बलिया स्पेशल
बलिया- पति समेत 6 को उम्र क़ैद की सजा, पत्नी और दो बच्चों को उतारा था मौत के घाट
बलियाः बलिया की स्थानीय न्यायालय ने एक 28 वर्षीया महिला व उसके दो मासूम बच्चों की दहेज को लेकर गला दबाकर हत्या कर देने के तीन साल पुराने मामले में पति समेत छह लोगों को दोषी करार देते हुए आजीवन कारावास की सजा सुनाई है ।
जानकारी के अनुसार गड़वार थाना क्षेत्र के रतसड़ ग्राम के जय प्रकाश चौहान ने अपनी पुत्री रमिता की शादी मनियर थाना क्षेत्र के नन्हागंज जिगनी चौहान बस्ती ग्राम के रहने वाले सुनील चौहान से वर्ष 2012 में हुई। शादी के बाद से रमिता को दहेज के लिए प्रताड़ित किया जाता था। गत 22 जून 2018 को रमिता के एक वर्ष के मासूम पुत्र संदीप का बाल ओहार का कार्यक्रम हुआ। कार्यक्रम सम्पन्न होने के बाद सुनील ने रमिता से झगड़ा किया तथा इसके बाद उसने अपने परिजनों के साथ मिलकर रमिता 28 के साथ ही उसके दो बच्चों संदीप उम्र 01 वर्ष व संध्या उम्र 5 वर्ष की गला दबाकर हत्या कर दिया।
इन लोगों के खिलाफ मामला दर्ज
आपको बता दें कि इस मामले में मनियर थाना में रमिता के भाई रुदल की शिकायत पर रमिता के पति सुनील चौहान , ससुर अच्छेलाल , सास शांति देवी , जेठ विनोद , जेठानी पुष्पा व ननद मुनरी उर्फ मनोरमा के विरुद्ध भारतीय दंड संहिता की हत्या , दहेज प्रताड़ना आदि के आरोप की धारा में मामला दर्ज किया गया। सभी छह आरोपियों को पुलिस ने गिरफ्तार कर जेल भेज दिया। पुलिस ने सभी छह आरोपियों के विरुद्ध न्यायालय में आरोप पत्र दाखिल किया।
आजीवन कारावास
अपर जिला जज नितिन कुमार ठाकुर के न्यायालय ने आज दोनों पक्षों की दलील सुनने के बाद पति सुनील चौहान, ससुर अच्छेलाल, सास शांति देवी, जेठ विनोद, जेठानी पुष्पा व ननद मुनरी उर्फ मनोरमा को दोषी करार देते हुए। आजीवन कारावास व आठ हजार रुपये के अर्थ दण्ड की सजा सुनाई है। अर्थ दण्ड न अदा करने पर छह माह का अतिरिक्त कारावास भुगतना होगा । पुलिस अधीक्षक डॉ विपिन ताडा ने बताया कि मिशन शक्ति अभियान के तहत जनपद में महत्वपूर्ण चिन्हित मुकदमे में त्वरित निस्तारण के लिए चलाये जा रहे अभियान के क्रम में मानिटरिंग सेल, एडीजीसी सुधीर कुमार मिश्रा व पैरोकारों की प्रभावी पैरवी के चलते आरोपियों को न्यायालय से सख्त सजा दिलाने का कार्य हो रहा है ।
रिपोर्ट- अनुम कुमार हेमकर
featured
बी.एन. इंटरनेशनल स्कूल में विज्ञान प्रदर्शनी का भव्य आयोजन
बलिया। नारायणपुर स्थित बी.एन. इंटरनेशनल स्कूल में शनिवार को विज्ञान प्रदर्शनी का शानदार आयोजन किया गया। विद्यार्थियों ने विज्ञान के विभिन्न आयामों पर आधारित अपने मॉडल प्रदर्शित कर सबको प्रभावित किया। उनकी सृजनशीलता और तकनीकी कौशल को देखकर अतिथि, अभिभावक व आगंतुक मंत्रमुग्ध रह गए।
कार्यक्रम का शुभारंभ क्षेत्र के विख्यात एवं सेवानिवृत्त मुख्य अभियंता श्री विनोद कुमार सिंह द्वारा दीप प्रज्वलित कर किया गया। इस अवसर पर विद्यालय के प्राचार्य श्री बलविंदर सिंह, अभिभावकों तथा पूर्व छात्रों की उल्लेखनीय उपस्थिति रही, जिन्होंने बच्चों का उत्साहवर्धन किया।
प्राचार्य श्री बलविंदर सिंह ने कहा कि इस प्रकार की गतिविधियाँ छात्रों में नवाचार, शोध क्षमता और वैज्ञानिक सोच को बढ़ावा देती हैं। विद्यालय प्रबंधन ने सभी अतिथियों व प्रतिभागी छात्रों का आभार व्यक्त किया।
featured
फेफना खेल महोत्सव : कबड्डी फाइनल में जमुना राम मेमोरियल स्कूल की बेटियों का दमदार प्रदर्शन
बलिया, 3 दिसंबर 2025। फेफना खेल महोत्सव 2025 के तहत आज बालिका वर्ग की कबड्डी प्रतियोगिता का फाइनल मुकाबला रोमांच और जोश से भरपूर रहा। खिताबी जंग जमुना राम मेमोरियल स्कूल, चितबड़ागांव और मर्चेंट इंटर कॉलेज, बलिया के बीच खेली गई।
कड़े संघर्ष से भरे इस मैच में जमुना राम मेमोरियल स्कूल की बालिकाओं ने शानदार कौशल, साहस और टीमवर्क का परिचय दिया। अंतिम मिनटों तक चले रोमांचक मुकाबले में शानदार प्रदर्शन करते हुए टीम ने उपविजेता का खिताब हासिल किया।

पूर्व खेल मंत्री ने बढ़ाया खिलाड़ियों का उत्साह
फाइनल मुकाबले में मुख्य अतिथि के रूप में पहुंचे पूर्व खेल मंत्री श्री उपेंद्र तिवारी ने दोनों टीमों से भेंट कर उनका हौसला बढ़ाया। मैच के बाद उन्होंने विजेता और उपविजेता टीमों को मेडल व ट्रॉफी प्रदान कर सम्मानित किया।

विद्यालय परिवार में उत्सव जैसा माहौल
विद्यालय के प्रबंधक निदेशक इंजीनियर तुषार नंद ने छात्राओं को बधाई देते हुए कहा कि बेटियों का यह प्रदर्शन स्कूल के लिए गर्व की बात है।
प्रधानाचार्य अरविंद चौबे और क्रीड़ा शिक्षक सरदार मोहम्मद अफजल ने भी टीम की उपलब्धि पर खुशी व्यक्त करते हुए खिलाड़ियों के उज्ज्वल भविष्य की कामना की।
बलिया स्पेशल
बलिया पहुंचीं राज्यपाल आनंदीबेन पटेल, जेएनसीयू के दीक्षांत समारोह का किया शुभारंभ
बलिया। जननायक चंद्रशेखर विश्वविद्यालय (जेएनसीयू) के दीक्षांत समारोह में मंगलवार को प्रदेश की राज्यपाल आनंदीबेन पटेल मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुईं। उनके आगमन पर विश्वविद्यालय के कुलगीत के साथ उनका गर्मजोशी से स्वागत किया गया।
राज्यपाल ने दीप प्रज्वलन कर समारोह का शुभारंभ किया और मेधावी छात्रों को पदक पहनाकर सम्मानित किया। कार्यक्रम में कुलपति, शिक्षकों और छात्रों ने राज्यपाल का अभिनंदन किया।
इस अवसर पर राज्यपाल ने छात्रों से कहा कि वे शिक्षा के साथ सामाजिक जिम्मेदारी को भी समझें और देश के विकास में योगदान दें। उन्होंने विश्वविद्यालय प्रशासन को भी बधाई दी और बेहतर शैक्षणिक माहौल बनाए रखने की सराहना की।
समारोह में जिले के कई गणमान्य व्यक्ति, जनप्रतिनिधि और अभिभावक बड़ी संख्या में उपस्थित रहे।


