बलिया
दो महीनों में दोगुने हो गए बलिया में श्रमिक, ग्रेजुएट युवा भी बनवा रहे ई-श्रम कार्ड
सरकार ने ई-श्रम पोर्टल पर पंजीकृत श्रमिकों को हर महीने पांच सौ रुपए भत्ता देने की बात कही है। इसके बाद से बलिया में अचानक श्रमिकों की संख्या दोगुनी हो गई है। जी हैं श्रम विभाग के द्वारा दिया जाने वाला 500 रुपए का भत्ता पाने अब ग्रेजुएट और पोस्ट ग्रेजुएट बेरोजगार भी रजिस्ट्रेशन करा रहे हैं।
जब से सीएम योगी ने श्रमिकों को 500 रुपए प्रति महीने देने की बात कही है तब से ई-श्रम पोर्टल पर रजिस्ट्रेशन की बाढ़ आ गई है। इसके पहले अक्तूबर तक जिले में केवल 5.46 लाख श्रमिक पंजीकृत थे। लेकिन दिसम्बर में श्रमिकों की संख्या दोगुनी हो गई है। आंकड़ो पर नज़र डालें तो 31 दिसम्बर तक 11 लाख 47 हज़ार 254 लोगों ने श्रमिक कार्ड के लिए पंजीकरण कराया है।
हालात ये हैं कि अब स्नातक व परास्नातक की पढ़ाई कर चुके बेरोजगार युवक पंजीयन करा रहे हैं। युवाओं में होड़ लग गई है ई श्रम पोर्टल पर पंजीयन कराने की। और यही वजह से है कि बलिया में श्रमिकों की संख्या अचानक से बढ़ गई है। वहीं ई श्रम योजना के तहत श्रमिक कार्ड बनवाने में असंगठित क्षेत्र की महिलाएं भी पीछे नहीं रहीं। श्रमिक कार्ड के लिए 31 दिसंबर तक करीब पांच लाख से अधिक महिलाओं ने आवेदन किया है। योजना का लाभ लेने के लिए महिलाएं आगे आई हैं।
गौरतलब है कि सरकारी योजना के मुताबिक असंगठित क्षेत्र के ई-श्रम कार्डधारकों को इसका लाभ दिया जाएगा। लाभार्थियों को प्रतिमाह पांच सौ रुपये दिए जाएंगे। यह रकम उन्हें भत्ते के रूप में मिलेगी। श्रम विभाग के मुताबिक, 31 दिसंबर तक जिले में 11,47,254 लोगों ने आवेदन किए हैं। इन लोगों ने अपने ई-श्रम कार्ड बनवाए हैं। 25 दिसंबर तक आवेदन करने वाले लोगों को पहली किस्त जल्द ही मिल जाएगी। उन लोगों के खाते में दो माह का भत्ता एक हजार रुपये ट्रांसफर किया जाएगा। 25 दिसंबर तक आवेदन करने वाले लोगों को इसी माह पहली किस्त मिल जाएगी। पहले चरण में इन लोगों के खाते में दो माह का भत्ता का एक हजार रुपया ट्रांसफर किया जाएगा। जबकि अन्य लाभार्थियों को दूसरे चरण में लाभ दिया जाएगा। इसके अलावा पंजीकृत नवीनीकृत 54257 श्रमिकों को भी भत्ता का दो माह का एक हजार रुपया पहले चरण में अंतरित किया जाएगा।
कौन कर सकता है एप्लाईः असंगठित क्षेत्र का कोई भी व्यक्ति आवेदन कर सकता है। उसकी उम्र 18 से 59 आयु वर्ग के बीच होनी चाहिए। उसकी मासिक कमाई 15 हजार से कम हो। केवल आधारकार्ड व मोबाइल नंबर के जरिए ई-श्रम पोर्टल पर आवेदन करके लाभ उठाया जा सकता है।
आजे से खातों में ट्रांसफर की जाएगी राशिः आज ई-श्रम योजना के तहत भत्ता की पहली किस्त एक हजार रुपये पंजीकृत श्रमिकों के खाते में भेजी जाएगी। इसका शुभारंभ मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ द्वारा लखनऊ में किया जाएगा। इसी दौरान सीएम वीडियो कांफ्रेसिंग के द्वारा जिले के दस पंजीकृत श्रमिकों को भत्ता की पहली किस्त जारी करेंगे। यह जानकारी जिला श्रम प्रवर्तन अधिकारी जितेंद्र कुमार ने दी। बताया कि इसके लिए दस पंजीकृत श्रमिक विकास भवन स्थित एनआईसी में कार्यक्रम के दौरान उपस्थित रहेंगे।
बलिया के श्रम प्रवर्तन अधिकारी जितेंद्र कुमार ने बताया कि ई-श्रम योजना के तहत 1147254 लोगों ने 31 दिसंबर तक श्रमिक कार्ड के लिए आवेदन किया है। ऐसे लोगों के खाते में पांच-पांच सौ रुपये भत्ते के रूप में भेजे जाएंगे। यदि आवेदन करने वाला अपात्र होगा तो उससे रिकवरी भी कराई जाएगी। दो चरणों में लाभार्थियों को लाभ दिया जाएगा।
बलिया
शिक्षा पदम सम्मान 2025 से सम्मानित हुए हाली पाथ कॉन्वेंट स्कूल के युवा निदेशक डॉ. परवेज अंसारी
हिमाचल प्रदेश के प्रतिष्ठित हिलटॉप पब्लिक स्कूल में आयोजित भव्य सम्मान समारोह में हाली पाथ कॉन्वेंट स्कूल के युवा निदेशक डॉ. परवेज अंसारी को “शिक्षा पदम सम्मान 2025” से सम्मानित किया गया। यह सम्मान उन्हें शिक्षा के क्षेत्र में उनके 10 वर्षों से अधिक की समर्पित सेवा और अभिनव प्रयासों के लिए प्रदान किया गया।
डॉ. अंसारी की नेतृत्व क्षमता और शिक्षा के प्रति प्रतिबद्धता ने स्कूल को नई ऊँचाइयों तक पहुँचाया है। उनके मार्गदर्शन में हाली पाथ कॉन्वेंट स्कूल ने गुणवत्तापूर्ण शिक्षा, आधुनिक शिक्षण पद्धतियों और विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास पर विशेष ध्यान दिया है।
सम्मान प्राप्त करने के बाद डॉ. परवेज अंसारी ने कहा —
“यह सम्मान मेरे लिए प्रेरणा का स्रोत है। मैं शिक्षा के क्षेत्र में लगातार नवाचार और सुधार के लिए प्रयासरत रहूँगा।”
उनकी इस उपलब्धि से न केवल स्कूल परिवार बल्कि पूरे जनपद में गर्व की भावना व्याप्त है।
फेफना
दिखाया जज़्बा: जमुना राम मेमोरियल स्कूल के कराटे वीरों ने जीते 22 पदक, बलिया में बजाया अपना डंका
बलिया के बापू भवन में आयोजित 2nd Gyanti Devi Memorial Cup District Karate Championship 2K25 में जिले के लगभग 15 विद्यालयों ने भाग लिया। इस प्रतियोगिता में जमुना राम मेमोरियल स्कूल, मानपुर चितबड़ागांव के 22 छात्रों ने प्रतिभाग कर दमखम दिखाया।
शानदार प्रदर्शन करते हुए स्कूल के 12 छात्रों ने स्वर्ण पदक , 6 ने रजत पदक और 4 ने कांस्य पदक हासिल किए। छात्रों की इस उपलब्धि ने न केवल विद्यालय का नाम रोशन किया बल्कि माता-पिता और क्षेत्र को भी गौरवान्वित किया।
विद्यालय के प्रधानाचार्य अबरी के.बी. एवं प्रबंध निदेशक तुषार नंद जी ने विजेताओं को बधाई देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की। उन्होंने कहा कि इस प्रकार की प्रतियोगिताएं बच्चों में आत्मविश्वास, अनुशासन और शारीरिक स्फूर्ति को बढ़ावा देती हैं।
विद्यालय प्रबंधन ने यह भी आश्वस्त किया कि भविष्य में भी छात्र ऐसे आयोजनों में भाग लेकर और बेहतर प्रदर्शन करेंगे।
featured
बलिया की राजनीति में हलचल: भानु दुबे जल्द कर सकते हैं सपा जॉइन, अटकलों का बाजार गर्म
बलिया।
बलिया के प्रमुख सामाजिक नेता भानु दुबे जल्द ही समाजवादी पार्टी (सपा) जॉइन कर सकते हैं। हाल ही में उनके सोशल मीडिया पोस्ट और गतिविधियों से इस बात के कयास तेज हो गए हैं। सूत्रों से मिली जानकारी के अनुसार, पिछले कुछ दिनों से भानु दुबे लगातार सपा के बड़े नेताओं से मुलाकात कर रहे हैं। उनकी इन मुलाकातों और नेताओं के काफिलों में देखे जाने के बाद यह चर्चा और तेज हो गई है कि वे जल्द ही सपा का दामन थाम सकते हैं।
भानु दुबे को ब्राह्मण समाज का बड़ा चेहरा माना जाता है। सामाजिक स्तर पर उनकी लोकप्रियता भी युवाओं में काफी मजबूत है। अगर वे सपा में शामिल होते हैं तो न केवल बलिया में पार्टी को मजबूती मिलेगी, बल्कि आगामी 2027 विधानसभा चुनाव में बलिया सदर सीट से उनकी दावेदारी भी बेहद मजबूत मानी जा रही है।
राजनीतिक जानकारों का मानना है कि भानु दुबे के सपा में आने से बलिया की राजनीति में नया समीकरण बन सकता है। और यह फैसला पूरे जिले के राजनीतिक परिदृश्य को बदल सकता है।
अब देखना दिलचस्प होगा कि भानु दुबे कब और किस मंच से सपा की सदस्यता ग्रहण करते हैं और इसके बाद जिले की राजनीति कौन सा नया मोड़ लेती है।


