचस्प होगा कि भानु दुबे कब और किस मंच से सपा की सदस्यता ग्रहण करते हैं और इसके बाद जिले की राजनीति कौन सा नया मोड़ लेती है।


