बलिया स्पेशल
बलिया में चरमराई शिक्षा व्यवस्था, स्कूलों में बच्चे लेकिन मास्टर जी गायब, 118 छात्र पर एक शिक्षक भी नहीं
बलिया: किसी भी प्रदेश के विकास का ढांचा शिक्षा पर टिका होता है। विकास आसमान छू सके, इसके लिए जरुरी है कि बच्चों को सही शिक्षा मिले। लेकिन बलिया में शिक्षा व्यवस्था अपने निम्न स्तर पर जा रही है। हालात यह हैं कि जनपद में कई स्कूल ऐसे हैं जहां बच्चे तो पढ़ाई करना चाहते हैं लेकिन शिक्षक नहीं हैं।
शिक्षा क्षेत्र बेलहरी के ग्राम पंचायत मझौंवा में भी यही हाल है। यहां का प्राथमिक विद्यालय रासबिहारी नगर बंद है, यहां एक भी शिक्षक नहीं हैं। यहां 118 छात्र-छात्राओं का नामांकन है। बच्चे पढ़ने भी आएं तो उन्हें शिक्षा कैसे मिलेगी। इसका जबाव किसी के पास नहीं है। यह हाल केवल रासबिहारी विद्यालय का ही नहीं है बल्कि जनपद के कई स्कूलों में हालात ऐसे हीं हैं।
पूर्व माध्यमिक विद्यालय दुधैला में 182 छात्र-छात्राओं का नामांकन है। यहां महज एक अध्यापक की तैनाती हुई है। पूर्व माध्यमिक विद्यालय रुद्रपुर में 351 छात्र-छात्राओं का नामांकन है, यहां महज दो शिक्षक हैं। ऐसी स्थिति बेलहरी शिक्षा क्षेत्र के कई विद्यालयों की है, जहां शिक्षकों की कमी के कारण शिक्षा व्यवस्था पूरी तरह बेपटरी है।
जिला पंचायत सदस्य गीता सिंह ने बीएसए को पत्र भेजकर व्यवस्था दुरुस्त कराने का आग्रह किया था। खंड शिक्षा अधिकारी से रिपोर्ट तलब की गई है। खंड शिक्षा अधिकारी ने बताया कि शिक्षकों के गैर जनपद स्थानांतरण के चलते ऐसी दिक्कतें हैं। लेकिन विभाग व्यवस्था पर ध्यान नहीं दे रहा है। जल्द ही शिक्षकों की कमी को दूर कर पठन-पाठन की व्यवस्था को दुरुस्त किया जाएगा। गौरतलब है कि जनपद के कई सरकारी स्कूलों में ताले पड़े हैं। बच्चे आते हैं शिक्षक का इंतजार कर चले जाते हैं। ऐसे हालातों में बच्चों के भविष्य पर प्रश्नचिन्ह लगता दिखाई दे रहा है।
featured
बी.एन. इंटरनेशनल स्कूल में विज्ञान प्रदर्शनी का भव्य आयोजन
बलिया। नारायणपुर स्थित बी.एन. इंटरनेशनल स्कूल में शनिवार को विज्ञान प्रदर्शनी का शानदार आयोजन किया गया। विद्यार्थियों ने विज्ञान के विभिन्न आयामों पर आधारित अपने मॉडल प्रदर्शित कर सबको प्रभावित किया। उनकी सृजनशीलता और तकनीकी कौशल को देखकर अतिथि, अभिभावक व आगंतुक मंत्रमुग्ध रह गए।
कार्यक्रम का शुभारंभ क्षेत्र के विख्यात एवं सेवानिवृत्त मुख्य अभियंता श्री विनोद कुमार सिंह द्वारा दीप प्रज्वलित कर किया गया। इस अवसर पर विद्यालय के प्राचार्य श्री बलविंदर सिंह, अभिभावकों तथा पूर्व छात्रों की उल्लेखनीय उपस्थिति रही, जिन्होंने बच्चों का उत्साहवर्धन किया।
प्राचार्य श्री बलविंदर सिंह ने कहा कि इस प्रकार की गतिविधियाँ छात्रों में नवाचार, शोध क्षमता और वैज्ञानिक सोच को बढ़ावा देती हैं। विद्यालय प्रबंधन ने सभी अतिथियों व प्रतिभागी छात्रों का आभार व्यक्त किया।
featured
फेफना खेल महोत्सव : कबड्डी फाइनल में जमुना राम मेमोरियल स्कूल की बेटियों का दमदार प्रदर्शन
बलिया, 3 दिसंबर 2025। फेफना खेल महोत्सव 2025 के तहत आज बालिका वर्ग की कबड्डी प्रतियोगिता का फाइनल मुकाबला रोमांच और जोश से भरपूर रहा। खिताबी जंग जमुना राम मेमोरियल स्कूल, चितबड़ागांव और मर्चेंट इंटर कॉलेज, बलिया के बीच खेली गई।
कड़े संघर्ष से भरे इस मैच में जमुना राम मेमोरियल स्कूल की बालिकाओं ने शानदार कौशल, साहस और टीमवर्क का परिचय दिया। अंतिम मिनटों तक चले रोमांचक मुकाबले में शानदार प्रदर्शन करते हुए टीम ने उपविजेता का खिताब हासिल किया।

पूर्व खेल मंत्री ने बढ़ाया खिलाड़ियों का उत्साह
फाइनल मुकाबले में मुख्य अतिथि के रूप में पहुंचे पूर्व खेल मंत्री श्री उपेंद्र तिवारी ने दोनों टीमों से भेंट कर उनका हौसला बढ़ाया। मैच के बाद उन्होंने विजेता और उपविजेता टीमों को मेडल व ट्रॉफी प्रदान कर सम्मानित किया।

विद्यालय परिवार में उत्सव जैसा माहौल
विद्यालय के प्रबंधक निदेशक इंजीनियर तुषार नंद ने छात्राओं को बधाई देते हुए कहा कि बेटियों का यह प्रदर्शन स्कूल के लिए गर्व की बात है।
प्रधानाचार्य अरविंद चौबे और क्रीड़ा शिक्षक सरदार मोहम्मद अफजल ने भी टीम की उपलब्धि पर खुशी व्यक्त करते हुए खिलाड़ियों के उज्ज्वल भविष्य की कामना की।
बलिया स्पेशल
बलिया पहुंचीं राज्यपाल आनंदीबेन पटेल, जेएनसीयू के दीक्षांत समारोह का किया शुभारंभ
बलिया। जननायक चंद्रशेखर विश्वविद्यालय (जेएनसीयू) के दीक्षांत समारोह में मंगलवार को प्रदेश की राज्यपाल आनंदीबेन पटेल मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुईं। उनके आगमन पर विश्वविद्यालय के कुलगीत के साथ उनका गर्मजोशी से स्वागत किया गया।
राज्यपाल ने दीप प्रज्वलन कर समारोह का शुभारंभ किया और मेधावी छात्रों को पदक पहनाकर सम्मानित किया। कार्यक्रम में कुलपति, शिक्षकों और छात्रों ने राज्यपाल का अभिनंदन किया।
इस अवसर पर राज्यपाल ने छात्रों से कहा कि वे शिक्षा के साथ सामाजिक जिम्मेदारी को भी समझें और देश के विकास में योगदान दें। उन्होंने विश्वविद्यालय प्रशासन को भी बधाई दी और बेहतर शैक्षणिक माहौल बनाए रखने की सराहना की।
समारोह में जिले के कई गणमान्य व्यक्ति, जनप्रतिनिधि और अभिभावक बड़ी संख्या में उपस्थित रहे।


