बलिया
6 महीने में बनकर तैयार हो जाएगा बलिया का पहला आयुर्वेदिक सुपर स्पेशलिटी अस्पताल
बलियावासियों के लिए अच्छी खबर है। जिले का पहला आयुर्वेदिक सुपर स्पेशलिटी अस्पताल 6 महीने में ही बनकर तैयार हो जाएगा। इसके बाद यहां लोगों का प्राचीन भारतीय पद्धति से इलाज किया जाएगा। यह अस्पताल आजमगढ़ मंडल का भी इकलौता आयुर्वैदिक अस्पताल होगा।
साल 2018 में चितबड़ागांव के फिरोजपुर में तत्कालीन खेल मंत्री व फेफना के तत्कालीन विधायक उपेंद्र तिवारी के प्रयास से 50 बिस्तरीय अस्पताल का काम शुरु हुआ। काम की जिम्मेदारी पैक्सफेड को दी गई थी। अस्पताल के निर्माण के लिए शासन द्वारा 6.95 करोड़ रुपए की राशि जारी की गई थी।
अब 2 मंजिला अस्पताल बनकर तैयार है। फिनिशिंग व अन्य कार्य 6 महीने में कंपलीट हो जाएंगे। इसके बाद भवन संबंधित विभाग को हैंडओवर कर दिया जाएगा। अस्पताल के चालू होने के बाद आयुर्वेद पद्धती से लोगों का इलाज शुरु होगा। यहां पर रोगियों को भर्ती करने के साथ ही इलाज से जुड़े अन्य सभी इंतजाम होंगे।
अस्पताल में भर्ती मरीजों, डॉक्टरों व कर्मचारियों को पानी की दिक्कत न हो, इसके लिए अस्पताल में 50 हजार लीटर की पानी की टंकी भी बन रही है। अस्पताल में स्त्री व प्रसूति रोग के साथ ही अन्य कई विशेषज्ञ चिकित्सकों की तैनाती होगी। वहां पर स्नेहन, स्वेदन, वमन, विरेचन, शिरोधारा, बस्ती आदि पारंपरिक विधि से उपचार होगा। इससे गठिया, रियूमेटॉइड, अर्थराइटिस, लकवा, चर्मरोग, तनाव, अनिद्रा, आदि बीमारियों का इलाज होगा। बताया जाता है कि अस्पताल में पंचकर्म, क्षारसूत्र और योग के जरिए रोगों का इलाज किया जाएगा।
अस्पताल में एनोरेक्टल रोग जैसे फिशर, पाइल्स, भगंदर आदि बीमारियों का उपचार क्षारसूत्र विधि से किया जाएगा। इसके लिए माइनर ओटी की भी व्यवस्था होगी। अस्पताल में माइनर ओटी के साथ ही समान्य प्रसव के लिए लेबर रूम होगा। स्पेशल योग कक्ष बनेगा, जिसमें योग प्रशिक्षक योग के टिप्स बताएंगे।
इस संबंध में कार्यदायी संस्था पैक्सफेड के अवर अभियंता आकाश राय का कहना है कि चितबड़ागांव में 50 बेड के आयुर्वेदिक अस्पताल का निर्माण कार्य तेजी से हो रहा है। 6 महीने में काम पूरा होने की उम्मीद है। जो व्यवस्था करने का निर्देश कार्यदायी संस्था को है, उसे पूरा करने के बाद हैंडओवर किया जाएगा।
बलिया
शिक्षा पदम सम्मान 2025 से सम्मानित हुए हाली पाथ कॉन्वेंट स्कूल के युवा निदेशक डॉ. परवेज अंसारी
हिमाचल प्रदेश के प्रतिष्ठित हिलटॉप पब्लिक स्कूल में आयोजित भव्य सम्मान समारोह में हाली पाथ कॉन्वेंट स्कूल के युवा निदेशक डॉ. परवेज अंसारी को “शिक्षा पदम सम्मान 2025” से सम्मानित किया गया। यह सम्मान उन्हें शिक्षा के क्षेत्र में उनके 10 वर्षों से अधिक की समर्पित सेवा और अभिनव प्रयासों के लिए प्रदान किया गया।
डॉ. अंसारी की नेतृत्व क्षमता और शिक्षा के प्रति प्रतिबद्धता ने स्कूल को नई ऊँचाइयों तक पहुँचाया है। उनके मार्गदर्शन में हाली पाथ कॉन्वेंट स्कूल ने गुणवत्तापूर्ण शिक्षा, आधुनिक शिक्षण पद्धतियों और विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास पर विशेष ध्यान दिया है।
सम्मान प्राप्त करने के बाद डॉ. परवेज अंसारी ने कहा —
“यह सम्मान मेरे लिए प्रेरणा का स्रोत है। मैं शिक्षा के क्षेत्र में लगातार नवाचार और सुधार के लिए प्रयासरत रहूँगा।”
उनकी इस उपलब्धि से न केवल स्कूल परिवार बल्कि पूरे जनपद में गर्व की भावना व्याप्त है।
फेफना
दिखाया जज़्बा: जमुना राम मेमोरियल स्कूल के कराटे वीरों ने जीते 22 पदक, बलिया में बजाया अपना डंका
बलिया के बापू भवन में आयोजित 2nd Gyanti Devi Memorial Cup District Karate Championship 2K25 में जिले के लगभग 15 विद्यालयों ने भाग लिया। इस प्रतियोगिता में जमुना राम मेमोरियल स्कूल, मानपुर चितबड़ागांव के 22 छात्रों ने प्रतिभाग कर दमखम दिखाया।
शानदार प्रदर्शन करते हुए स्कूल के 12 छात्रों ने स्वर्ण पदक , 6 ने रजत पदक और 4 ने कांस्य पदक हासिल किए। छात्रों की इस उपलब्धि ने न केवल विद्यालय का नाम रोशन किया बल्कि माता-पिता और क्षेत्र को भी गौरवान्वित किया।
विद्यालय के प्रधानाचार्य अबरी के.बी. एवं प्रबंध निदेशक तुषार नंद जी ने विजेताओं को बधाई देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की। उन्होंने कहा कि इस प्रकार की प्रतियोगिताएं बच्चों में आत्मविश्वास, अनुशासन और शारीरिक स्फूर्ति को बढ़ावा देती हैं।
विद्यालय प्रबंधन ने यह भी आश्वस्त किया कि भविष्य में भी छात्र ऐसे आयोजनों में भाग लेकर और बेहतर प्रदर्शन करेंगे।
featured
बलिया की राजनीति में हलचल: भानु दुबे जल्द कर सकते हैं सपा जॉइन, अटकलों का बाजार गर्म
बलिया।
बलिया के प्रमुख सामाजिक नेता भानु दुबे जल्द ही समाजवादी पार्टी (सपा) जॉइन कर सकते हैं। हाल ही में उनके सोशल मीडिया पोस्ट और गतिविधियों से इस बात के कयास तेज हो गए हैं। सूत्रों से मिली जानकारी के अनुसार, पिछले कुछ दिनों से भानु दुबे लगातार सपा के बड़े नेताओं से मुलाकात कर रहे हैं। उनकी इन मुलाकातों और नेताओं के काफिलों में देखे जाने के बाद यह चर्चा और तेज हो गई है कि वे जल्द ही सपा का दामन थाम सकते हैं।
भानु दुबे को ब्राह्मण समाज का बड़ा चेहरा माना जाता है। सामाजिक स्तर पर उनकी लोकप्रियता भी युवाओं में काफी मजबूत है। अगर वे सपा में शामिल होते हैं तो न केवल बलिया में पार्टी को मजबूती मिलेगी, बल्कि आगामी 2027 विधानसभा चुनाव में बलिया सदर सीट से उनकी दावेदारी भी बेहद मजबूत मानी जा रही है।
राजनीतिक जानकारों का मानना है कि भानु दुबे के सपा में आने से बलिया की राजनीति में नया समीकरण बन सकता है। और यह फैसला पूरे जिले के राजनीतिक परिदृश्य को बदल सकता है।
अब देखना दिलचस्प होगा कि भानु दुबे कब और किस मंच से सपा की सदस्यता ग्रहण करते हैं और इसके बाद जिले की राजनीति कौन सा नया मोड़ लेती है।


